वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती की घातक गेंदबाजी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 120 पर रोककर 80 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह हैदराबाद की आईपीएल में सबसे बड़ी हार है। गुरुवार को कोलकाता के ईडेन गार्डंस में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 200 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद 16.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। इस तरह केकेआर ने एक बार फिर हैदराबाद को पटखनी दी। इससे पहले कोलकाता ने हैदराबाद को हराकर आईपीएल 2024 का खिताब जीता था।
पैट कमिंस के नेतृत्व वाली टीम ने इस सत्र की शुरुआत जीत के साथ की थी। उन्होंने अपने पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स को 44 रन से हराया था। इसके बाद उन्हें लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता से मिली हार के बाद सनराइजर्स अंक तालिका में 10वें पायदान पर पहुंच गई। उनका नेट रन रेट -1.612 हो गया। वहीं, केकेआर चार मैचों में दो जीत के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई। उनके खाते में चार अंक और नेट रन रेट 0.070 का हो गया है।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उनकी तरह से हेनरिक क्लासेन ने सर्वाधिक 33 रनों की पारी खेली। उनके अलावा कामिंदु मेंडिस ने 27, नीतीश कुमार रेड्डी ने 19 और पैट कमिंस ने 14 रन बनाए। वहीं, छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा और वरुण चक्रवर्ती ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि आंद्रे रसेल ने दो विकेट चटकाए। इसके अलावा हर्षित राणा और सुनील नरेन को एक-एक सफलता मिली।
हैदराबाद को छठा झटका अनिकेत वर्मा के रूप में लगा। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ छह रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए पैट कमिंस आए हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 80/6 है।
हैदराबाद को पांचवां झटका सुनील नरेन ने दिया। उन्होंने कामिंदु मेंडिस को अपना शिकार बनाया। वह 27 रन बना सके। अब क्लासेन का साथ देने के लिए अनिकेत वर्मा उतरे हैं।
हैदराबाद की इस मैच में खराब शुरुआत हुई है। ट्रेविस हेड चार, अभिषेक शर्मा दो और ईशान किशन भी दो रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल क्रीज पर नितीश कुमार रेड्डी और कामिंदु मेंडिस मौजूद हैं। पांच ओवर के बाद स्कोर 29/3 है।
हैदराबाद को पहले ओवर में ही झटका लगा है। वैभव अरोड़ा ने ट्रेविस हेड को अपना शिकार बना लिया है। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए ईशान किशन उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए अभिषेक शर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी की अर्धशतकीय साझेदारी तथा वेंकटेश अय्यर की 60 रनों की दमदार पारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 201 रन का लक्ष्य रखा है। हैदराबाद के लिए मोहम्मद शमी, पैट कमिंस, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल और कामिंदु मेंडिस ने एक-एक विकेट झटका।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत झटके के साथ हुई। पावरप्ले में टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। पैट कमिंस ने क्विंटन डिकॉक (1) को जीशान अंसारी को कैच कराया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने सुनील नरेन (7) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद मोर्चा कप्तान अजिंक्य रहाणे ने संभाला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए अंगकृष रघुवंशी के साथ 81 रनों की साझेदारी की।
रहाणे 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए जबकि रघवंशी ने 32 गेंदों में अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद कोलकाता के लिए वेंकटेश अय्यर संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने महज 25 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टीम का स्कोर 200 के करीब पहुंचा दिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आए। उपकप्तान ने 206.89 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 60 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने हर्षल पटेल ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर अनिकेत वर्मा के हाथों कैच कराया। वहीं, रिंकू सिंह 32 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि आंद्रे रसेल एक रन बनाकर रनआउट हो गए।
वेंकटेश अय्यर ने महज 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। वह रिंकू सिंह के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 19 ओवर के बाद स्कोर 187/4 है।
वेंकटेश अय्यर-रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और 60 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 18 ओवर के बाद स्कोर 166/4 है।
कोलकाता को चौथा झटका कामिंदु मेंडिस ने दिया। उन्होंने अंगकृष रघुवंशी को अपना शिकार बनाया। वह 32 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए वेंकटेश अय्यर मौजूद हैं।
कोलकाता को तीसरा झटका लगा कप्तान अजिंक्य रहाणे के रूप में लगा। उन्हें जीशान अंसारी ने अपना शिकार बनाया। वह 27 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए। अब अंगकृष रघुवंशी का साथ देने वेंकटेश अय्यर उतरे हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 97/3 है।
इस मैच में कोलकाता की शुरुआत झटके के साथ हुई। 14 पर उनका पहला विकेट पैट कमिंस के रूप में गिरा। पैट कमिंस ने क्विंटन डिकॉक (1) को जीशान अंसारी के हाथों कैच कराया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने सुनील नरेन को कैच आउट कराया। वह सिर्फ सात रन बना सके। फिलहाल अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी क्रीज पर मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 53/2 है।
कोलकाता को दूसरा झटका मोहम्मद शमी ने दिया। उन्होंने सुनील नरेन को हेनरिक क्लासेन के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ सात रन बना सके। अब रहाणे का साथ देने के लिए अंगकृष रघुवंशी उतरे हैं।
कोलकाता को पहला झटका पैट कमिंस ने दिया। उन्होंने क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ एक रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं। दो ओवर के बाद स्कोर 14/1 है।
कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। क्विंटन डिकॉक और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं। मोहम्मद शमी पारी का पहला ओवर डाल रहे हैं।
स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह आज अपने आईपीएल करियर का 50वां मैच खेल रहे हैं। इस मुकाबले से पहले उन्हें कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टीशर्ट भेंट की।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), कामिंडु मेंडिस, सिमरजीत सिंह, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी, जीशान अंसारी।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: अभिनव मनोहर, जयदेव उनादकट, ट्रेविस हेड, राहुल चाहर, वियान मुल्डर।
कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मोइन अली, आंद्रे रसेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, रमनदीप सिंह।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय, रोवमैन पॉवेल लवनीथ सिसोदिया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान पैट कमिंस ने बताया कि इस मैच में उन्होंने प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। कामिंदु मेंडिस आज डेब्यू कर रहे हैं जबकि सिमरजीत सिंह की वापसी हुई है। वहीं, कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अंतिम एकादश में स्पेंसर जॉनसन की जगह मोईन अली को मौका दिया है।
कोलकाता नाइट राइडर्स: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले मैच में आईपीएल का दूसरा बड़ा स्कोर 286 रन बनाए थे, लेकिन पिछले दो मैचों में यह टीम 200 रन भी नहीं बना पाई है। अभिषेक शर्मा ओपनिंग में नहीं चले हैं। उनकी बेहद आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति भी पुख्ता साबित नहीं हुई है। पिछले दो मैचों में उसे लखनऊ और दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार मिली। कमिंस की टीम को पिछले आईपीएल फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करने के लिये अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा। उम्मीद की जा रही है कि ईडन गार्डेन की पिच पर कमिंस और शमी खतरनाक हो सकते हैं। शमी ने अब तक इस आईपीएल में प्रभावित नहीं किया है।
पिछले सत्र में केकेआर ने सिर्फ तीन मैच गंवाए थे। अब फोकस एक बार फिर ईडन गार्डेन की पिच पर होगा। आरसीबी से सात विकेट से मिली हार के बाद पिच की काफी आलोचना हुई है। बंगाल क्रिकेट संघ पर दबाव है कि स्पिनरों से भरी केकेआर की टीम के अनुकूल पिच बनाई जाए। केकेआर के पास सुनील नरेन, मोइन अली और वरुण चक्रवर्ती जैसे धुरंधर स्पिनर हैं।
गुरुवार को दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो उनकी निगाहें वापस जीत की पटरी पर आने की होंगी। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सत्र के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार के बाद कहा था कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन तीन मैचों में दो हार के बाद उनकी टीम का मनोबल कुछ गिरा होगा। खासतौर पर मुंबई के खिलाफ मिली करारी हार ने उन्हें अंदर से हिलाया होगा।
सितारों की मौजूदगी के बावजूद कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल- 18 में शुरुआत संतोषजनक नहीं रही है। दोनों ही टीमों ने अब तक तीन-तीन मैच खेले हैं। इनमें उन्हें दो में हार मिली है और एक मैच जीता है। दोनों ही टीमें बीते वर्ष आईपीएल का फाइनल खेली थीं, जहां कोलकाता को जीत मिली थीं।
IPL Live Cricket Score, KKR vs SRH Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2025 का रोमांच जारी है। 18वें सत्र का 15वां मुकाबला आज गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें जीत की पटरी पर लौटने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।