आईपीएल 2024 का 31वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी गेंद पर जीत लिया। जोस बटलर ने शतकीय पारी के साथ टीम को छठी जीत दिलाई। अंक तालिका में राजस्थान 12 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है जबकि कोलकाता आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट खोकर 223 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 224 रन बनाए और दो विकेट से मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत धीमी हुई थी। टीम को पहला झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा जो 19 रन बनाने में कामयाब हुए। इसके बाद संजू सैमसन और जोस बटलर के बीच दूसरे विकेट के लिए 25 रन की साझेदारी हुई। कप्तान सिर्फ 12 रन बना सके। इसके रियान पराग बल्लेबाजी के लिए आए जिन्होंने 34 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और दो छक्के निकले। इस मैच में राजस्थान के बल्लेबाजी क्रम को कोलकाता के गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया। ध्रुव जुरेल ने दो, रविचंद्रन अश्विन ने आठ शिमरोन हेटमाय ने शून्य, रोवमैन पॉवेल ने 26 और ट्रेंट बोल्ट ने शून्य रन बनाए।
बटलर ने 19वें ओवर में पलटा पासा
जोस बटलर ने पारी के 19वें ओवर में मैच का पासा राजस्थान की तरफ पलट दिया। उन्होंने हर्षित राणा के आखिरी ओवर में 19 रन बटोरे। इस दौरान इंग्लिश बल्लेबाज ने दो छक्के और एक चौका लगाया। 20वें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने अपना शतक पूरा किया। यह आईपीएल 2024 का उनका दूसरा शतक है। इससे पहले बटलर ने बेंगलुरु के खिलाफ जोरदार शतक जड़कर टीम को जीत दिलाई थी। बटलर ने इस मुकाबले में 60 गेंदों का सामना किया और 107 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनके बल्ले से नौ चौके और छह छक्के निकले।
बटलर ने गेल को पीछे छोड़ा
बटलर इसी के साथ वह क्रिस गेल को पछाड़कर आईपीएल में दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। बटलर के अब सात शतक हो गए हैं जबकि गेल ने आईपीएल में छह शतक लगाए हैं। वहीं, विराट कोहली आठ शतकों के साथ शीर्ष पर बरकरार हैं।
राजस्थान के बल्लेबाजों को कोलकाता के गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ संघर्ष करते देखा जा रहा है। टीम को एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर जोस बटलर और रोवमैन पॉवेल मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 21 गेंदों में 41 रन की जरूरत है।
राजस्थान की पारी का 13वां ओवर फेंक रहे वरुण चक्रवर्ती घातक गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर दो बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। पहले स्पिनर ने अश्विन को आउट किया, इसके बाद अगली ही गेंद पर शिमरोन हेटमायर को कैच आउट कराया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
राजस्थान का चौथा विकेट भी गिर गया। सुनील नरेन ने ध्रुव जुरेल को आते ही पवेलियन भेज दिया। वह सिर्फ दो रन बना सके। राजस्थान का बल्लेबाजी क्रम अब तक कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया। है। टीम को संघर्ष करते देखा जा रहा है। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रविचंद्रन अश्विन उतरे हैं। वहीं, उनका साथ देने के लिए जोस बटलर मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 68 गेंदों में 123 रनों की जरूरत है।
राजस्थान को तीसरा झटका रियान पराग के रूप में लगा। उन्हें हर्षित राणा ने अपना शिकार बनाया। बल्लेबाज ने इस मैच में 242.85 के स्ट्राइक रेट से 34 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। तीसरे विकेट के लिए बटलर और रियान के बीच 50 रन की साझेदारी हुई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए ध्रुव जुरेल उतरे हैं।
राजस्थान की पारी का पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है। टीम का स्कोर 76/2 है। यशस्वी जायसवाल 19 और संजू सैमसन 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फिलहाल जोस बटलर 21 रन और रियान पराग 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। टीम को जीत के लिए 81 गेंदों में 141 रनों की जरूरत है।
राजस्थान को दूसरा झटका 47 रन के स्कोर पर लगा। हर्षित राणा ने कप्तान संजू सैमसन को शिकार बनाया। उन्होंने आठ गेंदों में 12 रन बनाए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रियान पराग उतरे हैं।
राजस्थान को पहला झटका यशस्वी जायसवाल को रूप में लगा। उन्हें वैभव अरोड़ा ने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर वेंकटेश अय्यर के हाथों कैच कराया। सलामी बल्लेबाज तीन चौके और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाने में कामयाब हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन उतरे हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 23/1 है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने राजस्थान के खिलाफ सुनील नरेन की तूफानी पारी के बदौलत 20 ओवर में छह विकेट खोकर 223 रन बनाए। इस मैच में केकेआर की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। सलामी बल्लेबाजी के लिए आए फिल सॉल्ट सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें आवेश खान ने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर निशाना बनाया। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अंगकृष रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए नरेन के साथ 85 रन की साझेदारी निभाई। युवा बल्लेबाज ने राजस्थान के खिलाफ पांच चौकों की मदद से 30 रन बनाए। इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर ने 11, आंद्रे रसेल ने 13 और वेंकटेश अय्यर ने आठ रन बनाए।
इस मैच में सुनील नरेन ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने करियर का पहला शतक लगाया। यह उनके आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है। स्टार ऑलराउंडर ने 56 गेंदों में 13 चौकों और छह छक्कों की मदद से 109 रन बनाए। उन्हों ट्रेंट बोल्ट ने 18वें ओवर में बोल्ड किया। इस मैच में रिंकू सिंह 20 और रमनदीप सिंह एक रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान के लिए आवेश खान और कुलदीप सेन ने दो-दो विकेट चटकाए जबकि ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।
कोलकाता को पांचवां झटका ट्रेंट बोल्ट ने दिया। उन्होंने सुनील नरेन को शिकार बनाया। वह शतकीय पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान नरेन ने 56 गेंदों का सामना किया और 109 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 चौके और छह छक्के निकले। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वेंकटेश अय्यर आए हैं।
कोलकाता को चौथा झटका आंद्रे रसेल के रूप में लगा। वह 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आवेश खान ने ध्रुव जुरेल के हाथों कैच आउट कराया। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह उतरे हैं। वहीं, सुनील नरेन 104 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 17 ओवर के बाद टीम का स्कोर 191/4 है।
सुनील नरेन ने 49 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक लगाया। यह उनके टी20 करियर का भी पहला शतक है। 16 ओवर के बाद टीम का स्कोर 184/3 है।
कोलकाता को तीसरा झटका युजवेंद्र चहल ने दिया। उन्होंने श्रेयस अय्यर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। कप्तान इस मैच में अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे थे। अपनी छोटी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आंद्रे रसेल उतरे हैं। 13 ओवर के बाद टीम का स्कोर 133/3 है।
कोलकाता को दूसरा झटका कुलदीप सेन ने दिया। उन्होंने अंगकृष रघुवंशी को 106 रन के स्कोर पर आउट किया। युवा बल्लेबाज ने सुनील नरेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी निभाई। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए श्रेयस अय्यर उतरे हैं।
सुनील नरेन ने अपने टी20 करियर का 16वां अर्धशतक लगाया है। उन्होंने मात्र 30 गेंदों का सामना किया और पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से पचासा लगाया। 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 100/1 है।
पॉवरप्ले समाप्त हो चुका है, छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 56/1 है। टीम को पहला झटका फिल सॉल्ट के रूप में लगा जो सिर्फ 10 रन बना सके। फिलहाल क्रीज पर सुनील नरेन और अंगकृष रघुवंशी क्रीज पर मौजूद हैं।
कोलकाता नाइट राइर्स को पहला झटका आवेश खान ने दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को 21 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। गेंदबाज ने हैरतंगेज कैच पकड़कर सलामी बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। वह सिर्फ 10 रन बना सके। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अंगकृष रघुवंशी उतरे हैं।
फिल सॉल्ट और सुनील नरेन इस मैच में कोलकाता को अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए कोशिश करते दिख रहे हैं। तीन ओवर के बाद दोनों के बीच टीम का स्कोर 20/0 है।
कोलकाता की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए सुनील नरेन और फिल सॉल्ट उतरे हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट फेंक रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जयसवाल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, कुलदीप सेन, युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: जोस बटलर, कोहलर-कैडमोर, शुभम दुबे, नवदीप सैनी, नांद्रे बर्गर।
कोलकाता नाइट राइडर्स : फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा। इम्पैक्ट सब: सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, रहमानुल्लाह गुरबाज, वैभव अरोड़ा।
राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। संजू सैमसन ने बताया कि इस मैच में जोस बटलर और रविचंद्रन अश्विन की वापसी हुई है। वहीं, कोलकाता बिना बदलाव के इस मुकाबले में खेलती नजर आएगी। कोलकाता की प्लेइंग 11 में चार विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें फिल सॉल्ट, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल और मिचेल स्टार्क शामिल हैं। वहीं, राजस्थान की तरफ से शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल और ट्रेंट बोल्ट बतौर विदेशी खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।
वहीं, दोनों टीमें कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में 10 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से छह मैच केकेआर ने और तीन मैच आरआर ने जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैचों में राजस्थान ने तीन और कोलकाता ने दो मैच जीते हैं। टीम न्यूज की बात करें तो कोलकाता टीम के उपकप्तान नीतीश राणा कुछ समय पहले ही फिट घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन पिछले दो मैच से नहीं खेले हैं। इसके अलावा केकेआर की टीम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
वहीं, राजस्थान के लिए पिछले मैच में आर अश्विन, जोस बटलर, संदीप शर्मा और नांद्रे बर्गर नहीं खेले थे। इनमें से अश्विन की वापसी तय है। उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी में लंबा वक्त बिताया। वहीं, जोस बटलर की फिटनेस पर भी सवालिया निशान हैं। अगर वह नहीं खेलते हैं तो टॉम कोहलर कैडमोर को भी मौका मिल सकता है। या फिर यशस्वी जायसवाल के साथ ध्रुव जुरेल को ओपनिंग दी जा सकती है।
राजस्थान ने अब तक छह में से पांच मुकाबले जीते हैं और सिर्फ गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, कोलकाता की टीम पांच में से चार मुकाबले जीत चुकी है और सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। दोनों टीमों के बीच हेड टु हेड रिकॉर्ड की बात करें तो कोलकाता और राजस्थान के बीच अब तक कुल 28 मैच खेले गए हैं। इसमें से केकेआर ने 14 और राजस्थान ने 13 मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। यानी दोनों टीमों के बीच अब तक कांटे की टक्कर देखने को मिली है। फैंस इस मैच में भी यही उम्मीद कर रहे होंगे।
आईपीएल 2024 में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से है। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, क्योंकि यह लड़ाई नंबर-एक बनने को लेकर है। राजस्थान की टीम फिलहाल अंक तालिका में नंबर एक है। उसके छह मैचों के बाद 10 अंक हैं। वहीं, कोलकाता की टीम के आठ अंक हैं। सैमसन की टीम अगर जीत हासिल करती है तो नंबर एक बनी रहेगी, वहीं अगर श्रेयस अय्यर की कोलकाता टीम जीती तो सीधे अंक तालिका में नंबर एक बन जाएगी। इस स्थिति में दोनों के अंक समान हो जाएंगे, लेकिन केकेआर नेट रन रेट के मामले में राजस्थान से आगे निकल जाएगी।