कप्तान श्रेयस अय्यर के नाबाद अर्धशतक की बदौलत पंजाब किंग्स ने क्वालिफायर-2 मुकाबले में मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराकर आईपीएल 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए थे, जवाब में पंजाब ने श्रेयस की दमदार अर्धशतकीय पारी की मदद से 19 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाकर जीत दर्ज की। इस मैच में बारिश ने बाधा डाली जिस कारण मैच दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। मैच में टॉस हो गया था, लेकिन मैच शुरू होने से ठीक पहले बारिश हुई जिस कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ। हालांकि, ओवरों में कटौती नहीं गई थी।
पंजाब किंग्स ने 2014 के बाद पहली बार फाइनल में प्रवेश किया है। अब उसका सामना तीन जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 मुकाबले में पंजाब को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पांच बार की चैंपियन मुंबई का सफर क्वालिफायर-2 में समाप्त हो गया। टीम ने एलिमिनेटर में गुजरात को हराया था, लेकिन हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम क्वालिफायर-2 की बाधा पार नहीं कर सकी। पंजाब और आरसीबी ने अब तक कभी आईपीएल की ट्रॉफी नहीं जीती है, ऐसे में यह तय है कि अब टूर्नामेंट को एक नया चैंपियन मिलेगा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 72 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद श्रेयस और नेहाल वढेरा ने साझेदारी निभाई और चौथे विकेट के लिए 84 रन जोड़े। श्रेयस ने इस दौरान 27 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। श्रेयस और वढेरा के बीच साझेदारी को अश्विनी कुमार ने वढेरा को आउट कर तोड़ा जो 48 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, श्रेयस क्रीज पर टिके रहे और उन्होंने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। श्रेयस 41 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर नाबाद रहे।
पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्या ने 20, जोश इंग्लिस ने 38 और प्रभसिमरन सिंह ने छह रन बनाए। शशांक सिंह दो रन बनाकर आउट हुए, जबकि स्टोइनिस दो रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की ओर से अश्विनी कुमार को दो विकेट मिले, जबकि ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या को एक-एक विकेट मिला।
पंजाब किंग्स को शशांक सिंह के रूप में पांचवां झटका लगा है। शशांक दो रन बनाकर रन आउट हो गए हैं। हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने मार्कस स्टोइनिस आए हैं।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। श्रेयस शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने टीम को मुकाबले में बनाए रखा है।
मुंबई इंडियंस को नेहाल वढेरा के रूप में बड़ी सफलता मिली है जो अर्धशतक से चूक गए हैं। वढेरा और कप्तान श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 47 गेंदों पर 84 रनों की साझेदारी हुई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पंजाब को मुश्किल से उबारा। ट्रेंट बोल्ट ने 13 रन के स्कोर पर वढेरा को जीवनदान दिया था, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। हालांकि, इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे अश्विनी कुमार ने वढेरा को आउट कर मुंबई को राहत की सांस दिलाई। वढेरा 29 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुए।
श्रेयस अय्यर और नेहाल वढेरा के बीच साझेदारी पनप रही है। मुंबई को तीन सफलता मिली है, लेकिन श्रेयस और वढेरा ने शानदार बल्लेबाजी कर पंजाब की पारी को संभाले रखा है। पंजाब ने 12 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 109 रन बनाए हैं।
हार्दिक पांड्या ने जोश इंग्लिस को आउट कर पंजाब किंग्स को तीसरा झटका दिया। इंग्लिस 21 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 72 रन बना लिए हैं।
अश्विनी कुमार ने प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दे दिया है। प्रियांश अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 10 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए।
तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे प्रभसिमरन सिंह को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया है। प्रभसिमरन नौ गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हो गए हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की पारी शुरू हो गई है। मुंबई ने पंजाब के सामने 204 रनों का लक्ष्य रखा है। पंजाब के लिए प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह क्रीज पर मौजूद हैं।
तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव की शानदार पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 204 रनों का लक्ष्य दिया है। मुंबई ने बारिश से बाधित इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए हैं। बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे 15 मिनट देरी से शुरू हुआ, लेकिन ओवरों में कटौती नहीं की गई। मुंबई के लिए तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने शानदार पारी खेली। हालांकि, दोनों ही बल्लेबाज अर्धशतक बनाने से चूक गए।
मुंबई को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा जो आठ रन बनाकर आउट हुए। जॉनी बेयरस्टो ने एक बार फिर अच्छी बल्लेबाजी की और 38 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यकुमार और तिलक ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की और मुंबई की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद मुंबई की पारी धीमी पड़ गई। हालांकि नमन धीर ने कुछ शॉट्स लगाकर मुंबई का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। नमन 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या 15 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब की ओर से अजमातुल्ला ने दो विकेट लिए, जबकि जैमीसन, स्टोइनिस, विशाक और चहल ने एक-एक विकेट लिए।
मुंबई इंडियंस को 180 रन के स्कोर पर पांचवां झटका लगा है। कप्तान हार्दिक पांड्या पवेलियन लौट गए हैं। हार्दिक 13 गेंदों पर एक चौके की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स को तिलक वर्मा के रूप में बड़ी सफलता मिली है। तिलक भी सूर्यकुमार की तरह अर्धशतक लगाने से चूक गए हैं। तिलक 29 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
सूर्यकुमार यादव के रूप में मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका लगा है। सूर्यकुमार और तिलक वर्मा के बीच शानदार साझेदारी चल रही थी और सूर्यकुमार अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन चहल ने उन्हें अपना शिकार बनाया। सूर्यकुमार अर्धशतक लगाने से चूक गए और 26 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई इंडियंस ने 14 ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 142 रन बना लिए हैं।
मुंबई इंडियंस का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। तिलक और सूर्यकुमार के बीच साझेदारी पनप रही है जिससे मुंबई ने 10 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 102 रन बना लिए हैं।
विजयकुमार विशाक ने जॉनी बेयरस्टो को आउट कर मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका दिया है। बेयरस्टो और तिलक वर्मा के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी हुई। बेयरस्टो 24 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई ने सात ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 70 रन बनाए हैं।
जॉनी बेयरस्टो और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए शानदार साझेदारी निभाई है जिसके दम पर मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले तक स्कोर 60 रन के पार पहुंचा दिया है। मुंबई ने छह ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 65 रन बना लिए हैं।
मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। रोहित सात गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर आउट हुए।
पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई की पारी शुरू हो गई है। मुंबई के लिए रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो पारी की शुरुआत करने उतरे हैं। बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ है, लेकिन ओवरों में कटौती नहीं की गई है।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटा लिए गए हैं। मैच 9:45 बजे शुरू होगा। प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि ओवरों में कटौती नहीं की गई है और मैच पूरे 20 ओवर का खेला जाएगा।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है, लेकिन मैदान कवर्स से अभी भी ढका हुआ है। मैदानकर्मी पानी सुखाने की कोशिश कर रहे हैं। पंजाब के खिलाड़ियों ने अभ्यास भी शुरू कर दिया है।
क्वालिफायर-2 मुकाबले के लिए रिजर्व डे नहीं रखा गया है। अगर मैच 9:30 बजे तक शुरू होता है तो ओवरों में कटौती नहीं की जाएगी और पूरे 20 ओवर का मैच होगा। हालांकि, इसके बाद ओवरों में कटौती होगी। रात 11:56 बजे तक पांच-पांच ओवर का मैच कराया जा सकता है, लेकिन अगर किसी कारण मुकाबला रद्द हुआ तो पंजाब किंग्स ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के कारण फाइनल के किए क्वालिफाई कर जाएगी और मुंबई का सफर समाप्त हो जाएगा।
अहमदाबाद में तेज बारिश शुरू हो गई है और मैदान को कवर्स से ढका गया है। बीच में बारिश रुकी थी जिससे मैच शुरू होने की उम्मीद बंधी थी। हालांकि, बारिश अब तेज हो गई है और मैच शुरू होने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है।
मैच शुरू होने से ठीक पहले बारिश एक बार फिर शुरू हो गई है और मैदान को कवर्स से ढक दिया गया है। अहमदाबाद में बार-बार रुक-रुक कर बारिश हो रही है जिससे मुंबई और पंजाब के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला नहीं शुरू हो पा रहा है। मैच 8:25 बजे शुरू करने का फैसला किया गया था, लेकिन बारिश दोबारा आने से मैच शुरू होने का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है और मैच 8:25 बजे शुरू होगा। राहत की बात यह है कि ओवर में कटौती नहीं की गई है और खेल पूरे 20-20 ओवर का कराया जाएगा।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स से हटा लिए गए हैं। पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मैदान पर वॉर्मअप करते नजर आ रहे हैं। फिलहाल अंपायर मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं। मैदान से कवर्स भले ही हट गए हैं, लेकिन पिच अभी भी कवर्स से ढकी हुई है।
अहमदाबाद में फिर बारिश शुरू हो गई है जिस कारण मुंबई और पंजाब के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला शुरू होने में देरी हो रही है। बारिश के कारण मैदान को कवर्स से ढका गया है। मैच में टॉस हो चुका है और पंजाब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी है।
अहमदाबाद में बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स से हटा लिए गए हैं। पंजाब के खिलाड़ी मैदान पर उतर चुके हैं, जबकि रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं।
मुंबई और पंजाब किंग्स के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबले से ठीक पहले अहमदाबाद में बारिश शुरू हो गई है। मैदान को कवर्स से ढका गया है, लेकिन राहत की बात यह है कि बारिश हल्की है।
मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, राज बावा, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, रीस टॉप्ली।
इम्पैक्ट सबः अश्विनी कुमार, कृष्णन श्रीजिथ, राघु शर्मा, रॉबिन मिंज, बेवॉन जैकॉब।
पंजाब किंग्सः प्रियांश आर्या, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, अजमातुल्लाह ओमरजई, काइल जैमीसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सबः प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, जैवियर बार्टले, हरप्रीत बरार।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब ने इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और स्पिनर युजवेंद्र चहल की वापसी हो गई है जो चोट के कारण पिछले कुछ मैचों से बाहर चल रहे थे। मुंबई ने भी टीम में एक बदलाव किया है। मुंबई ने प्लेइंग-11 में रीस टॉप्ली को ग्लीसन की जगह मौका दिया है। ग्लीसन चोट के कारण इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
मार्को यानसेन की अनुपस्थिति और आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले युजवेंद्र चहल की अनुपलब्धता टीम के लिए परेशानी का सबब बन गई है क्योंकि उसने इन खिलाड़ियों की जगह पर जो विकल्प आजमाए वे अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। चहल अगर पूरी तरह फिट रहे तो उनका इस मैच में खेलना तय है, लेकिन उनकी उपलब्धता पर मैच से पहले ही कोई फैसला लिया जाएगा।
पंजाब को ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के कारण फाइनल में पहुंचने का दूसरा मौका मिला है। पंजाब और मुंबई दोनों के लिए ये सेमीफाइनल मुकाबले की तरह है। मुंबई ने भले ही गुजरात टाइटंस के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें खिताबी मुकाबले में पहुंचने के लिए पंजाब को हराना होगा। दूसरी तरफ, पंजाब के लिए भी मुंबई को हराना कठिन चुनौती होगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ क्वालिफायर-1 मुकाबले में मिली हार की निराशा को पीछे छोड़कर पंजाब किंग्स की नजरें वापसी पर टिकी होंगी। दूसरी ओर, खिताब की प्रबल दावेदार गुजरात टाइटंस को एलिमिनेटर में हराने वाली मुंबई इंडियंस की टीम बढ़े हुए मनोबल के साथ क्वालिफायर-2 में उतरेगी।
IPL Live Cricket Score PBKS vs MI 2025 Qualifier 2: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर हैं और एक जीत उन्हें खिताबी मुकाबले तक पहुंचा सकती है। पंजाब को जहां पिछले मैच में हार मिली थी, जबकि मुंबई ने एलिमिनेटर में जीत दर्ज की थी।