फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

KKR vs PBKS: पंजाब ने IPL और T20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया, कोलकाता के खिलाफ 18.4 ओवर में बनाए 262 रन

Fri, 26 Apr 2024 11:30 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

KKR vs PBKS Indian Premier League 2024 Highlights: आईपीएल 2024 के 42वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से हुआ। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला गया। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 261 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.4 ओवर में लक्ष्य का पीछा कर लिया।

मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

रिकॉर्ड्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
विज्ञापन
जॉनी बेयरस्टो और शशांक सिंह - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:18 PM, 26-Apr-2024

पंजाब का रिकॉर्ड चेज

पंजाब किंग्स ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने न सिर्फ आईपीएल के 17 सीजन के इतिहास का बल्कि टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया है। पंजाब ने 262 रन के लक्ष्य को मात्र 18.4 ओवर में चेज कर लिया। यानी आखिर में आठ गेंद बाकी रह गए। 262 रन आईपीएल इतिहास का सबसे सफल चेज है। इससे पहले आईपीएल 2020 में राजस्थान ने पंजाब के खिलाफ 224 रन चेज किए थे। पंजाब के लिए जीत के हीरो जॉनी बेयरस्टो, शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह रहे। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 261 रन बनाए थे। फिल सॉल्ट ने 37 गेंद में 75 रन और सुनील नरेन ने 32 गेंद में 71 रन की पारी खेली। जवाब में प्रभसिमरन सिंह ने 20 गेंद में 54 रन की पारी खेल पंजाब को तूफानी शुरुआत दिलाई। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो ने 48 गेंद में 108 रन और शशांक सिंह ने 28 गेंद में 68 रन की नाबाद पारी खेल पंजाब को जीत दिलाई। इस मैच में 42 छक्के लगे, जो कि आईपीएल इतिहास के किसी मैच में सबसे ज्यादा हैं।

इस जीत के साथ पंजाब की टीम नौ मैचों में तीन जीत और छह हार के साथ छह अंक लेकर आठवें स्थान पर आ गई है। वहीं, कोलकाता की टीम दूसरे स्थान पर बरकरार है। उसके आठ मैचों के बाद पांच और तीन हार के साथ 10 अंक हैं। पंजाब को अगला मैच एक मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है। वहीं कोलकाता को 29 अप्रैल को दिल्ली के खिलाफ ईडन गार्डेन्स में ही खेलना है। 

10:59 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: बेयरस्टो का शतक

जॉनी बेयरस्टो ने 45 गेंद में शतक पूरा किया है। यह उनके आईपीएल करियर की दूसरी सेंचुरी है। उन्होंने पांच साल बाद इस लीग में शतक लगाया। पिछली बार उन्होंने 2019 में शतक लगाया था। तब वह सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में थे। पंजाब को 24 गेंद में 52 रन की जरूरत है। उन्होंने 16 ओवर में दो विकेट गंवाकर 210 रन बना लिए हैं। पंजाब आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े चेज की ओर अग्रसर है।

10:55 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: बेयरस्टो शतक के करीब

15 ओवर के बाद पंजाब ने दो विकेट पर 201 रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए 30 गेंद में 61 रन की जरूरत है। जॉनी बेयरस्टो अपने दूसरे आईपीएल शतक से तीन रन दूर हैं। वह 97 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, शशांक सिंह 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
10:41 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पंजाब को दूसरा झटका

पंजाब को 178 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। राइली रूसो 16 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो के साथ 39 गेंद में 85 रन की साझेदारी की। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो शतक के करीब हैं। उनका साथ निभाने शशांक सिंह आए हैं। 13 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर दो विकेट पर 179 रन है। बेयरस्टो 93 रन बनाकर क्रीज पर हैं। पंजाब को अब 42 गेंद में 83 रन की जरूरत है।

10:22 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: बेयरस्टो का अर्धशतक

जॉनी बेयरस्टो ने 23 गेंद पर आईपीएल करियर का 10वां अर्धशतक लगाया। यह इस सीजन उनका पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। फिलहाल बेयरस्टो 28 गेंद में 57 रन और राइली रूसो 12 गेंद में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 10 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 132 रन है। पंजाब को अब 60 गेंद में 130 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:12 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पंजाब को पहला झटका

छठे ओवर में पंजाब को पहला झटका लगा। रन चुराने के चक्कर में प्रभसिमरन सिंह रन आउट हो गए। वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन विकेट गंवाना पड़ा। प्रभसिमरन ने 20 गेंद में 54 रन की पारी खेली। उन्होंने चार चौके और पांच छक्के लगाए। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो और राइली रूसो क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 94 रन है।

09:55 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पंजाब की तेज शुरुआत

पंजाब ने तीन ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉनी बेयरस्टो छह रन और प्रभसिमरन सिंह 13 गेंद में 36 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंजाब ने तीसरे ओवर में 23 रन बटोरे।

09:43 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पंजाब की पारी शुरू

पंजाब की पारी की शुरुआत हो चुकी है। कोलकाता ने 262 रन का लक्ष्य दिया है। प्रभसिमरन सिंह और जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर हैं। दोनों को टीम को अच्छी शुरुआत देने की जरूरत है। कोलकाता के लिए दुष्मंथा चमीरा ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद पंजाब का स्कोर बिना किसी विकेट के आठ रन है।

09:24 PM, 26-Apr-2024

कोलकाता ने 261 रन बनाए

कोलकाता नाइट राइडर्स ने पंजाब किंग्स के सामने 262 रन का विशाल लक्ष्य रखा है। कोलकाता ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 261 रन बनाए। यह ईडन गार्डेन्स में किसी टीम द्वारा आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स ने नाइट राइडर्स के खिलाफ 235 रन बनाए थे। 

कोलकाता की ओर से फिल सॉल्ट ने 37 गेंद में छह चौके और छह छक्के की मदद से 75 रन और सुनील नरेन ने 32 गेंद में नौ चौके और चार छक्के की मदद से 71 रन की पारी खेली। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 62 गेंद में 138 रन की साझेदारी की। नरेन ने आईपीएल करियर का छठा और सॉल्ट ने आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक लगाया। इन दोनों के आउट होने के बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। एक वक्त कोलकाता का प्रोजेक्टेड स्कोर 280+ रन का था, लेकिन टीम 261 रन ही बना सकी। वेंकटेश अय्यर 23 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आंद्रे रसेल ने 12 गेंद पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन की पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 10 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 28 रन बनाए। रिंकू सिंह पांच रन बनाकर आउट हुए। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, सैम करन, हर्षल पटेल और राहुल चाहर को एक-एक विकेट मिला। हर्षल पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं।

09:13 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: कप्तान श्रेयस आउट

19वें ओवर में 246 के स्कोर पर कोलकाता को चौथा झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने कप्तान श्रेयस अय्यर को कगिसो रबाडा के हाथों कैच कराया। वह 10 गेंद में एक चौका और तीन छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल वेंकटेश अय्यर और रिंकू सिंह क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट 249 रन है।

09:01 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: रसेल भी आउट

16वें ओवर में 203 के स्कोर पर कोलकाता को तीसरा झटका लगा। आंद्रे रसेल को शॉर्ट बॉल पर अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। रसेल 12 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल वेंकटेश अय्यर और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं।

08:41 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: फिल सॉल्ट भी पवेलियन लौटे

13वें ओवर में 163 के स्कोर पर कोलकाता को दूसरा झटका लगा। शुरुआती दो गेंद पर दो छक्के खाने के बाद सैम करन ने ओवर की तीसरी गेंद पर करन ने सॉल्ट को क्लीन बोल्ड किया। सॉल्ट ने 37 गेंद में 75 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने छह चौके और छह छक्के लगाए। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर दो विकेट पर 169 रन है। फिलहाल आंद्रे रसेल और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं।

08:30 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: सुनील नरेन आउट

11वें ओवर में 138 के स्कोर पर कोलकाता को पहला झटका लगा। राहुल चाहर ने सुनील नरेन को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। वह 32 गेंद में 71 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। फिलहाल फिल सॉल्ट और वेंकटेश अय्यर क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 144 रन है।

08:20 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: सॉल्ट का अर्धशतक

कोलकाता ने नौ ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। नरेन 27 गेंद में 60 रन और सॉल्ट 27 गेंद में 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सॉल्ट ने 25 गेंद पर आईपीएल करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया। यह इस सीजन उनका तीसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले नरेन ने अर्धशतक जड़ा था। कोलकाता को यह दोनों शानदार शुरुआत दिला चुके हैं।

08:12 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: नरेन का अर्धशतक

आठ ओवर के बाद कोलकाता ने बिना कोई विकेट गंवाए 105 रन बना लिए हैं। फिलहाल फिल सॉल्ट 24 गेंद में 46 रन और सुनील नरेन 24 गेंद में 53 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह नरेन के आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक है।

08:03 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पावरप्ले खत्म

पावरप्ले खत्म हो चुका है। कोलकाता ने शुरुआती छह ओवर के बाद बिना कोई विकेट गंवाए 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल सुनील नरेन 15 गेंद में 38 रन और फिल सॉल्ट 21 गेंद में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। छठे ओवर में अर्शदीप की गेंद पर कप्तान सैम करन ने सॉल्ट का आसान कैच छोड़ दिया। तब सॉल्ट 34 रन पर थे। पंजाब को इस साझेदारी को तोड़ना होगा, नहीं तो दोनों पंजाब के लिए खतरा बन सकते हैं।

07:53 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: नरेन-सॉल्ट की तूफानी बल्लेबाजी

नरेन और सॉल्ट ने टीम को तूफानी शुरुआती दिलाई है। दोनों ने चार ओवर के बाद 59 रन जोड़ लिए हैं। नरेन फिलहाल 12 गेंद में 32 रन और सॉल्ट 12 गेंद में 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:32 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: कोलकाता की पारी शुरू

कोलकाता की पारी की शुरुआत हो चुकी है। सुनील नरेन और फिल सॉल्ट क्रीज पर हैं। पंजाब के लिए सबसे बड़ी चुनौती इन दोनों बल्लेबाजों का विकेट लेना है। पंजाब के लिए पहले ओवर में कप्तान सैम करन ने गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना किसी विकेट के सात रन है।

07:04 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

कोलकाता नाइट राइडर्स: फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अंगकृष रघुवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, दुष्मंथा चमीरा, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा। (इम्पैक्ट सब: सुयश शर्मा, अनुकूल रॉय, मनीष पांडे, वैभव अरोड़ा, रहमनुल्लाह गुरबाज)

पंजाब किंग्स: जॉनी बेयरस्टो, राइली रूसो, सैम करन (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शशांक सिंह, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत बराड़, कगिसो रबाडा, हर्षल पटेल, राहुल चाहर, अर्शदीप सिंह। (इम्पैक्ट सब: प्रभसिमरन सिंह, ऋषि धवन, विद्वत कावेरप्पा, शिवम सिंह, प्रिंस चौधरी)

07:02 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: पंजाब ने जीता टॉस

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। शिखर धवन इस मैच में भी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह सैम करन ही टॉस के लिए आए। करन ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। लियाम लिविंगस्टोन की जगह जॉनी बेयरस्टो को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, कोलकाता ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। मिचेल स्टार्क को अंगुली में चोट लगी थी। उनकी जगह दुष्मंथा चमीरा को टीम में शामिल किया गया है। चमीरा को स्टार्क ने केकेआर के लिए डेब्यू कैप सौंपी। चमीरा पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुकी है। वह लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम का हिस्सा था और गौतम गंभीर के साथ थे। 

06:53 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: दोनों टीमों के पास पावर हिटर्स

इस सीजन ईडन गार्डेन्स पर एवरेज स्कोर 204 रन का रहा है। ऐसे में यह मैच भी हाई स्कोरिंग हो सकता है। दोनों टीमों के पास कुछ बिग हिटर्स हैं। रसेल इस सीजन डेथ ओवर्स में 196.72 का स्ट्राइक रेट है। इसके अलावा पंजाब के पास आशुतोष शर्मा हैं जो इस सीजन गजब की पावर हिटिंग दिखा रहे हैं। आशुतोष ने डेथ ओवर्स में 198 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।

06:47 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: धवन की वापसी पर नजरें

शिखर धवन चोट की वजह से पिछले कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। ऐसे में इस मैच में उनकी वापसी हो सकती है। वहीं, कोलकाता में मिचेल स्टार्क को चोट लगी थी। उन्होंने प्रैक्टिस सेशन में भी हिस्सा नहीं लिया। ऐसे में इस मैच में उनके खेलने पर संशय है। अगर स्टार्क फिट नहीं होते है तो कोलकाता के लिए दुष्मंथा चमीरे खेलते दिख सकते हैं।

06:45 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: दोनों टीमों के आंकड़े

दोनों टीमों के रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स का 32 बार आमना-सामना हुआ है। कोलकाता को 21 मैचों में जीत मिली है, जबकि पंजाब के सिर सिर्फ 11 बार जीत का ताज सजा है। ऐसे में साफ है कि कोलकाता का पंजाब के खिलाफ पलड़ा भारी है।

06:44 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS Live: अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति

श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली टीम इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही है। पांच मैचों में जीत के साथ केकेआर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद है। वहीं, शिखर धवन की गैरमौजूदगी में पंजाब किंग्स को लगातार हार का सामना करना पड़ा है। दिग्गज की जगह सैम करन को अगुवाई का जिम्मा सौंपा गया है। हालांकि, वह टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे हैं। आठ मैच खेल चुकी पंजाब को सिर्फ दो मुकाबलों में जीत का स्वाद चखने का मौका मिला है। चार अंकों के साथ टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। 

06:39 PM, 26-Apr-2024

KKR vs PBKS: पंजाब ने IPL और T20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर चेज किया, कोलकाता के खिलाफ 18.4 ओवर में बनाए 262 रन

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के 42वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से है। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला जा रहा है। पंजाब की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है तो कोलकाता की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। पंजाब की नजर जीत की पटरी पर लौटने की है। प्लेऑफ की उम्मीदों को बनाए रखने के लिए उसे अब सारे मैच जीतने होंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें