फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PAK vs NZ T20 Highlights: पाकिस्तान 13 साल बाद टी20 विश्व कप फाइनल में, न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया

Wed, 09 Nov 2022 05:59 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, सिडनी

खास बातें

टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान की टीम 13 साल बाद टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 152 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने पांच गेंद रहते तीन विकेट खोकर 153 रन बनाए लक्ष्य हासिल कर लिया। अब फाइनल में पाकिस्तान का सामना भारत-इंग्लैंड मैच के विजेता से होगा।
विज्ञापन
पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:01 PM, 09-Nov-2022

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया

पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 152 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए डेरेल मिचेल ने 53 और केन विलियमसन ने 46 रन बनाए थे। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने दो विकेट लिए थे। 

153 रन का पीछा करते हुए बाबर और रिजवान की जोड़ी ने पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान की जत तय कर दी। बाबर ने 53 और रिजवान ने 57 रन बनाए। अंत में हारिस रऊफ ने 30 रन की पारी खेल पाकिस्तान को जीत के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट लिए। 

पाकिस्तान की टीम 2009 के बाद पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। अब फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान का सामना भारत और इंग्लैंड के मैच के विजेता से होगा।

04:54 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा

मैच खत्म होने से ठीक पहले पाकिस्तान का तीसरा विकेट गिरा है। हालांकि, पाकिस्तान की जीत लगभग तय है। पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी ओवर में दो रन की जरूरत है। मोहम्मद हारिस 26 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हुए।

04:43 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

132 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा है। मोहम्मद रिजवान 43 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर लोकी फर्ग्यूसन ने उनका कैच पकड़ा। 18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 145 रन है।

विज्ञापन
04:39 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान की टीम जीत के करीब

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की शानदार गेंदबाजी के चलते पाकिस्तान की टीम जीत के करीब पहुंच चुकी है। फिलहाल मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ क्रीज पर है।

04:28 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: रिजवान का अर्धशतक पूरा

बाबर आजम के बाद मोहम्मद रिजवान ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। फाइनल मैच से पहले पाकिस्तान के लिए यह बहुत अच्छी खबर है। टीम को दोनों स्टार बल्लेबाज लय में आ चुके हैं। इस विश्व कप में ये दोनों खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, लेकिन फाइनल में मैच से पहले लय में आ गए हैं। रिजवान ने अब तक 36 गेंद में 50 रन बनाए हैं और पांच चौके लगाए हैं। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 122 रन है।

विज्ञापन
04:19 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा

105 रन के स्कोर पर पाकिस्तान का पहला विकेट गिरा है। बाबर आजम 53 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर डेरेल मिचेल ने उनका कैच पकड़ा। हालांकि, आउट होने से पहले बाबर ने शानदार पारी खेली और अपना काम करके गए हैं। पाकिस्तान की टीम अभी भी मजबूत स्थिति में है। 13 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 109 रन है।

04:16 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: बाबर-रिजवान के बीच शतकीय साझेदारी

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में खेल रहे हैं और मैच में पाकिस्तान की पकड़ मजबूत हो गई है। बाबर आजम अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं और रिजवान भी अर्धशतक के करीब हैं। अब पाकिस्तान का फाइनल में पहुंचना बहुत आसान है। 12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 102 रन है।

04:11 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: बाबर आजम का अर्धशतक

बाबर आजम ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अब तक 38 गेंद में 50 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से सात चौके निकले हैं। बाबर की शानदार पारी ने पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

04:03 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: बाबर-रिजवान ने एकतरफा किया मैच

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी इस मैच में शानदार अंदाज में खेल रही है। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी कर अपनी टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। यहां से पाकिस्तान के लिए मैच जीतना बेहद आसान होगा। 10 ओवर में पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट खोए 87 रन बना लिए हैं। अब पाकिस्तान को जीत के लिए अगले 10 ओवर में 66 रन की जरूरत है, जबकि उनके सभी 10 विकेट बचे हुए हैं।

03:57 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: बाबर-रिजवान के बीच अच्छी साझेदारी

153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी की है। दोनों बेहतरीन लय में दिख रहे हैं और पाकिस्तान की टीम को मजबूत स्थिति में ले जा चुके हैं। इस विश्व कप में यह पहला मौक है, जब इन दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी की है। आठ ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 68 रन हो चुका है। 

03:49 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार

पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। खासकर रिजवान तूफानी अंदाज में रन बना रहे हैं। छह ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 55 रन हो चुका है। रिजवान 28 और बाबर 25 रन बनाकर खेल रहे हैं।

03:39 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: बोल्ट ने एक ओवर में 15 रन लुटाए

न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट लय में नहीं हैं। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में 15 रन खर्च कर दिए और पाकिस्तान की टीम लय पकड़ चुकी है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान लंबे समय बाद बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। दोनों अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। बाबर 14 और रिजवान 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। चार ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 32 रन है।

03:34 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: टिम साउदी ने बनाया दबाव

टिम साउदी ने दूसरे ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और सिर्फ दो रन दिए। दो ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के नौ रन है। अगर कीवी गेंदबाज कंजूसी से गेंदबाजी करके दबाव बनाते हैं तो विकेट की संभावना बन सकती है। फिलहाल बाबर दो रन और रिजवान सात रन बनाकर खेल रहे हैं।

03:26 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू

153 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने पारी की शुरुआत की है। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट पहला ओवर कर रहे हैं। मोहम्मद रिजवान ने पारी की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। इस बीच न्यूजीलैंड के विकेटकीपर ने पहली ही गेंद पर बाबर आजम का कैच छोड़, उन्हें बड़ा जीवनदान दिया है। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना किसी नुकसान के सात रन है।

03:17 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान के सामने 153 रन का लक्ष्य

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 153 रन का लक्ष्य रखा है। इस मैच में न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी। विस्फोटक फिन एलेन सिर्फ चार रन बनाकर पहले ही ओवर में पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद डेवोन कॉन्वे 21 और ग्लेन फिलिप्स छह रन बनाकर आउट हो गए। 49 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर कीवी टीम संघर्ष कर रही थी। इसके बाद कप्तान केन विलियमसन और डेरेल मिचेल ने 68 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 117 रन तक पहुंचाया। केन विलियमसन 42 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए। वहीं डेरिल मिशेल ने 35 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए। अंत में जेम्स नीशम ने 12 गेंद में 16 रन बनाकर न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 152 रन तक पहुंचाया। 

पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने दो विकेट लिए। मोहम्मद नवाज को एक विकेट मिला। 

02:55 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड के कप्तान पवेलियन लौटे

न्यूजीलैंड को चौथा झटका 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। कप्तान केन विलियमसन 42 गेंद पर 46 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। विलियमसन के आउट होने के बाद जेम्स नीशम क्रीज पर आए हैं।

02:53 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड की पारी के 16 ओवर समाप्त

न्यूजीलैंड की पारी के 16 ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने तीन विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन और डेरेल मिचेल ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंद पर 67 रन की साझेदारी कर ली है। विलियमसन 41 गेंद पर 46 और मिचेल 24 गेंद पर 38 रन बनाकर खेल रहे हैं।

02:39 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: विलियमसन और मिचेल टिके

न्यूजीलैंड की पारी को कप्तान केन विलियमसन और डेरेल मिचेल ने संभाल लिया है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 30 गेंद पर 40 रनों की साझेदारी कर ली है। न्यूजीलैंड ने 13 ओवर में तीन विकेट पर 89 रन बनाए हैं। विलियमसन 32 गेंद पर 35 और डेरेल मिचेल 15 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद हैं।

02:22 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड की पारी के 10 ओवर समाप्त

न्यूजीलैंड की पारी के 10 ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने तीन विकेट पर 59 रन बनाए हैं। कप्तान केन विलियमसन 24 गेंद पर 23 और डेरेल मिचेल पांच गेंद पर पांच रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के ऊपर एक बड़ी साझेदारी करनी की जिम्मेदारी है।

02:15 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड को लगा तीसरा झटका

न्यूजीलैंड को तीसरा झटका आठवें ओवर में लगा। मोहम्मद नवाज की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स पवेलियन लौट गए। फिलिप्स ने उन्हें ही सामने की तरफ कैच थमा दिया। फिलिप्स ने आठ गेंद पर छह रन बनाए। न्यूजीलैंड ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 49 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 17 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद हैं। फिलिप्स के बाद डेरेल मिचेल क्रीज पर आए हैं।

02:05 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड की पारी छह ओवर समाप्त

न्यूजीलैंड की पारी के छह ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने पावरप्ले में दो विकेट गंवाए। छठे ओवर की आखिरी गेंद पर डेवोन कॉनवे एक रन लेने के प्रयास में रनआउट हो गए। उन्हें शादाब खान ने सीधे थ्रो पर पवेलियन भेज दिया। कॉनवे ने 20 गेंद पर 21 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने छह ओवर में दो विकेट पर 38 रन बना लिए हैं।

01:48 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: न्यूजीलैंड ने तीन ओवर में बनाए 19 रन

न्यूजीलैंड ने तीन ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 19 रन बना लिए हैं। डेवोन कॉनवे 11 गेंद पर 10 रन और कप्तान केन विलियमसन चार गेंद पर पांच रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरे ओवर में कॉनवे ने नसीम शाह को दो चौके मारे थे।

01:35 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: अफरीदी को मिली पहली सफलता

न्यूजीलैंड को पहला झटका शाहीन अफरीदी ने दिया। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर फिन एलेन को आउट कर दिया। एलेन ने पहली गेंद पर चौका लगाया था। इसके बाद दूसरी गेंद पर वह एलबीडब्ल्यू होने से बाल-बाल बचे थे। तब गेंद पहले बैट से लगी थी। तीसरी गेंद पर एलेन नहीं बच पाए। वह आगे बढ़कर गेंद को दूर मारना चाहते थे, लेकिन एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। उन्होंने तीन गेंद पर चार रन बनाए। एलेन के आउट होने के बाद केन विलियमसन क्रीज पर उतरे हैं।

01:29 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: फिन एलेन और डेवोन कॉनवे उतरे

न्यूजीलैंड की पारी शुरू हो गई है। विस्फोटक ओपनर फिन एलेन और डेवोन कॉनवे क्रीज पर हैं। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने गेंदबाजी की शुरुआत की है।

01:23 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान के 15 में से नौ खिलाड़ी अविवाहित

पाकिस्तान की टीम की बात करें तो वह काफी यंग नजर आती है। टीम के 15 में से 9 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। 

टीम के कप्तान बाबर आजम समेत ये सभी प्लेयर्स अनमैरिड हैं- हैदर अली (Haider ali), शादाब खान (Shadab Khan), हारिस रऊफ (Haris Rauf), मोहम्मद हसनैन (Mohammad Hasnain), मोहम्मद वसीम (Mohammad Wasim), नसीम शाह (Naseem Shah), शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi) और शान मसूद (Shaan Masood)।

01:08 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी।

न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), केन विलियमसन (कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, डेरेले मिचेल, जेम्स नीशम, मिशेल सैंटनर, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट।

01:03 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: पाकिस्तान की टीम पहले करेगी गेंदबाजी

सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस टी20 वर्ल्ड कप में सिडनी में अब तक पांच बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। वहीं, दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम सिर्फ एक मैच जीत पाई है। ऐसे में टॉस ने न्यूजीलैंड का साथ दिया है। दोनों टीमों ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।

12:44 PM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: अगर बारिश हुई थी तो क्या होगा?

आईसीसी ने सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखा है। अगर पहले दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो अगले दिन मुकाबला वहीं से शुरू होगा। सेमीफाइनल के दिन मैच पूरा नहीं होता है तो जिस ओवर में खेल रुकेगा, अगले दिन वहीं से शुरू होगा। यदि किसी टीम ने पहले 11 ओवर में दो विकेट पर 80 रन बनाए और बारिश के कारण मैच उस दिन नहीं हो पाया तो वही टीम अगले दिन उसी स्कोर से आगे खेलना शुरू करेगी। अगर दूसरे दिन भी बारिश हुआ और मैच पूरा नहीं हुआ तो सुपर-12 में शीर्ष पर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।

11:53 AM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), केन विलियमसन (कप्तान), ग्लेन फिलिप्स, डेरेल मिचेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, ट्रेंट बोल्ट, मार्टिन गप्टिल, एडम मिल्ने, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन।

पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, हैदर अली, आसिफ अली।

11:49 AM, 09-Nov-2022

PAK vs NZ T20 Highlights: पाकिस्तान 13 साल बाद टी20 विश्व कप फाइनल में, न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सिडनी में खेला जाएगा। भाग्य के सहारे सेमीफाइनल में पहुंची पाकिस्तान की टीम 2009 के बाद फाइनल में अपनी जगह बनाने उतरेगी। वहीं, न्यूजीलैंड की नजर लगातार दूसरे फाइनल पर है। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में भारत या इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें