दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 44 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 216 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में कोलकाता की टीम 19.4 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई।
दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 216 रनों का लक्ष्य रखा था। दिल्ली की ओर से डेविड वार्नर ने सबसे ज्यादा 45 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। वहीं, आखिर में 'लॉर्ड' शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों ने आखिरी 20 गेंदों पर नाबाद 49 रन जोड़कर दिल्ली को 215 रन तक पहुंचाया।
जवाब में कोलकाता की पूरी टीम खलील अहमद और कुलदीप यादव की गेंदबाजी पर धाराशायी हो गई। कुलदीप ने 16वें ओवर में तीन विकेट निकाले। उन्होंने इस ओवर में पैट कमिंस, सुनील नरेन और उमेश यादव को पवेलियन भेजा। इसके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर का भी विकेट लिया। कोलकाता की ओर से श्रेयस ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए। दिल्ली की ओर से कुलदीप ने चार और खलील ने तीन विकेट झटके।
16वें ओवर में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी से मैच पलट दिया। इस ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने पैट कमिंस को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वे तीन गेंदों पर चार रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर सुनील नरेन (4) को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। छठी गेंद पर कुलदीप ने उमेश यादव का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। उमेश शून्य पर आउट हुए। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 35 रन देकर चार विकेट झटके। 16 ओवर के बाद कोलकाता ने आठ विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं।
15वें ओवर में 133 के स्कोर पर कोलकाता को पांचवां झटका लगा। सैम बिलिंग्स नौ गेदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें खलील अहमद ने ललित यादव के हाथों कैच कराया। फिलहाल पैट कमिंस और आंद्रे रसेल क्रीज पर हैं। खलील को मिली यह तीसरी सफलता रही। उन्होंने इससे पहले अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर को पवेलियन भेजा था।
13वें ओवर में 117 के स्कोर पर कोलकाता को चौथा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 33 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुलदीप यादव ने विकेटकीपर पंत के हाथों स्टंप कराया। इसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। 13 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर चार विकेट पर 118 रन है। फिलहाल आंद्रे रसेल और सैम बिलिंग्स क्रीज पर हैं। कोलकाता को अब 42 गेंदों पर 98 रन की जरूरत है।
12वें ओवर में 107 के स्कोर पर कोलकाता को तीसरा झटका लगा। नीतीश राणा 20 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ललित यादव ने पृथ्वी शॉ के हाथों कैच कराया। नीतीश ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी निभाई। 12 ओवर के बाद कोलकाता ने तीन विकेट गंवाकर 109 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस 29 गेंदों पर 47 रन और आंद्रे रसेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
कोलकाता ने 11ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा 16 गेंदों पर 24 रन और श्रेयस अय्यर 28 गेंदों पर 46 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 60 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
नौ ओवर के बाद कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा 11 गेंदों पर 13 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 21 गेंदों पर 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कोलकाता को 66 गेंदों पर 142 रन की जरूरत है। दोनों के बीच 30 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है।
सात ओवर के बाद कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा चार रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
पांचवें ओवर में 38 के स्कोर पर कोलकाता को दूसरा झटका लगा। खलील अहमद ने वेंकटेश अय्यर के बाद अजिंक्य रहाणे को भी पवेलियन भेजा। रहाणे पहले ओवर में मिले तीन जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और आउट हो गए। खलील ने उन्हें शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। शार्दुल ने पीछे की तरफ दौड़ते हुए बेहतरीन कैच लपका। पांच ओवर के बाद कोलकाता ने दो विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश राणा दो रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स को तीसरे ओवर में 21 के स्कोर पर पहला झटका लगा। वेंकटेश अय्यर आठ गेंदों पर 18 रन बनाकर आउट हुए। इसमें एक चौका और दो छक्के शामिल हैं। उन्हें खलील अहमद ने अक्षर के हाथों कैच कराया। तीन ओवर के बाद कोलकाता ने एक विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर तीन गेंदों पर पांच रन और अजिंक्य रहाणे सात गेंदों पर दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
कोलकाता की पारी के दौरान पहले ओवर में मैदान पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर केकेआर के लिए ओपनिंग करने उतरे। वहीं, कोलकाता ने मुस्तफिजुर रहमान को गेंद थमाई। इस ओवर की पहली बॉल पर गेंद रहाणे के पास से होते हुए विकेटकीपर ऋषभ पंत के पास पहुंची। इस पर पंत और गेंदबाज रहमान ने कैच आउट की अपील की और ऑन फील्ड अंपायर जे मदनगोपाल ने आउट करार दिया।
रहाणे ने डिसीजन रिव्यू सिस्टम यानी डीआरएस लिया। रिप्ले में पता चला कि गेंद पैड से लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा। इसके बाद दूसरी गेंद पर रहमान की गेंद रहाणे के पैड पर लगी। इस पर फिर से कप्तान पंत और रहमान ने अपील की। अंपायर मदनगोपाल ने फिर से रहाणे को आउट दिया।
रहाणे ने फिर से डीआरएस लिया और पता चला कि गेंद बैट पर लगकर पैड पर लगी थी। ऑन फील्ड अंपायर को फिर से अपना फैसला बदलना पड़ा और रहाणे नॉटआउट रहे। तीसरी गेंद पर गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से विकेटकीपर पंत के पास पहुंची। इस गेंद पर कोई अपील नहीं हुई। बाद में रिप्ले में दिखा कि गेंद रहाणे के बैट से लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। इस तरह रहाणे को तीन जीवनदान मिले।
दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने 216 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 215 रन बनाए। यह इस सीजन में पहली या दूसरी, दोनों पारियों को मिलाकर सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले इसी सीजन में चेन्नई ने लखनऊ के खिलाफ 210 रन बनाए थे। जवाब में लखनऊ ने 211 रन बनाकर मैच जीत लिया था।
दिल्ली की ओर से डेविड वार्नर ने सबसे ज्यादा 45 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। वहीं, आखिर में 'लॉर्ड' शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों ने आखिरी 20 गेंदों पर नाबाद 49 रन जोड़े। अक्षर 14 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन और शार्दुल 11 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली ने आखिरी पांच ओवर में दो विकेट गंवाकर 54 रन बनाए। आखिरी दो ओवर में दिल्ली ने 39 रन बनाए। उमेश यादव के 19वें ओवर में 23 रन और पैट कमिंस के 20वें ओवर में दिल्ली ने 16 रन बनाए। कोलकाता के गेंदबाजों ने इस सीजन डेथ ओवर्स यानी 16 से 20 ओवरों में 13.54 की इकोनॉमी से रन लुटाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 180 के पार जा चुका है। शार्दुल ठाकुर और अक्षर पटेल ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं।
उमेश यादव ने दिल्ली का पांचवां झटका दिया है। उन्होंने 61 के स्कोर पर डेविड वार्नर को आउट किया। अजिंक्य रहाणे ने उनका कैच पकड़ा। 17 ओवर के बाद दिल्ली की टीम पांच विकेट के नुकसान पर 167 रन बना चुकी है। अब अक्षर पटेल और शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं। दिल्ली की टीम 18 रन के अंदर चार विकेट गंवा चुकी है।
16वें ओवर में 161 के स्कोर पर दिल्ली कौ चौथा झटका लगा। रोवमन पॉवेल छह गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। 148 पर दिल्ली को दूसरा झटका लगा था। इसके बाद 13 रन बनाने में दिल्ली ने दो और विकेट यानी कुल मिलाकर तीन विकेट गंवा दिए। 16 ओवर में दिल्ली ने चार विकेट गंवाकर 162 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड वार्नर 42 गेंदों पर 60 रन और अक्षर पटेल एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
14 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने तीन विकेट गंवाकर 151 रन बना लिए हैं। फिलहाल रोवमन पॉवेल और डेविड वार्नर 38 गेंदों पर 58 रन बनाकर क्रीज पर हैं। इस ओवर में दिल्ली को तीसरा झटका लगा। पांचवीं गेंद पर सुनील नरेन ने ललित यादव को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वे चार गेंदों पर एक रन बना सके।
13वें ओवर में 148 के स्कोर पर दिल्ली को दूसरा झटका लगा। कप्तान ऋषभ पंत 14 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आंद्रे रसेल ने उमेश यादव के हाथों कैच कराया। उन्होंने डेविड वार्नर के साथ 27 गेंदों पर 54 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले वार्नर ने 34 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। उन्होंने आईपीएल करियर की 51वीं फिफ्टी लगाई। वार्नर आईपीएल में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे नंबर पर शिखर धवन हैं। 13 ओवर के बाद दिल्ली ने दो विकेट गंवाकर 148 रन बना लिए हैं। फिलहाल वार्नर और ललित यादव क्रीज पर हैं।
11 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने एक विकेट गंवाकर 125 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत नौ गेंदों पर 17 रन और डेविड वार्नर 30 गेंदों पर 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पृथ्वी शॉ 29 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए।
नौवें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका लगा। ओपनर पृथ्वी शॉ 29 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने क्लीन बोल्ड किया। नौ ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट गंवाकर 93 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत शून्य और डेविड वार्नर 23 गेंदों पर 37 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
आठ ओवर के बाद दिल्ली ने बिना कोई विकेट गंवाए 87 रन बना लिए हैं। ओपनर पृथ्वी शॉ ने 27 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। यह उनके आईपीएल करियर की 12वीं फिफ्टी रही। वहीं, यह पृथ्वी का यह लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने लखनऊ के खिलाफ भी फिफ्टी लगाई थी। वार्नर 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
छह ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल पृथ्वी शॉ 20 गेंदों पर 36 रन और डेविड वार्नर 16 गेंदों पर 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर ने दिल्ली को शानदार शुरुआत दी है। बिना किसी नुकसान के दिल्ली का स्कोर चार ओवर में 50 रन हो चुका है। शॉ 30 और वार्नर 15 रन बनाकर खेल रहे हैं। कोलकाता के गेंदबाज इस जोड़ी के सामने बेअसर साबित हुए हैं। उमेश यादव और पैट कमिंस काफी महंगे साबित हुए हैं।
पैट कमिंस की गेंद पर सैम बिलिंग्स ने डेविड वार्नर का कैच छोड़ दिया। इस समय वो 14 के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे। हालांकि, गेंद विकेटकीपर से थोड़ी पहले ही गिर गई थी। वार्नर भी इस मैच में शानदार लय में दिख रहे हैं।
उमेश यादव की एक तेज गेंद पृथ्वी शॉ के सिर पर लगी। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए और उनकी शॉ की जांच की। इस दौरान थोड़ी देर के लिए खेल भी रुका। तीन ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 34 रन हो चुका है। पृथ्वी शॉ 24 और डेविड वार्नर छह रन बनाकर खेल रहे हैं।
पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर ने दिल्ली को एक बार फिर शानदार शुरुआत दी है। दो ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 20 रन हो चुका है। शॉ 15 और वार्नर पांच रन बनाकर खेल रहे हैं।
दिल्ली की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। पृथ्वी शॉ और डेविड वार्नर क्रीज पर मौजूद हैं। कोलकाता के लिए उमेश यादव पहला ओवर कर रहे हैं। शॉ ने चौके के साथ पारी की शुरुआत की है। उन्होंने पहले ओवर में दो चौके लगाए हैं। एक ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 10 रन है।
कोलकाता की टीम में चार विदेशी खिलाड़ी सैम बिलिंग्स, आंद्र रसेल, सुनील नरेन और पैट कमिंस हैं। वहीं, दिल्ली की टीम तीन विदेशी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी है। इसमें डेविड वार्नर, रोवमन पॉवेल और मुस्तफिजुर रहमान शामिल हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर), नीतीश राणा, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, पैट कमिंस, उमेश यादव, रसिख सलाम, वरुण चक्रवर्ती।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर और कप्तान), रोवमन पॉवेल, सरफराज खान, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, खलील अहमद।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। केकेआर के कप्तान श्रेयस ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, दिल्ली की टीम में एक बदलाव है। एनरिक नोर्त्जे की जगह तेज गेंदबाज खलील अहमद की वापसी हुई है।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में इस सीजन पिछले पांच मैचों में पहले बैटिंग करते हुए टीम दो बार जीती है। वहीं, चेज करते हुए टीम तीन बार जीती। पहली पारी में औसतन स्कोर 191 रन है। यहां की बाउंड्रीज काफी लंबी है। एक साइड 69 मीटर और दूसरी साइड 70 प्लस मीटर की बाउंड्री है। स्ट्रेट बाउंड्री 85 मीटर लंबी है। पिच सख्त है और उस पर घास की परत है। घास की परतें मोटी हैं और इस पर टेनिस बॉल जैसा बाउंस देखने को मिल सकता है। ये मैच स्पिनर्स पर निर्भर करेगा। मैच हाई स्कोरिंग भी हो सकता है और टॉस जीतकर टीम पहले बैटिंग भी कर सकती है।
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 मैच खेले गए हैं। इसमें कोलकाता का पलड़ा भारी दिखता है। कोलकाता ने 16 मैच जीते हैं। वहीं, दिल्ली को 13 मैचों में जीत मिली। एक मैच बेनतीजा रहा। इस सीजन कोलकाता ने अब तक चार मैच खेले। पहले मैच में उसे चेन्नई के खिलाफ छह विकेट से जीत मिली। वहीं, दूसरे मैच में बैंगलोर ने केकेआर को तीन विकेट से हराया।
तीसरे मैच में कोलकाता ने पंजाब को छह विकेट और चौथे मैच में मुंबई को पांच विकेट से हराया। आज दिल्ली के खिलाफ कोलकाता की टीम जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। वहीं, दिल्ली की टीम को सीजन के अपने पहले में जीत मिली थी। वहीं, अगले दो मैचों में उन्हें गुजरात और लखनऊ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
कोलकाता टीम की बात करे, तो श्रेयस की कप्तानी में टीम गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी, फील्डिंग हर डिपार्टमेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है। बैंगलोर के खिलाफ जिस मैच में टीम को हार मिली, उसमें कम स्कोर के बावजूद कोलकाता के गेंदबाजों ने बैंगलोर के सात विकेट गिरा दिए थे। युवा रसिख सलाम भी बेहतरीन स्विंग कर रहे हैं। वहीं, पैट कमिंस के आने से टीम की गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी मजबूत हुई है। कमिंस ने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में 14 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया था।
दिल्ली को लखनऊ और गुजरात के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। एनरिज नोर्त्जे के आने से दिल्ली की गेंदबाजी मजबूत तो हुई है, लेकिन चोट के बाद वापसी कर रहे नोर्त्जे लंबे समय बाद मैदान में लौटे हैं। ऐसे में वह पूरी लय में नहीं हैं। मुस्ताफिजुर रहमान को छोड़ दें तो अन्य गेंदबाज रन ज्यादा खर्च कर रहे हैं। बल्लेबाजी में पृथ्वी शॉ अच्छा कर रहे हैं लेकिन पंत को बल्ले से ज्यादा जिम्मेदारी दिखानी होगी।
श्रेयस की अगुआई में इस सीजन में केकेआर चार मैचों में छह अंक लेकर मजबूत स्थिति में है। उन्हें अब तक एकमात्र हार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ मिली है। दूसरी ओर दिल्ली की टीम ने जीत से शुरुआत की, लेकिन बाद में उन्हें दो हार का सामना करना पड़ा। पंत और अय्यर टीम इंडिया के भविष्य के कप्तानों की दावेदारी में हैं।
केकेआर के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं, जो पहले दिल्ली की अगुआई कर चुके हैं। श्रेयस ने 2020 में दिल्ली को फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। पिछले सीजन में वह चोट के कारण शुरुआती मैचों में नहीं खेल सके थे, तब पंत को कमान सौंपी गई। बाद में उन्हें दिल्ली ने टीम में बरकरार नहीं रखा और केकेआर ने उन्हें बोली में चुन लिया।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच दिलचस्प रहने वाला है क्योंकि श्रेयस पिछले सीजन तक दिल्ली की टीम से ही खेलते थे और अपनी कप्तानी में डीसी टीम को दो बार प्लेऑफ तक पहुंचाया था। आज उसी टीम के खिलाफ श्रेयस मैदान में होंगे। पिछले सीजन पंत को दिल्ली की कप्तानी सौंपी गई थी और श्रेयस को बतौर बल्लेबाज खेलना पड़ा था। इस साल मेगा ऑक्शन में कोलकाता ने श्रेयस को खरीदा था।