विराट कोहली की अर्धशतकीय और जितेश शर्मा तथा मयंक अग्रवाल की शतकीय साझेदारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ आरसीबी क्वालिफायर-1 में पहुंच गई। अब उसका सामना 29 मई को पंजाब किंग्स से मुल्लांपुर में होगा। मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए लीग चरण के आखिरी मुकाबले में लखनऊ ने ऋषभ पंत की शतकीय पारी के दम पर तीन विकेट खोकर 227 रन बनाए। जवाब में आरसीबी ने 18.4 ओवर में चार विकेट खोकर 230 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह आईपीएल का तीसरा सबसे सफल रन चेज है। वहीं, आरसीबी का सबसे बड़ा रन चेज है। लखनऊ के लिए विलियम ओरुर्के ने दो विकेट झटके जबकि आकाश सिंह और आवेश खान ने एक-एक विकेट हासिल किया।
आईपीएल 2025 में यह लीग चरण का आखिरी मुकाबला था, जिसे आरसीबी ने जीत लिया। 2016 के बाद पहली बार टीम ने लीग चरण का समापन शीर्ष-दो में रहकर किया है। आईपीएल इतिहास में अब तक तीन बार आरसीबी शीर्ष-दो में रही है। इस सत्र से पहले 2016 और 2011 में टीम शीर्ष-दो में रही थी। लखनऊ पर जीत के साथ आरसीबी 19 अंक और 0.301 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची। वहीं, लखनऊ 14 मैचों में छह जीत और आठ हार के साथ 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर रही। अब आरसीबी का सामना पंजाब किंग्स से क्वालिफायर-1 में होगा। श्रेयस अय्यर की टीम ने सोमवार को मुंबई पर शानदार जीत दर्ज की थी। वहीं, मुंबई और गुजरात के बीच इस सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला 30 मई को खेला जाएगा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी हुई। आकाश सिंह ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने सॉल्ट को दिग्वेश के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए रजत पाटीदार सिर्फ 14 रन बना पाए। उन्हें विलियम ओरुर्के ने आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट किया। अगली गेंद पर उन्होंने लिविंगस्टोन को भी पवेलियन की राह दिखाई।
90 के स्कोर पर तीन विकेट खो चुकी आरसीबी को एक बड़ी साझेदारी की जरूरत थी। विराट कोहली एक छोर पर तैनात थे, उनका साथ मयंक अग्रवाल ने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। इस दौरान कोहली ने 27 गेंदों में सत्र का आठवां पचासा पूरा किया। वह 30 गेंदों में 10 चौके की मदद से 54 रन बनाने में कामयाब हुए। उन्हें आवेश खान ने शिकार बनाया। इसके बाद मयंक को जितेश शर्मा का साथ मिला। दोनों ने 45 गेंदों में 107 रनों की नाबाद साझेदारी के दम पर आरसीबी की जीत सुनिश्चित की। इस दौरान स्टैंडइन कप्तान जितेश ने अपने आईपीएल करियर का पहला पचासा भी पूरा किया। वह 33 गेंदों में 85 और मयंक 23 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, लखनऊ की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। उन्हें पहला झटका 25 के स्कोर पर लगा था। मैथ्यू ब्रीतजके को नुवान तुषारा ने बोल्ड किया। वह 14 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, तीसरे नंबर पर आए कप्तान ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श के साथ 152 रनों की विशाल साझेदारी निभाई। इस दौरान मार्श ने 37 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 67 रन बनाए। वहीं, ऋषभ पंत ने फॉर्म में वापसी की और 54 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा किया। वह 61 गेंदों में 11 चौके और आठ छक्के की मदद 118 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलुरु के खिलाफ पूरन ने 13 और अब्दुल समद एक रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, आरसीबी के लिए नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट हासिल किए।
22 गेंदों में जितेश शर्मा ने अर्धशतक जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। इससे पहले उन्हें दिग्वेश राठी ने अपना शिकार बना लिया था, लेकिन रिप्ले में देखा गया कि दिग्वेश ने नो बॉल फेंकी और इस तरह जितेश को अपने करियर का पहला अर्धशतक पूरा करने का मौका मिला।
आरसीबी को चौथा झटका आवेश खान ने दिया। उन्होंने विराट कोहली को अपना शिकार बनाया। वह 30 गेंदों में 10 चौके की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर जितेश शर्मा आए हैं।
आरसीबी को दो झटके विलियम ओरुर्के ने दिए। उन्होंने पहले रजत पाटीदार को अपना शिकार बनाया। इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन को पवेलियन की राह दिखाई।
आरसीबी को पहला झटका आकाश सिंह ने दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह 30 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर रजत पाटीदार आए हैं।
आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं।
ऋषभ पंत की शतकीय पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सामने 228 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 227 रन बनाए। उनके लिए कप्तान पंत ने सर्वाधिक 118 रन बनाए। वहीं, आरसीबी के लिए नुवान तुषारा, भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट हासिल किए।
इस मैच में लखनऊ को पहला झटका 25 के स्कोर पर लगा था। मैथ्यू ब्रीतजके को नुवान तुषारा ने बोल्ड किया। वह 14 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, तीसरे नंबर पर आए कप्तान ऋषभ पंत ने मोर्चा संभाला। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श के साथ 152 रनों की विशाल साझेदारी निभाई। इस दौरान मार्श ने 37 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 67 रन बनाए। वहीं, ऋषभ पंत ने फॉर्म में वापसी की और 54 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा किया। वह 61 गेंदों में 11 चौके और आठ छक्के की मदद 118 रन बनाकर नाबाद रहे। बेंगलुरु के खिलाफ पूरन ने 13 और अब्दुल समद एक रन बनाकर नाबाद रहे।
लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने फॉर्म में वापसी कर ली है। उन्होंने 54 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक जड़ा है।
लखनऊ को दूसरा झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा, जिन्हें भुवनेश्वर कुमार ने अपना शिकार बनाया। वह 37 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए।
मिचेल मार्श ने 31 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
ऋषभ पंत और मिचेल मार्श के बीच 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।
लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। मिचेल मार्श के साथ पंत 70 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 100/1 है।
ऋषभ पंत और मिचेल मार्श के बीच एक अच्छी साझेदारी पनप रही है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। सात ओवर के बाद स्कोर 68/1 है।
लखनऊ को पहला झटका नुवान तुषारा ने दिया। उन्होंने मैथ्यू ब्रीत्जके को बोल्ड किया। वह सिर्फ 14 रन बना पाए। अब क्रीज पर कप्तान ऋषभ पंत आए हैं।
लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। मैथ्यू ब्रीत्जके और मिचेल मार्श क्रीज पर मौजूद हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार, लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर/कप्तान), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, नुवान तुषारा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: सुयश शर्मा, रसिख सलाम, मनोज भंडागे, टिम सीफर्ट, स्वप्निल सिंह।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: मिचेल मार्श, मैथ्यू ब्रीत्जके, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बडोनी, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, आवेश खान, विलियम ओ'रूर्के।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: आकाश महाराज सिंह, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, अर्शिन कुलकर्णी, युवराज चौधरी।
आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रजत पाटीदार की जगह जितेश शर्मा इस मुकाबले में भी कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पाटीदार इस मुकाबले में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलते नजर आएंगे। वहीं, इस मुकाबले के लिए दो बदलाव किए हैं। टिम डेविड की जगह लियाम लिविंगस्टोन और लुंगी एनगिडी की जगह नुवान तुषारा को मौका मिला है। इसके अलावा लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। मैथ्यू ब्रीत्जके और दिग्वेश राठी को मौका मिला है।
आरसीबी भी परिस्थितियों से परिचित होगी क्योंकि उसने अपना पिछला मैच इकाना स्टेडियम में ही खेला था। वहीं, लखनऊ की टीम अपने पिछले मैच में टाइटंस को हराने के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई है। एडेन मार्करम, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन की तिकड़ी ने इस सत्र में लखनऊ के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम ने टाइटंस के खिलाफ दो विकेट पर 235 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इस मैच में टीम की गेंदबाजी इकाई ने भी प्रभावित किया था। चोटिल मयंक यादव की जगह लेने वाले विल ओरुर्के को शामिल करना एक सकारात्मक कदम रहा है। इस सत्र में एलएसजी की खोज रहे स्पिनर दिग्वेश राठी भी एक मैच का निलंबन पूरा करने के बाद इस मुकाबले से वापसी करेंगे। टीम को सत्र के आखिरी मुकाबले में अपने कप्तान ऋषभ पंत से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो पूरे सत्र में रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे।
भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के कारण लीग के 10 दिवसीय विराम से पहले आरसीबी शानदार फॉर्म में थी। उसने लगातार चार मैच जीते थे, लेकिन इस ब्रेक ने टीम की लय को प्रभावित किया। लीग के फिर से शुरू होने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनका मैच बारिश से धुल गया और फिर सनराइजर्स हैदराबाद से 42 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की वापसी से आरसीबी के खेमे में उत्साह बढ़ा है। हेजलवुड इस सत्र में टीम के लिए सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 18 विकेट लिए हैं और फिलहाल टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में चौथे नंबर पर हैं।
लखनऊ की टीम मौजूदा सत्र में अपने निराशाजनक अभियान का अंत जीत से करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएगी। गुजरात टाइटंस की लगातार हार ने तीसरे स्थान पर काबिज आरसीबी के लिए 2016 के बाद पहली बार शीर्ष दो में जगह बनाने का शानदार मौका बना दिया है।आईपीएल की तालिका में शीर्ष दो पायदान पर रहने वाली टीमों को तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के मुकाबले फाइनल में पहुंचने का एक अतिरिक्त मौका मिलता है। आरसीबी के नाम 17 अंक है और उसके लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम है। मुंबई इंडियंस (16 अंक) और पंजाब किंग्स (17 अंक) में से कोई एक आज शाम होने वाले मुकाबले के बाद टाइटंस से (18 अंक) से आगे निकलने के लिए तैयार है।
आईपीएल 2025 में शीर्ष-दो की जंग अब रोमांचक हो चली है। मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में (शाम साढ़े सात बजे से) लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में आरसीबी का काफी कुछ दांव पर लगा होगा। टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने तक प्रभावी प्रदर्शन किया था, लेकिन पिछले मैच में टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चोक कर गई और उन्हें 42 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसने टेबल टॉप करने की आरसीबी की उम्मीदों को झटका दिया। हालांकि, बाकी नतीजे आरसीबी के पक्ष में गए और अब उनके पास एक बार फिर टेबल टॉप करने का अवसर है। लखनऊ के खिलाफ जीत उन्हें शीर्ष दो में स्थान पक्का करने के लिए काफी होगी, लेकिन हार उन्हें एलिमिनेटन मैच में धकेल सकती है। लखनऊ की टीम अच्छे फॉर्म से आ रही है और होम ग्राउंड पर लखनऊ को हराना आसान नहीं होगा।
IPL Live Cricket Score, LSG vs RCB Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का आखिरी लीग मैच लखनऊ सुपर जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच लखनऊ में खेला जा रहा है। इस मैच में आरसीबी जीत के साथ शीर्ष-दो में रहकर सत्र का समापन करना चाहेगी।