फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs DC Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को आठ विकेट से हराया, राहुल और अभिषेक पोरेल ने जड़े अर्धशतक

Tue, 22 Apr 2025 10:53 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LSG vs DC Indian Premier League 2025: दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। दिल्ली के लिए जीत के हीरो अभिषेक पोरेल और केएल राहुल रहे। राहुल ने इस दौरान आईपीएल में सबसे तेजी से 5000 रन पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली। 
विज्ञापन
पोरेल और केएल राहुल - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:53 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली को मिली जीत

दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल अभिषेक पोरेल के अर्धशतकों से लखनऊ सुपर जाएंट्स को आठ विकेट से हराया। लखनऊ ने एडेन मार्करम के अर्धशतक के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन बनाए, जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में दो विकेट पर 161 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली के लिए राहुल ने 42 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 57 रन बनाए, जबकि पोरेल ने 36 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन की पारी खेली। दिल्ली ने इस सीजन लखनऊ के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले जीते। 

राहुल ने इसके साथ ही आईपीएल में 5000 रन भी पूरे कर लिए। वह सबसे कम पारियों में ऐसा करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल ने 130 पारियों में यह उपलब्धि पूरी की और डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया। वॉर्नर ने 135 पारियों में आईपीएल में 5000 रन पूरे किए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के करुण नायर के रूप में पहला झटका लगा जो नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद राहुल और पोरेल ने दिल्ली की पारी को आगे बढ़ाया और दूसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े। 

इस दौरान पोरेल ने इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक जड़ा। हालांकि, पचासा लगाने के बाद वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और मार्करम ने डेविड मिलर के हाथों कैच कराकर उन्हें पवेलियन भेजा। फिर क्रीज पर कप्तान अक्षर पटेल आए और उन्होंने राहुल के साथ साझेदारी निभाई। राहुल और अक्षर ने गियर बदला और तेजी से खेलना शुरू किया। राहुल ने 40 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और फिर प्रिंस यादव की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। दिल्ली के लिए अक्षर पटेल 20 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। राहुल और अक्षर के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की अविजित साझेदारी की। लखनऊ के लिए दोनों विकेट मार्करम को मिले। 

10:50 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: राहुल का अर्धशतक

दिल्ली के बल्लेबाज केएल राहुल ने 40 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। राहुल ने इसके साथ ही आईपीएल में 5000 रन भी पूरे कर लिए हैं। 

10:35 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 125 के पार

दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 125 रन के पार पहुंच गया है। दिल्ली ने 15 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 127 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
10:18 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली को दूसरा झटका

एडेन मार्करम ने दिल्ली कैपिटल्स को दूसरा दिया है। पोरेल अर्धशतक लगाकर आउट हो गए हैं जिससे उनकी केएल राहुल के साथ 69 रनों की साझेदारी भी टूट गई। पोरेल 36 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। दिल्ली ने 12 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 105 रन बनाए हैं। उसे अभी जीत के लिए 48 गेंदों पर 55 रन बनाने हैं। 

10:13 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: पोरेल का पचासा

दिल्ली कैपिटल्स सके सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने लखनऊ के खिलाफ 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। पोरेल का इस सीजन यह पहला पचासा है। पोरेल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई है। 

विज्ञापन
10:07 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 65 के पार

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली का स्कोर 65 रन के पार पहुंच गया है। दिल्ली ने नौ ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 69 रन बना लिए हैं। 

09:50 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली का स्कोर 50 के पार

लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। दिल्ली के लिए अभिषेक पोरेल के साथ केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली ने छह ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 54 रन बनाए हैं। 

09:37 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली को पहला झटका

दिल्ली कैपिटल्स को करुण नायर के रूप में पहला झटका लगा है। करुण नौ गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए। 

09:34 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली की तेज शुरुआत

लखनऊ के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने तेज शुरुआत की है और तीन ओवर की समाप्ति के बाद उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 28 रन हो गया है। दिल्ली की ओर से अभिषेक पोरेल और करुण नायर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

09:21 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली की पारी शुरू

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की पारी शुरू हो गई है। दिल्ली के लिए अभिषेक पोरेल के साथ करुण नायर उतरे हैं। लखनऊ ने दिल्ली के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा है। 

09:05 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ की पारी समाप्त

लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा है। दिल्ली ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन एडेन मार्करम और मिचेल मार्श ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी के टूटने के बाद लखनऊ की पारी लड़खड़ा गई और टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 159 रन ही बना सकी। लखनऊ के लिए मार्करम ने सबसे ज्यादा 33 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए, जबकि मार्श ने 36 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के के सहारे 45 रन बनाए। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए मार्श और मार्करम ने लखनऊ को मजबूत शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े। मार्करम ने इस दौरान 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया जो उनका इस सीजन चौथा पचासा है। दुशमंता चमीरा ने हालांकि, मार्करम को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। मार्करम के आउट होते ही लखनऊ की पारी लड़खड़ा गई और उसने 23 रन के अंतराल पर चार विकेट गंवा दिए। मार्करम के आउट होने के बाद मिचेल स्टार्क ने निकोलस पूरन को आउट किया जो नौ रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मुकेश कुमार ने अब्दुल समद को आउट किया जिन्होंने दो रन बनाए। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे मिचेल मार्श भी मुकेश कुमार का शिकार बने। फिर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे आयुष बडोनी ने डेविड मिलर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की, लेकिन मुकेश कुमार ने बडोनी को बोल्ड किया। बडोनी 21 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 36 रन बनाकर आउट हुए। दिलचस्प बात यह रही कि कप्तान ऋषभ पंत सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के उस वक्त उतरे जब लखनऊ की पारी समाप्त होने में दो गेंद शेष थी।

पंत इस मैच में भले ही दो गेंद खेलने उतरे, लेकिन खाता भी नहीं खोल सके और उन्हें मुकेश ने पारी की अंतिम गेंद पर बोल्ड किया। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि स्टार्क और चमीरा को एक-एक विकेट मिला। कुलदीप यादव इस मैच में एक भी सफलता हासिल नहीं कर सके। इस सीजन यह पहली बार हुआ जब कुलदीप खाली हाथ रहे। 

08:49 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ का स्कोर 125 के पार

लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर 125 के पार पहुंच गया है। दिल्ली ने इस मैच में अच्छी वापसी की है। क्रीज पर फिलहाल डेविड मिलर के साथ इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे आयुष बडोनी मौजूद हैं। लखनऊ ने 17 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 130 रन बना लिए है। 

08:35 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: मार्श पवेलियन लौटे

मुकेश कुमार ने लखनऊ को चौथा झटका देते हुए मिचेल मार्श को आउट किया जो अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। मार्श ने 36 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। लखनऊ ने 14 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 110 रन बना लिए हैं। 

08:30 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ को तीसरा झटका

मुकेश कुमार ने अब्दुल समद को आउट कर लखनऊ को तीसरा झटका दिया है। मार्श और मार्करम ने लखनऊ को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन लखनऊ ने 20 रन के अंतराल पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। समद आठ गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। 

08:20 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: पूरन पवेलियन लौटे

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने निकोलस पूरन को आउट कर लखनऊ को बड़ा झटका दिया। पूरन इस सीजन शानदार फॉर्म में रहे हैं, लेकिन स्टार्क ने उन्हें इस मैच में बड़ी पारी खेलने से रोका। पूरन पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से नौ रन बनाकर आउट हुए। 

08:13 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: मार्करम आउट हुए

दिल्ली कैपिटल्स को आखिरकार पहली सफलता मिली और दुशमंता चमीरा ने एडेन मार्करम को आउट किया। मार्करम और मिचेल मार्श के बीच अच्छी साझेदारी चल रही थी और दोनों ने 87 रन जोड़ लिए थे, लेकिन मार्करम के आउट होते ही दोनों के बीच यह साझेदारी टूट गई। मार्करम 33 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। लखनऊ ने 10 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 87 रन बनाए हैं। 

08:06 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: मार्करम का अर्धशतक

लखनऊ सुपर जाएंट्स के सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। मार्करम ने मिचेल मार्श के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है जिससे लखनऊ ने नौ ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 82 रन बना लिए हैं। 

07:53 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ का स्कोर 50 के पार

लखनऊ सुपर जाएंट्स का स्कोर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 50 रन के पार पहुंच गया है। एडेन मार्करम और मिचेल मार्श के बीच पहले विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी हो गई है। लखनऊ ने छह ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 51 रन बना लिए हैं। 

07:41 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ की सधी शुरुआत

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स ने सधी शुरुआत की है। लखनऊ का स्कोर तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 19 रन हो गया है। 

07:31 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ की पारी शुरू

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जाएंट्स की पारी शुरू हो गई है। लखनऊ के लिए एडेन मार्करम और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। 

07:07 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

लखनऊ सुपर जाएंट्स: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर और कप्तान), अब्दुल समद, डेविड मिलर, शार्दुल ठाकुर, दिग्वेश सिंह राठी, रवि बिश्नोई, आवेश खान, प्रिंस यादव। 
इम्पैक्ट प्लेयरः आयुष बडोनी, मयंक यादव, शाहबाज अहमद, मैथ्यू ब्रिट्कजे, हिम्मत सिंह। 

दिल्ली कैपिटल्सः अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, दुशमंता चमीरा, मुकेश कुमार। 
इम्पैक्ट प्लेयरः जैक फ्रेजर मैकगर्क, समीर रिज्वी, डोनोवान फेरेरा, माधव तिवारी, त्रिपुराना विजा। 

07:01 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: दिल्ली ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। दिल्ली ने इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है और मोहित शर्मा की जगह दुष्मंता चमीरा को मौका दिया है। लखनऊ ने इस मुकाबले के लिए एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है। 

06:53 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: लखनऊ पांचवें और दिल्ली दूसरे स्थान पर

लखनऊ की टीम फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसने अभी तक आठ में से पांच मैच जीते हैं और तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। लखनऊ ने अपने पिछले मैच में राजस्थान को दो रन के करीबी अंतर से हराया था। वहीं, वहीं, दिल्ली ने अब तक सात में से पांच मैच जीते हैं और दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली और लखनऊ दोनों के 10-10 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले में दिल्ली लखनऊ से ऊपर दूसरे स्थान पर है। आज के मैच में जीत से किसी एक टीम का प्लेऑफ का दावा मजबूत हो जाएगा।

06:25 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Live: राहुल और पंत पर होंगी नजरें

इस मैच में सभी की नजरें केएल राहुल और ऋषभ पंत पर होंगे, क्योंकि दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी पूर्व फ्रेंचाइजी के खिलाफ खेलेंगे। राहुल पिछले सीजन तक लखनऊ के और पंत पिछले सीजन तक दिल्ली के कप्तान थे। अब दोनों अपना दम दिखाना चाहेंगे। राहुल लखनऊ के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेले थे। ऐसे में वह लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका के सामने अपनी बल्लेबाजी का कौशल दिखाने के लिए बेताब होंगे। राहुल और गोयनका के बीच अनबन की खबरों ने पिछले सीजन खूब तूल पकड़ा था। इस साल ऑक्शन से पहले राहुल को लखनऊ ने रिलीज कर दिया था। वहीं, पंत और दिल्ली फ्रेंचाइजी के बीच भी अनबन की खबर आई थी।

06:21 PM, 22-Apr-2025

LSG vs DC Highlights: दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ को आठ विकेट से हराया, राहुल और अभिषेक पोरेल ने जड़े अर्धशतक

IPL Live Cricket Score, LSG vs DC Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज दिल्ली कैपिटल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से हो रहा है। इस मैच में ऋषभ पंत और केएल राहुल आमने-सामने होंगे जो अपनी पुरानी टीमों के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। दिल्ली को अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस से हार मिली और उसकी नजरें वापसी करने पर होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें