फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs RR Highlights: पंजाब किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर, चार विकेट से जीतकर राजस्थान रेस में कायम

Fri, 19 May 2023 11:43 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, धर्मशाला

खास बातें

PBKS vs RR Highlights, Indian Premier League 2023 : आईपीएल के 66वें मैच में पंजाब किंग्स को हार का सामना करना पड़ा। उसे राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट से हरा दिया। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 189 रन बना लिए।
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतक लगाया। - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:27 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: पंजाब को राजस्थान ने हराया

राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग मैच में पंजाब किंग्स को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कायम हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के हाथ निराशा लगी और वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। राजस्थान को जीत के लिए आखिरी ओवर में नौ रन की आवश्यकता थी। ध्रुव जुरेल और ट्रेंट बोल्ट ने शुरुआती तीन गेंद पर चार रन बना लिए। इसके बाद चौथी गेंद पर जुरेल ने छक्का लगाकर मैच को समाप्त कर दिया।

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 189 रन बना लिए। राजस्थान के लिए देवदत्त पडिक्कल ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 50 और शिमरॉन हेटमायर ने 46 रन की पारी खेली। रियान पराग ने 12 गेंद पर 20 और ध्रुव जुरेल ने चार गेंद पर नाबाद 10 रन बनाए।

सैमसन और बटलर फेल
कप्तान संजू सैमसन दो रन ही बना सके। वहीं, जोस बटलर का खराब फॉर्म जारी रहा और वह खाता नहीं खोल पाए। पंजाब के लिए कगिसो रबाडा ने दो विकेट लिए। सैम करन, अर्शदीप सिंह, नाथन एलिस और राहुल चाहर ने एक-एक विकेट लिए।

शाहरुख खान और सैम करन का चला बल्ला
पंजाब की बात करें तो शाहरुख खान और सैम करन ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को 180 रन के पार पहुंचाया। आखिरी दो ओवर में दोनों ने मिलकर 46 रन बनाए। सैम करन ने 31 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाए। जितेश शर्मा ने 44 और शाहरुख खान ने 23 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाए। अथर्व तायदे ने 19 और शिखर धवन ने 17 रन का योगदान दिया। लियाम लिविंगस्टोन ने नौ और प्रभसिमरन सिंह ने दो रन बनाए। राजस्थान के लिए नवदीप सैनी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। उन्होंने अथर्व तायदे, लियाम लिविंगस्टोन और जितेश शर्मा को आउट किया। ट्रेंट बोल्ट और एडम जम्पा को एक-एक सफलता मिली।

राजस्थान के लिए क्या हैं समीकरण?
इस जीत के बाद राजस्थान के 14 मैच में 14 हो गए। उसका नेट रनरेट +0.148 हो गया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस के भी 14-14 अंक हैं। मुंबई का नेट रनरेट (-128) में राजस्थान से कम है और वह छठे स्थान पर है। संजू सैमसन की टीम इस जीत के बाद पांचवें नंबर पर पहुंच गई। राजस्थान की टीम अगर इस मैच को 18.3 ओवर में जीत लेती तो उसका नेट रनरेट आरसीबी (0.180) से बेहतर हो जाता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब राजस्थान की टीम इस बात की दुआ करेगी कि आरसीबी अपने अंतिम लीग मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़े अंतर से हारे। इसके अलावा मुंबई को भी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शिकस्त मिले। पंजाब की बात करें तो 14 मैच में 12 अंक के साथ वह आठवें स्थान पर है।

11:11 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: रियान पराग पवेलियन लौटे

राजस्थान रॉयल्स को पांचवां झटका रियान पराग के रूप में लगा। वह 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। कगिसो रबाडा की गेंद पर अथर्व तायदे ने उनका कैच लिया। पराग ने 12 गेंद पर 20 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। राजस्थान को जीत के लिए दो ओवर में 19 रन चाहिए।

11:07 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: राजस्थान को 18 गेंद पर चाहिए 33 रन

राजस्थान रॉयल्स ने 17 ओवर में चार विकेट पर 156 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 18 गेंद पर 33 रन चाहिए। शिमरॉन हेटमायर 24 गेंद पर 37 और रियान पराग पांच गेंद पर आठ रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
10:45 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: यशस्वी जायसवाल अर्धशतक लगाकर आउट

राजस्थान रॉयल्स को चौथा झटका 15वें ओवर में लगा। नाथन एलिस ने तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल को आउट कर दिया। जायसवाल ने 36 गेंद पर 50 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके लगाए। राजस्थान ने 14.3 ओवर में चार विकेट पर 137 रन बना लिए हैं। शिमरॉन हेटमायर 14 गेंद पर 28 रन बनाकर नाबाद हैं।

10:26 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: राजस्थान को लगा दोहरा झटका

राजस्थान रॉयल्स के लगातार दो ओवर में दो विकेट गिरे हैं। 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर देवदत्त पडिक्कल आउट हो गए। उन्होंने 30 गेंद पर 51 रन बनाए। इस दौरान पडिक्कल ने पांच चौके और तीन छक्के लगाए। अर्शदीप सिंह की गेंद पर हरप्रीत बराड़ ने उनका कैच लिया। पडिक्कल के बाद कप्तान संजू सैमसन अगले ही ओवर में आउट हो गए। 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर राहुल चाहर ने उन्हें ऋषि धवन के हाथों कैच कराया। सैमसन ने तीन गेंद पर दो रन बनाए। राजस्थान ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 91 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 35 और शिमरॉन हेटमायर एक रन बनाकर नाबाद हैं।

विज्ञापन
10:03 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: राजस्थान का स्कोर 6 ओवर में 57/1

राजस्थान रॉयल्स ने छह ओवर में एक विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। जयशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाल लिया है। पडिक्कल 17 गेंद पर 33 और जायसवाल 15 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद हैं।

09:42 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: बटलर का नहीं खुला खाता

राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा। कगिसो रबाडा ने चौथी गेंद पर जोस बटलर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। बटलर खाता नहीं खोल पाए। राजस्थान ने दो ओवर में एक विकेट पर 16 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल ने 12 और देवदत्त पडिक्कल ने चार रन बनाए हैं। राजस्थान को अगर आरसीबी से बेहतर नेट रनरेट करना है तो उसे 18.3 ओवर तक लक्ष्य को हासिल करना होगा।

09:17 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: राजस्थान को मिला मुश्किल लक्ष्य

पंजाब किंग्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स को मुश्किल लक्ष्य मिला है। पंजाब ने 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाए हैं। प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए राजस्थान को 188 रन बनाने होंगे। पंंजाब के लिए सैम करन ने 31 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाए। जितेश शर्मा ने 44 और शाहरुख खान ने 23 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाए। अथर्व तायदे ने 19 और शिखर धवन ने 17 रन का योगदान दिया। लियाम लिविंगस्टोन ने नौ और प्रभसिमरन सिंह ने दो रन बनाए। राजस्थान के लिए नवदीप सैनी ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। उन्होंने अथर्व तायदे, लियाम लिविंगस्टोन और जितेश शर्मा को आउट किया। ट्रेंट बोल्ट और एडम जम्पा को एक-एक सफलता मिली।

08:39 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: पंजाब को लगा पांचवां झटका

पंजाब किंग्स को पांचवां झटका नवदीप सैनी ने दिया। उन्होंने 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जितेश शर्मा को आउट कर दिया। जितेश ने आउट होने से पहले पंजाब की पारी को संभाल लिया था। उन्होंने सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 44 गेंद पर 64 रन की साझेदारी की। जितेश 28 गेंद पर 44 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। सैम करन 17 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद हैं। पंजाब ने पांच विकेट पर 114 रन बना लिए हैं।

08:23 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: 10 ओवर में पंजाब का स्कोर 78/4

पंजाब किंग्स ने 10 ओवर में चार विकेट पर 78 रन बना लिए हैं। चार विकेट गिरने के बाद जितेश शर्मा और सैम करन ने पारी को संभाला है। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 21 गेंद पर 28 रन की साझेदारी कर ली है। जितेश 14 गेंद पर 20 और सैम करन आठ गेंद पर आठ रन बनाकर नाबाद हैं।

08:08 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: पंजाब की पारी लड़खड़ाई

पंजाब किंग्स के चार विकेट 50 रन के स्कोर पर गिर गए। शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाजों ने टीम को निराश किया है। प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायदे के आउट होने के बाद कप्तान शिखर धवन और पिछले मैच में विस्फोटक पारी खेलने वाले लियाम लिविंगस्टोन भी पवेलियन लौट गए। धवन को एडम जम्पा ने छठे ओवर की तीसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। धवन ने 12 गेंद पर 17 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का मारा। उनके बाद अगले ही में लिविंगस्टोन आउट हो गए। उन्हें नवदीप सैनी ने सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। लिविंगस्टोन 13 गेंद पर नौ रन ही बना सके। पंजाब ने सात ओवर में चार विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। सैम करन और जितेश शर्मा क्रीज पर हैं।

07:51 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: नहीं चला अथर्व तायदे का बल्ला

पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले अथर्व तायदे ने इस मुकाबले में भी अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए। तायदे को चौथे ओवर की चौथी गेंद पर नवदीप सैनी ने आउट कर दिया। तायदे ने 12 गेंद पर 19 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। तायदे का कैच देवदत्त पडिक्कल ने लिया। पंजाब का स्कोर चार ओवर में दो विकेट पर 44 रन है। कप्तान शिखर धवन 16 और लियाम लिविंगस्टोन चार रन बनाकर नाबाद हैं।

07:48 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: पंजाब का स्कोर 3 ओवर में 30/1

पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। उसे पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। राजस्थान के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने इस सीजन में शतक लगाने वाले प्रभसिमरन सिंह को दूसरी गेंद पर आउट कर दिया। बोल्ट ने ही उनका कैच भी लिया। प्रभसिमरन दो गेंद पर दो रन ही बना सके। पंजाब ने तीन ओवर में एक विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। अथर्व तायदे और शिखर धवन क्रीज पर हैं।

07:12 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह, अथर्व तायदे, लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शाहरुख खान, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शिमरॉन हेटमायर, रियान पराग, एडम जम्पा, ट्रेंट बोल्ट, नवदीप सैनी, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।

07:01 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Live Score: पंजाब की टीम करेगी बल्लेबाजी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी का फैसला करेगी। रविचंद्रन अश्विन चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।

06:37 PM, 19-May-2023

PBKS vs RR Highlights: पंजाब किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर, चार विकेट से जीतकर राजस्थान रेस में कायम

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 66वें मैच में पंजाब किंग्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। दोनों टीमें धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। यह मोहाली के बाद पंजाब का दूसरा होमग्राउंड है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए राजस्थान और पंजाब को यह हर हाल में जीतना होगा। दोनों के 13-13 मैच में 12-12 अंक हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें