आईपीएल 2024 का 67वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला गया। केएल राहुल की टीम ने एमआई को 18 रनों से हरा दिया। दोनों टीमों का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो गया। मुंबई की टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। वहीं, लखनऊ के खाते में भले ही 14 अंक हो गए हैं लेकिन उनका नेट रनरेट -0.667 है। ऐसे में उनका प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करना मुश्किल है। मुंबई इंडियंस आठ अंकों के साथ अंक तालिका में 10वें पायदान पर है। हार्दिक पांड्या की अगुवाई में यह सीजन मुंबई इंडियंस के लिए कुछ खास नहीं रहा। टीम को 14 में से 10 मैचों में शिकस्त मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की दमदार शुरुआत हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी हुई, जिसे नवीन-उल-हक ने तोड़ा। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस को नौवें ओवर में आउट किया। वह 20 गेंदों में 23 रन बना सके। इसके बाद सूर्या बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। वहीं, रोहित शर्मा 68 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्होंने 178.94 के स्ट्राइक रेट से 10 चौके और तीन छक्के लगाए।
इस मैच में हार्दिक पांड्या ने 16, नेहल वढेरा ने एक और ईशान किशन ने 14 रन बनाए। लखनऊ के खिलाफ नमन धीर ने विस्फोटक प्रदर्शन किया। उन्होंने 26 गेंदों में तूफानी अर्धशतक लगाया। इस मैच में वह 62 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 221.42 के स्ट्राइक रेट से चार चौके और पांच छक्के लगाए। रोमारियो शेफर्ड एक रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए रवि बिश्नोई और नवीन-उलहक ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, क्रुणाल पांड्या और मोहसिन खान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
मुंबई को पांचवां झटका नेहल वढेरा के रूप में लगा। उन्हें रवि बिश्नोई ने आउट किया। वह सिर्फ एक रन बना सके। अब मुंबई को जीत के लिए 30 गेंदों में 90 रनों की जरूरत है।
मुंबई को चौथा झटका हार्दिक पांड्या के रूप में लगा। उन्हें मोहसिन खान ने नवीन-उल-हक के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस सीजन उनका बल्ला कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नेहल वढेरा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं।
रोहित शर्मा 68 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें रवि बिश्नोई ने 11वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोहसिन खान के हाथों कैच कराया। हिटमैन ने इस मैच में 178.94 के स्ट्राइक रेट से 10 चौके और तीन छक्के लगाए। 10 रनों के भीतर मुंबई ने तीन विकेट खो दिए हैं। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए हार्दिक पांड्या उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। 12 ओवर के बाद एमआई का स्कोर 101/3 है।
सूर्यकुमार यादव इस मैच में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें क्रुणाल पांड्या ने 10वें ओवर में रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ईशान किशन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
मुंबई का पहला विकेट 88 रन के स्कोर पर गिरा। नवीन-उल-हक ने डेवाल्ड ब्रेविस को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए सूर्यकुमार यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए रोहित शर्मा (61) क्रीज पर मौजूद हैं। मुंबई को जीत के लिए अब 66 गेंदों में 127 रनों की जरूरत है।
रोहित शर्मा जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने महज 28 गेंदों में अर्धशतक लगाया है। यह उनके आईपीएल करियर का 43वां पचासा है। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस भी जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। आठ ओवर के बाद टीम का स्कोर 78/0 है। मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 72 गेंदों में 137 रनों की जरूरत है।
मुंबई की पारी एक बार फिर शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस एक बार फिर क्रीज पर पहुंच गए हैं। दोनों दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पारी का चौथा ओवर मोहसिन खान फेंक रहे हैं।
मुंबई में बारिश रुक चुकी है। मैदान से कवर्स हटाए जा चुके हैं। अंपायर्स ने मुआयने के बाद मुकाबले को दोबारा 10:50 बजे शुरू करने का फैसला लिया है। खुशी की बात यह है कि मुंबई इंडियंस की पारी के ओवरों में कोई कटाव नहीं होगा।
मुंबई-लखनऊ के बीच जारी इस मुकाबले में बारिश ने दखल दे दिया है। मुंबई की पारी के चौथे ओवर में हल्की बूंदा-बांदी शुरू हो गई जिसकी वजह से मुकाबला बीच में ही रोक दिया गया। कवर्स से मैदान को ढक दिया गया है। रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस क्रमश: 20 और नौ रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 3.5 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 33/0 है।
215 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए मुंबई इंडियंस तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए रोहित शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पारी का पहला ओवर अर्शद खान फेंक रहे हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 214 रन बनाए। उनकी शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। पहला झटका नुवान तुषारा ने एक रन के स्कोर पर दिया। देवदत्त पडिक्कल गोल्डन डक का शिकार हुए। इसके बाद मार्कस स्टोइनिस ने मोर्चा संभाला और केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी निभाई। हाालांकि, पीयूष चावला ने स्टोइनिस को 49 रन के स्कोर पर आउट किया। वह 28 रन बनाकर लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे दीपक हुड्डा सिर्फ 11 रन बना सके।
इसके बाद निकोलस पूरन का तूफान आया। उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया और 75 रन बनाए। इस मैच में पूरन ने महज 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और आठ छक्के निकले। उन्हें नुवान तुषारा ने आउट किया। वहीं, कप्तान केएल राहुल 41 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी हुई। राहुल को पीयूष चावला ने पवेलियन भेजा। इस मैच में अर्शद खान बिना खाता खोले आउट हुए। वहीं, आयुष बडोनी और क्रुणाल पांड्या क्रमश: 22 और 12 रन बनाकर नाबाद रहे। मुंबई के लिए नुवान तुषारा और पीयूष चावाल ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
निकोलस पूरन (75) के बाद कप्तान केएल राहुल (55) भी आउट हो गए। पूरन को तुषारा ने और केएल राहुल को पीयूष चावला ने आउट किया। दोनों के बीच 109 रनों की साझेदारी हुई।
निकोलस पूरन के बाद केएल राहुल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 37 गेंदों में पचासा लगाया है। दोनों बल्लेबाजों के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 170/3 है।
पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए निकोलस पूरन दमदार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया है। यह उनके आईपीएल करियर का नौवां पचासा है। 15 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और पूरन 300 के स्ट्राइक रेट से 66 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। वहीं, केएल राहुल भी 47 रन बनाकर डटे हैं। लखनऊ का स्कोर 159/3 है।
केएल राहुल और निकोलस पूरन ने पारी को संभाला लिया है। दोनों के बीच 20 रनों से ज्यादा साझेदारी हो चुकी है। कप्तान 40 और पूरन 12 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। वहीं, 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 93/3 है।
लखनऊ को तीसरा झटका भी पीयूष चावला ने ही दिया। उन्होंने दीपक हुड्डा को 10वें ओवर में नेहल वढेरा के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। 9.4 ओवर के बाद टीम का स्कोर 69/3 है।
पावरप्ले की आखिरी गेंद पर पीयूष चावला ने मार्कस स्टोइनिस को आउट किया। वह 22 गेंदों में 28 रन बनाकर लौटे। दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस के बीच 48 रनों की साझेदारी हुई। इससे पहले पारी के पहले ओवर में नुवान तुषारा ने देवदत्त पडिक्कल को आउट किया। वह गोल्डन डक का शिकार हुए। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 56/2 है। फिलहाल क्रीज पर दीपर हुड्डा और केएल राहुल मौजूद हैं।
मुंबई के गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजी क्रम पर दवाब बनाते दिख रहे हैं। तीन ओवर का खेल पूरा हो चुका है और टीम का स्कोर अब तक सिर्फ 14 रन तक पहुंच सका है। वहीं, एक विकेट भी गिर चुका है।
लखनऊ को पहला झटका एक रन के स्कोर पर लगा। नुवान तुषारा ने देवदत्त पडिक्कल को पहले ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। वह बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे। इस सीजन उनका बल्ला खामोश रहा है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मार्कस स्टोइनिस उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल मौजूद हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल उतरे हैं। दोनों इस मैच में एक अच्छी शुरुआत करना चाहेंगे। पारी का पहला ओवर नुवान तुषारा फेंक रहे हैं।
मुंबई इंडियंस : ईशान किशन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, डेवाल्ड ब्रेविस, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नेहल वढेरा, रोमारियो शेफर्ड, अंशुल कंबोज, पीयूष चावला, अर्जुन तेंदुलकर, नुवान तुषारा।
इम्पैक्ट सब : रोहित शर्मा, टिम डेविड, शम्स मुलानी, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय।
लखनऊ सुपर जाएंट्स : केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, क्रुणाल पंड्या, अरशद खान, मैट हेनरी, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान।
इम्पैक्ट सब : नवीन-उल-हक, एश्टन टर्नर, मणिमारन सिद्धार्थ, प्रेरक मांकड़, कृष्णप्पा गौतम।
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। ऐसे में लखनऊ सुपर जाएंट्स पहले बल्लेबाजी करती नजर आएगी। एमआई के कप्तान ने बताया कि इस मैच में जसप्रीत बुमराह की जगह तिलक वर्मा को मौका मिला है। इसके अलावा तिलक वर्मा और टिम डेविड भी इस मैच का हिस्सा नहीं हैं। वर्मा की जगह डेवॉल्ड ब्रेविस को मौका मिला है। वहीं, केएल राहुल ने बताया कि क्विंटन डिकॉक की जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका मिला है।
अगर ये मैच बारिश के कारण धुल जाता है तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में बारिश लखनऊ के प्लेऑफ की रही सही कसर पर भी पानी फेर देगा।
यह मैच मुंबई में होना है, जहां कुछ दिन पहले ही तूफान आया था जिसने तबाही मचा दी थी। ऐसे में सवाल ये है कि क्या यह मैच भी हो पाएया या फिर बारिश की भेंट चढ़ जाएगा? हालांकि, इस मैच में बारिश का ज्यादा खतरा नहीं है। शुक्रवार को मुंबई का तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, देर रात में तूफान आ सकता है। वहीं, बारिश की 15 प्रतिशत संभावना है। फैंस नहीं मैच में बारिश थोड़ी भी खलल डाले।
लखनऊ के लिए कप्तान केएल राहुल ने तीन अर्धशतक समेत 136.36 के स्ट्राइक रेट से 465 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट हालांकि चर्चा का विषय रहा। निकोलस पूरन ( 168.92 के स्ट्राइक रेट से 424 रन) ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन एक ईकाई के रूप में टीम नाकाम रही।
सत्र से पहले रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपे जाने से मुंबई के फैंस में काफी आक्रोश था जिसका टीम के प्रदर्शन पर भी असर पड़ा। बल्लेबाजों ने पूरी तरह निराश किया तो गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह (20 विकेट) दूसरे गेंदबाजों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित नहीं कर सके।
इस मैच में फोकस विश्व कप टीम में शामिल हार्दिक, रोहित, बुमराह और सूर्यकुमार यादव पर रहेगा। रोहित पिछली छह पारियों में नाकाम रहे हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 19 रन रहा। वहीं पांड्या भी ऑलराउंडर की भूमिका बखूबी नहीं निभा सके। सूर्यकुमार यादव ने तीन अर्धशतक और एक शतक जमाकर आत्मविश्वास हासिल किया है।
तीन मैचों में लगातार हार से लखनऊ ने अंक भी गंवाए और नेट रनरेट भी खराब हो गया। केकेआर से 98 रन से हार के बाद उसे सनराइजर्स हैदराबाद ने 10 विकेट से और दिल्ली कैपिटल्स ने 19 रन से हराया। सातवें स्थान पर काबिज लखनऊ का नेट रनरेट -0.787 है, जबकि छठे स्थान की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का रनरेट 0.387 है।
पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम थी। नए कप्तान हार्दिक पंड्या के साथ इस सत्र में टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अब तक 13 मैचों में बस चार जीत सकी मुंबई इंडियंस शुक्रवार को जीत जाती है तो उसके 10 अंक होंगे जिससे वह आखिरी स्थान पर रहने से बच सकती है।
आईपीएल प्लेआफ की दौड़ से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ अपने आखिरी मैच में जीत के साथ टूर्नामेंट से विदा लेने की कोशिश करेंगी। मुंबई इंडियंस काफी पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, जबकि लखनऊ सुपर जाएंट्स अगर आखिरी मैच में भारी अंतर से जीत दर्ज करती है तो भी उसके अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाओं की डोर काफी कमजोर है।