चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को दो विकेट से हरा दिया। बुधवार को ईडेन गार्डंस में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता केकेआर ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 179 रन बनाए थे। जवाब में सीएसके ने 19.4 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 183 रन बनाए और सत्र की तीसरी जीत दर्ज की।
इस शिकस्त ने केकेआर की प्लेऑफ की उम्मीदों को झटका दिया है। अजिंक्य रहाणे की टीम 12 मैचों में छह जीत और पांच हार के साथ छठे पायदान पर है। उनके खाते में 11 अंक हैं और नेट रन रेट 0.193 है। वहीं, चेन्नई के छह अंक हो गए। यह टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की आयुष म्हात्रे और डेवोन कॉन्वे की सलामी जोड़ी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गई। इसके बाद उर्विल पटेल ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 11 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए रविचंद्रन अश्विन सिर्फ आठ रन बना पाए जबकि रवींद्र जडेजा 19 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
कोलकाता के खिलाफ छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 22 गेंदों में अपने करियर का पहला अर्धशतक जड़ा। वह 25 गेंदों में चार चौके और इतने ही छक्के की मदद से 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने शिवम दुबे के साथ 41 गेदों में 67 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद दुबे को महेंद्र सिंह धोनी का साथ मिला। दोनों ने 39 गेंदों में 43 रन जोड़े। हालांकि, दुबे अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने दौ चौके और तीन छक्की की मदद से 45 रन बनाए। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी 17 और अंशुल कंबोज चार रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता के लिए वैभव अरोड़ा ने तीन विकेट लिए जबकि हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को दो-दो सफलताएं मिलीं। वहीं, मोईन अली को एक विकेट मिला।
इससे पहले कोलकाता ने अजिंक्य रहाणे की 48 रनों की पारी के दम पर 179 रन बनाए। उनकी शुरुआत झटके के साथ हुई। रहमनुल्लाह गुरबाज 11 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बन बैठे। इसके बाद सुनील नरेन ने अजिंक्य रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी निभाई। नरेन 17 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। केकेआर के लिए आंद्रे रसेल ने 38, अंगकृष रघुवंशी ने एक, रिंकू सिंह ने नौ रन बनाए। वहीं, मनीष पांडे 36 और रमनदीप सिंह चार रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई के लिए नूर अहमद ने चार विकेट हासिल किए जबकि अंशुल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
40 गेंदों में 45 रन बनाकर शिवम दुबे आउट हो गए। अब क्रीज पर नूर अहमद आए हैं। धोनी पहले से ही मौजूद हैं। चेन्नई को आठ गेंदों में 10 रन की जरूरत है।
22 गेंदों में करियर का पहला अर्धशतक जड़कर डेवाल्ड ब्रेविस आउट हो गए। उन्होंने 52 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अब शिवम दुबे का साथ देने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आए हैं।
चेन्नई को हर्षित राणा ने चौथा झटका 56 रन के स्कोर पर दिया। अश्विन आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने रवींद्र जडेजा को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 19 रन बना सके। अब क्रीज पर डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे मौजूद हैं।
चेन्नई के लिए अपना पहला मैच खेलने उतरे उर्विल पटेल 11 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें हर्षित राणा ने वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराया। अब क्रीज पर रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन आए हैं।
मोईन अली ने चेन्नई को दूसरा झटका दिया। उन्होंने डेवोन कॉन्वे को पवेलियन की राह दिखाई। वह खाता भी नहीं खोल पाए।
चेन्नई की खराब शुरुआत हुई है। उन्हें पहला झटका वैभव अरोड़ा ने दिया है। उन्हें आयुष म्हात्रे को अपना शिकार बनाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब क्रीज पर उर्विल पटेल आए हैं। उनका साथ देने के लिए डेवॉन कॉनवे मौजूद हैं।
अजिंक्य रहाणे की सर्वाधिक 48 रनों की पारी के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 180 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गत विजेता टीम ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 179 रन बनाए। सीएसके के लिए नूर अहमद ने चार विकेट झटके जबकि अंशुल कंबोज और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली।
केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। उन्होंने 71 के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। रहमनुल्लाह गुरबाज 11, सुनील नरेन 26 और अंगकृष रघुवंशी एक रन बनाकर आउट हो गए। अब क्रीज पर अजिंक्य रहाणे और मनीष पांडे मौजूद हैं।
केकेआर की पारी शुरू हो चुकी है। रहमनुल्लाह गुरबाज और सुनील नरेन क्रीज पर मौजूद हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स: आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, डेवोन कॉनवे, रवींद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, रविचंद्रन अश्विन, एमएस धोनी (विकेटकीपर/कप्तान), अंशुल कंबोज, नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शिवम दुबे, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, जेमी ओवरटन, दीपक हुड्डा।
कोलकाता नाइट राइडर्स: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, मोइन अली, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: हर्षित राणा, अनुकूल रॉय, लवनिथ सिसौदिया, एनरिक नॉर्त्जे, मयंक मारकंडे।
कोलकाता ने टॉस जीतकर चेन्नई के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है। उपकप्तान वेंकटेश अय्यर की जगह मनीष पांडे आए हैं। वहीं, सीएसके ने दो बदलाव किए हैं। कप्तान धोनी ने कहा कि डेवोन कॉनवे और उर्विल पटेल को सैम करन और शेख रशीद की जगह मौका मिला है।
सीएसके के बाद कोलकाता को हैदराबाद और आरसीबी के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर खेलना है। ये मैच आसान नहीं होंगे। कोलकाता ने पिछले मुकाबले में राजस्थान पर एक रन से जीत दर्ज की थी। अजिंक्य रहाणे की टीम जीत की लय को कायम रखना चाहेगी। केकेआर के आंद्रे रसेल ने राजस्थान के खिलाफ सत्र का पहला अर्धशतक जड़ा। रसेल अगले तीन मैचों में भी पिछले मैच की तरह खेले तो कुछ भी हो सकता है।
चेन्नई सुपर किंग्स के पास अब खोने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन वह दूसरी टीमों का समीकरण जरूर बिगाड़ सकती है। टीम इस मैच में अधिक स्वच्छंद होकर खेलेगी। वहीं, केकेआर को प्लेऑफ के लिए बाकी बचे तीनों मैच में जीत हासिल करनी होगी। कोलकाता नाइटराइडर्स के अभी 11 अंक हैं और अगले तीनों मैच में जीतने पर उसके 17 अंक हो जाएंगे। तीन मैच जीतकर भी कोलकाता प्लेऑफ पहुंचेगा या नहीं, यह भी अभी पक्का नहीं है।
कोलकाता ऐसा शहर है, जिससे धोनी के करीब संबंध हैं। उनकी ससुराल पक्ष के लोग इसी शहर में रहते हैं और उन्होंने जूनियर क्रिकेट में अपना अधिकतर समय इसी शहर में बिताया है। ऐसे में बुधवार को दिन इस 43 वर्षीय खिलाड़ी और उनके प्रशंसकों के लिए भावनात्मक हो सकता है। चेन्नई की टीम पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से दो रन से हार गई थी। धोनी ने इस मैच में आठ गेंद पर 12 रन बनाए लेकिन वह अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए जिससे चेन्नई की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई थी। धोनी ने मैच के बाद हार की जिम्मेदारी ली थी।
पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से भले ही बाहर हो चुकी है, लेकिन उनके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का जलवा पहले की तरह बरकरार है। खासतौर पर बात कोलकाता की हो तो उन पर धोनी का बुखार चढ़ते देर नहीं लगती है। फिर क्रिकेट प्रेमियों के दिमाग में इस बार यह बात घर कर गई है कि ओनी का यह अंतिम आईपीएल हो सकता है और उनका यह इंडन गार्डन पर अंतिम मुकाबला होगा। यही कारण है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और सीएसके के बीच होने वाले मुकाबले में इंडन गार्डन पीले रंग में रंग सकता है।
IPL Live Cricket Score, KKR vs CSK Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग टमें आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 57वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में गत विजेता केकेआर की नजर सीएसके को हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को बल देने पर होंगी।