फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MI vs GT Highlights: मुंबई ने गुजरात को 27 रन से हराया, सूर्यकुमार के बाद आकाश मधवाल और चावला का कमाल

Fri, 12 May 2023 11:37 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

खास बातें

MI vs GT Indian Premier League 2023 Highlights: मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रन से हराकर आईपीएल 2023 में सातवीं जीत हासिल कर ली है। इस जीत के साथ ही यह टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है। इस मैच में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात की टीम 191 रन ही बना पाई और 27 रन से मैच हार गई।
विज्ञापन
मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात टाइटंस - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:32 PM, 12-May-2023

मुंबई ने गुजरात को 27 रन से हराया

मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 27 रन से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव के 103 रन की बदौलत पांच विकेट पर 218 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में गुजरात की टीम आठ विकेट पर 191 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। गुजरात के लिए राशिद खान ने नाबाद 79 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर उन्हें किसी का साथ नहीं मिला और वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। 

मैच की पहली पारी में मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव के अलावा रोहित शर्मा ने 29, ईशान किशन ने 31 और विष्णु विनोद ने 30 रन की पारी खेली। वहीं, गुजरात के लिए राशिद खान ने चार और मोहित शर्मा ने एक विकेट लिया। वहीं, गुजरात के लिए राशिद खान के अलावा डेविड मिलर ने 41 और विजय शंकर ने 29 रन बनाए। मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने तीन विकेट लिए। पीयूष चावला और कुमार कार्तिकेय ने दो-दो विकेट लिए।

11:25 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: राशिद का अर्धशतक

राशिद खान ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर गुजरात की टीम को बड़ी हार से बचा लिया है। गुजरात की हार अभी भी तय है, लेकिन राशिद ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया।

10:58 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का आठवां विकेट गिरा

103 रन के स्कोर पर गुजरात की टीम का आठवां विकेट गिरा है। नूर अहमद तीन गेंद में एक रन बनाकर आउट हो चुके हैं। कुमार कार्तिकेय ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब राशिद खान और अल्जारी जोशेप क्रीज पर हैं। मुंबई की जीत लगभग पक्की हो चुकी है। 15 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर आठ विकेट पर 130 रन है।

विज्ञापन
10:57 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का सातवां विकेट गिरा

100 रन के स्कोर पर गुजरात का सातवां विकेट गिरा है। राहुल तेवतिया 13 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। पीयूष चावला ने उन्हें कैमरून ग्रीन के हाथों कैच कराया। अब गुजरात की हार लगभग तय हो चुकी है।

10:55 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का छठा विकेट गिरा

100 रन के स्कोर पर गुजरात का छठा विकेट गिरा है। आकाश मधवाल ने डेविड मिलर को विकेटों के सामने फंसाया। मिलर ने 26 गेंद में 41 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए।

विज्ञापन
10:35 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का स्कोर 100 रन के करीब

डेविड मिलर और राहुल तेवतिया ने मिलकर गुजरात की पारी को संभाला है। दोनों काफी धीमी बल्लेबाजी कर रहे हैं। ऐसे में गुजरात के लिए लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, ये दोनों अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे। 11 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर पांच विकेट पर 90 रन है।

10:17 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात की आधी टीम पवेलियन लौटी

55 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। कुमार कार्तिकेय ने अभिनव मनोहर को आउट कर गुजरात को पांचवां झटका दिया। मनोहर ने तीन गेंद में दो रन बनाए। मनोहर ने तीन गेंद में दो रन बनाए और कार्तिकेय की गेंद पर बोल्ड हुए। अब डेविड मिलर के साथ राहुल तेवतिया क्रीज पर हैं।

10:12 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का चौथा विकेट गिरा

48 रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का चौथा विकेट गिरा है। विजय शंकर 14 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। पीयूष चावला ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब गुजरात की टीम मुश्किल में फंस गई है। 

09:59 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का तीसरा विकेट गिरा

219 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही है। 26 रन के स्कोर पर गुजरात के तीन अहम विकेट गिर चुके हैं। ऋद्धिमान साहा और कप्तान हार्दिक पांड्या के बाद शुभमन गिल भी आउट हो चुके हैं। विजय शंकर के साथ डेविड मिलर क्रीज पर हैं। शंकर अच्छी लय में दिख रहे हैं और अब तक कई बेहतरीन शॉट खेल चुके हैं। पांच ओवर के बाद गुजरात का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन है।

09:49 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का दूसरा विकेट गिरा

12 रन के स्कोर पर गुजरात की टीम का दूसरा विकेट गिरा है। कप्तान हार्दिक पांड्या तीन गेंद में चार बनाकर आउट हो चुके हैं। जेसन बेहरनडॉर्फ ने उन्हें विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया। अब गिल के साथ विजय शंकर क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद गुजरात का स्कोर दो विकेट पर 17 रन है।

09:48 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात का पहला विकेट गिरा

सात रन के स्कोर पर गुजरात टाइटंस का पहला विकेट गिरा है। ऋद्धिमान साहा पांच गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। आकाश मधवाल ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब गिल के साथ कप्तान हार्दिक क्रीज पर हैं।

09:38 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात की बल्लेबाजी शुरू

219 रन के स्कोर का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। ऋद्धिमान साहा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। मुंबई के लिए जेसन बेहरनडॉर्फ ने पहला ओवर किया। पहले ओवर के बाद गुजरात का स्कोर बिना किसी नुकसान के चार रन है।

09:20 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई इंडियंस 218 रन बनाए

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 218 रन बनाए हैं। मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 103 रन की पारी सूर्यकुमार यादव ने खेली। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद में छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने इस पारी में 11 चौके और छह छक्के लगाए। यह उनका पहला आईपीएल शतक भी है। सूर्या के अलावा मुंबई के लिए ईशान किशन, विष्णु विनोद और रोहित शर्मा ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। गुजरात के लिए राशिद खान ने चार और मोहित शर्मा ने एक विकेट लिया।

09:14 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का स्कोर 200 रन के पार

पांच विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव अपने शतक के करीब पहुंच गए हैं। वहीं, ग्रीन उनका साथ दे रहे हैं। 19 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 201 रन है।

09:12 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: सूर्यकुमार और ग्रीन के बीच शानदार साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और कैमरून ग्रीन के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। 18 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 184 रन है। 

09:09 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का पांचवां विकेट गिरा

164 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का पांचवां विकेट गिरा है। टिम डेविड तीन गेंद में पांच रन बनाकर आउट हो चुके हैं। राशिद खान ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच पकड़ा। इस मैच में यह उनका चौथा विकेट हैं और वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन चुके हैं। 17 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 164 रन है। सूर्यकुमार यादव के साथ कैमरून ग्रीन क्रीज पर हैं।

09:06 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने 32 गेंद में अपने 50 रन पूरे किए। उन्होंने पिछली सात पारियों में पांचवां अर्धशतक लगाया है। सूर्यकुमार की बेहतरीन बल्लेबाजी के चलते मुंबई का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है और यह टीम 200 रन से ज्यादा का स्कोर बना सकती है।

08:57 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई इंडियंस का चौथा विकेट गिरा

153 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का चौथा विकेट गिरा है। विष्णु विनोद 20 गेंद में 30 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। मोहित शर्मा की गेंद पर अभिनव मनोहर ने उनका कैच पकड़ा। अब सूर्यकुमार के साथ टिम डेविड क्रीज पर हैं। 

08:49 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 150 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और विष्णु विनोद क्रीज पर हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को अच्छी स्थिति में ले जा चुके हैं। सूर्यकुमार अपने अर्धशतक के करीब हैं।

08:42 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: सूर्यकुमार और विष्णु विनोद के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

सूर्यकुमार यादव और विष्णु विनोद के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 28 गेंद में 50 रन जोड़े। सूर्यकुमार अपने अर्धशतक के करीब पहुंच रहे हैं। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी के चलते मुंबई इंडियंस ने 14 ओवर में तीन विकेट खोकर 139 रन बना लिए हैं। अब मुंबई के पास आसानी से 200 से ज्यादा रन का स्कोर बनाने का मौका है।

08:31 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का स्कोर 100 रन के पार

तीन विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। सूर्यकुमार यादव और विष्णु विनोद क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। 12 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 116 रन है।

08:18 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का तीसरा विकेट गिरा

88 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का तीसरा विकेट गिरा है। नेहल वधेरा सात गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। राशिद खान की गेंद पर वह बोल्ड हो गए। अब सूर्यकुमार यादव के साथ विष्णु विनोद क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 96 रन है।

08:09 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का दूसरा विकेट गिरा

66 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का दूसरा विकेट गिरा है। ईशान किशन 20 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया। राशिद खान ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। राशिद ने एक ही ओवर में मुंबई के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर मैच में गुजरात की वापसी कराई है। अब क्रीज में दो नए बल्लेबाज हैं। सूर्यकुमार के साथ नेहल वधेरा क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 81 रन है।

08:05 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का पहला विकेट गिरा

61 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का पहला विकेट गिरा है। कप्तान रोहित शर्मा 18 गेंद में 29 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। राशिद खान ने उन्हें स्लिप में राहुल तेवतिया के हाथों कैच कराया। अब ईशान किशन के साथ सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं। 

08:03 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: पावरप्ले के बाद मुंबई का स्कोर 61/0

मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में बिना कोई विकेट खोए 61 रन बना लिए हैं। इस मैच में रोहित शर्मा और ईशान किशन शानदार लय में दिख रहे हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं और मुंबई की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। 

07:56 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई का स्कोर 50 रन के पार

मुंबई इंडियंस का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है। रोहित शर्मा आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और ईशान किशन भी बखूबी उनका साथ निभा रहे हैं। पांच ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 51 रन है।

07:48 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई इंडियंस की शानदार शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने शानदार शुरुआत की है। कप्तान रोहित शर्मा आक्रामक अंदाज में खेल रहे हैं और तेजी से रन बना रहे हैं। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के 37 रन हो चुका है। 

07:31 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू

मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। गुजरात के लिए मोहम्मद शमी ने पहला ओवर किया। रोहित और किशन दोनों संभलकर खेल रहे हैं। पहले ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना किसी नुकसान के छह रन है।

07:01 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वानखेडे़ के मैदान में लक्ष्य का पीछा करना आसान रहता है। इसी वजह से हार्दिक ने यह फैसला लिया है। दोनों टीमों में कोई बदलाव नहीं है।

06:41 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: मुंबई के लिए जीत जरूरी

मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 11 मैच में छह जीत और पांच हार के साथ मुंबई के पास 12 अंक हैं और यह टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। शुरुआती दो मैच हारने के बाद मुंबई ने अगले तीन मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद दो और मैच हार गई। इसके बाद मुंबई ने चार में से तीन मैच जीतकर वापसी की है। अब मुंबई की कोशिश यह मैच जीतकर 14 अंक हासिल करने की होगी। इस स्थिति में मुंबई तीसरे स्थान पर आ जाएगी और प्लेऑफ के लिए अपना दावा और मजबूत करेगी।

06:38 PM, 12-May-2023

MI vs GT Live Score: प्लेऑफ में पहुंच चुकी है गुजरात

गुजरात टाइटंस ने अपने 11 में से आठ मैच जीते हैं और 16 अंकों के साथ यह टीम अंक तालिका में शीर्ष पर है। इस टीम का प्लेऑफ खेलना लगभग तय है, लेकिन इसमें आधिकारिक मुहर लगना बाकी है। यह मैच जीतने पर गुजरात प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन जाएगी। गुजरात ने पिछले सीजन की तरह इस साल भी शानदार खेल दिखाया है। शुरुआती पांच में से तीन मैच जीतने वाली गुजरात की टीम ने अगले छह में से पांच मैच जीते हैं। पिछले दो मैचों में भी इस टीम ने जीत हासिल की और अब जीत की हैट्रिक के साथ प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी।

06:35 PM, 12-May-2023

MI vs GT Highlights: मुंबई ने गुजरात को 27 रन से हराया, सूर्यकुमार के बाद आकाश मधवाल और चावला का कमाल

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस का सामना गुजरात टाइटंस से है। दोनों टीमें फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष चार में बनी हुई हैं। दोनों की कोशिश यह मैच जीतकर प्लेऑफ में अपना दावा और मजबूत करने की होगी। हालांकि, गुजरात का प्लेऑफ खेलना लगभग तय है, लेकिन मुंबई के लिए यह मैच हारने पर मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें