फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs GT Highlights : लखनऊ ने गुजरात को 33 रनों से हराया, लगाई जीत की हैट्रिक, यश ने झटके पांच विकेट

Sun, 07 Apr 2024 11:21 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LSG vs GT Indian Premier League 2024 :  आईपीएल 2024 के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजाएंट्स का सामना गुजरात टाइटंस से हुआ। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में लखनऊ ने गुजरात को 33 रनों से हराया और इस सीजन अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की, वहीं गुजरात को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
लखनऊ सुपर जाइंट्स बनाम गुजरात टाइटंस लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:13 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : लखनऊ ने लगाई जीत की हैट्रिक

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने यश ठाकुर के पांच विकेट और क्रुणाल पांड्या के तीन विकेटों की मदद से गुजरात टाइटंस को 33 रनों से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। लखनऊ की गुजरात पर आईपीएल में यह पहली जीत है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और टीम ने मार्कस स्टोइनिस के 43 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 58 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 163 रन बनाए थे। जवाब में शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़े थे, लेकिन शुभमन के आउट होने के बाद टीम की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और टीम 18.5 ओवर में 130 रन पर ढेर हो गई। 

लखनऊ की टीम इस जीत के साथ अंक तालिका में छह अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि गुजरात टाइटंस की टीम पांच मैचों में दो जीत और तीन हार के साथ चार अंक लेकर सातवें स्थान पर है। 

11:09 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : तेवतिया पवेलियन लौटे

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाज राहुल तेवतिया भी पवेलियन लौट गए हैं। तेवतिया 25 गेंदों पर 30 रन बनाकर नौवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। लखनऊ के लिए यश ठाकुर ने मैच का चौथा विकेट लिया। 

11:06 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गुजरात को तेवतिया से उम्मीद

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने भले ही गुजरात टाइटंस की पारी लड़खड़ा दी है, लेकिन गुजरात को राहुल तेवतिया से उम्मीद है। गुजरात को अब जीत के लिए 12 गेंदों पर 44 रनों की जरूरत है और क्रीज पर तेवतिया 22 गेंदों पर 24 रन बनाकर मौजूद हैं। तेवतिया के साथ स्पेंसन जॉनसन खेल रहे हैं। 

विज्ञापन
10:54 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : उमेश यादव आउट

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है और टीम ने उमेश यादव के रूप में एक और विकेट गंवा दिया है। उमेश को नवीन उल हक ने आउट किया। उमेश चार गेंदों पर दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। गुजरात की तरफ से राहुल तेवतिया क्रीज पर मौजूद हैं और उनका साथ देने स्पेंसर जॉनसन आए हैं। 

10:46 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : राशिद खाता खोले बिना आउट

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है और उसने गुजरात टाइटंस की पारी पूरी तरह लड़खड़ा दी है। यश ठाकुर ने राशिद खान को खाता खोले बिना आउट कर गुजरात को सातवां झटका दिया है। गुजरात की टीम अबतक 100 रन भी पूरे नहीं कर सकी है। यह यश ठाकुर के इस मैच का तीसरा विकेट है। 

विज्ञापन
10:43 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : विजय शंकर पवेलियन लौटे

गुजरात टाइटंस को विजय शंकर के रूप में छठा झटका लगा है। विजय शंकर 17 गेंदों पर 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। विजय को यश ठाकुर ने अपना शिकार बनाया और विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। नए बल्लेबाज के रूप में राशिद खान उतरे हैं और उनके साथ राहुल तेवतिया क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:29 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : नालकंडे पवेलियन लौटे

क्रुणाल पांड्या ने दर्शन नालकंडे के रूप में गुजरात टाइटंस को पांचवां झटका दिया। नालकंडे 11 गेंदों पर 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गुजरात टाइटंस की पारी अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई है और उसने 80 रन पर पांच विकेट गंवा दिए हैं। क्रुणाल पांड्या ने मैच का अपना तीसरा विकेट हासिल किया। गुजरात को अभी जीत के लिए 46 गेंदों पर 84 रनों की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर विजय शंकर आठ रन और राहुल तेवतिया एक रन बनाकर खेल रहे हैं। 

10:15 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गुजरात की पारी लड़खड़ाई

क्रुणाल पांड्या ने गुजरात टाइटंस को एक और झटका देते हुए डेब्यू मैच खेलने वाले शरत बीआर को आउट कर दिया है। अच्छी शुरुआत के बाद गुजरात की पारी लड़खड़ा गई है और उसने महज सात रन के अंदर ही अपने चार विकेट गंवा दिए हैं। क्रुणाल ने इस मैच का अपना दूसरा विकेट लिया। फिलहाल विजय शंकर के साथ क्रीज पर दर्शन नालकंडे मौजूद हैं। 

10:12 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : साई सुदर्शन भी पवेलियन लौटे

लखनऊ सुपरजाएंट्स के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस की पारी लड़खड़ा दी है। कप्तान शुभमन गिल और केन विलियमसन के बाद सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन भी पवेलियन लौट गए हैं। सुदर्शन को क्रुणाल पांड्या ने आउट किया। सुदर्शन 23 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। गुजरात की टीम 58 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी है और क्रीज पर शरत बीआर और विजय शंकर मौजूद हैं। 

10:08 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : केन विलियमसन आउट

स्पिनर रवि बिश्नोई ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को दूसरी सफलता दिलाई है। इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे केन विलियमसन अपना विकेट गंवा बैठे हैं। विलियमसन पांच गेंदों पर एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। बिश्नोई ने अपनी ही गेंद पर विलियमसन का विकेट लिया और उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। 

10:00 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : शुभमन गिल आउट

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आउट हो गए हैं। लखनऊ सुपरजाएंट्स को यश ठाकुर ने पहली सफलता दिलाई। यश ने गिल को बोल्ड किया। गिल 21 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। पावरप्ले की समाप्ति तक गुजरात ने एक विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की थी जिसे यश ने तोड़ दिया है। 

09:52 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गिल और सुदर्शन ने दिलाई तेज शुरुआत

लखनऊ सुपरजाएंट्स द्वारा 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने गुजरात को तेज शुरुआत दिलाई है। पांच ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात ने बिना किसी नुकसान के 47 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 17 गेंदों पर 14 रन और साई सुदर्शन 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:38 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गुजरात की पारी शुरू

गुजरात टाइटंस की पारी शुरू हो चुकी है और कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से खेलते हुए दो ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए हैं। 

09:15 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गुजरात को 164 रनों का लक्ष्य

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने मार्कस स्टोइनिस के 43 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से खेली 58 रन की पारी तथा निकोलस पूरन के 22 गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से नाबाद 32 रन की पारी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट पर 163 रन बनाए। गुजरात टाइटंस के लिए उमेश यादव और दर्शन नालकंडे ने दो-दो विकेट झटके। लखनऊ के लिए कप्तान केएल राहुल 31 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए।

लखनऊ की धीमी बल्लेबाजी
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लखनऊ की पिच उम्मीद के अनुसार एक बार फिर धीमी दिखी। उमेश यादव ने पहले ही ओवर में क्विंटन डिकॉक को आउट कर लखनऊ को पहला झटका दिया। डिकॉक छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद उमेश ने अपने अगले ओवर में देवदत्त पडिक्कल को भी सस्ते में आउट किया जो सात गेंदों पर सात बनाकर आउट हुए। इस तरह लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 

राहुल-स्टोइनिस की सधी हुई पारी
शुरुआती झटके लगने के बाद लखनऊ के लिए राहुल और स्टोइनिस ने सधी हुई पारियां खेली। इस पिच पर दोनों बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिख रहे थे, लेकिन इन्होंने काफी देर तक गुजरात को सफलता प्राप्त नहीं की। इस दौरान बीच-बीच में स्टोइनिस ने हाथ खोले और रन गति तेज करने की कोशिश की, लेकिन राहुल बड़े शॉट खेलने से बचते दिखे। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी हुई जिसे दर्शन नालकंडे ने राहुल को आउट कर तोड़ा।

स्टोइनिस का अर्धशतक
लखनऊ के लिए मार्कस स्टोइनिस ने विपरीत परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। स्टोइनिस की इस पारी के दम पर ही लखनऊ 150 का स्कोर पार करने में सफल रहा। हालांकि स्टोइनिस अर्धशतक जड़ने के बाद नालकंडे का शिकार बने। स्टोइनिस के आउट होने के बाद आए आयुष बडोनी ने कुछ अच्छे शॉट खेले, लेकिन वह तेजी से रन बनाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। बडोनी ने 11 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 20 रन बनाए। इसके बाद निकोलस पूरन ने कुछ बेहतरीन शॉट खेले और लखनऊ को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया।

09:07 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : बडोनी हुए आउट

राशिद खान ने लखनऊ सुपरजाएंट्स को पांचवां झटका दिया है। आयुष बडोनी 11 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हो गए हैं। क्रीज पर निकोलस पूरन के साथ क्रुणाल पांड्या मौजूद हैं। निकोलस 15 गेंदों पर 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

09:00 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : गुजरात के गेंदबाजों ने कसा शिकंजा

लखनऊ सुपरजाएंट्स की पारी गुजरात टाइटंस के खिलाफ धीमी पड़ गई है। लखनऊ ने 17 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 126 रन बनाए हैं। क्रीज पर आयुष बडोनी छह गेंदों पर 10 रन और निकोलस पूरन 11 गेंदों पर सात रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:46 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : स्टोइनिस हुए आउट

दर्शन नालकंडे ने मार्कस स्टोइनिस की शानदार पारी पर विराम लगा दिया है। स्टोइनिस अर्धशतक लगाने के बाद अपने विकेट गंवा बैठे हैं। नालकंडे ने स्टोइनिस को कैच कराकर पवेलियन भेजा। स्टोइनिस 43 गेंदों पर 58 रन बनाकर आउट हुए। नालकंडे के इस मैच का यह दूसरा विकेट है। 15 ओवर की समाप्ति के बाद लखनऊ ने चार विकेट पर 114 रन बनाए हैं। फिलहाल क्रीज पर निकोलस पूरन चार गेंदों पर चार रन और आयुष बडोनी एक गेंद पर दो रन बनाकर मौजूद हैं। 

08:42 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : स्टोइनिस का पचासा

लखनऊ सुपरजाएंट्स के बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। स्टोइनिस ने 40 गेंदों पर अपना पचासा पूरा किया और वह अभी क्रीज पर मौजूद हैं।

08:34 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : केएल राहुल हुए आउट

गुजरात टाइटंस को दर्शन नालकंडे ने तीसरी सफलता दिलाई। कप्तान केएल राहुल भी आउट हो गए हैं। नालकंडे ने राहुल को पवेलियन भेजा। राहुल 31 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर मार्कस स्टोइनिस 34 गेंदों पर 41 रन बनाकर मौजूद हैं। उनका साथ देने नए बल्लेबाज के तौर पर निकोलस पूरन उतरे हैं। 

08:22 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : क्रीज पर टिके राहुल और स्टोइनिस

शुरुआती झटकों के बाद कप्तान केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर टिके हुए हैं। इन दोनों बल्लेबाजों की सधी हुई पारी से लखनऊ ने 10 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 25 गेंदों पर 28 रन और स्टोइनिस 24 गेंदों पर 29 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

08:06 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : शुरुआती झटकों से उबरा लखनऊ

कप्तान केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद लखनऊ सुपरजाएंट्स को उबारा। दोनों बल्लेबाज क्रीज पर टिके हुए हैं और दोनों ने मिलकर टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। गुजरात को पावरप्ले के दौरान तेज गेंदबाज उमेश यादव ने दो सफलता दिलाई थी। लखनऊ ने सात ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। 

07:59 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : राहुल-स्टोइनिस क्रीज पर

गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुरुआती झटकों के बाद कप्तान केएल राहुल और मार्कस स्टोइनिस ने लखनऊ को संभाला। दोनों खिलाड़ी क्रीज पर टिके हुए हैं। हालांकि गुजरात को तेज गेंदबाज उमेश यादव ने दो सफलता दिलाई। पावरप्ले की समाप्ति के बाद लखनऊ ने दो विकेट पर 47 रन बनाए हैं। फिलहाल राहुल 13 गेंदों पर 14 रन और स्टोइनिस 12 गेंदों पर 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

07:44 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : पडिक्कल भी पवेलियन लौटे

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लखनऊ सुपरजाएंट्स को दूसरा झटका दिया है। उमेश ने देवदत्त पडिक्कल को आउट कर टीम को एक और सफलता दिलाई। पडिक्कल सात गेंदों पर सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। इससे पहले, उमेश ने अपने पहले ओवर में डिकॉक को आउट किया था। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है, लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है। क्रीज पर केएल राहुल के साथ मार्कस स्टोइनिस नए बल्लेबाज के तौर पर उतरे हैं। 

07:33 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : डिकॉक हुए आउट

गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ शानदार शुरुआत की है। तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पहले ही ओवर में टीम को सफलता दिलाई। डिकॉक ने दूसरी गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन चौथी गेंद पर फिर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वह अपना विकेट गंवा बैठे। डिकॉक चार गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर देवदत्त पडिक्कल के साथ कप्तान केएल राहुल मौजूद हैं। 

07:31 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : लखनऊ की पारी शुरू

गुजरात टाइटंस के खिलाफ लखनऊ सुपरजाएंट्स की पारी हो चुकी है। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लखनऊ के लिए कप्तान राहुल के साथ क्विंटन डिकॉक बल्लेबाजी के लिए उतरे। गुजरात की ओर से तेज गेंदबाज उमेश यादव गेंदबाजी की शुरुआत करने आए और डिकॉक ने पारी की दूसरी ही गेंद पर छक्का जड़कर शानदार शुरुआत की। 

07:07 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), बीआर शरत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, विजय शंकर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, उमेश यादव, स्पेंसर जॉनसन, दर्शन नलकंडे, मोहित शर्मा। इंपैक्ट सबः केन विलियमसन, अभिनव मनोहर, मैथ्यू वेड, मानव सुथार, जयंत यादव

लखनऊ सुपरजाएंट्सः क्विंटन डिकॉक, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, क्रुणाल पांड्या, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, नवीन उल हक. मयंक यादव। इंपैक्ट सबः मणिमरन सिद्धार्थ, दीपक हुड्डा, अमित मिश्रा, युद्धवीर सिंह चरक, अरशद खान
 

07:02 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : लखनऊ की पहले बल्लेबाजी

लखनऊ सुपरजाएंट्स के कप्तान केएल राहुल ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। लखनऊ की टीम ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। गुजरात ने इस मैच के लिए टीम में कुछ परिवर्तन किए हैं। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा चोट के कारण इस मैच के लिए उपलब्धि नहीं होंगे। स्पेंसर जॉनसन की टीम में वापसी हुई है। वह ओमरजई की जगह टीम में शामिल किए गए हैं, जबकि गुजरात के लिए बीआर शरत डेब्यू करेंगे। 

06:37 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : मोहसिन खान का खेलना मुश्किल

पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में मोहसिन खान को पीठ और हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते देखा गया था। इस मुकाबले में उनकी वापसी मुश्किल मानी जा रही है। वहीं, डेविड मिलर की टीम में वापसी संभव है। पिछले मैच में वह पंजाब के खिलाफ खेलने से चूक गए थे। उनकी जगह केन विलियमसन को मौका दिया गया था।

06:35 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : विजयशंकर के बल्ले से नहीं निकल रहे रन

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों का मौजूदा टूर्नामेंट में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। विजयशंकर ने 13 के औसत के अब तक सिर्फ 40 रन बनाए हैं। आज के मैच में अगर वह विफल होते हैं तो अगले मैच में उनका खेलना मुश्किल है। 

06:34 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Live : रवि बिश्नोई की फॉर्म खराब

लखनऊ के गेंदबाज रवि बिश्नोई की फॉर्म आईपीएल के 17वें सीजन में कुछ खास नहीं रही है। 23 वर्षीय खिलाड़ी को अब तक सिर्फ एक विकेट मिला है। इसके बदले उन्होंने 96 रन लुटाए हैं। आज के मैच में टीम मैनेजमेंट की उन पर नजर होगी।

06:29 PM, 07-Apr-2024

LSG vs GT Highlights : लखनऊ ने गुजरात को 33 रनों से हराया, लगाई जीत की हैट्रिक, यश ने झटके पांच विकेट

IPL Live Cricket Score, LSG vs GT Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजाएंट्स का सामना गुजरात टाइटंस से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है। लखनऊ की कोशिश जहां इस मैच में जीत की हैट्रिक लगाने की होगी, वहीं पिछले मैच में हार का सामना करने वाली गुजरात की नजरें वापसी पर टिकी होंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें