पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच मुल्तान में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन का खेल समाप्त हो गया है। पाकिस्तान ने दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में चार विकेट पर 328 रन बनाए हैं। स्टंप के समय सउद शकील 35 रन और नसीम शाह खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद हैं। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। हालांकि, गस एटकिंसन ने सलामी बल्लेबाज सईम आयूब को आउट कर पाकिस्तान को शुरुआती झटका दिया था।
शुरुआती झटके के बाद अब्दुल्लाह शफीक और कप्तान शान मसूद ने शानदार साझेदारी की और पाकिस्तान को संभाला। एटकिंसन ने हालांकि, शफीक को आउट किया जो 102 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके कुछ देर बाद ही जैक लीच ने मसूद को अपना शिकार बनाया और पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। मसूद 151 रन बनाकर आउट हुए। फिर पूर्व कप्तान बाबर आजम ने शकील के साथ मिलकर साझेदारी निभाई, लेकिन दिन का खेल समाप्त होने से कुछ देर पहले ही क्रिस वोक्स ने बाबर को आउट किया जो 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इंग्लैंड के लिए शुरुआती दिन एटकिंसन ने दो विकेट लिए, जबकि वोक्स और लीच को एक-एक विकेट मिला।
क्रिस वोक्स ने बाबर आजम को आउट कर पाकिस्तान को चौथा झटका दिया। बाबर शकील के साथ मिलकर अच्छी साझेदारी निभा रहे थे और टीम का स्कोर 300 के पार ले गए थे, लेकिन दिन के तीसरे सत्र के अंतिम ओवरों में वोक्स ने बाबर को एलबीडब्ल्यू आउट किया और पाकिस्तान को चौथा झटका दिया। बाबर 71 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और पहले ही दिन 300 रन का स्कोर पार कर लिया है। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन का तीसरा सत्र का खेल जारी है। फिलहाल क्रीज पर बाबर आजम के साथ सउद शकील मौजूद हैं।
कप्तान शान मसूद के आउट होने के बाद बाबर आजम और सउद शकील ने पाकिस्तान की पारी संभाली हुई है और दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 28 रनों की साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान ने फिलहाल पहली पारी में तीन विकेट पर 291 रन बना लिए हैं।
पाकिस्तान ने 263 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। एटकिंसन ने अब्दुल्ला शफीक और शान मसूद की 253 रन की साझेदारी को तोड़ा। एटकिंसन ने शफीक को ओली पोप के हाथों कैच कराया। उन्होंने 184 गेंद में 10 चौके और दो छक्के की मदद से 102 रन की पारी खेली। वहीं, मसूद ने 177 गेंद में 13 चौके और दो छक्के की मदद से 151 रन की पारी खेली। लीच ने उनका कैच अपनी ही गेंद पर लपका। फिलहाल बाबर आजम और सऊद शकील क्रीज पर हैं। सैम अयूब (4) को भी एटकिंसन ने ही पवेलियन भेजा था।
पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 246 रन बना लिए हैं। अब्दुल्ला शफीक ने टेस्ट करिय़र का पांचवां शतक लगाया। उन्होंने जैक लीच की गेंद पर छक्का लगाकर शतक पूरा किया। इससे पहले शान मसूद ने भी टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया था। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 240+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टेस्ट करियर का पांचवां शतक जड़ा। वह आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और लगभग 100 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। उन्होंने अब्दुल्ला शफीक के साथ अब तक दूसरे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी भी कर ली है। शफीक 82 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और पांचवें टेस्ट शतक के करीब हैं। पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 214 रन है।
पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 169 रन बना लिए हैं। कप्तान शान मसूद 92 रन और अब्दुल्ला शफीक 69 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अब तक 161 रन की साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान को एकमात्र झटका सैम अयूब के रूप में लगा है।
पहले दिन लंच ब्रेक तक पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 122 रन बना लिए हैं। फिलहाल शान मसूद 59 गेंद में सात चौके की मदद से 61 रन और अब्दुल्ला शफीक 82 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 53 रन बना चुके हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 129 गेंद में 114 रन की साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान को एकमात्र झटका सैम अयूब के रूप में लगा। वह चार रन बनाकर गस एटकिंसन का शिकार बने थे। पाकिस्तान के कप्तान मसूद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने 43 गेंद में टेस्ट करियर का 11वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अब तक अब्दुल्ला शफीक के साथ 80 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। शफीक भी अपने छठे अर्धशतक के करीब हैं।
अब्दुल्ला शफीक और शान मसूद मैदान पर जम चुके हैं। पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 60 रन के पार है। दोनों के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। पाकिस्तान को एकमात्र झटका सैम अयूब के रूप में लगा। वह चार रन बना सके। उन्हें गस एटकिंसन ने पवेलियन भेजा।
पाकिस्तान को आठ के स्कोर पर पहला झटका लगा। पारी के चौथे ओवर में गस एटकिंसन ने सैम अयूब को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सके। फिलहाल अब्दुल्ला शफीक और कप्तान शान मसूद क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
पाकिस्तान: सलीम अयूब, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद, बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, आमिर जमाल, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद।
इंग्लैंड: ओली पोप (कप्तान), जैक क्राउली, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जैक लीच, शोएब बशीर।
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उन्होंने कहा- हमने एक अच्छा क्रिकेट विकेट मांगा। दोनों टीमें अच्छे बल्लेबाजों से सुसज्जित हैं। हम पिछली सीरीज में जीत की स्थिति में थे और वहां से जीत नहीं पाए, इससे टीम और क्रिकेट जगत को कुछ ठेस पहुंची है। हम जीत की राह पर वापस आना चाहते हैं और उम्मीद है कि हमारी टीम ऐसा कर सकेगी। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान ओली पोप ने कहा- अगर स्टोक्स उपलब्ध नहीं हैं तो मैं (कप्तानी के लिए) तैयार होकर आया हूं। तापमान गर्म हैं, सबसे गर्म जिसमें मैंने खेला होगा। इस चुनौती के लिए तैयार हूं। मैं भी पहले बल्लेबाजी करता। थोड़ी नमी है और उम्मीद है कि हम पहले घंटे में उसका उपयोग कर सकेंगे। ब्राइडन कार्स इंग्लैंड के लिए कुछ सफेद गेंद क्रिकेट खेला है और अब हम यह देखने के लिए उत्साहित हैं कि वह टेस्ट क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन करते हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। सोमवार से पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट मुल्तान में खेला जा रहा है। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।