पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हराकर एशिया कप 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया। गुरुवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेले गए सुपर-4 मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 124 रन ही बना पाई। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि सैम अयूब को दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा मोहम्मद नवाज ने एक विकेट अपने नाम किया। अब पाकिस्तान का सामना भारत से एशिया कप के फाइनल में 28 सितंबर को होगा।
शाहीन अफरीदी ने बांग्लादेश को सातवां झटका दिया। उन्होंने शमीम हुसैन को शिकार बनाया। वह 25 गेंदों में 30 रन बना पाए। अब तंजीम का साथ देने रिशाद हुसैन आए हैं।
सैम अयूब ने बांग्लादेश को छठा झटका दिया। उन्होंने जाकिर अली को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। शमीम का साथ देने तंजीम हसन साकिब आए हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर 90/6 है।
मोहम्मद नवाज ने हुसैन तलत के हाथों मेहदी हसन को कराया। वह सिर्फ 11 रन बना पाए। फिलहाल क्रीज पर नुरुल हसन और शमीम हुसैन मौजूद हैं।
बांग्लादेश को दूसरा झटका शाहीन अफरीदी ने 23 के स्कोर पर दिया। उन्होंने तौहीद हृदोय को सैम अयूब के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना पाए। इसके बाद 29 के स्कोर पर हारिस रऊफ ने सैम अयूब के हाथों सैफ हसन को कैच कराया। वह 15 गेंदों में 18 रन बना पाए।
बांग्लादेश को पहला झटका शाहीन शाह अफरीदी ने पारी के शुरुआती ओवर की पांचवीं गेंद पर दिया। उन्होंने परवेज हुसैन इमोन को मोहम्मद नवाज के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब सैफ हसन का साथ देने तौहीद हृदोय आए हैं।
बांग्लादेश की पारी शुरू हो चुकी है। सैफ हसन और परवेज हुसैन इमोन क्रीज पर हैं।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के सामने 136 रन का लक्ष्य रखा है। करो या मरो मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 135 रन बनाए हैं। उनके लिए मोहम्मद हारिस ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। वहीं, बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने तीन विकेट झटके जबकि मेहदी हसन और रिशाद हुसैन ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा मुस्तफिजुर रहमान ने एक सफलता अपने नाम की।
महज 49 के स्कोर पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई। मुस्तफिजुर रहमान ने टीम को पांचवां झटका दिया। उन्होंने सलमान आगा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 19 रन बना पाए। अब मोहम्मद हारिस का साथ देने शाहीन शाह अफरीदी आए हैं।
पाकिस्तान को चौथा झटका हुसैन तलत के रूप में लगा। उन्हें भी रिशाद हुसैन ने ही अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ तीन रन बना पाए।
पाकिस्तान को तीसरा झटका रिशाद हुसैन ने दिया। उन्होंने फखर जमां को अपना शिकार बनाया। वह 21 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पाकिस्तान को दूसरा झटका मेहदी हसन ने दिया। उन्होंने पारी के दूसरे ओवर में रिशाद हुसैन के हाथों सैम अयूब को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब फखर जमां का साथ देने सलमान अली आगा आए हैं।
पाकिस्तान को पहले ओवर की चौथी गेंद पर पहला झटका लगा है। साहिबजादा फरहान को तस्कीन अहमद ने रिशाद हुसैन के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। दिलचस्प बात यह है कि तस्कीन ने इस विकेट के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट भी पूरे कर लिए। अब फखर जमां का साथ देने सैम अयूब आए हैं।
पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। साहिबजादा फरहान और फखर जमां क्रीज पर मौजूद हैं।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), हुसैन तलत, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।
बांग्लादेश: सैफ हसन, परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, जाकिर अली (कप्तान और विकेटकीपर), नुरुल हसन, रिशाद हुसैन, महेदी हसन, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। करो या मरो के मुकाबले में बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह एक बार फिर जाकिर अली टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार को भारत के खिलाफ भी लिटन नहीं खेले थे। वह अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए थे।
आज एशिया कप के सुपर-4 में पाकिस्तान की बांग्लादेश से टक्कर होगी। यह मैच 'वर्चुअल सेमीफाइनल' है, जो भी टीम जीतेगी वह फाइनल में पहुंच जाएगी। भारत ने सुपर-4 की तालिका में चार अंक और 1.357 के नेट रन रेट के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया। पाकिस्तान और बांग्लादेश फिलहाल क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। अगर पाकिस्तान आज के मैच में बांग्लादेश को हरा देगी तो वह चार अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं, अंक तालिका में चौथे स्थान पर श्रीलंका है जिसे लगातार दो मैचों में शिकस्त मिली। अब उसका सामना शुक्रवार को श्रीलंका से होगा, जिसमें भारतीय टीम फाइनल से पहले बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करना चाहेगी।
एशिया कप 2025 का रोमांच प्रशंसकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। बुधवार को भारतीय टीम ने बांग्लादेश पर 41 रनों से जीत के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब सभी को दूसरी फाइनलिस्ट टीम का इंतजार है। प्रशंसकों को उम्मीद है अगर पाकिस्तान आज के मैच में बांग्लादेश को हरा देता है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगा और 28 सितंबर को उसका सामना भारत से खिताबी मुकाबले में होगा।
Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup Pak vs Ban 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 'वर्चुअल सेमीफाइनल' मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली फाइनल में पहुंच जाएगी और 28 सितंबर को भारत से खिताबी मुकाबला खेलेगी।