आईपीएल 2023 के 31वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 13 रन से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में पंजाब ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 214 रन बनाए। हरप्रीत सिंह भाटिया ने 28 गेंदों में 41 रन और कप्तान सैम करन ने 29 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 201 रन ही बना सकी। कैमरन ग्रीन ने 43 गेंदों में 67 रन, सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंदों में 57 रन और कप्तान रोहित शर्मा ने 27 गेंदों में 44 रन की पारी खेली।
आखिरी ओवर में अर्शदीप ने दो स्टंप तोड़े
आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 16 रन बनाने थे। मुंबई की ओर से क्रीज पर तिलक वर्मा और टिम डेविड मौजूद थे। गेंदबाजी अर्शदीप सिंह कर रहे थे। पहली गेंद पर टिम डेविड ने एक रन लिया। अगली गेंद पर तिलक वर्मा कोई रन नहीं बना सके। तीसरी गेंद पर अर्शदीप ने तिलक को क्लीन बोल्ड किया। तिलक तीन रन बना सके। अर्शदीप ने इस यॉर्कर गेंद पर मिडिल स्टंप बीच से तोड़ दिया। इसके बाद स्टंप बदला गया। चौथी गेंद पर अर्शदीप ने नेहल वढेरा को भी यॉर्कर फेंकी और फिर से मिडिल स्टंप बीच से तोड़ दिया। इसके बाद फिर से स्टंप बदला गया। नेहल खाता नहीं खोल सके। पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने कोई रन नहीं दिया। आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने एक रन लिया। इस तरह अर्शदीप ने आखिरी ओवर में सिर्फ दो रन खर्च किए और दो महत्वपूर्ण विकेट लिए। पंजाब ने 13 रन से मैच अपने नाम किया।
मुंबई इंडियंस को 18वें ओवर में चौथा झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने सूर्यकुमार यादव को अथर्व तायदे के हाथों कैच कराया। सूर्या ने 26 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। मुंबई को अब 12 गेंदों में 31 रन की जरूरत है।
16वें ओवर में मुंबई को तीसरा झटका लगा। नाथन एलिस ने कैमरन ग्रीन को सैम करन के हाथों कैच कराया। ग्रीन ने 43 गेंदों में 67 रन की पारी खेली। मुंबई का स्कोर 16वें ओवर के बाद तीन विकेट पर 161 रन है। उन्हें 24 गेंदों में 54 रन की जरूरत है।
15 ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 149 रन बना लिए हैं। कैमरन ग्रीन ने अर्धशतक लगाया। वह फिलहाल 40 गेंदों में 57 रन और सूर्यकुमार यादव 19 गेंदों में 44 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को 30 गेंदों में 66 रन की जरूरत है।
12 ओवर के बाद मुंबई ने दो विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 10 गेंदों में 19 रन और कैमरन ग्रीन 31 गेंदों में 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को 48 गेंदों में 106 रन की जरूरत है।
10वें ओवर में 84 के स्कोर पर मुंबई को दूसरा झटका लगा। लिविंगस्टोन ने रोहित का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। रोहित 27 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 44 रन बना सके। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 88 रन है। फिलहाल कैमरन ग्रीन और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। मुंबई को अब 60 गेंदों में 127 रन की जरूरत है।
नौ ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने एक विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 25 गेंदों में 40 रन और कैमरन ग्रीन 25 गेंदों में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मुंबई को अब 66 गेंदों में 136 रन की जरूरत है। ग्रीन और रोहित के बीच अब तक 47 गेंदों में 71 रन की साझेदारी हो चुकी है।
छह ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने एक विकेट गंवाकर 54 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 18 गेंदों में 26 रन बनाकर और कैमरन ग्रीन 14 गेंदों में 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 45 रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को आउट किया था।
चार ओवर के बाद मुंबई इंडियंस ने एक विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोहित शर्मा 12 गेंदों में 17 रन बनाकर और कैमरन ग्रीन आठ गेंदों में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को आउट किया था।
मुंबई को पारी के दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने ईशान किशन को मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच कराया। किशन एक रन बना सके। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद मुंबई का स्कोर एक विकेट पर 13 रन है।
पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 215 रन का लक्ष्य रखा है। पंजाब ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 214 रन बनाए। कप्तान सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया ने बेहतरीन पारी खेली। वहीं, जितेश शर्मा ने भी कुछ ताबड़तोड़ शॉट्स खेले। सैम 29 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेलकर आउट हुए। वहीं, हरप्रीत 28 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हुए। जितेश ने सात गेंदों में चार छक्के की मदद से 25 रन की पारी खेली।
आखिरी पांच ओवर में पंजाब ने 96 रन बनाए और चार विकेट गंवाए। यह आईपीएल में आखिरी पांच ओवर में बनाए गए दूसरे सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने गुजरात लायंस के खिलाफ आखिरी पांच ओवर में 112 रन बनाए थे। एक वक्त पंजाब का स्कोर 15 ओवर में चार विकेट पर 118 रन था। तब सैम और हरप्रीत क्रीज पर थे। इसके बाद 16वें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और यहीं से पंजाब ने मैच का रुख बदलना शुरू किया। अर्जुन के 16वें ओवर में 31 रन आए। जोफ्रा आर्चर के 17वें ओवर में 13 रन, कैमरन ग्रीन के 18वें ओवर में 25 रन, आर्चर के 19वें ओवर में 10 रन और जेसन बेहरनडॉर्फ के 20वें ओवर में 17 रन आए।
पंजाब की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की शुरुआत खराब रही थी। कैमरन ग्रीन ने मैथ्यू शॉर्ट को पीयूष चावला के हाथों कैच कराया। वह 10 गेंदों में 11 रन बना सके। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायदे ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी निभाई।
अर्जुन तेंदुलकर ने सातवें ओवर में बेहतरीन यॉर्कर पर प्रभसिमरन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। यह वानखेड़े में अर्जुन का पहला और ओवरऑल आईपीएल में दूसरा विकेट रहा। प्रभसिमरन 17 गेंदों में एक चौके और दो छक्के की मदद से 26 रन की पारी खेली। इसके बाद पीयूष चावला की फिरकी का जादू चला। उन्होंने 10वें ओवर में लियाम लिविंगस्टोन को पहले विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप कराया। फिर इसी ओवर में अथर्व तायदे को बोल्ड किया।
लिविंगस्टोन 12 गेंदों में 10 रन, जबकि अथर्व 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में सैम करन और हरप्रीत का तूफान देखने को मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 50 गेंदों में 92 रन की साझेदारी निभाई।
सैम ने 29 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। आईपीएल करियर का यह उनका तीसरा अर्धशतक रहा। इस दौरान सैम का स्ट्राइक रेट 189.66 का रहा। वहीं, हरप्रीत ने 28 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन की पारी खेली।
इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.43 का रहा। जितेश ने 357.14 के स्ट्राइक रेट से चार छक्के की मदद से 25 रन की पारी खेली। हरप्रीत बराड़ दो गेंदों में पांच रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई की ओर से कैमरन ग्रीन और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, अर्जुन, बेहरनडॉर्फ और आर्चर को एक-एक विकेट मिला।
18वें ओवर में पंजाब को पांचवां झटका लगा। हरप्रीत सिंह भाटिया 28 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन बनाकर आउट हुए। कैमरन ग्रीन ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। हरप्रीत ने सैम के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 90 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जितेश शर्मा ने ग्रीन की लगातार दो गेंदों पर दो छक्के लगाए। कैमरन के 18वें ओवर से 25 रन आए।
इसके बाद 19वें ओवर में कप्तान सैम करन ने चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। यह सैम के आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। सैम आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। उन्हें पंजाब ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। 19 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर पांच विकेट पर छह विकेट पर 197 रन है। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने सैम करन का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। सैम 29 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्के की मदद से 55 रन की पारी खेली। फिलहाल जितेश शर्मा और शाहरुख खान क्रीज पर हैं।
16वें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने 31 रन लुटा दिए। सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया क्रीज पर थे। इस ओवर में अर्जुन की पहली गेंद पर सैम करन ने छक्का लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद वाइड रही। दूसरी लीगल गेंद पर सैम करन ने चौका लगाया। तीसरी गेंद पर सैम ने एक रन लिया। चौथी गेंद पर हरप्रीत ने चौका लगाया। अर्जुन की पांचवीं गेंद पर हरप्रीत ने छक्का लगाया। छठी गेंद पर अर्जुन ने नो बॉल फेंकी। यह गेंद चौके के लिए चली गई और पंजाब को पांच रन मिले। इसके बाद आखिरी लीगल डिलीवरी पर अर्जुन ने चार रन दिए। इस तरह इस ओवर से 31 रन आए। अर्जुन अब तक इस मैच में तीन ओवर में 48 रन लुटा चुके हैं और एक विकेट लिया है।
14 ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने चार विकेट गंवाकर 105 रन बना लिए हैं। फिलहाल हरप्रीत सिंह भाटिया 16 गेंदों मं 15 रन और कप्तान सैम करन 12 गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले पीयूष चावला ने एक ओवर में लियाम लिविंगस्टोन और अथर्व तायदे को पवेलियन भेजा था। वहीं, अर्जुन तेंदुलकर ने बेहतरीन यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था।
10वें ओवर में पंजाब को दो झटके लगे। पीयूष चावला ने पंजाब की टीम को इस ओवर में दो झटके दिए। उन्होंने पहले लियाम लिविंगस्टोन को अपनी फिरकी में फंसाया और उन्हें विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप कराया। पीयूष ने जैसे ही देखा कि लिविंगस्टोन आगे निकल रहे हैं तो उन्होंने वाइड गेंद फेंक दी और ईशान ने स्टंप किया। लिविंगस्टोन 12 गेंदों में 10 रन बना सके। इसके बाद चौथी गेंद पर अथर्व तायदे को क्लीन बोल्ड किया। वह 17 गेंदों में 29 रन बना सके। 10 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 83 रन है। फिलहाल कप्तान सैम करन और हरप्रीत सिंह भाटिया क्रीज पर हैं।
सातवें ओवर में अर्जुन तेंदुलकर गेंदबाजी के लिए आए और मैच में अपने पहले ही ओवर में मुंबई को सफलता दिलाई। ओवर की चौथी गेंद पर अर्जुन ने बेहतरीन यॉर्कर पर प्रभसिमरन सिंह को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। प्रभसिमरन 17 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के की मदद से 26 रन बना सके। यह वानखेड़े में अर्जुन का पहला विकेट रहा। वहीं, आईपीएल में यह अर्जुन का दूसरा विकेट रहा। सात ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 70 रन है। फिलहाल अथर्व तायदे 14 गेंदों में 28 रन और लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद पंजाब किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए हैं। फिलहाल अथर्व तायदे सात गेंदों में 12 रन और प्रभसिमरन सिंह ने 13 गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैथ्यू शॉर्ट 11 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं।
पंजाब को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। कैमरन ग्रीन ने मैथ्यू शॉर्ट को पीयूष चावला के हाथों कैच कराया। शॉर्ट 10 गेंदों में 11 रन बना सके। फिलहाल प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायदे क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 20 रन है।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। मैथ्यू शॉर्ट और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी क्रीज पर है। मुंबई के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद पंजाब का स्कोर बिना किसी नुकसान के 13 रन है।
पंजाब किंग्स: अथर्व तायदे, प्रभसिमरन सिंह, मैथ्यू शॉर्ट, लियाम लिविंगस्टोन, सैम करन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हरप्रीत सिंह भाटिया, शाहरुख खान, हरप्रीत बराड़, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह।
पंजाब के पांच संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स इस प्रकार हैं- नाथन एलिस, मोहित राठी, सिकंदर रजा, ऋषि धवन, गुरनूर बराड़
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, तिलक वर्मा, अर्जुन तेंदुलकर, ऋतिक शौकीन, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला, जेसन बेहरनडॉर्फ।
मुंबई के पांच संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स इस प्रकार हैं- नेहल वढेरा, विष्णु विनोद, रमनदीप सिंह, कुमार कार्तिकेय सिंह, शम्स मुलानी।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। रोहित ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। जोफ्रा आर्चर की टीम में वापसी हुई है। पंजाब के लिए टॉस में सैम करन उतरे यानी शिखर धवन आज भी नहीं खेल रहे हैं। सैम ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 29 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से मुंबई ने 15 और पंजाब ने 14 मैच जीते हैं। दोनों के बीच हमेशा से कड़ी टक्कर रही है। देखना है कि आज दोनों टीमें कैसा खेलती हैं।
पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने पंजाब को उसके घर में हराया था जिसमें बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने खराब प्रदर्शन किया था। आरसीबी ने पंजाब के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए चार विकेट पर 174 रन बनाए थे। फिर पंजाब को 150 रन पर समेट दिया था। प्रभसिमरन सिंह (46) और जितेश शर्मा (41) ही आरसीबी के गेंदबाजों का कुछ सामना कर पाए थे।
पंजाब की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। कप्तान शिखर धवन का कंधे में चोट के कारण इस मैच भी खेलना मुश्किल है। उन्हें ठीक होने में अभी कुछ दिन और लगेंगे। ऐसे में धवन की कमी टीम को खल रही है। उनकी जगह कप्तानी संभाल रहे इंग्लिश ऑलराउंडर सैम करन अपनी कप्तानी और प्रदर्शन से इस सीजन में अच्छा नहीं कर पाए हैं। उनके अलावा टीम की बल्लेबाजी भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
मुंबई के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन, इशान किशन और तिलक वर्मा भी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। ग्रीन ने हैदराबाद के खिलाफ 40 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए थे और एक विकेट भी लिया था। वह मैन ऑफ द मैच बने थे। उनके अलावा किशन ने केकेआर के खिलाफ 25 गेंदों में 58 रनों की तेजतर्रार पारी खेली थी। वहीं, तिलक भी छोटी-छोटी उपयोगी पारी खेलते आ रहे हैं। वहीं, गेंदबाजी में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जेसन बेहरनडोर्फ मुंबई को शुरुआती विकेट दिला रहे हैं, जबकि उनका अच्छा साथ अनुभवी स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला विकेट लेकर देते हैं।
इस मैच में सबकी नजर महानतम बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर पर होगी। इस तेज गेंदबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली जीत में अहम भूमिका निभाई थी। चोट के कारण इस सीजन से बाहर हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह मुंबई ने हैदराबाद के खिलाफ मैच में अर्जुन से पारी का पहला ओवर डलवाया था। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें पारी का आखिरी ओवर भी दिया जहां हैदराबाद को जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी। लेकिन अर्जुन ने पांच रन देकर टीम को 14 रन से जीत दिलाई थी। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के रूप में आईपीएल में अपना पहला विकेट भी हासिल किया। उन्होंने 2.5 ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया था।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 31वें मैच में मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से है। यह मुकाबला मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीजन शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद मुंबई की टीम जीत की पटरी पर लौट चुकी है और पिछले लगातार तीन मुकाबले जीते हैं। वहीं, पंजाब की टीम शुरुआती दो मैच जीतने के बाद जीत की पटरी से उतर गई। अब तक कुल छह मैच पंजाब ने खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है और तीन में टीम को हार मिली है। शिखर धवन के खेलने पर अब भी सस्पेंस जारी है।