इंग्लैंड ने पाकिस्तान से 1992 वर्ल्ड कप का बदला ले लिया है। 1992 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान ने इसी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड को शिकस्त दी थी। अब 30 साल बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान को मेलबर्न में ही पांच विकेट से हराकर बदला ले लिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 137 रन बनाए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। शान मसूद ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। वहीं, कप्तान बाबर ने 32 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। जवाब में इंग्लैंड ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेन स्टोक्स ने 49 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद रहे। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनका पहला अर्धशतक रहा।
इंग्लैंड टी20 में दूसरी बार चैंपियन बनी है। इससे पहले टीम 2010 में भी टी20 चैंपियन बनी थी। तब इंग्लिश टीम के कप्तान पॉल कॉलिंगवुड थे। यह ओवरऑल इंग्लैंड का तीसरा विश्व कप खिताब है। 2019 में इंग्लैंड की टीम वनडे चैंपियन भी बनी थी। वहीं, पाकिस्तान का यह तीसरा फाइनल था। 2007 में पहले टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 2009 में टीम टी20 चैंपियन बनी थी। अब 2022 में पाकिस्तान की टीम को एकबार फिर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
15 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट पर 97 रन बना लिए हैं। उन्हें 30 गेंदों में 41 रन की जरूरत है। फिलहाल बेन स्टोक्स और मोईन अली क्रीज पर हैं। पाकिस्तान की गेंदबाजी वर्ल्ड क्लास रही है। उन्होंने कोई भी आसान मौका नहीं दिया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने पूरे मैच में इंग्लिश बल्लेबाजों पर दबाव बनाकर रखा है। शाहीन अफरीदी 16वें ओवर में चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए।
13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने चार विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोईन अली और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। इंग्लैंड को अब 42 गेंदों में 51 रन की जरूरत है। शादाब खान के इस ओवर में हैरी ब्रुक आउट हुए। उन्होंने 23 गेंदों में 20 रन की पारी खेली। ब्रुक ने स्टोक्स के साथ चौथे विकेट के लिए 42 गेंदों में 39 रन की साझेदारी निभाई। इंग्लैंड को अब 42 गेंदों में 51 रन की जरूरत है।
तीन विकेट के नुकसान पर इंग्लैंड का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। बेन स्टोक्स और हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं। इन दोनों खिलाड़ियों को बड़ी साझेदारी करनी होगी। इंग्लैंड ने शुरुआती ओवरों में तेजी से रन बनाए हैं, लेकिन तीन विकेट गिरने के बाद इस जोड़ी को संभलकर खेलना होगा। हालांकि, इंग्लैंड की बल्लेबाजी में गहराई है और डेथ ओवरों में यह टीम तेजी से रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर सकती है। आठ ओवर का खेल होने के बाद इंग्लैंड ने तीन विकेट खोकर 61 रन बना लिए हैं।
138 रन का पीछा करते हुए 45 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा है। कप्तान जोस बटलर 26 रन बनाकर आउट हो चुके हैं और अब इंग्लैंड के लिए मुश्किलें बढ़ रही हैं। पाकिस्तान के हारिस रऊफ ने विकेटकीपर रिजवान के हाथों बटलर को कैच आउट कराया। छह ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 49 रन है। बेन स्टोक्स एक और हैरी ब्रूक चार रन बनाकर खेल रहे हैं।
इंग्लैंड को 32 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। हारिस रऊफ ने अपने पहले ही ओवर में फिलिप सॉल्ट को इफ्तिखार अहमद के हाथों कैच कराया। सॉल्ट नौ गेंदों में 10 रन बना सके। फिलहाल जोस बटलर 10 गेंदों में 20 रन और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। इंग्लैंड को फिलहाल 106 रन की जरूरत है।
इंग्लैंड को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। भारत के खिलाफ पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे एलेक्स हेल्स को शाहीन शाह अफरीदी ने क्लीन बोल्ड किया। वह दो गेंदों में एक रन बना सके। एक ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर सात रन है। कप्तान बटलर और फिलिप सॉल्ट क्रीज पर हैं।
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के सामने 138 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 137 रन बनाए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। शान मसूद ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए। वहीं, कप्तान बाबर ने 32 रन की पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से सैम करन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
18वें ओवर में पाकिस्तान को छठा झटका लगा। क्रिस जॉर्डन ने शादाब खान को क्रिस वोक्स के हाथों कैच कराया। शादाब 14 गेंदों में 20 रन बना सके। फिलहाल मोहम्मद वसीम जूनियर और मोहम्मद नवाज क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर छह विकेट पर 127 रन है।
17वें ओवर में 121 के स्कोर पर पाकिस्तान को पांचवां झटका लगा। सैम करन ने शान मसूद को लियाम लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। मसूद ने 28 गेंदों में 38 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। मसूद और शादाब खान के बीच पांचवें विकेट के लिए 25 गेंदों में 36 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल शादाब खान 13 गेंदों में 20 रन और मोहम्मद नवाज एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 122 रन है।
पाकिस्तान को 13वें ओवर में 85 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। इफ्तिखार अहमद खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। उन्हें बेन स्टोक्स ने विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच कराया। फिलहाल शान मसूद और शादाब खान बल्लेबाजी कर रहे हैं। 13 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 90 रन है।
12 ओवर के बाद पाकिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। शान मसूद 14 गेंदों में 23 रन और इफ्तिखार अहमद क्रीज पर हैं। इस ओवर आदिल रशीद ने कप्तान बाबर आजम को पवेलियन भेजा। बाबर 28 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए। बाबर ने शान मसूद के साथ 24 गेंदों में 39 रन की साझेदारी निभाई।
10 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान बाबर आजम 25 गेंदों में 29 रन और शान मसूद 10 गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मोहम्मद रिजवान भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। उन्हें सैम करन ने बोल्ड किया। इसके बाद लेग स्पिनर आदिल रशीद ने पाकिस्तान के इन फॉर्म बैटर मोहम्मद हारिस को बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराया। हारिस 12 गेंदों में आठ रन बना सके।
आठवें ओवर में 45 के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। लेग स्पिनर आदिल रशीद ने पाकिस्तान के इन फॉर्म बैटर मोहम्मद हारिस को बेन स्टोक्स के हाथों कैच कराया। हारिस 12 गेंदों में आठ रन बना सके। इससे पहले मोहम्मद रिजवान भी 14 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। फिलहाल कप्तान बाबर आजम 20 गेंदों में 21 रन और शान मसूद एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। आठ ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 50 रन है।
छह ओवर के बाद पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाकर 39 रन बना लिए हैं। कप्तान बाबर आजम 16 गेंदों में 16 रन और मोहम्मद हारिस सात गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मोहम्मद रिजवान पवेलियन लौट चुके। उन्होंने 14 गेंदों में 15 रन की पारी खेली। रिजवान को सैम करन ने बोल्ड किया।
पाकिस्तान को पांचवें ओवर में 29 के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। सैम करन ने मोहम्मद रिजवान को बोल्ड किया। गेंद रिजवान के बल्ले से लगकर विकेट पर लग गई। रिजवान 14 गेंदों में 15 रन बना सके। फिलहाल मोहम्मद हारिस और बाबर आजम क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 29 रन हैं।
तीन ओवर के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए 16 रन बना लिए हैं। बाबर आजम 10 गेंदों में छह रन और मोहम्मद रिजवान नौ गेंदों में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पहले ही ओवर में क्रिस जॉर्डन ने रिजवान को रन आउट करने का मौका गंवाया था।
पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ओपनिंग के लिए उतरे हैं। वहीं, बेन स्टोक्स ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। उन्होंने पहली ही गेंद नो बॉल फेंकी। इसके बाद वाइड बॉल डाली। फ्री हिट पर रिजवान कोई रन नहीं बना सके। इसके बाद जॉर्डन ने रिजवान को रन आउट करने का मौका भी गंवा दिया। जॉर्डन के थ्रो पर गेंद स्टंप के बगल से निकल गई। तब तक रिजवान क्रीज के आसापस भी नहीं थे। एक ओवर की समाप्ती के बाद पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए आठ रन बना लिए हैं।
इंग्लैंड: जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), एलेक्स हेल्स, फिलिप साल्ट, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक, लियम लिविंगस्टोन, मोइन अली, सैम करन, क्रिस वोक्स, क्रिस जॉर्डन, आदिल रशीद।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद हारिस, शान मसूद, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी।
पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमों ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड और डेविड मलान फिर से यह मैच नहीं खेल रहे हैं।
टी-20 विश्वकप में पाकिस्तान और इंग्लैंड इससे पहले दो बार आमने-सामने हुए हैं। दोनों ही बार 2009 और 2010 में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की थी। टी-20 की बात करें तो दोनों देशों के बीच कुल 28 मैच हुए हैं। इनमें इंग्लैंड ने 18 (एक मैच टाई होने पर ओवर एलिमिनेशन से जीता) और पाकिस्तान ने नौ बार जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच का कोई परिणाम नहीं निकला है। विश्वकप से पहले इंग्लैंड ने सात मैचों की टी-20 सीरीज में पाकिस्तान को उसी के घर में 4-3 से शिकस्त दी थी।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर गजब की फॉर्म में हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ एलेक्स हेल्स के साथ मिलकर नाबाद 170 रन की साझेदारी की थी। भारतीय टीम को करारी शिकस्त देने वाले जोस बटलर 30 वर्ष पहले इंग्लैंड को वनडे विश्वकप में पाकिस्तान से मिली हार का बदला इसी मैदान में ही चुकता करना चाहेंगे। बटलर भी पॉल कॉलिंगवुड (2010 टी-20 विश्वकप के विजेता कप्तान) और इयोन मॉर्गन (2019 वनडे विश्वकप के विजेता कप्तान) की फेहरिस्त में अपना नाम दर्ज कराना चाहेंगे।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम महान क्रिकेटर इमरान खान (1992 वनडे विश्वकप के विजेता कप्तान) और यूनिस खान (2009 टी-20 विश्वकप के विजेता कप्तान) की सूची में अपना नाम भी दर्ज कराना चाहेंगे। लीग मैच में रन नहीं बनाने वाले बाबर ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाकर लय हासिल की है।
इंग्लैंड ने भी ग्रुप चरण में आयरलैंड जैसी कमजोर टीम से हारने के बाद वापसी की है। दोनों ही टीमें सुपर 12 के अपने-अपने ग्रुप में दूसरे नंबर पर रहीं थी। सेमीफाइनल में पहले नंबर की भारत और न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में पहुंची हैं। दुनिया की दूसरे नंबर की इंग्लैंड और तीसरे नंबर की पाकिस्तान की टीमें इस वक्त जबरदस्त फॉर्म में हैं। दोनों ही टीमों में कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने फाइनल वाले दिन बारिश का अनुमान जताया है। यदि बारिश न हुई तो यह पक्का है कि क्रिकेट प्रशंसकों को फाइनल में रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। ग्रुप चरण में भारत और जिम्बाब्वे से हार के बाद पाकिस्तान ने जबरदस्त वापसी की। साथ ही नीदरलैंड की दक्षिण अफ्रीका पर जीत से किस्मत के सहारे नॉकआउट चरण में पहुंची पाकिस्तान ने मौके का फायदा उठाया है। सेमीफाइनल में खिताब की प्रबल दावेदार न्यूजीलैंड को शिकस्त दी।
इंग्लैंड और पाकिस्तान आईसीसी विश्वकप के फाइनल में रविवार को उसी मैदान पर आमने-सामने होंगे, जहां तीस वर्ष पहले एक-दूसरे से भिड़े थे। 25 मार्च 1992 को उस वक्त वनडे विश्वकप का फाइनल था। इमरान खान की कप्तानी में ग्राहम गूच की टीम इंग्लैंड को पाकिस्तान ने 22 रन से हराकर अपना पहला विश्व खिताब जीता था। इस बार इंग्लैंड या पाकिस्तान में से जो भी टीम जीतेगी, उसका यह तीसरा विश्व खिताब होगा। इससे पहले दोनों ही टीमें एक-एक वनडे (पाकिस्तान: 1992, इंग्लैंड: 2019) और एक-एक टी-20 विश्वकप (पाकिस्तान: 2009, इंग्लैंड: 2010) जीत चुकी हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने हैं। यह मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। थोड़ी देर में टॉस होगा। दोनों टीमें एक-एक बार विश्व कप का खिताब जीत चुकी हैं। पाकिस्तान 2009 में और इंग्लैंड 2010 में टी20 चैंपियन बनी थी। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।