मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट से हरा दिया है। आईपीएल के 1000वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने 19.3 ओवर में 214 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई के लिए टिम डेविड ने 20वें ओवर की तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाकर मैच खत्म कर दिया। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल की 124 रन की पारी बेकार गई। वहीं, मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 55 रन बनाए। उनके अलावा टिम डेविड ने 45 और कैमरून ग्रीन ने 44 रन बनाए।
इस मैच में जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर आ गई है। वहीं, राजस्थान की टीम तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
चार विकेट के नुकसान पर मुंबई का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। टिम डेविड और तिलक वर्मा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है और मुंबई की टीम जीत की दहलीज पर पहुंच गई है।
तिलक वर्मा और टिम डेविड के बीच पांचवें विकेट के लिए बेहतरीन साझेदारी हो रही है। दोनों आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और मुंबई की टीम मैच में बनी हुई है। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 181 रन है।
152 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का चौथा विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 29 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर संदीप शर्मा ने शानदार कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेजा। अब तिलक वर्मा के साथ टिम डेविड क्रीज पर हैं।
सूर्यकुमार यादव ने 24 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक आठ चौके और दो छक्के लगाए हैं। उन्होंने तिलक वर्मा के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की है। उनकी शानदार पारी के चलते मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पार जा चुका है।
सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 141/3 है। सूर्यकुमार अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, तिलक वर्मा भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। मुंबई को जीत के लिए छह ओवर में 72 रन की जरूरत है। सूर्यकुमार और तिलक के अलावा मुंबई के लिए टिम डेविड और इंपैक्ट प्लेयर वधेरा का आना बाकी है।
मुंबई को 101 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन ने कैमरून ग्रीन को ट्रेंट बोल्ट के हाथों कैच कराया। ग्रीन ने 26 गेंद में 44 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, अश्विन का यह 300वां टी20 विकेट है। 12 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 104 रन है।
मुंबई को नौवें ओवर में 76 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। ईशान किशन 23 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अश्विन ने बोल्ट के हाथों कैच कराया। फिलहाल कैमरन ग्रीन 23 गेंदों में 42 रन और सूर्यकुमार यादव तीन गेंदों में सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। मुंबई को अब 66 गेंदों में 129 रन की जरूरत है।
छह ओवर के बाद मुंबई ने एक विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरन ग्रीन 15 गेंदों में 30 रन और ईशान किशन 16 गेंदों में 21 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ग्रीन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले रोहित तीन रन बनाकर आउट हुए। आज उनका जन्मदिन भी है। मुंबई को अब 84 गेंदों में 155 रन की जरूरत है।
पांच ओवर के बाद मुंबई ने एक विकेट गंवाकर 47 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरन ग्रीन 12 गेंदों में 25 रन और ईशान किशन 13 गेंदों में 15 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। ग्रीन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले रोहित तीन रन बनाकर आउट हुए। आज उनका जन्मदिन भी है।
213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस का पहला विकेट 14 रन के स्कोर पर गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा अपने जन्मदिन पर तीन रन बनाकर आउट हो चुके हैं। संदीप शर्मा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 29 रन है।
213 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने अच्छी शुरुआत की है। रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। पहले ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 12 रन है।
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 212 रन बनाए हैं। राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा 124 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए। हालांकि, उनके अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। 18 रन बनाने वाले जोस बटलर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। इन दोनों के अलावा संजू सैमसन (14 रन) और जेसन होल्डर (11 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। मुंबई के लिए अर्शद खान ने तीन और पीयूष चावला ने दो विकेट लिए। वहीं, जोफ्रा आर्चर और राइली मेरिडिथ को एक-एक विकेट मिला।
205 रन के स्कोर पर राजस्थान का सातवां विकेट गिरा है। यशस्वी जायसवाल शतक लगाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने 62 गेंद में 124 रन बनाए। अर्शद खान ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी में 16 चौके और आठ छक्के लगाए।
यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल 2023 में अपना पहला शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 53 गेंद में अपने 100 रन पूरे किए। जायसवाल अपनी पारी में अब तक 14 चौके और छह छक्के लगा चुके हैं। वह इस सीजन शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी और दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हैरी ब्रूक और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वेंकटेश अय्यर शतक लगा चुके हैं। जायसवाल के शतक के चलते राजस्थान का स्कोर 200 रन के करीब पहुंच गया है।
159 रन के स्कोर पर राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। शिमरोन हेटमेयर नौ गेंद में आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। अर्शद खान ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अब यशस्वी जायसवाल के साथ ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर पांच विकेट पर 168 रन है। जायसवाल अपने शतक के करीब पहुंच चुके हैं।
चार विकेट के नुकसान पर राजस्थान का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। जायसवाल और हेटमेयर क्रीज पर हैं। दोनों अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। 16 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 153 रन है।
143 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स का चौथा विकेट गिरा है। जेसन होल्डर नौ गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। जोफ्रा आर्चर ने उन्हें टिम डेविड के हाथों कैच कराया। अब यशस्वी जायसवाल के साथ शिमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर रन है।
103 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स का तीसरा विकेट गिरा है। देवदत्त पडीक्कल चार गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पीयूष चावला ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब यशस्वी जायसवाल के साथ जेसन होल्डर क्रीज पर हैं। 12 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन है।
यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है।
95 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स का दूसरा विकेट गिरा है। संजू सैमसन 10 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। अर्शद खान ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया।
72 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स का पहला विकेट गिरा है। जोस बटलर 19 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पीयूष चावला की गेंद पर रमनदीप सिंह ने उनका कैच पकड़ा। बटलर ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। अब यशस्वी जायसवाल के साथ कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 80 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने बिना कोई विकेट खोए 65 रन बनाए हैं। जायसवाल और बटलर दोनों शानदार लय में हैं। खासकर यशस्वी ने तेज गति से रन बनाए हैं और अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं। सात ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी विकेट के 72 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम ने शानदार शुरुआत की है। बिना कोई विकेट गंवाए इस टीम का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। जायसवाल और बटलर तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। पांच ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 58 रन है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अच्छी शुरुआत की है। जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। तीन ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के 26 रन है।
राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर क्रीज पर हैं। मुंबई के लिए कैमरून ग्रीन पहला ओवर कर रहे हैं। पहले ओवर का खेल खत्म होने के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी नुकसान के आठ रन है।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), देवदत्त पडीक्कल, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमेयर, रविचंद्रन अश्विन, जेसन होल्डर, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।
सब्सटीट्यूटः डोनोवन फरेरा, एम अश्विन, रियान पराग, कुलदीप यादव, कुलदीप सेन।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला, कुमार कार्तिकेय, राइली मेरेडिथ, अर्शद खान।
सब्सटीट्यूटः नेहल वधेरा, रमनदीप सिंह, विष्णु विनोद, शम्स मुलानी, अर्जुन तेंदुलकर।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। आईपीएल के 1000वें मैच में राजस्थान के लिए ट्रेंट बोल्ट भी खेलते दिखेंगे। वहीं, मुंबई की टीम में जोफ्रा आर्चर और अर्शद खान की वापसी हुई है, जबकि अर्जुन तेंदुलकर और जेसन बेहरनडॉर्फ यह मुकाबला नहीं खेले रहे हैं।
मुंबई की टीम लगातार दो मैच हार चुकी है और इस मैच में हार का सिलसिला तोड़ना चाहेगी। दो हार के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली इस टीम ने लगातार तीन मैच जीते थे, लेकिन फिर दो मैच हार चुकी है। फिलहाल मुंबई की टीम सात मैच में तीन जीत और चार हार के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। राजस्थान के खिलाफ जीत हासिल कर मुंबई की टीम अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर करना चाहेगी।
राजस्थान की टीम दो हार के बाद जीत की पटरी पर लौटी है। यह टीम आठ मैच खेल चुकी है और पांच जीत के साथ 10 अंक हासिल किए हैं। तीन मैच में राजस्थान को हार मिली है। यह टीम फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। मुंबई के खिलाफ जीत हासिल कर राजस्थान की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेगी।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल का 1000वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच है। दोनों टीमें यह मैच जीतना चाहेंगी। राजस्थान की टीम यह मैच जीतने पर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी। वहीं, अंक तालिका में नौवें स्थान पर मौजूद मुंबई की टीम जीत के साथ अपनी स्थिति बेहतर करना चाहेगी।