फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs ZIM T20: टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार, रोमांचक मैच में जिम्बाब्वे ने एक रन से हराया

Thu, 27 Oct 2022 08:18 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पर्थ

खास बातें

Pakistan vs Zimbabwe T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान की टीम लगातार दूसरा मैच हार चुकी है। भारत के बाद जिम्बाब्वे ने भी पाकिस्तान को हरा दिया है। जिम्बाब्वे ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 131 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम आठ विकेट खोकर 129 रन ही बना पाई और एक रन से यह मैच हार गई। इस हार के साथ ही पाकिस्तान की टीम पर सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने का खतरा बन गया है।
विज्ञापन
पाकिस्तान बनाम जिम्बाब्वे - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:07 PM, 27-Oct-2022

एक रन से जीता जिम्बाब्वे

जिम्बाब्वे ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को एक रन से हरा दिया है। पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी गेंद में तीन रन की जरूरत थी, लेकिन शाहीन अफरीदी एक रन ही बना पाए और पाकिस्तान की टीम यह मैच हार गई। टी20 विश्व कप 2022 में यह पांचवां उलटफेर है। इस मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 131 रन का लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम आठ विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी और यह मुकाबला एक रन के करीबी अंतर से हार गई। 

जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 31 रन सीन विलियम्स ने बनाए। उनके अलावा क्रैग इरविन और ब्रैड इवांस ने 19-19 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने तीन और मोहम्मद वसीम जूनियर ने चार विकेट लिए। वहीं, बल्लेबाजी में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 44 रन शान मसूद ने बनाए। मोहम्मद नवाज ने 22 और शादाब खान ने 17 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा ने तीन और ब्रैड इवांस ने दो विकेट लिए।

इस टी20 विश्व कप में इससे पहले वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और श्रीलंका की टीम उलटफेर का शिकार हो चुकी हैं। अब पाकिस्तान भी उलटफेर का शिकार हुआ है। 

07:56 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: रोमांचक हुआ मैच

पाकिस्तान के छह विकेट गिरने के बाद मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। आखिरी ओवर में जीत के लिए पाकिस्तान को 11 रन की जरूरत है।

07:39 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: पाकिस्तान का स्कोर 100 रन के पार

छह विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। मोहम्मद नवाद और मोहम्मद वसीम जूनियर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान के लिए अब यह मैच जीतना आसान नहीं होगा। क्योंकि, सेट बल्लेबाज शान मसूद 38 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सिकंदर रजा की गेंद पर विकेटकीपर चकाभवा ने उन्हें स्टंप आउट किया।

विज्ञापन
07:31 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: पाकिस्तान के पांच विकेट गिरे

88 रन के स्कोर पर पाकिस्तान के पांच विकेट गिर चुके हैं। सिकंदर रजा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर पाकिस्तान की टीम को परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने पहले शादाब खान को विलियम्स के हाथों कैच कराया। विलियम्स ने 17 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने हैदर अली को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया और पाकिस्तान को बैकफुट में ढकेल दिया। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 93 रन है।

07:12 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। बाबार-रिजवान के बाद इफ्तिखार अहमद भी पांच रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद शान मसूद और शादाब खान ने पारी संभाली और पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार ले जा चुके हैं। दोनों के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। 12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 71 रन है।

विज्ञापन
06:43 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: रिजवान भी पवेलियन लौटे

बाबर आजम के बाद मोहम्मद रिजवान भी छोटे स्कोर पर पवेलियन लौट चुके हैं। उन्होंने 16 गेंदों में 14 रन बनाए। मुजरबानी की गेंद उनके बल्ले से लगकर स्टंप पर चली गई। एक बार फिर पाकिस्तान के भरोसेमंद बल्लेबाज बाबर-रिजवान सस्ते में आउट हो गए हैं और पाकिस्तान को जीत दिलाने की जिम्मेदारी मध्यक्रम पर है। पाकिस्तान ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं।

06:37 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा

131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का पहला विकेट गिर चुका है। कप्तान बाबर नौ गेंद में चार बनाकर आउट हो चुके हैं। ब्रैड इवांस की गेंद पर रेयान बर्ल ने उनका कैच पकड़ा। चार ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 20 रन है।

06:11 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जिम्बाब्वे ने 130 रन बनाए

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने आठ विकेट पर 130 रन बनाए हैं। जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 31 रन सीन विलियम्स ने बनाए। कप्तान इरविन और ब्रैड इवांस ने 19-19 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए स्पिन गेंदबाज शादाब खान ने कमाल किया और तीन विकेट झटके। वहीं, मोहम्मद वसीम जूनियर ने चार विकेट लिए। हारिस रऊफ को एक विकेट मिला। 

पाकिस्तान के लिए 131 रन के लक्ष्य का पीछा करना आसान होगा। 

05:41 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी जिम्बाब्वे की टीम

जिम्बाब्वे की टीम अच्छी शुरुआत के बाद बिखर चुकी है। जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े थे, लेकिन इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए नियमित अंतराल में विकेट चटकाए हैं। 16 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर सात विकेट पर 104 रन है।

05:14 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जिम्बाब्वे का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर जिम्बाब्वे का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। खराब शुरुआत के बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की है और दो विकेट ले लिए हैं।

04:52 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जिम्बाब्वे की तूफानी शुरुआत

जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने शानदार अंदाज में पारी की शुरुआत की है। पर्थ की मुश्किल पिच में भी बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं। चार ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर बिना किसी नुकसान के 39 रन हो चुका है। इरविन संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, मधेवेरे तेजी से रन बना रहे हैं।

04:10 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जानें दोनों टीमों की प्लेइंग 11

पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, हैदर अली, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह।

जिम्बाब्वे: रेजिस चकाबवा (विकेटकीपर), क्रेग एर्विन (कप्तान), सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, वेस्ले मधेवेरे, मिल्टन शुम्बा, ब्रैड इवांस, रयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा।

04:06 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

जिम्बाब्वे के कप्तान क्रैग इरविन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। जिम्बाब्वे की टीम इस मैच में एक बदलाव के साथ उतरी है। तेंदई चतारा की जगह इवांस को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम में भी एक बदलाव किया गया है। आसिफ अली की जगह मोहम्मद वसीम को टीम में शामिल किया गया है। 

03:59 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20 Live: जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड शानदार

जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच 17 मैच हुए हैं और 16 मुकाबले पाकिस्तान ने जीते हैं। ऐसे में पाकिस्तान के लिए जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत दर्ज करना बहुत मुश्किल नहीं होगा, लेकिन इस टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी टीमें उलटफेर का शिकार हो चुकी हैं। ऐसे में पाकिस्तान की टीम भी सतर्क रहना चाहेगी।

03:48 PM, 27-Oct-2022

PAK vs ZIM T20: टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की लगातार दूसरी हार, रोमांचक मैच में जिम्बाब्वे ने एक रन से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 विश्व कप 2022 में पाकिस्तान का दूसरा मैच जिम्बाब्वे के साथ है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को अपने पहले मैच में भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पाकिस्तान के लिए हर मैच जीत जरूरी हो गई है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान की टीम बड़ी जीत दर्ज कर दो अहम अंक हासिल करना चाहेगी और रन रेट भी बेहतर करना चाहेगी। भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान आखिरी गेंद में हारा था। ऐसे में पाकिस्तान का रन रेट बहुत खराब नहीं है, लेकिन पाकिस्तानी टीम इसे बेहतर करना चाहेगी। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें