यशस्वी जायसवाल के अर्धशतक के बाद डोनोवान फरेरा तथा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे के बीच शानदार साझेदारी की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया। राजस्थान ने इस तरह पंजाब किंग्स का आईपीएल 2026 में अजेय अभियान रोक दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने यशस्वी और फरेरा के अर्धशतकों और शुभम के शानदार योगदान की मदद से 19.2 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाकर मैच जीता।
पंजाब की आठ मैचों में यह पहली हार है। उसने छह मैच जीते हैं, जबकि उसका एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था। इस हार के बाद भी पंजाब 13 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर मौजूद है। वहीं, राजस्थान की टीम नौ मैचों में 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। राजस्थान के लिए फरेरा ने 26 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 52 रन बनाए, जबकि यशस्वी ने 27 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के के सहारे 51 रन की पारी खेली। वहीं, शुभम ने 12 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए। शुभम और फरेरा के बीच पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की अविजित साझेदारी हुई। पंजाब के लिए युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह को एक विकेट मिला।
पंजाब के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है। शुभम और फरेरा के बीच पांचवें विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हो गई है।
राजस्थान और पंजाब के बीच मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। राजस्थान ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर शुभम दुबे को उतारा है। शुभम और फरेरा के बीच शानदार साझेदारी पनप रही है।
युजवेंद्र चहल ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। यशस्वी 27 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान को ध्रुव जुरेल के रूप में दूसरा झटका लगा है। जुरेल और यशस्वी के बीच दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी हुई। जुरेल 20 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। वैभव के आउट होने के बाद यशस्वी ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर राजस्थान की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन अर्धशतक लगाने से चूक गए। अर्शदीप सिंह ने वैभव को अपना शिकार बनाया जो 16 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
पंजाब किंग्स ने प्रभसिमरन सिंह और मार्कस स्टोइनिस के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को 223 रनों का लक्ष्य दिया है। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पंजाब ने 20 ओवर में चार विकेट पर 222 रन बनाए। पंजाब के लिए स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा 22 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन ने 44 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के के दम पर 59 रन की पारी खेली।
पंजाब की ओर से इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कूपर कोनोली ने 30, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30 और प्रियांश आर्या ने 29 रन बनाए। राजस्थान के लिए यश राज पुंजा ने दो विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को एक-एक विकेट मिले।
नांद्रे बर्गर ने श्रेयस अय्यर को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को चौथी सफलता दिलाई है। श्रेयस 27 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
यश पुंज ने शानदार गेंदबाजी जारी रखते हुए पंजाब किंग्स को तीसरा झटका दिया। यश ने प्रभसिमरन सिंह को अपना शिकार बनाया जो 44 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 35 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस के बीच साझेदारी पनप रही है। 12 ओवर की समाप्ति के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 127 रन है।
यश पुंजा ने कूपर कोनोली को आउट कर पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दिया है। कोनोली और प्रभसिमरन के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों बल्लेबाज दूसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़ चुके थे, लेकिन पुंजा ने कोनोली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कोनोली 14 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स ने पावरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी की और स्कोर 60 रन के पार पहुंचा दिया। पहले प्रियांश आर्या ने तूफानी बल्लेबाजी की और उनके आउट होने के बाद प्रभसिमरन तथा कोनोली ने मोर्चा संभाले रखा है।
पंजाब किंग्स को पहले ही ओवर में झटका लगा है। प्रियांश आर्या शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और उन्होंने टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई थी, लेकिन आर्चर की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। प्रियांश 11 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान के खिलाफ पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवान फेरेरा, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा।
इम्पैक्ट सब: रवि बिश्नोई, रवि सिंह, तुषार देशपांडे, शुभम दुबे, शिमरॉन हेत्मायर।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: विष्णु विनोद, विजयकुमार विशाक, जैवियर बार्टलेट, हरप्रीत बरार, मुशीर खान।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। राजस्थान ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में दो बदलाव किया है। हेत्मायर और बिश्नोई की जगह शनाका और यश को मौका मिला है। वहीं, पंजाब टीम में सूर्यांश शेडगे और लॉकी की वापसी हुई है।
राजस्थान रॉयल्स ने टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की थी लेकिन पहले चार मैच जीतने के बाद उसने अपनी लय खो दी है। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम निरंतरता बनाए रखने में सफल नहीं रही है।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जैवियर बार्टलेट, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेत्मायर, डोनोवान फेरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई।
पंजाब किंग्स अपने इस घरेलू मैदान पर इस सत्र का अपना आखिरी मैच खेलेगा। उसकी टीम अपने आखिरी तीन घरेलू मैच धर्मशाला में खेलेगी, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि परिस्थितियों से अच्छी तरह वाकिफ होने के कारण वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी अपना विजय अभियान जारी रखने में सफल रहेगी।
अय्यर ने शानदार कप्तानी की है, लेकिन उनकी पूरी टीम ने एकजुट होकर अपना योगदान दिया है। पंजाब किंग्स ने पिछले सत्र में आईपीएल के इतिहास के सबसे कम स्कोर का बचाव किया था और अब उसने नयी दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी के बावजूद रिकॉर्ड 265 रन के लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया था। पंजाब किंग्स की सात मैचों में छह जीत (एक मैच बारिश के कारण रद्द) प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह की विस्फोटक सलामी जोड़ी की बदौलत संभव हो पाई हैं।
पिछले कुछ मैचों में अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर पाने वाले राजस्थान रॉयल्स को इस मैच में अगर पंजाब किंग्स का अजेय रथ रोकना है तो रन बनाने के लिए जूझ रहे कप्तान रियान पराग को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा। रियान का प्रदर्शन अब तक अच्छा नहीं रहा है और वह रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
IPL Live Cricket Score, PBKS vs RR Indian Premier League 2026: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2026 में आज पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। पंजाब का प्रदर्शन शानदार रहा है और टीम ने मौजूदा सीजन में एक भी मैच नहीं गंवाया है। वहीं, राजस्थान भी अब जीत की पटरी पर लौटने उतरेगी।