मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को उसके होमग्राउंड पर हराकर टूर्नामेंट में पांचवीं जीत हासिल की। मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की धमाकेदार पारियों के बाद तिलक वर्मा और टिम डेविड ने शानदार अंदाज में मैच को फिनिश किया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 214 रन बनाए। मुंबई ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 216 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
मुंबई के लिए ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। ईशान ने 41 गेंद पर 75 रन बनाए। उन्होंने सात चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, सूर्यकुमार यादव ने 31 गेंद पर 66 रन की पारी खेली। उन्होंने आठ चौके और दो छक्के लगाए। इनदोनों के अलावा तिलक वर्मा ने अंत में तेजी से रन बनाए और मैच को समाप्त किया। तिलक ने 10 गेंद पर नाबाद 26 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए। टिम डेविड ने 10 गेंद पर तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाए। तिलक ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर मैच को समाप्त किया।
मुंबई इंडियंस को चौथा झटका 17वें ओवर की पहली गेंद पर लगा। अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को आउट कर दिया। किशन 41 गेंद पर 75 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ऋषि धवन ने बाउंड्री पर उनका शानदार कैच लिया। ईशान ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। ईशान के आउट होने के बाद तिलक वर्मा क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर टिम डेविड उनका साथ देने के लिए खड़े हैं। मुंबई ने 17 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 18 गेंद पर 21 रन बनाने हैं।
मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका 16वें ओवर की पहली गेंद पर नाथन एलिस ने दिया। उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करने वाले सूर्यकुमार यादव को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। सूर्यकुमार ने 31 गेंद पर ताबड़तोड़ अंदाज में 66 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए।
ईशान किशन के बाद मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया है। मुंबई ने 13 ओवर में दो विकेट पर 138 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए सात ओवर में 77 रन बनाने हैं। ईशान किशन ने 33 गेंद पर 57 और सूर्यकुमार यादव 24 गेंद पर 52 रन बनाकर नाबाद हैं।
मुंबई इंडियंस के विस्फोटक ओपनर ईशान किशन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 29 गेंद पर 50 रन का आंकड़ा पार किया।
मुंबई इंडियंस ने 10 ओवर में दो विकेट पर 91 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 26 गेंद पर 43 और सूर्यकुमार यादव 13 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 24 गेंद पर 37 रन की साझेदारी कर ली है।
पंजाब किंग्स के खिलाफ 215 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने पावरप्ले में दो विकेट गंवा दिए हैं। उसने छह ओवर में दो विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। पावरप्ले समाप्त होने से ठीक पहले छठे ओवर की अंतिम गेंद पर मुंबई को दूसरा झटका लगा। नाथन एलिस ने कैमरन ग्रीन को राहुल चाहर के हाथों कैच कराया। ग्रीन ने 18 गेंद पर 23 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। फिलहाल ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह पहले ही ओवर में अनुभवी तेज गेंदबाज ऋषि धवन का शिकार बन गए। ऋषि की तीसरी गेंद को ऑफ साइड में बाउंड्री के बाहर मारने के प्रयास में रोहित कैच आउट हो गए। मैथ्यू शॉर्ट ने बाउंड्री पर उनका शानदार कैच लिया। रोहित का मुंबई के लिए आईपीएल में यह 200वां मैच था, लेकिन वह इसे यादगार नहीं बना सके।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 215 रन का लक्ष्य दिया है। उसने 20 ओवर में तीन विकेट पर 214 रन बनाए। पंजाब के लिए विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन और विकेटकीपर जितेश शर्मा ने तूफानी पारियां खेलीं। लिविंगस्टोन ने 42 गेंद पर नाबाद 82 और जितेश ने 27 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाए। लिविंगस्टोन ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए। वहीं, जितेश ने पांच चौके और दो छक्के लगाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी की।
पंजाब के लिए कप्तान शिखर धवन ने 20 गेंद पर 30 और मैथ्यू शॉर्ट ने 26 गेंद पर 27 रन की पारी खेली। प्रभसिमरन सिंह नौ रन ही बना सके। मुंबई के लिए पीयूष चावला ने दो विकेट लिए। अरशद खान को एक सफलता मिली।
पंजाब किंग्स ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 145 रन बना लिए हैं। जितेश शर्मा और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। लिविंगस्टोन 28 गेंद पर 44 और जितेश शर्मा 11 गेंद पर 24 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तीन विकेट के नुकसान पर पंजाब किंग्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। पीयूष चावला और लियम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और तेजी से रन बनाकर पंजाब किंग्स को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश करेंगे। 13 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 120 रन है।
95 रन के स्कोर पर पंजाब किंग्स का तीसरा विकेट गिरा है। पीयूष चावला ने मैथ्यू शॉर्ट को क्लीन बोल्ड किया है। शॉर्ट ने 26 गेंद में 27 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। इस मैच में यह चावला की दूसरी सफलता है। अब लिविंगस्टोन के साथ जीतेश शर्मा क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन है।
मुंबई इडियंस के अनुभवी लेग स्पिनर पीयूष चावला ने टीम को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने आठवें ओवर में पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन को आउट कर दिया। धवन 20 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर ईशान किशन ने उन्हें स्टंप कर दिया। पंजाब ने आठ ओवर में दो विकेट पर 65 रन बना लिए हैं। मैथ्यू शॉर्ट 19 गेंद पर 21 और लियाम लिविंग्स्टोन दो गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।
पंजाब किंग्स ने सात ओवर में एक विकेट पर 57 रन बना लिए हैं। कप्तान शिखर धवन को मैथ्यू शॉर्ट का साथ मिला है। शिखर 18 गेंद पर 26 और मैथ्यू शॉर्ट 17 गेंद पर 20 रन बनाकर नाबाद हैं। शिखर को सातवें ओवर में जीवनदान मिला। कुमार कार्तिकेय की गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने उनका आसान कैच छोड़ा।
पंजाब किंग्स को पहला झटका दूसरे ओवर में लगा। अरशद खान ने तीसरी गेंद पर प्रभसिरन सिंह को आउट कर दिया। प्रभसिमरन सिंह सात गेंद पर नौ रन बनाकर विकेटकीपर ईशान किशन को कैच थमा बैठे। उनके आउट होने के बाद मैथ्यू शॉर्ट क्रीज पर आए हैं। पंजाब ने दो ओवर में एक विकेट पर 17 रन बना लिए हैं।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, तिलक वर्मा, टिम डेविड, नेहल वढेरा, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, अरशद खान।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, शिखर धवन (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), सैम कुरेन, शाहरुख खान, हरप्रीत बराड़, ऋषि धवन, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रोहित आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए यह 200वां मैच है। मुंबई की टीम में एक बदलाव हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज रिले मेरेडिथ चोटिल हो गए हैं। उनके स्थान पर आकाश को मौका मिला है। पंजाब की टीम में मैथ्यू शॉर्ट और नाथन एलिस की वापसी हुई है। कगिसो रबाडा को बाहर किया गया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 46वें मैच में मुंबई इंडियंस के सामने पंजाब किंग्स की चुनौती है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब की टीम नौ मैच में पांच जीत के साथ छठे स्थान पर है। दूसरी ओर, मुंबई की टीम सातवें पायदान पर है। उसके आठ मैच में चार जीत के साथ आठ अंक हैं।