फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GT vs RCB Final: गुजरात के गढ़ में आरसीबी की ऐतिहासिक जीत, पांच विकेट से जीता फाइनल; लगातार दूसरी बार चैंपियन

Sun, 31 May 2026 11:31 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

आरसीबी ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले टीम ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी।रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात ने वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें: मैच के दौरान क्यों बिफरे कोहली?: कैच आउट के फैसले पर आगबबूला हुए विराट, कैसे मिला जीवनदान; जानें पूरा मामला
विज्ञापन
आरसीबी फिर चैंपियन - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:30 PM, 31-May-2026

आरसीबी लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर टीम पहली बार चैंपियन बनी आरसीबी ने इस बार खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए नया इतिहास रच दिया।

रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। गुजरात के लिए वाशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत संतुलित रही। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया और टीम की जीत की नींव रखी। आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन
आरसीबी ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर 18 साल के इंतजार को खत्म किया था। इसके बाद 2026 में लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी। आईपीएल इतिहास में यह आरसीबी का दूसरा खिताब है।

पांचवीं बार फाइनल में पहुंची थी आरसीबी
आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में कुल पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी थी। हालांकि 2009, 2011 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के बाद टीम ने 2026 में भी खिताब जीतकर अपने सुनहरे दौर को आगे बढ़ाया।

आरसीबी की पारी
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 62 रन की साझेदारी की। अय्यर 16 गेंदों पर दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल (1), कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) का विकेट जल्दी-जल्दी गिरा। 62 पर एक विकेट वाली आरसीबी ने 89 पर तीन विकेट गंवा दिए थे। 

विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे। चौथे विकेट के लिए कोहली ने टिम डेविड के साथ 41 रन की अहम साझेदारी की। डेविड 17 गेंदों पर 24 रन की अहम पारी खेलकर आउट हुए। विराट कोहली अब भी क्रीज पर मौजूद रहे। 25 गेंदों पर विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह विराट का आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक था। विराट ने 42 गेंदों पर तीन छक्कों और नौ चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को पांच विकेट से जीत दिलाने और लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। कोहली ने 18वें वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर आरसीबी को चैंपियन बनाया। कोहली के साथ जितेश शर्मा 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे। 

गुजरात की पारी
इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस (जीटी) 8 विकेट पर 155 रन बना सकी थी। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुजरात सलामी बल्लेबाज कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस अहम मैच में फ्लॉप रहे। सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर आउट हुए।  गुजरात की तरफ से वाशिंगटन सुंदर एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली। इसके अलावा, निशांत सिंधू 20, जोस बटलर 19, और अरशद खान 15 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी गेंदबाजों ने बेहतरीन और कसी हुई गेंदबाजी की और जीटी के बल्लेबाजों को कभी खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। रसिख सलाम डार ने चार ओवर में 27 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट लिए। जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 37 रन देकर दो, भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 29 रन देकर दो, और क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिए थे। 

11:05 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी को पांचवां झटका

आरसीबी को पांचवां झटका अरशद खान ने दिया। उन्होंने बटलर के हाथों टिम डेविड को आउट हराया। वह 17 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब विराट कोहली का साथ देने जितेश शर्मा आए हैं।

10:50 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: विराट कोहली का 25 गेंदों में अर्धशतक

विराट कोहली ने 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का 68वां और इस सीजन का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर चार विकेट पर 116 रन है।

विज्ञापन
10:37 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी को चौथा झटका

आरसीबी को चौथा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने क्रुणाल पांड्या को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब कोहली का सथ देने टिम डेविड आए हैं।

10:33 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी को तीसरा झटका

आरसीबी को तीसरा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने रबाडा के हाथों रजत पाटीदार को कैच कराया। वह 15 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रुणाल पांड्या बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

विज्ञापन
10:28 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आठ ओवर का खेल पूरा

आठ ओवर का खेल पूरा हो चुका है और आरसीबी ने दो विकेट पर 88 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 38 और रजत पाटीदार 15 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 17 गेंदों में 25 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

10:14 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी को दूसरा झटका

आरसीबी को दूसरा झटका रबाडा ने दिया। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को अरशद खान के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब विराट कोहली का साथ देने रजत पाटीदार आए हैं।

10:10 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: 62 पर आरसीबी को पहला झटका

62 पर आरसीबी को पहला झटका मोहम्मद सिराज ने दिया। उन्होंने रबाडा के हाथों वेंकटेश अय्यर को कैच कराया। वह 16 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। अब विराट कोहली का साथ देने देवदत्त पडिक्कल आए हैं।

10:05 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: वेंकटेश और विराट ने दिलाई तेज शुरुआत

विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने आरसीबी को गुजरात के खिलाफ तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों क्रमश: 28 और 26 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। चार ओवर के बाद स्कोर 55/0 है।

09:43 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी की पारी शुरू

आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे।

09:26 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: समापन समारोह जारी

आईपीएल का समापन समारोह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी है। मशहूर संगीतकार और गायक कैलाश खेर परफॉर्म कर रहे हैं। 
 


 
 

09:19 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात ने आरसीबी को दिया 156 रनों का लक्ष्य

गुजरात ने आरसीबी को 156 रनों का लक्ष्य दिया है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 155 रन बनाए। उनके लिए वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंदों में 50 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, आरसीबी के लिए रसिख सलाम ने तीन विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा एक विकेट क्रुणाल पांड्या के नाम रहा।

09:16 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात को आठवां झटका

गुजरात को आठवां झटका रसिख सलाम ने दिया। उन्होंने शेफर्ड के हाथों राशिद खान को कैच कराया। वह सिर्फ सात रन बना सके। अब सुंदर का साथ देने कगिसो रबाडा आए हैं।

09:12 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात को सातवां झटका

गुजरात को सातवां झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। उन्होंने जेसन होल्डर को हेजलवुड के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ सात रन बना पाए। अब सुंदर का साथ देने राशिद खान आए हैं।

08:58 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात के छह विकेट गिरे

गुजरात टाइटंस को 17वें ओवर में 115 के स्कोर पर छठा झटका लगा। रसिख सलाम ने राहुल तेवतिया को रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया। तेवतिया सात रन बना सके। फिलहाल जेसन होल्डर और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं।

08:52 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: 15 ओवर का खेल पूरा

15 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और आरसीबी ने पांच विकेट पर 105 रन बनाए हैं। फिलहाल वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी के गेंदबाज शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

08:43 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात को पांचवां झटका

गुजरात को पांचवां झटका जोश हेजलवुड ने दिया। उन्होंने रसिख सलाम के हाथों अरशद खान को कैच कराया। वह छह गेंदों में दो छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। अब वाशिंगटन सुंदर का साथ देने राहुल तेवतिया आए हैं।

08:33 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात को चौथा झटका

गुजरात को चौथा झटका क्रुणाल पांड्या ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को जितेश शर्मा के हाथों स्टंप कराया। वह 23 गेंदों में सिर्फ 19 रन बना पाए। अब वाशिंगटन सुंदर का साथ देने अरशद खान आए हैं।

08:25 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Live Score: 10 ओवर का खेल पूरा

10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और गुजरात ने तीन विकेट पर 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर बटलर और सुंदर मौजूद हैं।

08:13 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: रसिख ने दिलाई आरसीबी को तीसरी सफलता

रसिख ने आरसीबी को तीसरी सफलता दिलाई। फन्होंने पडिक्कल के हाथों निशांत सिंधू को कैच कराया। वह 18 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। गुजरात महज 55 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी है। अब जोस बटलर का साथ देने वाशिंगटन सुंदर आए हैं।

08:04 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: पावरप्ले समाप्त हुआ

पावरप्ले समाप्त हो चुका है और गुजरात ने दो विकेट पर 45 रन बना लिए हैं। निशांत सिंधू और जोस बटलर क्रीज पर मौजूद हैं। साई सुदर्शन और शुभमन गिल पवेलियन लौट चुके हैं।

07:54 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Live Score: गुजरात को दूसरा झटका

गुजरात को दूसरा झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को चौथे ओवर की चौथी गेंद पर साई सुदर्शन को जितेश शर्मा के हाथों कैच कराया। वह 12 गेंदों में 12 रन बना पाए। अब निशांत सिंधू का साथ देने जोस बटलर आए हैं।

07:45 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Match Live: गुजरात को पहला झटका

गुजरात को पहला झटका जोश हेजलवुड ने पारी के तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर दिया। उन्होंने रजत पाटीदार के हाथों शुभमन गिल को कैच कराया। वह आठ गेंदों में सिर्फ 10 रन बना सके। अब साई सुदर्शन का साथ देने निशांत सिंधू आए हैं।

07:31 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। आरसीबी की तरफ से पहला ओवर जैकब डफी कर रहे हैं।

07:05 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पांड्या, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, जैकब डफी, रसिख सलाम डार।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: वेंकटेश अय्यर, कनिष्क चौहान, स्वप्निल सिंह, अभिनंदन सिंह, जॉर्डन कॉक्स।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, वाशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, निशांत सिंधू, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।

इम्पैक्ट खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, ग्लेन फिलिप्स, अनुज रावत, कुमार कुशाग्र, साई किशोर।

07:02 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Match Live: आरसीबी ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

फाइनल मुकाबले में गत विजेता आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, गुजरात के खेमे में अरशद खान की वापसी हुई है। उन्हें साई किशोर की जगह मौका मिला है।
 

06:18 PM, 31-May-2026

Live Score RCB vs GT Final: जय शाह भी रहेंगे मौजूद

आईसीसी चेयरमैन जय शाह भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के लिए रवाना हो चुके हैं।
 


 

05:44 PM, 31-May-2026

RCB vs GT Final Live Score: फैंस में उत्साह

आईपीएल 2026 के फाइनल को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। 
 


 

04:54 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

आरसीबी: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार। 
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंद्धू, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।

04:53 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: तेज गेंदबाजों की तिकड़ी को दिखाना होगा दम

गुजरात फाइनल में राहुल तेवतिया को इम्पैक्ट प्लेयर के बजाए प्लेइंग-11 में उतार सकता है जिससे उसे एक अतिरिक्त बल्लेबाज मिलेगा। आरसीबी के खिलाफ गुजरात को अपनी गेंदबाजी भी मजबूत रखनी होगी। कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की तिकड़ी को भी दमदार प्रदर्शन करना होगा। अगर गुजरात के लिए ये तीन बल्लेबाज फाइनल में चल गए तो आरसीबी के लिए राहें मुश्किल हो सकती हैं। गुजरात टाइटंस भले ही संयमित टीम रही हो, लेकिन इस बार वह आरसीबी की आक्रामकता को रोकने के लिए किसी मौके की हाथ से नहीं जाने देगी। ऐसे में यह फाइनल एक बेहद रोमांचक मुकाबला बनने की पूरी संभावना रखता है।

04:53 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: गुजरात को शीर्ष क्रम से आस

आरसीबी के खिलाफ क्वालिफायर-1 मैच में गुजरात की बल्लेबाजी एकदम बेदम रही थी। टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन टीम ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी की। गुजरात की सबसे बड़ी ताकत उसका शीर्ष क्रम है। साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी शानदार रही है और उन्होंने प्लेऑफ में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की है। गिल-सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने टी20 में 11वीं बार शतकीय साझेदारी निभाई है जो सर्वाधिक है। ऐसे में गुजरात को एक बार फिर अपने शीर्ष क्रम से आस होगी जो अब तक टीम की नींव रहे हैं। गिल और सुदर्शन के अलावा जोस बटलर भी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं।

04:52 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: भुवनेश्वर-हेजलवुड से रहना होगा सावधान

आरसीबी की गेंदबाजी इकाई भी इस बार किफायती और प्रभावी रही है, जिसने पावरप्ले में ही विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया है। भुवनेश्वर कुमार की अगुआई वाली इस गेंदबाजी को गुजरात टाइटंस के शानदार लय में चल रहे शीर्ष क्रम के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्तर पर प्रदर्शन करना होगा। भुवनेश्वर और जोश हेजलवुड नई गेंद से प्रभावी रहे हैं और शुरुआत में ही गुजरात को झटके दे सकते हैं। 

04:52 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी के लिए कौन करेगा पारी की शुरुआत

आईपीएल के मौजूदा सीजन में आरसीबी के लिए विराट कोहली के साथ फिल सॉल्ट अधिकतर समय ओपनिंग के लिए उतरे और इनकी जोड़ी हिट भी रही। लेकिन सॉल्ट के चोटिल होने के बाद वेंकटेश अय्यर ने कोहली के साथ साझेदारी जमाई और पिछले कुछ मैचों में वह टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में सफल रहे हैं। अब ये भी देखना होगा कि फाइनल के लिए सॉल्ट उपलब्ध रहते हैं या नहीं। अगर सॉल्ट इस मैच में खेले तो वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतर सकते हैं।  

04:51 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: दो टीम, अलग शैली

  • आईपीएल 2026 के इस फाइनल मुकाबले में दो अलग-अलग खेल शैलियों की टक्कर देखने को मिलेगी।
  • आरसीबी ने अपने आक्रामक और बेखौफ अंदाज से टूर्नामेंट में दबदबा कायम किया है। 
  • वहीं गुजरात ने धैर्य और संयमित खेल से प्रभावित करते हुए पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल का टिकट पक्का किया है।
  • कागजों पर मौजूदा चैंपियन आरसीबी को 2022 की विजेता गुजरात के खिलाफ मजबूत दावेदार माना जा रहा है, क्योंकि इस पूरे टूर्नामेंट में उनका बेखौफ और जोखिम भरा खेल बेहद प्रभावशाली रहा है।

04:50 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Live Score: आरसीबी और गुजरात के बीच टक्कर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस की टीम अपने दूसरे खिताब से एक कदम दूर हैं। इन दोनों टीमों ने शुरुआत से लेकर अंत तक शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप चरण के बाद गुजरात और आरसीबी के बीच क्वालिफायर-1 में सामना हुआ था। इस मैच में आरसीबी ने एकतरफा अंदाज में गुजरात को मात दी थी, लेकिन फाइनल मुकाबला एकदम अलग होगा। दोनों ही टीमों पर इस मैच का दबाव होगा, जबकि आरसीबी गुजरात के होम ग्राउंड पर टीम को चुनौती देगी। 

04:39 PM, 31-May-2026

GT vs RCB Final: गुजरात के गढ़ में आरसीबी की ऐतिहासिक जीत, पांच विकेट से जीता फाइनल; लगातार दूसरी बार चैंपियन

IPL Final Live Cricket Score Today RCB vs GT 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का कारवां अपने मुकाम पर पहुंचने जा रहा है। फाइनल मुकाबला गुजरात टाइटंस और गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबले में जहां आरसीबी की नजरें खिताब का सफल बचाव करने पर होंगी, वहीं गुजरात साल 2022 दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें