चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर सीजन में दूसरी जीत हासिल की। तीन मैचों में चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उसने लखनऊ सुपर जाएंट्स को हराया था। पहले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, मुंबई इंडियंस की बात करें तो सीजन में उसकी लगातार दूसरी हार है। पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने शिकस्त दी थी।
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। मुंबई ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन बनाए। जवाब में चेन्नई ने 18.1 ओवर में तीन विकेट पर 159 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। चेन्नई के लिए रवींद्र जडेजा और अजिंक्य रहाणे ने तूफानी प्रदर्शन किया। जडेजा ने गेंदबाजी में तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं, रहाणे ने बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंद पर अर्धशतक लगाया। उन्होंने चेन्नई को तूफानी शुरुआत दी। इसका फायदा टीम को मिला। उसने आसानी से रन चेज कर लिया।
रहाणे और ऋतुराज की शानदार पारी
रहाणे ने 27 गेंद पर 61 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने 225.93 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ ने 36 गेंद पर नाबाद 40 रन बनाए। शिवम दुबे ने 26 गेंद पर 28 और अंबाती रायुडू ने 16 गेंद पर नाबाद 20 रन बनाए। डेवोन कॉन्वे खाता नहीं खोल सके। मुंबई के लिए जेसन बेहरेनडॉर्फ, पीयूष चावला और कुमार कार्तिकेय ने एक-एक विकेट लिए।
चेन्नई सुपरकिंग्स को तीसरा झटका 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगा। कुमार कार्तिकेय ने शिवम दुबे को आउट कर दिया। दुबे 26 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हो गए।
दो विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपरकिंग्स का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। शिवम दुबे और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर खेल रहे हैं और आसानी से अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। 11 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 102 रन है। इस टीम को जीत के लिए 54 गेंद में 56 रन की जरूरत है।
82 रन के स्कोर पर चेन्नई सुपरकिंग्स का दूसरा विकेट गिरा है। अजिंक्य रहाणे 27 गेंद में 61 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और सात चौके लगाए। पीयूष चावला ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। अब शिवम दुबे के साथ ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं।
अजिंक्य रहाणे ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए अपना पहला मैच खेलते हुए शानदार अर्धशतक लगाया है। उन्होंने 19 गेंद पर 50 रन पूरे कर लिए। इस आईपीएल में किसी बल्लेबाज का यह सबसे तेज अर्धशतक है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने छह ओवर में एक विकेट पर 68 रन बना लिए हैं। अजिंक्य रहाणे 20 गेंद पर 53 और ऋतुराज गायकवाड़ 12 गेंद पर आठ रन बनाकर नाबाद हैं।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने 158 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन ओवर में एक विकेट पर 21 रन बना लिए हैं। अजिंक्य रहाणे 13 और ऋतुराज गायकवाड़ दो रन बनाकर नाबाद हैं। डेवोन कॉन्वे पहले ओवर में जेसन बेहरेनडॉर्फ की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। वह चार गेंदों का सामंना करने के बाद भी खाता नहीं खोल पाए।
चेन्नई सुपरकिंग्स ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में आठ विकेट पर 157 रन के स्कोर पर रोक दिया। उसे जीत के लिए 158 रन बनाने होंगे। मुंबई के लिए ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 21 गेंद पर 32 रन बनाए। टिम डेविड ने 22 गेंद पर 31 रन का योगदान दिया। तिलक वर्मा ने 22, कप्तान रोहित शर्मा ने 21, ऋतिक शौकीन ने नाबाद 18 और कैमरन ग्रीन ने 12 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स पांच, अरशद खान दो और सूर्यकुमार यादव एक रन बनाकर आउट हुए। पीयूष चावला ने नाबाद पांच रन बनाए।
चेन्नई के लिए रवींद्र जडेजा ने सर्वाधिक विकेट लिए। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए। मिचेल सैंटनर और तुषार देशपांडे को दो-दो सफलता मिली। सिसांदा मगाला ने एक विकेट अपने नाम किया।
तुषार देशपांडे ने चेन्नई सुपरकिंग्स को आठवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर टिम डेविड को आउट कर दिया। डेविड ने इस ओवर में तुषार देशपांडे की गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाया था। वह 22 गेंद पर 31 रन बनाकर अजिंक्य रहाणे को कैच थमा बैठे।
मुंबई इंडियंस को सातवां झटका सिसांदा मगाला ने दिया। उन्होंने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर दिया। स्टब्स ने सिक्स लगाने के लिए लंबा शॉट लगाया। ड्वेन प्रीटोरियस ने बाउंड्री पर उनका कैच तो ले लिया, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं सके। प्रीटोरियस बाउंड्री के बाहर गिर गए। उससे पहले उन्होंने गेंद को अंदर की ओर उछाल दिया था। उनके अधूरे कैच को ऋतुराज गायकवाड़ ने पूरा किया।
102 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस का छठा विकेट गिरा है। तिलक वर्मा 18 गेंद में 22 रन बना चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। रवींद्र जडेजा ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अब टिम डेविड के साथ ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर छह विकेट पर 105 रन है।
पांच विकेट के नुकसान पर मुंबई इंडियंस का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। तिलक वर्मा और टिम डेविड क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। ये दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को बड़े स्कोर के करीब ले जाना चाहेंगे।
76 रन के स्कोर पर मुंबई इंडियंस की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। अरशद खान के रूप में मुंबई की टीम को पांचवां झटका लगा। मिचेल सैंटनर ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया। अरशद ने चार गेंद में दो रन बनाए। अब तिलक वर्मा के साथ टिम डेविड क्रीज पर हैं। एक बार फिर मुंबई को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी तिलक वर्मा के कंधों पर है। 10 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर पांच विकेट पर 84 रन है।
रवींद्र जडेजा ने कैमरन ग्रीन को आउट कर मैच में दूसरी सफलता हासिल की। उन्होंने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर कैमरन ग्रीन को आउट कर दिया। ग्रीन 11 गेंद पर 12 रन बनाकर जडेजा को ही कैच थमा बैठे। मुंबई ने 8.2 ओवर में चार विकेट पर 73 रन बनाए हैं। तिलक वर्मा नाबाद हैं।
सूर्यकुमार यादव को मिचेल सैंटनर ने आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट कर दिया। सूर्या ने सैंटनर की गेंद पर स्वीप किया। अंपायर ने वाइड करार दिया। वहीं, विकेट के पीछे खड़े चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आउट की अपील की। अंपायर ने उसे नकार दिया। धोनी ने फिर तुरंत ही रिव्यू ले लिया। रीप्ले में साफ पता चला कि गेंद सूर्यकुमार के ग्लव्स से लगकर धोनी के पास गई है। मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। धोनी की चालाकी से चेन्नई को एक सफलता मिल गई। मुंबई इंडियंस ने आठ ओवर में तीन विकेट पर 73 रन बना लिए हैं। कैमरन ग्रीन के साथ तिलक वर्मा क्रीज पर हैं।
रवींद्र जडेजा ने चेन्नई सुपरकिंग्स को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने सातवें ओवर की चौथी गेंद पर ईशान किशन को आउट कर दिया। ईशान सिक्स मारने के प्रयास में बाउंड्री पर ड्वेन प्रीटोरियस को कैच थमा बैठे। उन्होंने 21 गेंद पर 32 रन बनाए। इस दौरान ईशान ने पांच चौके लगाए।
मुंबई इंडियंस को पहला झटका रोहित शर्मा के कप्तान रूप में लगा। उन्होंने तुषार देशपांडे ने चौथे ओवर आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया। मुंबई के कप्तान रोहित ने 13 गेंद पर 21 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। रोहित के आउट होने के बाद कैमरन ग्रीन बल्लेबाजी के लिए आए हैं। मुंबई ने पांच ओवर में एक विकेट पर 47 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 14 गेंद पर 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
मुंबई इंडियंस ने चेन्नई के खिलाफ मजबूत शुरुआत की है। उसने दो ओवर में बिना किसी नुकसान के 16 रन बना लिए हैं।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, ट्रिस्टन स्टब्स, अरशद खान, ऋतिक शौकीन, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ।
चेन्नई सुपरकिंग्स: डेवोन कॉन्वे, ऋतुराज गायकवाड़, अजिंक्य रहाणे, रवींद्र जडेजा, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), शिवम दुबे, ड्वेन प्रिटोरियस, दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर, सिसंडा मगाला, तुषार देशपांडे।
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। मुंबई इंडियंस की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। चेन्नई की टीम में बेन स्टोक्स और मोईन अली नहीं खेल रहे हैं। वहीं, मुंबई इंडियंस की टीम जोफ्रा आर्चर नहीं हैं।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल के 16वें सीजन के 12वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। सीजन में चेन्नई का यह तीसरा मैच होगा। इससे पहले एक मैच में उसे जीत और एक में हार मिली है। वहीं, मुंबई को एक मैच में हार का सामना करना पड़ा था।