फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LLC Ten10 Final: चैंपियन टीम मुरादाबाद, डिप्टी CM मौर्य ने थमाई ट्रॉफी; शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ी भी सम्मानित

Sat, 22 Feb 2025 08:22 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

LLC ten 10 Final Live Cricket Score, Mathura Braj Warriors and Venkateshwara Lions : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अमर उजाला द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट लीग एलएलसीटेन-10 का फाइनल मुकाबला ब्रज वॉरियर्स और वेंकटेश्वरा लायंस के बीच खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कृष्णा गावली की टीम ने लायंस को 64 रन का लक्ष्य थमाया, जिसे वेंकटेश्वरा लायंस ने 9.1 ओवर में हासिल कर लिया।
विज्ञापन
वेंकटेश्वरा लायंस ने जीता खिताब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:16 PM, 22-Feb-2025
वेंकटेश्वरा लायंस ने जीता खिताब - फोटो : अमर उजाला

यूपी के डिप्टी सीएम ने दी विजेताओं को बधाई

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वेंकटेश्वरा लायंस के खिलाड़ियों को बधाई दी और ट्रॉफी थमाई।

07:38 PM, 22-Feb-2025

एलएलसीटेन-10 का खिताब वेंकटेश्वरा लायंस ने जीता

अमर उजाला द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट लीग एलएलसीटेन-10 का खिताब वेंकटेश्वरा लायंस ने जीत लिया। धर्मेंद्र कुमार यादव की अगुआई वाली टीम ने शनिवार को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। ब्रज वॉरियर्स की टीम ने खराब बल्लेबाजी करते हुए 8.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 63 रन बनाए। जवाब में वेंकटेश्वरा लायंस ने 9.1 ओवर में चार विकेट खोकर 67 रन बनाए और छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेंकटेश्वरा लायंस को शानू अलीगढ़ और प्रदीप यादव ने सधी हुई शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 13 रनों की साझेदारी हुई जिसे धीरज सिंह ने तोड़ा। उन्होंने प्रदीप को बोल्ड किया। वह छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद शानू को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कुमार गौरव का साथ मिला, लेकिन बशरत ने 30 के स्कोर पर टीम को लगातार दो झटके दिए। उन्होंने कुमार गौरव (11) और धर्मेंद्र (0) को अपना शिकार बनाया। फाइनल मैच में वसीक राजा ने 23 रन बनाए जबकि शानू अलीगढ़ 26 और हर्षित यादव एक रन बनाकर नाबाद रहे। ब्रज वॉरियर्स के लिए बशरत ने दो विकेट लिए जबकि धीरज सिंह और हर्ष यादव को एक-एक सफलता मिली।

07:15 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: 30 पर वेंकटेश्वरा लायंस ने गंवाए दो विकेट

वेंकटेश्वरा लायंस ने 30 के स्कोर पर लगातार दो विकेट गंवा दिए। बशरत ने कुमार गौरव (11) और धर्मेंद्र कुमार (0) को पवेलियन भेजा। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वसीक राजा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शानू क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
06:54 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: वेंकटेश्वरा लायंस का पहला विकेट गिरा

वेंकटेश्वरा लायंस को पहला झटका 13 रन के स्कोर पर लगा। धीरज सिंह ने प्रदीप यादव को बोल्ड किया और पवेलियन भेजा। वह छह रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कुमार गौरव राज उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए शानू अलीगढ़ क्रीज पर मौजूद हैं।

06:50 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: वेंकटेश्वरा लायंस की सधी शुरुआत

वेंकटेश्वरा लायंस की सधी शुरुआत हुई है। शानू अलीगढ़ और प्रदीप यादव के बीच दो ओवरों में 10 रनों की साझेदारी हुई है। ब्रज वॉरियर्स को विकेट की तलाश है।

विज्ञापन
06:39 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: वेंकटेश्वरा लायंस की पारी शुरू

वेंकटेश्वरा लायंस की पारी शुरू हो चुकी है। शानू अलीगढ़ और प्रदीप यादव क्रीज पर मौजूद हैं। 

06:33 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: ब्रज वॉरियर्स ने वेंकटेश्वरा लायंस को दिया 64 रन का लक्ष्य

निजाम मलिंगा और रोहित शर्मा की घातक गेंदबाजी की बदौलत वेंकटेश्वरा लायंस ने खिताबी मुकाबले में ब्रज वॉरियर्स को 8.5 ओवर में 63 पर ऑलआउट कर दिया। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में कृष्णा गावली टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उनके चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए जबकि चार खिलाड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। ब्रज की टीम के लिए कप्तान गावली ने सर्वाधिक 14 रन बनाए। उनके अलावा हर्ष यादव ने 13 और राहुल ठाकुर ने 11 रन बनाए। वहीं, वेंकटेश्वरा लायंस के लिए मलिंगा और रोहित ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि धर्मेंद्र यादव को दो सफलताएं मिलीं। इसके अलावा विशाल यादव को एक विकेट मिला।

06:27 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: नौवां विकेट गंवाया

ब्रज वॉरियर्स ने नौवां विकेट भी गंवा दिया। 

06:22 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: 50 पर गंवाया आठवां विकेट

ब्रज वॉरियर्स का आठवां विकेट भी गिर गया। रोहित शर्मा ने बशरत को कुमार गौरव के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल क्रीज पर वकार औऱ हर्ष मौजूद हैं।

06:17 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: 42 पर गंवाए दो और विकेट

ब्रज वॉरियर्स की हालत खराब नजर आ रही है। 42 के स्कोर पर उन्होंने छठा और सातवां विकेट भी गंवा दिया। फिलहाल क्रीज पर वकार और बशरत मौजूद हैं।

06:09 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: पांचवां विकेट गिरा

वेंकटेश्वरा लायंस के गेंदबाज सलमान ने ब्रज वॉरियर्स को पांचवां झटका 39 रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने हारिस मंसूरी को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल सके। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए बशरत हुसैन उतरे हैं। वहीं, कृष्णा गावली क्रीज पर डटे हैं।

06:02 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: चौथा विकेट गिरा

ब्रज वॉरियर्स को चौथा झटका पांचवें ओवर में विशाल यादव ने दिया। उन्होंने विकेटकीपर शानू के हाथों राहुल ठाकुर को कैच कराया। वह 11 गेंदों में 11 रन बना सके। छठे नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए हारिस मंसूरी उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कृष्णा गावली क्रीज पर मौजूद हैं।

05:46 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: ब्रज वॉरियर्स का तीसरा विकेट भी गिरा

ब्रज वॉरियर्स का तीसरा विकेट भी 14 रन के स्कोर पर गिर गया। रोहित शर्मा ने धीरज सिंह को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए धीरज ठाकुर उतरे हैं। वहीं, दूसरे छोर पर कृष्णा गावली डटे हुए हैं।

05:42 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: ब्रज वॉरियर्स को लगा दूसरा झटका

ब्रज वॉरियर्स को दूसरा झटका रोहित शर्मा ने दिया। उन्होंने प्रदीप यादव के हाथों जयदीप कुमार को कैच कराया। वह पांच गेंदों में छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर अब बल्लेबाजी के लिए धीरज सिंह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कृष्णा मौजूद हैं।

05:37 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: ब्रज वॉरियर्स को लगा पहला झटका

ब्रज वॉरियर्स को पहला झटका निजाम मलिंगा ने सात रन के स्कोर पर दिया। उन्होंने विक्रांत को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जयदीप उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कप्तान कृष्णा गावली क्रीज पर मौजूद हैं।

05:36 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: ब्रज वॉरियर्स की पारी शुरू

ब्रज वॉरियर्स की पारी शुरू हो चुकी है। कप्तान कृष्णा गावली और विक्रांत क्रीज पर मौजूद हैं।

05:33 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: वेंकटेश्वरा लायंस ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

वेंकटेश्वरा लायंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।

05:31 PM, 22-Feb-2025

यहां देखें फाइनल मुकाबला

05:28 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: मुरादाबाद ने एलिमिनेटर में सुपर स्ट्राइकर्स को हराया

सुपर स्ट्राइकर्स नोएडा ने 22 रन पर चार और 45 रन पर छह विकेट खो दिए। कप्तान विरुभा वघेला ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार छक्के जड़े। उन्होंने 18 गेंद में 30 रन बनाए, जिससे नोएडा ने नौ विकेट पर 74 रन बनाए। 75 रन का पीछा करते हुए मुरादाबाद ने 21 रन पर दो विकेट खो दिए, लेकिन गौरवराज ने गगन (7) के साथ 32 रन की साझेदारी कर संकट को टाला। गौरव ने 20 गेंद में दो चौकों और छक्के की मदद से 28 रन बनाए। वासिक रजा ने छह गेंद में दो छक्के लगाकर 15 रन बनाते हुए मुरादाबाद को जीत दिला दी। बलराम पांडे ने 17 रन पर तीन विकेट लिए।

05:28 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: मंसूरी के साथ कृष्णा ने जोड़े 53 रन

कृष्णा ने मथुरा को धमाकेदार शुरुआत दी। एक छोर से विकेट गिर गए, पर कृष्णा रन बनाते रहे। उन्होंने हारिस मंसूरी के साथ 53 रन की अटूट साझेदारी कर मथुरा को 7.2 ओवर में जीत दिला दी। कृष्णा और मंसूरी ने रोहित के ओवर में 4 छक्के जड़े। दोनों ने इस ओवर में 2-2 छक्के लगाए। मंसूरी 29 पर नावाद लौटे। विशाल ने 13 रन पर 2 विकेट लिए।

05:28 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: हर्ष, दीपांशु ने मुरादाबाद को 90 पर रोका

वेंकटेश्वरा पहले बल्लेबाजी करने उतरी। दूसरी ही गेंद पर धीरज सिंह ने कप्तान धर्मेंद्र यादव को आउट कर दिया। खतरनाक वासिक रजा (16) और शानू अलीगढ़ (6) भी जल्द आउट हो गए। कुमार गौरवराज और हर्षित यादव ने 32 रन जोड़े। दोनों ने 25-25 रन बनाए। इसके बाद हर्ष, बशरत वानी और दीपांशु बहुगुणा की गेंदबाजी के आगे मुरादाबाद 10 ओवर में नौ विकेट पर 90 रन ही बना पाया। हर्ष ने छह रन पर 2, दीपांशु ने 10 रन पर दो और बशरत ने 31 रन पर दो विकेट लिए।

05:27 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: कृष्णा गावली के अर्धशतक से मथुरा को मिली जीत

मथुरा की जीत के हीरो 22 गेंद में तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाने वाले उनके कप्तान कृष्णा गावली रहे। मैन ऑफ द मैच कृष्णा ने लीग में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। वहीं, मुरादाबाद को मैन ऑफ द मैच निजाम मलिंगा (2/5) की गेंदवाजी और गौरवराज (28) की बल्लेवाजी से नोएडा पर जीत मिली। व्यूरो

05:26 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: जावेद अली का कॉन्सर्ट, रैना ने आजमाए हाथ

शुक्रवार को मशहूर गायक जावेद अली ने भी एलएलसी टेन-10 के नॉकआउट मुकाबलों के बीच रंगारंग कार्यक्रम पेश किया और फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने 'श्रीवल्ली', 'नगाड़ा', 'तू जो मिला' और 'कुन फाया कुन' समेत कई सुपरहिट गाने गाए। भारत के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना भी एलिमिनेटर मैच के दौरान मौजूद रहे। एलिमिनेटर मुकाबले के दौरान रैना दोनों टीमों से मिले और बल्लेबाजी भी की। लीग के सफल आयोजन से खुश रैना ने कहा, 'टेनिस बॉल लोग ऐसे लोगों के लिए है जो मैदान से दूर हो गए हैं और फोन पर लगे रहते हैं। टेनिस बॉल क्रिकेट फिट रहने का बड़ा जरिया है।'

05:26 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final Live: मथुरा ब्रज वॉरियर्स और वेंकटेश्वरा लॉयंस के बीच फाइनल

एलएलसीटेन 10 का पहला चैंपियन कौन होगा, इसका फैसला मथुरा ब्रज वॉरियर्स और वेंकटेश्वरा लॉयंस मुरादाबाद के बीच शनिवार को लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होने वाली खिताबी भिड़ंत में हो जाएगा। लीग में अब तक अजेय मथुरा ब्रज वॉरियर्स ने क्वालिफायर में वेंकटेश्वरा को सात विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, क्वालिफायर में हारने के बावजूद वेंकटेश्वरा लॉयंस ने एलिमिनेटर में सुपर स्ट्राइकर्स नोएडा को 10 गेंद शेष रहते छह विकेट से परास्त कर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। आज कैलाश खेर भी अपने बैंड के साथ केडी सिंह बाबू स्टेडियम में समां बांधेंगे। 

05:09 PM, 22-Feb-2025

LLC Ten10 Final: चैंपियन टीम मुरादाबाद, डिप्टी CM मौर्य ने थमाई ट्रॉफी; शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ी भी सम्मानित

LLC ten 10 Final Live Cricket Score, Mathura Braj Warriors and Venkateshwara Lions : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अमर उजाला द्वारा आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट लीग एलएलसीटेन-10 का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। आज इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला ब्रज वॉरियर्स और वेंकटेश्वरा लायंस के बीच खेला जाएगा। कुछ ही देर में खिताबी मुकाबले का टॉस होगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें