पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर के अर्धशतकों की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट से हराया। सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 219 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। पंजाब की टीम इस तरह टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। पंजाब के लिए श्रेयस ने 33 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए।
वहीं, प्रियांश आर्या ने 20 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 57 और प्रभसिमरन सिंह ने 25 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए शिवांग कुमार ने तीन विकेट झटके, जबकि हर्ष दुबे को एक सफलता मिली।
नेहाल वढेरा के रूप में पंजाब किंग्स को चौथा झटका लगा है। वढेरा 14 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हो गए हैं। वढेरा और श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी हुई।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 24 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। श्रेयस और वढेरा के बीच साझेदारी जारी है।
शिवांग कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को तीसरा झटका दिया है। शिवांग ने कूपर कोनोली को अपना शिकार बनाया 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए।
प्रभसिमरन सिंह अर्धशतक लगाने के तुरंत बाद अपना विकेट गंवा बैठे। प्रभसिमरन ने 24 गेंदों पर पचासा पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर कैच थमा बैठे। प्रभसिमरन 25 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
शिवांग कुमार ने प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया है। प्रियांश शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 20 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हो गए। प्रियांश और प्रभसिमरन के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई।
प्रियांश आर्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर अर्धशतक लगा दिया है। प्रियांश ने प्रभसिमरन के साथ शानदार साझेदारी की है और पावरप्ले में सनराइजर्स को एक भी सफलता हासिल नहीं करने दी। पंजाब ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 93 रन बनाए हैं।
सनराइजर्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने अच्छी शुरुआत की है। पंजाब का स्कोर चौथे ओवर में ही 50 रन के पार पहुंच गया है। पंजाब के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। पंजाब के लिए प्रियांश और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की शानदार पारियों के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 220 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। हैदराबाद ने 20 ओवर में छह विकेट पर 219 रन बनाए। हैदराबाद के लिए अभिषेक और हेड ने दमदार बल्लेबाजी की। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़े। अभिषेक और हेड के आउट होते ही सनराइजर्स की पारी धीमी पड़ गई।
सनराइजर्स के लिए अभिषेक ने सबसे ज्यादा 74 रन बनाए, जबकि हेनरिच क्लासेन ने 39, ट्रेविस हेड ने 38 और ईशान किशन ने 27 रन बनाए। अनिकेत वर्मा ने 18 और सलील अरोड़ा ने नौ रनों का योगदान दिया। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह को दो-दो विकेट मिले, जबकि जैवियर बार्टलेट ने एक विकेट लिया।
अर्शदीप सिंह ने सलील अरोड़ा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पांचवां झटका दिया है। सलील आठ गेंदों पर एक छक्के की मदद से नौ रन बनाकर आउट हो गए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को अनिकेत वर्मा के रूप में चौथा झटका लगा है। अनिकेत रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। अनिकेत ने नौ गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाए।
अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका दिया है। ईशान 17 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है। सनराइजर्स के लिए हेनरिच क्लासेन और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। पंजाब को अब तक दो सफलता मिल चुकी है।
अभिषेक शर्मा की शानदार पारी का अंत शशांक सिंह ने किया। शशांक ने पहले हेड को आउट किया और फिर अभिषेक को पवेलियन की राह दिखाई। अभिषेक 28 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए।
सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड के रूप में पहला झटका लगा है। हेड 23 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। हेड और अभिषेक के बीच पहले विकेट के लिए 120 रनों की साझेदारी हुई।
पंजाब के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर पावरप्ले में ही 100 रन के पार पहुंच गया है। सनराइजर्स ने छह ओवर में बिना किसी नुकसान के 105 रन बनाए हैं। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। अभिषेक और हेड ने सनराइजर्स को मजबूत शुरुआत दिलाई है और पावरप्ले खत्म होने से पहले ही टीम का स्कोर 75 के पार पहुंच गया है।
पंजाब के खिलाफ हैदराबाद ने दमदार शुरुआत की है। अभिषेक शर्मा शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और अब तक उनका योगदान ज्यादा है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), हेनरिच क्लासेन, सलील अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा।
इम्पैक्ट सब: जयदेव उनादकट, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, प्रफुल हिंगे, कामिंदु मेंडिस।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जैवियर बार्टलेट, विजकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: नेहल वढेरा, विष्णु विनोद, सूर्यांश शेडगे, यश ठाकुर, हरप्रीत बरार।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। पंजाब ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। सनराइजर्स ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए हैं। लिविंगस्टोन की जगह सलील अरोड़ा को मौका मिला है, जबकि प्रफुल हिंगे डेब्यू कर रहे हैं।
पंजाब के कूपर कोनोली ने इस सीजन में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने गुजरात के खिलाफ डेब्यू मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ा और अगले मैच में भी तेज 36 रन बनाए। उनकी फॉर्म टीम के लिए अहम साबित हो सकती है। वहीं, सनराइजर्स के नीतीश कुमार रेड्डी भी शानदार लय में हैं। उन्होंने पिछले मैच में अर्धशतक लगाकर टीम को मुश्किल स्थिति से निकाला और गेंदबाजी में भी प्रभाव डाला। एक ऑलराउंडर के रूप में उनका प्रदर्शन टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
पंजाब किंग्स दिन के मैच को देखते हुए एक अतिरिक्त स्पिनर को मौका दे सकती है। हरप्रीत बराड़ को विजयकुमार विशाक की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है, खासकर तब जब कूपर कॉनॉली गेंदबाजी विकल्प नहीं हैं।सनराइजर्स हैदराबाद संभवतः अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं करेगी। हालांकि ब्रायडन कार्स और लियाम लिविंगस्टोन के बीच परिस्थितियों के अनुसार चयन हो सकता है।
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा पिछले दो वर्षों में सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ियों में रहे हैं। इस सीजन में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ महज 5.4 ओवर में 82 रन जोड़कर अपनी विस्फोटक क्षमता का नमूना पेश किया। वहीं, पंजाब किंग्स के पास भी मजबूत ओपनिंग जोड़ी है, जिनमें प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या शामिल हैं।
आईपीएल 2026 में शनिवार को पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है। इस मैच की सबसे बड़ी खासियत दोनों टीमों की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ियों के बीच मुकाबला है। पंजाब किंग्स इस सीजन में अब तक अजेय रही है। कोलकाता में बारिश के कारण उनका पिछला मैच प्रभावित हुआ था, लेकिन अब टीम न्यू चंडीगढ़ में वापसी करते हुए अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी। हालांकि, उनके सामने एक बड़ी चुनौती होगी सनराइजर्स हैदराबाद की धाकड़ ओपनिंग जोड़ी।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs SRH Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज डबल हेडर है। पहले मैच में पंजाब किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से है। सनराइजर्स की टीम इस मैच से लय हासिल करना चाहेगी, जबकि पंजाब किंग्स की टीम की नजरें घरेलू मैदान पर दम दिखाने की है।