फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PBKS vs RCB: बेंगलुरु ने पंजाब को सात विकेट से हराया, कोहली 73 रन बनाकर नाबाद रहे, पडिक्कल का भी अर्धशतक

Sun, 20 Apr 2025 06:57 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुल्लांपुर

खास बातें

PBKS vs RCB Indian Premier League 2025 Highlights: आईपीएल के 37वें मैच में रविवार को पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से था। यह मुकाबला मुल्लांपुर के महराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। आरसीबी ने पंजाब से पिछली हार का बदला ले लिया है। बेंगलुरु की टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की।
विज्ञापन
पडिक्कल और कोहली - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:50 PM, 20-Apr-2025

बेंगलुरु ने पंजाब को हराया

आईपीएल 2025 के 37वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को उनके घर पर हरा दिया है। टीम ने अब तक अवे मैचों में अपने 100 प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा है। आरसीबी ने जो तीन मैच गंवाए हैं, वह अपने घरेलू मैदान पर गंवाए हैं। घर से बाहर टीम ने अपने पांचों मैच जीते हैं। बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 157 रन बना सकी। जवाब में बेंगलुरु ने 18.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

विराट कोहली 73 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 61 रन बनाए। इस जीत के साथ बेंगलुरु की टीम 10 अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है। वहीं, पंजाब की टीम चौथे स्थान पर लुढ़क गई है। उसके भी 10 अंक हैं। पंजाब ने अब तक आठ में से पांच मैच जीते हैं और तीन में हार का सामना करना पड़ा है। बेंगलुरु का अगला मैच 24 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स से बेंगलुरु में है। वहीं, पंजाब का अगला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स से ईडन गार्डेंस में है। इससे पहले क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने अच्छी गेंदबाजी की थी और दो-दो विकेट लिए थे। पंजाब को कम स्कोर पर रोकने में इनका अहम योगदान रहा था। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए थे।

06:42 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु को तीसरा झटका

143 के स्कोर पर बेंगलुरु को तीसरा झटका लगा। युजवेंद्र चहल ने रजत पाटीदार को कैच आउट कराया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल कोहली 68 रन और जितेश एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। बेंगलुरु को 18 गेंद में 14 रन की जरूरत है।

06:32 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने आईपीएल करियर का 59वां अर्धशतक लगाया। बेंगलुरु ने दो विकेट पर 122 रन बना लिए हैं। बेंगलुरु को 30 गेंद में 36 रन की जरूरत है। पंजाब पर हार का खतरा मंडरा रहा है।

विज्ञापन
06:23 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु को दूसरा झटका

बेंगलुर को 109 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। 13वें ओवर में हरप्रीत बराड़ ने पडिक्कल को नेहल वढेरा के हाथों कैच कराया। फिलहाल कप्तान रजत पाटीदार और विराट कोहली क्रीज पर हैं। कोहली और पडिक्कल के बीच 69 गेंद में 103 रन की साझेदारी हुई। बेंगलुरु को अब 42 गेंद में 46 रन की जरूरत है।

06:13 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पडिक्कल का अर्धशतक

बेंगलुरु ने 11 ओवर में एक विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल ने आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। वह 51 रन और कोहली 42 रन बनाकर क्रीज पर हैं। बेंगलुरु को अब 54 गेंद में 63 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
06:12 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु मजबूत स्थिति में

बेंगलुरु ने 10 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 88 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 49 रन और विराट कोहली 38 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 80 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। बेंगलुरु को अब 60 गेंद में 70 रन की जरूरत है।

05:43 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: स्कोर 30 के पार

पंजाब किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी का स्कोर 30 के पार पहुंच गया है। चार ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 31 रन है। 

05:28 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: आरसीबी को पहला झटका

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को पहला झटका दिया है। पंजाब ने आरसीबी के सामने 158 रनों का लक्ष्य रखा है। लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु ने सॉल्ट का विकेट जल्द गंवा दिया जो एक रन बनाकर आउट हुए। 

05:08 PM, 20-Apr-2025

पंजाब ने 157 रन बनाए

पंजाब ने 20 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 157 रन बनाए। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की शुरुआत अच्छी रही थी। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंद में 42 रन जोड़े थे। इसके बाद हालांकि, पंजाब का मध्यक्रम लड़खड़ा गया और टीम का स्कोर 68 रन पर तीन विकेट हो गया। 

पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। प्रियांश आर्याम और प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंद में 42 रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई। क्रुणाल ने पांचवें ओवर में प्रियांश को टिम डेविड के हाथों कैच कराया। फिर उन्होंने सातवें ओवर में प्रभसिमरन सिह को भी डेविड के हाथों कैच कराया। प्रियांश 15 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन और प्रभसिमरन 17 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बना सके। इसके बाद श्रेयस खराब शॉट खेलकर आउट हुए। वह रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर क्रुणाल को कैच थमा बैठे। श्रेयस 10 गेंद में छह रन बना सके।

इसके बाद जोश इंगलिस और नेहल वढेरा के बीच गलतफहमी हुई और दो रन लेने के चक्कर में नेहल रन आउट हो गए। वह पांच रन बना सके। जोश इंगलिस ने शशांक सिंह के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने 14वें ओवर में दो विकेट लेकर पंजाब की पारी को फिर परेशानी में डाल दिया। सुयश ने इंगलिस को ओवर की दूसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। इंगलिस 17 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बना सके।

इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर सुयश ने मार्कस स्टोइनिस को क्लीन बोल्ड किया। स्टोइनिस एक रन बना सके। आखिर में मार्को यानसेन और शशांक ने 43 रन की साझेदारी निभाई और पंजाब को 150 के पार पहुंचाया। यानसेन 20 गेंद में दो छक्के की मदद से 25 रन और शशांक 31 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलुरु की ओर से क्रुणाल और सुयश ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, रोमारियो शेफर्ड को एक विकेट मिला। 

04:50 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: 16 ओवर समाप्त

16 ओवर के बाद पंजाब ने छह विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्को यानसेन और शशांक सिंह क्रीज पर हैं। अच्छी शुरुआत के बावजूद पंजाब की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई है। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम को इसका नुकसान उठाना पड़ा है।

04:38 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब को छठा झटका

14वें ओवर में लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने गजब की गेंदबाजी की और दो विकेट झटके। उन्होंने सबसे पहले ओवर की दूसरी गेंद पर जोश इंगलिस को क्लीन बोल्ड किया। इंगलिस 17 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को क्लीन बोल्ड किया। स्टोइनिस एक रन बना सके। फिलहाल मार्को यानसेन और शशांक सिंह क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर छह विकेट पर 114 रन है।

04:30 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब को पांचवां झटका

पंजाब को 112 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। 14वें ओवर में सुयश शर्मा ने जोश इंगलिस को क्लीन बोल्ड किया। इंगलिस ने शशांक सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल शशांक के साथ मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर हैं। 

04:20 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: नेहल रन आउट

76 के स्कोर पर पंजाब को चौथा झटका लगा। जोश इंगलिस और नेहल वढेरा के बीच क्रीज पर गलतफहमी की वजह से नेहल को रन आउट होना पड़ा। दूसरा रन लेने के चक्कर में नेहल रन आउट हो गए। वह पांच रन बना सके। फिलहाल जोश इंगलिस और शशांक सिंह क्रीज पर हैं।

04:08 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: श्रेयस लगातार तीसरे मैच में फेल

श्रेयस अय्यर लगातार तीसरे मैच में फेल हुए। पंजाब को आठवें ओवर में बड़ा झटका लगा। 68 के स्कोर पर पंजाब की टीम को तीसरा झटका लगा। श्रेयस 10 गेंद में छह रन बनाकर आउट हुए। पंजाब को प्रियांश और प्रभसिमरन ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन 27 रन बनाने में टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। प्रियांश और प्रभसिमरन को क्रुणाल पांड्या ने आउट किया था। वहीं, क्रुणाल ने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर श्रेयस का बेहतरीन कैच लपका। फिलहाल जोश इंगलिस और नेहल वढेरा क्रीज पर हैं। श्रेयस लगातार तीसरे मैच में फेल हुए हैं। इससे पहले केकेआर के खिलाफ वह खाता नहीं खोल पाए थे, जबकि आरसीबी के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने सात रन बनाए थे।

04:02 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब को दूसरा झटका

62 के स्कोर पर सातवें ओवर में पंजाब को दूसरा झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने प्रभसिमरन सिंह को टिम डेविड के हाथों कैच कराया। प्रभसिमरन 17 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले क्रुणाल ने प्रियांश आर्या को भी डेविड के हाथों कैच कराया था। वह 22 रन बना सके थे। फिलहाल कप्तान श्रेयस अय्यर और जोस इंगलिस क्रीज पर हैं। छह ओवर यानी पावरप्ले में पंजाब ने एक विकेट पर 62 रन बनाए थे। यह आरसीबी के खिलाफ इस सीजन पावरप्ले में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। पंजाब ने कोलकाता नाइट राइडर्स को पीछे छोड़ा। कोलकाता ने ईडन गार्डेंस में एक विकेट पर 60 रन बनाए थे।

03:52 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब को पहला झटका

पंजाब को 42 के स्कोर पर पांचवें ओवर में पहला झटका लगा। क्रुणाल पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्या को टिम डेविड के हाथों कैच कराया। प्रियांश ने प्रभसिमरन के साथ मिलकर पंजाब को तूफानी शुरुआत दिलाई थी। दोनों ने 26 गेंद में 42 रन की साझेदारी निभाई। प्रियांश 15 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 49 रन है।

03:31 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: मैच शुरू

मैच की शुरुआत हो चुकी है। पंजाब के ओपनर्स प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर हैं। वहीं, बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। पहले ओवर से दो रन आए। 

03:09 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: इम्पैक्ट सब इनमें से चुना जाएगा

पंजाब किंग्स: हरप्रीत बराड़, विजयकुमार वैशाक, सूर्यांश शेडगे, ग्लेन मैक्सवेल, प्रवीण दुबे।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: देवदत्त पडिक्कल, रसिख दार सलाम, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह।

03:04 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, यश दयाल। 

पंजाब किंग्सः प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या, नेहाल वढेरा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल। 

02:59 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: बेंगलुरु ने टॉस जीता

पंजाब किंग्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। पाटीदार ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। लियाम लिविंगस्टोन की जगह रोमारियो शेफर्ड को शामिल किया गया है। वहीं, पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। 

02:39 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब से हार का बदला लेना चाहेगी आरसीबी

पंजाब के खिलाफ शुक्रवार को बेंगलुरु में खेले गए मैच में टिम डेविड को छोड़कर आरसीबी का कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया और टीम को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। आरसीबी के पास फिल सॉल्ट, विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार और लियाम लिविंगस्टोन जैसे धाकड़ बल्लेबाज हैं लेकिन उनके पास वापसी करने का बहुत कम समय है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बेंगलुरु की टीम बारिश से बाधित मैच में 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन ही बना सकी। जवाब में पंजाब ने पांच विकेट गंवाकर 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। 

02:39 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: बल्लेबाजों पर बरसे थे कप्तान पाटीदार

पाटीदार ने बेंगलुरु में पंजाब के हाथों पराजय के लिए बल्लेबाजों की नाकामी को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा- विकेट शुरू में बल्लेबाजी के लिए बहुत अनुकूल नहीं था लेकिन हम एक बल्लेबाजी इकाई के तौर पर अच्छा प्रदर्शन कर सके। साझेदारी निभाना महत्वपूर्ण था लेकिन हमने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। यह हमारे लिए बहुत बड़ा सबक है।

02:38 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: आरसीबी को इन खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद

आरसीबी अभी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है और अगर उसे शीर्ष चार में जगह बनाए रखनी है तो उसके बल्लेबाजों को जल्द से जल्द अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। आरसीबी विस्फोटक शुरुआत प्रदान करने के लिए सॉल्ट और कोहली पर भरोसा करेगी और मध्य क्रम में स्थिरता प्रदान करने के लिए पाटीदार, लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या और डेविड पर जिम्मेदारी होगी।

गेंदबाजी के मोर्चे पर, जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार आक्रमण की अगुवाई करेंगे, लेकिन उन्हें यश दयाल, क्रुणाल और सुयश शर्मा जैसे गेंदबाजों से अधिक सहयोग की जरूरत पड़ेगी। जहां तक पंजाब किंग्स का सवाल है तो श्रेयस अय्यर की अगुवाई में उनकी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। उसने सात में से पांच मैच में जीत हासिल की है और वह अंक तालिका में दिल्ली कैपिटल्स के बाद दूसरे स्थान पर है।

02:38 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब के गेंदबाजों ने किया प्रभावित

पंजाब के गेंदबाजों ने अभी तक बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट और मार्को यानसन तेज गेंदबाजी के मोर्चे पर शानदार रहे हैं, जबकि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बीच के ओवरों में महत्वपूर्ण विकेट लेकर खुद को फिर से साबित कर दिया है।

02:38 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: अय्यर ने की चहल की प्रशंसा

अय्यर ने भी पंजाब की जीत में चहल के योगदान की सराहना की। अय्यर ने कहा- मैंने निजी तौर पर चहल से बात की। मैंने उनसे कहा कि आप मैच विजेता हैं और आपको जितना संभव हो हमारे लिए विकेट हासिल करने हैं। आपको रक्षात्मक रवैया अपनाने की जरूरत नहीं है और आप वापसी करने की क्षमता रखते हो। हम एक लेग स्पिनर के तौर पर उनकी इसी बात के लिए प्रशंसा करते हैं। वह आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक है, शायद आईपीएल में अब तक का सबसे अच्छा गेंदबाज है। आपको हर समय उसका समर्थन करना होगा।

02:37 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB Live: पंजाब का बल्लेबाजी क्रम मजबूत

जहां तक पंजाबी बल्लेबाजी का सवाल है तो पहले ही शतक लगा चुके युवा प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह से टीम को अच्छी शुरुआत की उम्मीद रहेगी। उसके पास मध्य क्रम में अय्यर, जोश इंगलिस, नेहल वढेरा, शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस के रूप में कुशल बल्लेबाज हैं।

02:33 PM, 20-Apr-2025

PBKS vs RCB: बेंगलुरु ने पंजाब को सात विकेट से हराया, कोहली 73 रन बनाकर नाबाद रहे, पडिक्कल का भी अर्धशतक

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 37वें मैच में रविवार को पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से है। यह मुकाबला मुल्लांपुर के महराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब ने शुक्रवार को बेंगलुरु को शिकस्त दी थी। आज आरसीबी की टीम उसका बदला लेने उतरी है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें