फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs SRH: बोल्ट-बुमराह की धारदार गेंदबाजी, सनराइजर्स की लगातार तीसरी हार

Sat, 17 Apr 2021 11:15 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

MI vs SRH IPL HIGHLIGHTS: आईपीएल के 9वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने शानदार गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रनों से हरा दिया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 150 रन का बचाव करते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की जबकि सनराइजर्स को लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद लाइव क्रिकेट स्कोर - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 17-Apr-2021

मुंबई की शानदार जीत

मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर से अपने गेंदबाजों के दम पर एक लो स्कोरिंग मैच जीत लिया है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में मुंबई की टीम ने सनराइजर्स के खिलाफ 150 रन के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया और अपनी दूसरी जीत दर्ज की। एक बार फिर से राहुल चाहर ने अपनी फिरकी से शुरुआत में दबाव बनाया और अंत में बोल्ट और बुमराह की जोड़ी ने मैच को मुंबई की झोली में डाल दिया। उधर सनराइजर्स के मध्यक्रम ने फिर से निराश किया और लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह से बिखर गई।

11:08 PM, 17-Apr-2021

विजय शंकर आउट 

सनराइजर्स की आखिरी उम्मीद भी खत्म, विजय शंकर को बुमराह ने सूर्यकुमार के हाथों कैच करवाया। विजय 25 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए। हैदराबाद को जीत के लिए छह गेंदों में 16 रनों की जरूरत 

11:04 PM, 17-Apr-2021

12 गेंदें और 21 रन 

ट्रेंट बोल्ट का जबरदस्त ओवर, एक ही ओवर में समद और राशिद दोनों लौटे पवेलियन। 18वें ओवर में सिर्फ छह रन आए और दो विकेट गिरे। हैदराबाद को जीत के लिए 12 गेंदों में 21 रन की दरकार।  
 

विज्ञापन
11:00 PM, 17-Apr-2021

हार्दिक का तेज थ्रो और समद आउट 

सनराइजर्स के लिए मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर अब्दुल समद एक रन लेना चाहते थे लेकिन चुस्त और सतर्क हार्दिक पांड्या ने डायरेक्ट थ्रो मारकर उन्हें पवेलियन भेज दिया। 

10:57 PM, 17-Apr-2021

18 गेंदें और 27 रन 

सनराइजर्स की तरफ से विजय और समद से उम्मीदें तो मुंबई की तरफ से बोल्ट और बुमराह पर दारोमदार। 

विज्ञापन
10:40 PM, 17-Apr-2021

विराट भी आउट 

सनराइजर्स के लिए डेब्यू कर रहे विराट सिंह भी कुछ कमाल नहीं दिखा पाए। उन्हें भी राहुल चाहर ने अपना शिकार बनाया। विराट 12 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए।

10:36 PM, 17-Apr-2021

सनराइजर्स के 100 रन पूरे

सनराइजर्स हैदराबाद की जिम्मेदारी एक बार फिर से मध्यक्रम पर आ गई है। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार टीम का मिडिल आर्डर कुछ कमाल कर पाता है या नहीं। विराट सिंह और विजय शंकर क्रीज पर।

10:25 PM, 17-Apr-2021

डेविड वार्नर आउट 

सनराइजर्स हैदराबाद का शीर्ष क्रम एक बार फिर से बिखर गया और अब जिम्मेदारी टीम के मध्यक्रम पर है। 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर विराट ने प्वाइंट पर शॉट खेला और एक रन के लिए भागे लेकिन फील्डिंग में मौजूद हार्दिक ने सीधा थ्रो स्टंप पर दे मारा और वार्नर रन आउट हो गए। उन्होंने 34 गेंदों में 37 रन बनाए। 12 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 92/3, विराट सिंह (7*), विजय शंकर (1*)
 

10:13 PM, 17-Apr-2021

मनीष पांडे फ्लॉप 

लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे मनीष पांडे एक बार फिर से धीमी बल्लेबाज कर के पवेलियन लौटे। उन्हें राहुल चाहर ने अपनी फिरकी में फंसाया और पोलार्ड के हाथों कैच करवाया। पांडे ने सात गेंदों में दो रन बनाए। 9 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 71/2, डेविड वॉर्नर (24*), विराट सिंह (0*)
 

10:06 PM, 17-Apr-2021

बेयरस्टो दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट

लय में नजर आ रहे जॉनी बेयरस्टो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। अपने अर्धशतक के करीब पहुंचे बेयरस्टो क्रुणाल पांड्या के ओवर में हिट विकेट हो गए। उनका पैर स्टंप पर लगा और गिल्ली गिर गई। बेयरस्टो 22 गेंदों में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आठ ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 68/1, डेविड वॉर्नर (23*), मनीष पांडे (1*)
 

10:02 PM, 17-Apr-2021

वार्नर-बेयरस्टो की जोरदार शुरुआत 

मुंबई के 151 रन के लक्ष्य का पीछा उतरी हैदराबाद की तरफ से जॉनी बेयरस्टो और डेविड वार्नर ने ताबड़तोड़ शुरुआत की है। दोनों जी खिलाड़ी जमकर रन बटोर रहे हैं। सात ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 67/0, जॉनी बेयरस्टो (43*), डेविड वॉर्नर (23*)
 
 

09:50 PM, 17-Apr-2021

सनराइजर्स के 50 रन पूरे 

बेयरस्टो की तूफानी बल्लेबाजी ने सनराइजर्स को एक मजबूत शुरुआत दिलाई है। हैदराबाद ने पांच ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए हैं। पांच ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 55/0, जॉनी बेयरस्टो (40*), डेविड वार्नर (14*)
 

09:46 PM, 17-Apr-2021

बेयरस्टो की तूफानी बल्लेबाजी 

जॉनी बेयरस्टो इस वक्त पूरी तरह से आक्रामक मूड में हैं। बोल्ट की धुनाई करने के बाद उन्होंने मिल्ने को भी नहीं बख्शा। बेयरस्टो ने मिल्ने की ओवर में भी दो छक्के और एक चौका जड़ा। इस ओवर में आए 19 रन। चार ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 42/0, जॉनी बेयरस्टो (33*), डेविड वार्नर (8*)
 

09:37 PM, 17-Apr-2021

बेयरस्टो ने की की बोल्ट की धुनाई 

ट्रेंट बोल्ट ने पहले ओवर में जहां सिर्फ दो रन दिए थे वहीं दूसरे ओवर में उन्होंने 18 रन लुटा दिए। उनके इस ओवर में बेयरस्टो ने शुरू की दो गेंदों में लगातार चौके जड़े और उसके बाद एक छक्का और एक चौका लगाया। तीन ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: जॉनी बेयरस्टो (20*), डेविड वार्नर (3*)
 

09:27 PM, 17-Apr-2021

सनराइजर्स की बल्लेबाजी शुरू

सनराइजर्स की तरफ से इस सीजन में पहली बार डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो ने पारी की शुरुआत की है। मुंबई की तरफ से ट्रेंट बोल्ट के हाथ में गेंदबाजी। एक ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 2/0, डेविड वार्नर (2*), जॉनी बेयरस्टो (0*)

09:12 PM, 17-Apr-2021

मुंबई ने बनाए 150 रन 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने क्विंटन डीकॉक (40), रोहित शर्मा (32) और पोलार्ड (35*) के आखिरी ओवरों में तेजी से बनाए गए रन की मदद से पांच विकेट खोकर 150 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को अब सीजन की पहली जीत के लिए 151 रनों की जरूरत है। 
 

09:05 PM, 17-Apr-2021

हार्दिक आउट 

हार्दिक पांड्या एक बार फिर से फेल हो गए। उन्हें 19वें ओवर की चौथी गेंद पर खलील ने विराट के हाथों कैच करवाया। हार्दिक पांच गेंदों में सिर्फ सात रन बना पाए।

08:55 PM, 17-Apr-2021

ईशान किशन का फ्लॉप शो

मुंबई के स्टार युवा बल्लेबाज ईशान किशन एक बार फिर से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्हें मुजीब ने अपनी कैरम गेंद पर लेग स्टंप के बाहर कैच कराया। विकेट के पीछे बेयरस्टो ने जबरदस्त कैच पकड़ा। ईशान 21 गेंदों में 12 रन ही बना पाए। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: कीरोन पोलार्ड (10*), हार्दिक पांड्या (0*) 

08:46 PM, 17-Apr-2021

खलील का शानदार ओवर 

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने अपने तीसरे ओवर में रनों पर लगाम लगाकर रखी। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए। 15 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 101/3, ईशान किशन (9*), कीरोन पोलार्ड (2*)
 

08:43 PM, 17-Apr-2021

डीकॉक आउट 

पहला मैच खेल रहे मुजीब ने आखिरकार क्विंटन डीकॉक को अपनी जाल में फंसा लिया है। 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डीकॉक ने हवा में शॉट खेला और लांग ऑन पर सुचित ने कैच पकड़ लिया। डीकॉक 39 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए।

08:24 PM, 17-Apr-2021

सूर्यकुमार आउट 

विजय शंकर ने एक बार फिर से सनराइजर्स के लिए विकेट निकाला है। विजय ने अपने दूसरे ओवर में मुंबई को दूसरा झटका दिया। उन्होंने नौंवें ओवर की तीसरी गेंद पर फॉलो थ्रू में सूर्यकुमार का कैच पकड़ा। सूर्य छह गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। 9 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 72/2, क्विंटन डिकॉक (23*), ईशान किशन (1*)
 
 

08:04 PM, 17-Apr-2021

रोहित शर्मा आउट 

विजय शंकर ने अपने पहले ही ओवर में सनराइजर्स को बड़ी सफलता दिलाई है। शंकर के ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित ने हवा में शॉट खेला लेकिन गेंद सीधे विराट सिंह के हाथों में गई। रोहित 25 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए।
 

08:01 PM, 17-Apr-2021

मुंबई के 50 रन पूरे 

मुंबई के बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की है। रोहित और डीकॉक की सलामी जोड़ी ने पहले पावरप्ले में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। छह ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 53/0, रोहित शर्मा (31*), क्विंटन डिकॉक (16*)

07:51 PM, 17-Apr-2021

रोहित की उपलब्धि 

रोहित शर्मा ने भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर छक्का लगाने के साथ ही एक उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है। रोहित (217*) अब आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी (216) को पीछे छोड़ दिया है।
 

07:46 PM, 17-Apr-2021

मुजीब का महंगा ओवर 

सीजन का पहला मैच खेल रहे अफगानी स्पिनर मुजीब उर रहमान अपने पहले ओवर में काफी महंगे साबित हुए। रोहित ने उन्हें लगातार दो गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 13 रन बटोरे। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 29/0, क्विंटन डिकॉक (10*), रोहित शर्मा (14*)

07:38 PM, 17-Apr-2021

मुंबई की बढ़िया शुरुआत 

डीकॉक ने भुवी के पहले ही ओवर में दो चौके जड़कर पारी की शुरुआत की है। एक ओवर के बाद मुंबई का स्कोर: 8/0, क्विंटन डिकॉक (8*), रोहित शर्मा (0*)

07:36 PM, 17-Apr-2021

मैच शुरू 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की तरफ से एक बार फिर से रोहित शर्मा और क्विंटन डीकॉक की जोड़ी ने पारी की शुरुआत की है, वहीं भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी का भार संभाला। 

07:15 PM, 17-Apr-2021

प्लेइंग XI

मुंबई इंडियंसः 
रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, कायरान पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, राहुल चहर, ऐडम मिल्न, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह

सनराइजर्स हैदराबादः 
डेविड वार्नर (कप्तान), जॉनी बेयरेस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, विजय शंकर, विराट सिंह, अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, राशिद ख़ान, भुवनेश्वर कुमार, खलील अहमद, मुज़ीब-उर-रहमान
 

07:02 PM, 17-Apr-2021

टॉस रिपोर्ट:

रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है, यानी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पहले गेंदबाजी करेगी।


 

06:47 PM, 17-Apr-2021

मुंबई को सुधारनी होगी बल्लेबाजी

इस बात की संभावना कम है कि मुंबई की टीम अपनी अंतिम एकादश में बदलाव करेगी, विशेषकर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत के साथ। मुंबई इंडियंस को हालांकि अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। सूर्यकुमार जरूर लय में हैं जिन्होंने पिछले मैच में अर्द्धशतकीय पारी खेली थी लेकिन कप्तान रोहित के बल्ले से अभी अर्द्धशतक का इंतजार है। पांड्या बंधुओं को भी तेजी से रन बटोरने की जरूरत होगी। स्पिनर राहुल चाहर ने पिछले मैच में 27 रन देकर चार विकेट लिए थे। ट्रेंट बोल्ट और बुमराह भी अंतिम ओवरों में उपयोगी साबित हुए। 
 

06:46 PM, 17-Apr-2021

साहा-पांडे हो सकते हैं बाहर

कप्तान वार्नर के अंतिम एकादश के चयन पर भी सवाल उठ रहे हैं। जॉनी बेयरस्टो और ऋद्धिमान साहा के रूप में दो विकेटकीपर को अंतिम एकादश में जगह देने से कोई मकसद पूरा नहीं हो पा रहा है। साहा सलामी बल्लेबाज के रूप में बिल्कुल भी लय में नजर नहीं आए। साहा 2008 में पहले टूर्नामेंट से आईपीएल का हिस्सा हैं लेकिन उनके रिकॉर्ड को करीब से देखें तो पता चलता है कि वह निरंतर रन बनाने में नाकाम रहे हैं। डग आउट में केदार जाधव जैसे अनुभवी खिलाड़ी और प्रियम गर्ग तथा अभिषेक शर्मा के रूप में दो प्रतिभावान खिलाड़ियों की मौजूदगी से साहा को इस प्रदर्शन के साथ टीम में अधिक मौके मिलने की उम्मीद नहीं है। मनीष पांडे और अब्दुल समद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद के खिलाफ जैसे शॉट खेले उससे वॉर्नर निराश होंगे। 

06:44 PM, 17-Apr-2021

सनराइजर्स को पहली जीत की तलाश

डेविड वार्नर की अगुवाई वाली सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने अपने शुरू के दोनों मुकाबले गंवाए हैं। वह इकलौती ऐसी टीम है जिसे एक भी जीत नहीं मिली है। हैदराबाद की बल्लेबाजी अभी तक कमजोर साबित हुई है और मध्यक्रम इसकी कमजोर कड़ी बनकर उभरी है। 
 

06:35 PM, 17-Apr-2021

आमने-सामने के रिकॉर्ड 

दोनोे टीमों में होती बराबरी की टक्कर।
 

06:17 PM, 17-Apr-2021

MI vs SRH: बोल्ट-बुमराह की धारदार गेंदबाजी, सनराइजर्स की लगातार तीसरी हार

नमस्कार, अमर उजाला डॉट कॉम के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईपीएल 2021 में आज दो ओपनर कप्तानों के बीच मुकाबला है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में एक तरफ जहां रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस होगी तो वहीं दूसरी तरफ डेविड वार्नर सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभालेंगे। रोहित जहां टूर्नामेंट के सबसे सफल कप्तान हैं तो वहीं वार्नर सबसे सफल बल्लेबाज। फिलहाल इस सीजन में सनराइजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं हुई है और उसे अपनी पहली जीत की तलाश है वहीं मुंबई पिछला मुकाबला जीतकर इस मैच में उतर रही है। ऐसे में दोनों के बीच में एक जोरदार मुकाबला होने की पूरी उम्मीद है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें