फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs RCB Highlights: मुंबई ने आरसीबी को छह विकेट से हराया, सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा के तूफानी अर्धशतक

Tue, 09 May 2023 11:18 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

MI vs RCB Indian Premier League 2023 Highlights: मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2023 में छठी जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम प्लेऑफ की रेस में मजबूती से बनी हुई है। वहीं, आरसीबी के लिए अब प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है। इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए। मुंबई ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:13 PM, 09-May-2023

मुंबई ने आरसीबी को हराया

मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2023 में अपनी छठी जीत दर्ज की है। इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए थे। इसके जवाब में मुंबई ने चार विकेट खोकर 16.3 ओवर में 200 रन बना लिए और छह विकेट से मैच अपने नाम किया। आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने बेहतरीन अर्धशतक लगाए। दोनों ने शतकीय साझेदारी भी की, लेकिन उनकी यह पारी बेकार गई। मुंबई के लिए ईशान किशन के 42 रन के बाद सूर्यकुमार यादव ने 83 और नेहल वधेरा ने 52 रन की पारी खेल मुंबई को जीत दिला दी। इस मैच में जीत के साथ ही मुंबई की टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है।

11:08 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई का चौथा विकेट गिरा

192 रन के स्कोर पर मुंबई ने दो विकेट खो दिए हैं। सूर्यकुमार यादव के बाद टिम डेविड भी विजयकुमार का शिकार बने हैं। ग्लेन मैक्सवेल ने उनका कैच पकड़ा। हालांकि, मुंबई की टीम जीत के बेहद करीब है। 16 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 193 रन है।

11:06 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

192 रन के स्कोर पर मुंबई का तीसरा विकेट गिरा है। सूर्यकुमार यादव 35 गेंद में 83 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। विजयकुमार ने उन्हें केदार जाधव के हाथों कैच कराया। सूर्या ने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए।

विज्ञापन
10:53 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: सूर्यकुमार और नेहल के बीच शतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। इस बीच सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। इन दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते मुंबई की टीम जीत की तरफ अग्रसर है। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 154 रन है।

10:37 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: सूर्यकुमार और नेहल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ताबड़तोड़ अंदाज में रन बना रहे हैं। इन दोनों की शानदार पारी के चलते मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। 11 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 114 रन है।

विज्ञापन
10:23 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: सूर्यकुमार और नेहल ने संभाली मुंबई की पारी

एक ही ओवर में मुंबई के दो विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव ने नेहल वधेरा के साथ मिलकर पारी को संभाला है। दोनों अच्छी गति से रन बना रहे हैं और मुंबई की टीम मैच में बनी हुई है। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 82 रन है।

10:07 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई का दूसरा विकेट गिरा

52 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का दूसरा विकेट गिरा है। वनिंदू हसरंगा ने एक ही ओवर में ईशान किशन और रोहित शर्मा को आउट किया। रोहित ने आठ गेंद में सात रन बनाए। हसरंगा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। पावरप्ले खत्म होने के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 62 रन है।

10:02 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई का पहला विकेट गिरा

51 रन के स्कोर पर मुंबई की टीम का पहला विकेट गिरा है। ईशान किशन 21 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए। वनिंदू हसरंगा ने उन्हें अनुज रावत के हाथों कैच कराया। अब रोहित शर्मा के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।

09:56 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई की शानदार शुरूआत

200 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने शानदार शुरुआत की है। ईशान किशन और रोहित शर्मा तेजी से रन बना रहे हैं। चार ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 41 रन है।

09:46 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई की बल्लेबाजी शुरू

200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। आरसीबी के लिए मोहम्मद सिराज ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 19 रन है।

09:24 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी ने मुंबई के सामने 200 रन का लक्ष्य रखा

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 199 रन बनाए हैं। आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा 68 रन ग्लेन मैक्सवेल ने बनाए। वहीं, कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने 65 रन की पारी खेली। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। इसी वजह से आरसीबी की टीम मुंबई को 200 रन का लक्ष्य देने में सफल रही। दिनेश कार्तिक ने भी अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाए और 30 रन की पारी खेली। मुंबई के लिए जेसन बेहरनडॉर्फ ने तीन विकेट लिए। कैमरून ग्रीन, क्रिस जॉर्डन और कुमार कार्तिकेय को एक-एक विकेट मिला।

09:14 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का छठा विकेट गिरा

185 रन के स्कोर पर आरसीबी का छठा विकेट गिरा है। दिनेश कार्तिक 18 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। क्रिस जॉर्डन की गेंद पर नेहल वधेरा ने उनका कैच पकड़ा। कार्तिक ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। अब केदार जाधव के साथ वनिंदू हसरंगा क्रीज पर हैं।

08:56 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का स्कोर 150 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर आरसीबी का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डुप्लेसिस अर्धशतक लगाकर आउट हो चुके हैं। अब दिनेश कार्तिक और केदार जाधव क्रीज पर हैं। दोनों अंत के ओवरों में बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाना चाहेंगे।

08:50 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौटी

146 रन के स्कोर पर आरसीबी की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। फाफ डुप्लेसिस 41 गेंद में 65 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कैमरून ग्रीन की गेंद पर विष्णु विनोद ने उनका कैच पकड़ा। अब दिनेश कार्तिक और केदार जाधव क्रीज पर हैं। 

08:43 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का चौथा विकेट गिरा

143 रन के स्कोर पर आरसीबी का चौथा विकेट गिरा है। महिपाल लोमरोर तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। कुमार कार्तिकेय ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब कप्तान प्लेसिस के साथ दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 146 रन है।

08:38 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का तीसरा विकेट गिरा

136 रन के स्कोर पर आरसीबी का तीसरा विकेट गिरा है। ग्लेन मैक्सवेल 33 गेंद में 68 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जेसन बेहरनडॉर्फ ने उन्हें नेहल वधेरा के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल ने अपनी पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाए। प्लेसिस के साथ शतकीय साझेदारी कर उन्होंने अपनी टीम का स्कोर 16/2 से 136/3 तक पहुंचा दिया है।

08:30 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: डुप्लेसिस-मैक्सवेल के बीच शतकीय साझेदारी

फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेज गति से रन बना रहे हैं और आरसीबी को बड़े स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। फिलहाल आरसीबी की टीम आसानी से 200 रन से ज्यादा के स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही है। 12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 131 रन है।

08:24 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: फाफ डुप्लेसिस का अर्धशतक

ग्लेन मैक्सवेल के बाद फाफ डुप्लेसिस ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। प्लेसिस ने 50 रन का आंकड़ा पार करने के लिए 30 गेंदों का सामना किया। प्लेसिस अब तक अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगा चुके हैं।
 

08:17 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मैक्सवेल का अर्धशतक

ग्लेन मैक्सवेल ने 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए हैं। उनकी शानदार पारी के चलते आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। मैक्सवेल और डुप्लेसिस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी हो चुकी है और दोनों बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने की कोशिश कर रहे हैं।

08:05 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: प्लेसिस और मैक्सवेल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 25 गेंद में 50 रन जोड़े हैं। इन दोनों के बीच शानदार साझेदारी के चलते आरसीबी की टीम अच्छे स्कोर तक पहुंच गई है। अब ये दोनों लंबी साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक ले जाना चाहेंगे। सात ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 72 रन है।

08:02 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: पावरप्ले के बाद आरसीबी का स्कोर 56/2

आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में दो विकेट खोकर 56 रन बनाए हैं। विराट कोहली और अनुज रावत को जेसन बेहरनडॉर्फ ने छोटे स्कोर पर आउट कर दिया था, लेकिन इसके बाद कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने ग्लेन मैक्सवेल के साथ मिलकर पारी को संभाला है। दोनों बल्लेबाज तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को बेहतर स्थिति में ले जा चुके हैं।

07:59 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का स्कोर 50 रन के पार

दो विकेट के नुकसान पर आरसीबी का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर हैं। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। इन दोनों ने पावरप्ले के अंदर टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया है।

07:43 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का दूसरा विकेट गिरा

16 रन के स्कोर पर आरसीबी का दूसरा विकेट गिरा है। विराट कोहली के बाद अनुज रावत भी पवेलियन लौट चुके हैं। जेसन बेहरनडॉर्फ ने उन्हें कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। अनुज ने चार गेंद में छह रन बनाए। तीन ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 20 रन है।

07:36 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: आरसीबी का पहला विकेट गिरा

दो रन के स्कोर पर आरसीबी का पहला विकेट गिरा है। जेसन बेहरनडॉर्फ ने विराट कोहली को आउट किया है। कोहली चार गेंदों में सिर्फ एक रन बना सके। विकेटकीपर ईशान किशन ने उनका कैच पकड़ा। अंपायर ने पहले उन्हें आउट नहीं दिया था, लेकिन मुंबई ने रिव्यू लिया और अंपायर को अपना फैसला पलटना पड़ा। दो ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 12 रन है।

07:33 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बल्लेबाजी शुरू

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। वानखेड़े के मैदान पर दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे। आरसीबी के लिए इस मैच में जीत जरूरी है और वानखेड़े में जीतने के लिए इस टीम को पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाना होगा। मुंबई के लिए जेसन बेहरनडॉर्फ पहला ओवर कर रहे हैं।

07:07 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), अनुज रावत, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), वनिंदू हसरंगा, हर्षल पटेल, विजयकुमार व्यशाक, मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड।
सबस्टीट्यूट्स: केदार जाधव, माइकल ब्रेसवेल, सुयश प्रभुदेसाई, कर्ण शर्मा, शाहबाज अहमद।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, नेहल वधेरा, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, जेसन बेहरेनडोर्फ।
सबस्टीट्यूट्स: रमनदीप सिंह, ट्रिस्टन स्टब्स, विष्णु विनोद, संदीप वॉरियर, राघव गोयल।

07:01 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। रोहित ने टॉस के समय बताया कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी है और मुंबई में लक्ष्य का पीछा करना आसान होता है। इसलिए उन्होंने यह फैसला किया है। जोफ्रा आर्चर पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं, उनकी जगह क्रिस जॉर्डन मुंबई की टीम से जुड़े हैं। वहीं, आरसीबी की टीम एक बदलाव के साथ मैदान में उतरी है। कर्ण शर्मा की जगह विजयकुमार व्यसाक को टीम में शामिल किया गया है।
 

06:22 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: मुंबई की नजर भी जीत हासिल करने पर

मुंबई इंडियंस की हालत भी आरसीबी के समान है। 10 में से पांच मैच में यह टीम जीती है, जबकि पांच में उसे हार मिली है। शुरुआती दो मैच हारने के बाद यह टीम लगातार तीन मैच जीती थी, लेकिन इसके बाद पांच में से तीन मैच में इस टीम को हार का सामना करना पड़ा। पिछले मैच में यह टीम चेन्नई से हार गई थी। अब आरसीबी के खिलाफ रोहित की टीम जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी।

06:15 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Live Score: जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी आरसीबी

फाफ डुप्लेसिस की कप्तानी वाली आरसीबी की टीम पूरे टूर्नामेंट में अब तक लय नहीं पकड़ पाई है। आरसीबी ने 10 में पांच मैच जीते हैं और पांच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यह टीम एक मैच जीतने के बाद अगला मैच हारती आई है। इस सीजन यह टीम सिर्फ एक बार लगातार दो मैच जीत पाई है। पिछले मैच में आरसीबी को दिल्ली की टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में जीत के साथ विराट की टीम वापसी करना चाहेगी।

06:03 PM, 09-May-2023

MI vs RCB Highlights: मुंबई ने आरसीबी को छह विकेट से हराया, सूर्यकुमार यादव और नेहल वधेरा के तूफानी अर्धशतक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 का 54वां मैच मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच है। दोनों टीमें 10 मैच में पांच जीत के बाद 10 अंक के साथ छठे और आठवें स्थान पर है। यह मैच जीतने वाली टीम प्लेऑफ की रेस में बनी रहेगी। वहीं, हारने वाली टीम के लिए शीर्ष चार टीमों में जगह बनाना मुश्किल होगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें