फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB vs GT Highlights: पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची आरसीबी, क्वालिफायर-1 में गुजरात को दी मात

Tue, 26 May 2026 11:44 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

खास बातें

Play-off RCB vs GT 2026: गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर गई है। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। आरसीबी ने इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:43 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: फाइनल में पहुंची आरसीबी

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम गुजरात टाइटंस को 92 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक पारी से 20 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। गुजरात के पास अभी भी फाइनल में जाने का एक मौका है। टीम अब हैदराबाद और राजस्थान के बीच बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता टीम से शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में भिड़ेगी। 

आरसीबी ने इस तरह कुल पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में जगह बनाई है। टीम इससे पहले, 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल में पहुंची थी। टीम ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था और टीम खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर है। गुजरात के लिए इस मैच में कुछ अच्छा नहीं रहा। टीम के गेंदबाज जहां महंगे साबित हुए, वहीं बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे राहुल तेवतिया ने भले ही अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन तेवतिया ने बनाए जो 68 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी की ओर से जैकब डफी ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।

11:37 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: तेवतिया पवेलियन लौटे

भुवनेश्वर कुमार ने राहुल तेवतिया को आउट कर गुजरात को नौवां झटका दिया। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे तेवतिया ने 43 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन बनाए।

11:26 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: तेवतिया का पचासा

राहुल तेवतिया ने 33 गेंदों पर पचासा पूरा किया। तेवतिया एक छोर पर टिके हुए हैं और सिराज के साथ मिलकर साझेदारी निभा रहे हैं। 

विज्ञापन
11:02 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गुजरात को आठवां झटका

क्रुणाल पांड्या ने कगिसो रबाडा को आउट किया गुजरात को आठवां झटका दिया। रबाडा पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए।

10:56 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: डफी ने दिया सातवां झटका

जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए गुजरात को सातवां झटका दिया। डफी ने राशिद खान को अपना शिकार बनाया जो नौ गेंदों पर एक छक्के की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
10:43 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: वाशिंगटन पवेलियन लौटे

जैकब डफी ने वाशिंगटन सुंदर को आउट कर गुजरात को छठा झटका दिया है। सुंदर आठ गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए। 

10:28 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गुजरात की आधी टीम आउट

गुजरात टाइटंस की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। गुजरात ने 51 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। रासिख ने जेसन होल्डर को आउट किया जो खाता भी नहीं खोल सके। 

10:26 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: सिद्धू पवेलियन लौटे

आरसीबी के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की पारी लड़खड़ा गई है। टीम ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए हैं। रासिक सलाम डार ने अपनी ही गेंद पर सिद्धू का कैच लपका। सिद्धू पांच रन बनाकर आउट हुए।

10:22 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गुजरात को तीसरा झटका

जोश हेजलवुड ने जोस बटलर को आउट कर गुजरात टाइटंस को तीसरा झटका दिया है। गुजरात ने पावरप्ले में ही शीर्ष तीन बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए हैं। बटलर 11 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।

10:13 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गिल पवेलियन लौटे

आरसीबी के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए हैं। पहले साई सुदर्शन आउट हुए और अब भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान गिल को बोल्ड किया। गिल सात गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए।

10:09 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: सुदर्शन आउट हुए

साई सुदर्शन के रूप में गुजरात टाइटंस को पहला झटका लगा। दिलचस्प बात यह है कि सुदर्शन अजीब तरीके से आउट हुए। जैकब डफी की गेंद पर सुदर्शन ने शॉट खेला, लेकिन बल्ला उनके हाथ से छूट गया और सीधे स्टंप पर जा लगा। इस तरह वह हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। सुदर्शन ने नौ गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 14 रन बनाए। 

09:57 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गुजरात की पारी शुरू

आरसीबी के खिलाफ विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की पारी शुरू हो गई है। गुजरात के लिए साई सुदर्शन के साथ कप्तान शुभमन गिल पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। 

09:21 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी की पारी समाप्त

कप्तान रजत पाटीदार की दमदार पारी की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 255 रनों का लक्ष्य दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 254 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास में प्लेऑफ का सबसे बड़ा टोटल स्कोर है। आरसीबी ने इस मामले में गुजरात को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2023 सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट पर 233 रन बनाए थे। आरसीबी के लिए पाटीदार ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 93 रनों की पारी खेली जिससे टीम विशाल लक्ष्य देने में सफल रही। 

पाटीदार का कैच कगिसो रबाडा ने 20 रन के स्कोर पर छोड़ा था और गुजरात को अंत में यह काफी महंगा पड़ा। पाटीदार ने इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने क्रुणाल पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। आरसीबी की ओर से क्रुणाल ने 28 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाए, जबकि कोहली ने 25 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रनों की पारी खेली। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 30, वेंकटेश अय्यर ने 19 और टिम डेविड ने चार रनों का योगदान दिया। वहीं, जितेश शर्मा पांच गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाकर 15 रन बनाकर नाबाद रहे। गुजरात के लिए रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली। 

09:09 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी को पांचवां झटका

प्रसिद्ध कृष्णा ने टिम डेविड को बोल्ड कर आरसीबी को पांचवां झटका दिया है। डेविड पांच गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए।

09:01 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: पाटीदार का पचासा

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने 21 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। पाटीदार ने छक्का लगाकर अपना पचासा पूरा किया। पाटीदार इस मैच में दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे आरसीबी का स्कोर 17वें ओवर में ही 200 के पार पहुंच गया है।

08:59 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: क्रुणाल अर्धशतक से चूके

कगिसो रबाडा ने क्रुणाल पांड्या को आउट कर आरसीबी को चौथा झटका दिया है। क्रुणाल शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन ऐसा करने से चूक गए। क्रुणाल 28 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल और पाटीदार के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई।

08:55 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: क्रुणाल-पाटीदार की विस्फोटक बल्लेबाजी

क्रुणाल और पाटीदार की विस्फोटक बल्लेबाजी जारी है जिससे आरसीबी का स्कोर 170 रन के पार पहुंच गया है। पाटीदार और क्रुणाल के बीच अब तक 88 रनों की साझेदारी हो गई है।

08:44 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: पाटीदार-क्रुणाल की साझेदारी

पाटीदार और क्रुणाल के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। आरसीबी की टीम 15वें ओवर ही में 150 रन का आंकड़ा पार करने के करीब है। गुजरात टाइटंस को अब विकेट की तलाश है।

08:31 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी का स्कोर 100 के पार

तीन झटके लगने के बाद कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या के बीच साझेदारी पनप रही है। आरसीबी का स्कोर 120 रन के पार पहुंच गया है। आरसीबी ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। 

08:17 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: पडिक्कल पवेलियन लौटे

आरसीबी की पारी का नौवां ओवर डालने आए जेसन होल्डर ने अपने इस ओवर में दो विकेट झटके। होल्डर ने पहले कोहली को बोल्ड किया और फिर पडिक्कल को जोस बटलर के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। पडिक्कल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 19 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। 

08:14 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: कोहली अर्धशतक से चूके

जेसन होल्डर ने विराट कोहली को आउट कर आरसीबी को दूसरा झटका दिया है। होल्डर ने कोहली को बोल्ड किया जो अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पचासा पूरा नहीं कर सके। कोहली 25 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए। कोहली और पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई।

08:01 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: पावरप्ले समाप्त

आरसीबी ने गुजरात के खिलाफ क्वालिफायर-1 मुकाबले में पावरप्ले में दमदार बल्लेबाजी की। कोहली और पडिक्कल ने आक्रामक रवैया अपनाया और गुजरात के गेंदबाजों को दबाव में रखा। आरसीबी ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 76 रन बनाए हैं। कोहली और पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों पर 55 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

07:52 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी के 50 रन पूरे

पहला झटका लगने के बाद देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी है जिससे आरसीबी ने चौथे ओवर में ही 50 रनों का आंकड़ा छू लिया है। कोहली और पडिक्कल लगातार बाउंड्री लगाकर गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाने में सफल रहे हैं। 

07:43 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी को पहला झटका

कगिसो रबाडा ने दूसरे ही ओवर में आरसीबी को पहला झटका दिया है। आरसीबी ने वेंकटेश अय्यर का विकेट गंवाया जो सात गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाकर आउट हुए। वेंकटेश ने आक्रामक शुरुआत की थी और वह लगातार बाउंड्री लगा रहे थे, लेकिन रबाडा ने उनकी पारी पर विराम लगाया। 

07:34 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: आरसीबी की पारी शुरू

गुजरात के खिलाफ क्वालिफायर-1 मुकाबले में आरसीबी की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। आरसीबी के लिए वेंकटेश अय्यर के साथ विराट कोहली पारी का आगाज करने उतरे हैं। इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।

07:07 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिद्धू, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट सब: राहुल तेवतिया, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, साई किशोर।

आरसीबी: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार।
इम्पैक्ट सब: रोमारियो शेफर्ड, सुयश शर्मा, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, जॉर्डन कॉक्स।

07:02 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: गुजरात ने जीता टॉस

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने आरसीबी के खिलाफ क्वालिफायर-1 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। गिल ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। गुजरात की टीम में अरशद खान की जगह कुलवंत सिंह आए हैं। 

06:33 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Match Live: वेंकटेश या सॉल्ट, किसे मिलेगा मौका

आरसीबी उन टीमों में है जिसने इस सीजन कम खिलाड़ियों का ही इस्तेमाल किया और अपनी कोर टीम पर भरोसा जताया। ये और भी कम होता अगर फिल सॉल्ट चोटिल ना हुए होते। क्वालिफायर-1 से पहले आरसीबी के लिए राहत की बात यह रही कि टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सॉलट भारत वापस लौट आए हैं और प्लेऑफ मैच में खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आरसीबी जैकब डफी को एकादश में शामिल करने के लिए सुयश शर्मा को बाहर बैठा सकती है क्योंकि सुयश का मौजूदा सीजन में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। सबसे दिलचस्प तो ये देखना होगा कि अगर सॉल्ट वापसी करते हैं तो वेंकटेश को किस तरह एकादश में फिट किया जाता है। सॉल्ट की अनुपस्थिति में वेंकटेश ने कोहली के साथ पारी का आगाज किया था। इसमें कोई दोराय नहीं है कि अगर सॉल्ट फिट हुए तो इस मैच में वही ओपनिंग करने उतरेंगे। 

06:15 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Live Score: धर्मशाला में किसका पलड़ा भारी?

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आरसीबी को धर्मशाला में मामूली बढ़त हासिल नजर आती है। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुआई वाला उनका तेज आक्रमण नियंत्रण, स्विंग और सटीक हार्ड लेंथ पर आधारित है। धर्मशाला की परिस्थितियों में ये गुण हमेशा कारगर साबित हुए हैं। रोशनी में गेंद को स्विंग कराने और आखिरी ओवरों में गति में बदलाव करने वाले गेंदबाज यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबलों में भी असरदार रहे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ आरसीबी ने 222 रन का विशाल लक्ष्य इसलिए बचा लिया क्योंकि उनके तेज गेंदबाज लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते रहे। 

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के पास अधिक रफ्तार वाला गेंदबाजी आक्रमण है, जिसे धर्मशाला की अतिरिक्त उछाल और खतरनाक बना सकती है। स्पिन गेंदबाजों की सीमित भूमिका उनकी रणनीति को प्रभावित कर सकती है। राशिद खान आमतौर पर प्रभावी रहते हैं, लेकिन यह पिच उनकी परीक्षा ले सकती है। हाल के मुकाबलों के आंकड़े बताते हैं कि यहां अधिकांश विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं और निर्णायक चरणों में टीमों ने स्पिन का अपेक्षाकृत कम इस्तेमाल किया है।

06:02 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Live Score: किस तरह हावी रही है गुजरात

  • गुजरात की टीम ने अपने शीर्ष क्रम और गेंदबाजी आक्रमण की मदद से प्लेऑफ में जगह पक्की की।
  • कप्तान शुभमन गिस, साई सुदर्शन और विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर की तिकड़ी ने टीम को काफी सफलता दिलाई है। 
  • सीजन के दूसरे चरण में गुजरात की गेंदबाजी भी दमदार रही।
  • मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार नई गेंद से विपक्षी बल्लेबाजों पर शिकंजा कसा।
  • वहीं, राशिद खान और आर साई किशोर जैसे स्पिनरों ने मध्य ओवरों में संतुलित गेंदबाजी की।

06:02 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Live Score: आरसीबी का मजबूत पक्ष

  • आरसीबी और गुजरात की टीमें आईपीएल 2026 की दो सबसे सफल टीमें रही। 
  • रजत पाटीदार की अगुआई में आरसीबी ने खिताब बचाने का अभियान आक्रामक तरीके से शुरू किया और उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी यूनिट पिछले सीजन की तरह ही दिख रही है। 
  • आरसीबी ने मौजूदा सीजन में लगातार 200 रनों का आंकड़ा पार किया और टीम को विराट कोहली के अनुभव तथा जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार जैसे तेज गेंदबाजों का फायदा मिल रहा है।
  • आरसीबी ने ना सिर्फ अपने घरेलू मैदान, बल्कि विपक्षी टीम के मैदान पर भी जीत दर्ज की।

06:01 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Live Score: फाइनल से एक कदम दूर

गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर है। आरसीबी का सामना क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस है जो अपने दूसरे खिताब के लिए उतरी है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। जो भी टीम ये मैच जीतेगी वो फाइनल का टिकट का कटा लेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 के जरिये फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका मिलेगा। 

05:57 PM, 26-May-2026

RCB vs GT Highlights: पांचवीं बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची आरसीबी, क्वालिफायर-1 में गुजरात को दी मात

IPL Live Cricket Score, Play-off RCB vs GT 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2026 का क्वालिफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। ग्रुप चरण में दोनों टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया था और शीर्ष दो में जगह बनाई थी। गुजरात और आरसीबी के पास फाइनल में जाने का दो मौका होगा, लेकिन दोनों ही टीमें चाहेंगी कि आज ही खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया जाए।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें