खिलाड़ी और पर्स
ऑक्शन समाप्त हो चुका है। इस ऑक्शन में कई इतिहास रचे गए। सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उन्हें पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा। कुल पांच खिलाड़ियों को ऑक्शन में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले। ये पांच खिलाड़ी विदेशी रहे। इनमें करन के अलावा, कैमरन ग्रीन (17.50 करोड़), बेन स्टोक्स (16.25 करोड़), निकोलस पूरन (16 करोड़) और हैरी ब्रुक (13.25 करोड़) शामिल हैं। वहीं भारत की ओर से मयंक अग्रवाल सबसे महंगे रहे। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा।
गुजरात टाइटंस ने शिवम मावी को छह करोड़ में खरीदा और वह दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी रहे। जो रूट और शाकिब अल हसन को शुरुआती दौर में नजरअंदाज कर दिया गया था, लेकिन आखिर में दोनों को खरीद लिया गया। रूट को राजस्थान ने और शाकिब को कोलकाता ने खरीदा। आईपीएल 2023 की नीलामी के हमारे कवरेज को यहीं समाप्त करते हैं। धन्यवाद।
किस टीम के पास कितनी राशि बची
| टीम | खिलाड़ी | विदेशी खिलाड़ी | राशि बची |
|---|---|---|---|
| CSK | 23/25 | 8 | 1.90 करोड़ |
| RCB | 21/25 | 8 | 3.45 करोड़ |
| DC | 24/25 | 7 | 9.05 करोड़ |
| GT | 22/25 | 7 | 9.55 करोड़ |
| KKR | 16/25 | 5 | 5.55 करोड़ |
| LSG | 20/25 | 7 | 5.15 करोड़ |
| MI | 18/25 | 7 | 1.55 करोड़ |
| PBKS | 18/25 | 7 | 13.20 करोड़ |
| RR | 17/25 | 5 | 7.45 करोड़ |
| SRH | 21/25 | 7 | 9.75 करोड़ |
काइल जेमीसन को चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके बेस प्राइस एक करोड़ रुपये में खरीदा। वह पिछले सीजन में नहीं खेले थे। उससे पहले वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम में थे।
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर डेनियल सैम्स को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में खरीदा।

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा। एक करोड़ की बेस प्राइस वाले न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को किसी ने नहीं खरीदा।
इंग्लैंड के बल्लेबाज विल जैक्स को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 3.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। जैक्स ने टी20 फॉर्मेट में 102 मैचों में 154.4 के स्ट्राइक रेट से 2532 रन बनाए हैं। टी20 में उनका बेस्ट नाबाद 108 रन है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड, मनदीप सिंह और डेविड मलान को किसी ने नहीं खरीदा।
विल जैक्स
अनुभवी बल्लेबाज मनीष पांड को दिल्ली कैपिटल्स ने 2.40 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपये था। वहीं, आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग नहीं बिके।
चिंतल गांधी, मुरुगन अश्विन, इजहारुलहक नावीद, श्रेयस गोपाल, एस मिधुन को किसी ने नहीं खरीदा। वहीं, हिमांशू शर्मा को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 20 लाख रुपये में खरीदा।
तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को दिल्ली कैपिटल्स ने 5.50 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये था। यानी अपनी बेस प्राइस से वह साढ़े 27 गुना कीमत पर बिके। मुकेश को भारतीय टेस्ट स्क्वॉड में भी शामिल किया जा चुका है।
तेज गेंदबाज शिवम मावी को गुजरात टाइटंस ने खरीदा। उनका बेस प्राइस 40 लाख रुपये था। गुजरात ने उन्हें बेस प्राइस से 15 गुना ज्यादा कीमत पर खरीदा। जीटी ने मावी को छह करोड़ रुपये में खरीदा।

तेज गेंदबाज यश ठाकुर को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 45 लाख रुपये में खरीदा। घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज यश ठाकुर की चर्चा आईपीएल फ्रेंचाइजियों के बीच काफी हुई है। वह डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। यश ठाकुर ने 10 मैचों में 15 विकेट झटके थे। इस दौरान यश का इकोनॉमी रेट 7.17 का रहा था। 24 साल के यश कई आईपीएल टीमों में नेट गेंदबाज रहे हैं। पिछले सीजन में वह पंजाब किंग्स के साथ बतौर नेट गेंदबाज जुड़े थे।
तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ को 60 लाख रुपये में कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा है। वह इससे पहले भी कोलकाता की टीम में रह चुके हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत को गुजरात टाइटंस ने 1.20 करोड़ रुपये में खरीदा है। एक और विकेटकीपर बल्लेबाज उपेंद्र यादव को सनराइजर्स हैदराबाद ने 25 लाख रुपये में खरीदा। वहीं, मोहम्मद अजहरुद्दीन अनसोल्ड रहे।
विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा है। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये था। केकेआर ने उन्हें 90 लाख रुपये में खरीदा।
शशांक सिंह, सुमित कुमार और दिनेश बाना को किसी ने नहीं खरीदा।
निशांत सिंधु को चेन्नई सुपर किंग्स ने 60 लाख रुपये में खरीदा है। सिंधु 2022 अंडर-19 चैंपियन टीम इंडिया के हिस्सा रहे थे। उन्होंने कुछ मैचों में कप्तानी भी की थी। सिंधु रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने हरियाणा के लिए गुरुवार को शतक जड़ा था। निशांत सिंधु ने 110 रन की पारी खेली थी।
पंजाब के ऑलराउंड सनवीर सिंह को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपये में खरीदा। उन्होंने हाल के दिनों में घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। वह आक्रामक बल्लेबाजी के साथ-साथ तेज गेंदबाजी भी कर सकते हैं। सनवीर गेंद को स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं और बल्लेबाजी के दौरान छक्के-चौके भी लगाते हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तीन पारियों में 205.17 की स्ट्राइक रेट 119 रन बनाए थे। उन्हें गेंदबाजी का ज्यादा मौका नहीं मिला था। सनवीर ने विजय हजारे ट्रॉफी में पांच मैचों में सात विकेट लिए थे और 156 रन बनाए थे। उत्तराखंड के खिलाफ सनवीर ने 84 रन की पारी खेली थी।
समर्थ व्यास को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 लाख रुपये में खरीदा।
जम्मू-कश्मीर के ऑलराउंडर विवरांत शर्मा पर बोली लगी। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपये था। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और स्पिन गेंदबाज हैं। वह बेस प्राइस से 13 गुना कीमत पर बिके। उन्हें 2.60 करोड़ रुपये में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा। टी20 में विवरांत ने नौ मैचों में 191 रन बनाए हैं और छह विकेट लिए हैं। वहीं, प्रियम गर्ग अनसोल्ड रहे।
2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप में चैंपियन भारतीय टीम का हिस्सा रहे शेख रशीद को चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा है। शेख रशीद अंडर-19 चैंपियन भारतीय टीम के उपकप्तान रहे थे। हिम्मत सिंह नहीं बिके।
शुभम खजुरिया और रोहन कन्नूमल भी नहीं बिके।
युवा बल्लेबाज एलआर चेतन नहीं बिके।
बल्लेबाज अनमोलप्रीत सिंह नहीं बिके।
खिलाड़ी और पर्स
टीम
खिलाड़ी
पर्स में शेष राशि
CSK
20/25
3.7 करोड़
RCB
19/25
6.85 करोड़
DC
22/25
16.95 करोड़
GT
20/25
16.75 करोड़
KKR
14/25
7.05 करोड़
LSG
17/25
6.85 करोड़
MI
18/25
1.55 करोड़
PBKS
18/25
13.20 करोड़
RR
17/25
7.45 Crore
SRH
17/25
13 करोड़
भारत के युवा लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय को सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा।
इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन, न्यूजीलैंड के एडम मिल्ने, वेस्टइंडीज अकील हुसैन, ऑस्ट्रेलिया के एडम जैम्पा, दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी और अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान अनसोल्ड रहे। किसी ने इन्हें नहीं खरीदा।
इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद को सनराइजर्स हैदराबाद ने दो करोड़ रुपये में खरीदा। रशीद हैदराबाद की मदद कर सकते हैं।
भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा।
जयदेव उनादकट को 50 लाख रुपये में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने खरीदा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जे रिचर्डसन को 1.5 करोड़ रुपये में मुंबई ने खरीदा है।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रीस टॉपली को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 1.9 करोड़ रुपये में खरीदा।
इंग्लैंड के फिल सॉल्ट को दिल्ली कैपिटल्स ने दो करोड़ रुपये में खरीदा है।
दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 5.25 करोड़ रुपये में खरीदा। क्लासेन का भारत में रिकॉर्ड शानदार रहा है।
50 लाख रुपये की बेस प्राइस वाले बांग्लादेश के लिटन दास नहीं बिके। वहीं, दो करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा। पूरन पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद में थे और खराब फॉर्म में थे। वह कई मैचों में शून्य पर आउट हुए थे।

सभी टीमों के पर्स में मौजूदा राशि
टीम
खिलाड़ी
राशि
CSK
20/25
3.7 करोड़
RCB
18/25
8.75 करोड़
DC
20/25
19.45 करोड़
GT
20/25
16.75 करोड़
KKR
14/25
7.05 करोड़
LSG
15/25
23.35 करोड़
MI
17/25
3.05 करोड़
PBKS
18/25
13.20 करोड़
RR
17/25
7.45 करोड़
SRH
13/25
20.75 करोड़
इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा है। स्टोक्स आईपीएल 2022 में नहीं खेले थे। स्टोक्स का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। स्टोक्स के रूप में चेन्नई को कप्तानी का दावेदार भी मिल गया है। साथ ही पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का भी रिप्लेसमेंट मिल गया है। ब्रावो ने इसी साल आईपीएल से संन्यास लिया है। स्टोक्स के लिए पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स बिडिंग में उतरी। बाद में आरआर और आरसीबी दोनों ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद लखनऊ सुपर जाएंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद बिडिंग में उतरी। अंत में चेन्नई बिडिंग वॉर में उतरी और स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपये में खरीदने में कामयाब रहे।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा है। वह सैम करन के बाद आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। करन को इसी ऑक्शन में पंजाब ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं, आईपीएल ऑक्शन के इतिहास के भी दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। कैमरन ग्रीन ने इस साल भारतीय दौरे पर टी20 सीरीज में कई तूफानी पारी खेली थी। उन्हें आने वाले समय का स्टार प्लेयर माना जा रहा है। साथ ही मुंबई को कीरोन पोलार्ड का रिप्लेसमेंट भी मिल गया है। पोलार्ड ने इसी साल आईपीएल से संन्यास लिया था।
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपये में खरीदा। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। पिछले सीजन होल्डर लखनऊ से खेले थे।
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर ओडियन स्मिथ को गुजरात टाइटंस ने उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में खरीदा। वहीं, पंजाब किंग्स ने जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर सिकंदर रजा को 50 लाख में खरीदा।
सैम करन का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। वह टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। साथ ही फाइनल में इंग्लैंड के लिए वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें पंजाब किंग्स 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा है। इससे पहले सबसे महंगे खिलाड़ी केएल राहुल थे। लखनऊ में उनकी सैलरी 17 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा वह ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। इससे पहले क्रिस मॉरिस को राजस्थान ने 2021 में 16.25 करोड़ में खरीदा था। करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी भी बन गए। सैम करन पहले भी पंजाब किंग्स से खेल चुके हैं।
बांग्लादेश के शाकिब अल हसन का बेस प्राइस 1.50 करोड़ रुपये था। शाकिब अल हसन अनसोल्ड रहे। उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा।
इंग्लैंड के जो रूट और दक्षिण अफ्रीका के राइली रूसो अनसोल्ड रहे हैं। रूसो ने भारतीय दौरे पर टी20 में शतक भी जड़ा था। हालांकि, दोनों को किसी ने नहीं खरीदा।
राइली रूसो
भारत के अजिंक्य रहाणे को चेन्नई सुपर किंग्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा है। इस साल रहाणे धोनी की टीम से खेलते दिखेंगे। रहाणे का अनुभव चेन्नई के काम आ सकता है।
मयंक अग्रवाल का बेस प्राइस एक करोड़ रुपये था। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा। मयंक को लेकर आरसीबी ने पहली बिडिंग की। इसके बाद पंजाब किंग्स भी मैदान में उतरा। चेन्नई सुपर किंग्स ने भी सनराइजर्स हैदराबाद के साथ बिडिंग की लड़ाई लड़ी। हालांकि, आठ करोड़ के ऊपर जाते ही चेन्नई ने नाम वापस खींच लिया। अंत में सनराइजर्स हैदाराबद ने मयंक को 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा। हैदराबाद ने इससे पहले हैरी ब्रुक को 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रुक को लेकर फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी टक्कर है। शुरू में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने बिडिंग शुरू की। इसके बाद आरसीबी ने नाम वापस खींच लिया। फिर राजस्थान और हैदराबाद के बीच लड़ाई हुई। बाद में राजस्थान ने नाम वापस खींच लिया। इस तरह हैरी ब्रुक को सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा। वह इस आईपीएल में अब तक सबसे महंगे हैं। ब्रुक ने पाकिस्तान सुपर लीग में 48 गेंदों पर शतक जड़ा था।
केन विलियम्सन को गुजरात टाइटंस ने दो करोड़ रुपये में खरीदा है। गुजरात ने विलियम्सन को खरीद कर अपनी टीम को और मजबूत कर लिया है। इसी साल सनराइजर्स हैदराबाद ने विलियम्सन को रिलीज किया था। गुजरात की टीम डिफेंडिंग चैंपियंस हैं।
405 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर है। ऑक्शन शुरू हो चुका है। अब देखना है कि किसकी किस्मत चमकती है।
शुरू में 86 खिलाड़ियों को नीलामी में आराम-आराम से पेश किया जाएगा। इसके बाद एक्सलरेटेड ऑक्शन की शुरुआत होगी।
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज बेन मैकडरमॉट ने आईपीएल नीलामी से नाम वापस ले लिया है। वहीं, इंग्लैंड के 18 साल के युवा स्पिनर रेहान अहमद, जो अब कैप्ड खिलाड़ी हैं, को 50 लाख रुपये के ब्रैकेट में ट्रांसफर कर दिया गया है। शिवम सिंह को नीलामी के लिए खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है।
एन जगदीशन और शिवम मावी ऐसे खिलाड़ी हैं, दो अब तक भारत के लिए कोई मैच नहीं खेले हैं, लेकिन इन पर टीमें बड़ा दांव लगा सकती हैं। घेरलू क्रिकेट में दोनों खिलाड़ी लगातार कमाल कर रहे हैं। दोनों पहले भी आईपीएल खेल चुके हैं, लेकिन अब तक अपने नाम के अनुरूप कमाल नहीं कर पाए हैं।
अजिंक्य रहाणे और ईशांत शर्मा पर बोली लगने की संभावना कम है। दोनों खिलाड़ी भारत की टेस्ट टीम से भी बाहर हो चुके हैं और खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऐसे में इन दोनों पर कोई भी टीम बोली लगाने से बचना चाहेगी। पिछले सीजन में रहाणे कोलकाता की टीम का हिस्सा थे और कुछ खास नहीं कर पाए थे।
इस नीलामी में अफगानिस्तान का 15 साल का खिलाड़ी भी शामिल हो रहा है। अफगानिस्तान के अल्लाह मोहम्मद गजानफर मिनी ऑक्शन का हिस्सा हैं। वह दाएं हाथ के स्पिनर हैं। उन्होंने अब तक कुल तीन टी20 खेले हैं और पांच विकेट झटके हैं। 15 रन देकर चार विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। टी20 में गजानफर का इकोनॉमी रेट 6.22 का है। यह गेंदबाज ऑक्शन में सरप्राइज पैकेज साबित हो सकता है।
इस नीलामी में बेन स्टोक्स और सैम करन पर बड़ी बोली लग सकती है। दोनों खिलाड़ियों ने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। सैम करन ने पूरे टूर्नामेंट में कमाल किया था। वहीं, बेन स्टोक्स ने अहम मौके पर इंग्लैंड को जीत दिलाई थी।
इस नीलामी में शामिल 19 क्रिकेटरों का बेस प्राइस दो करोड़ रुपये है। ये सभी विदेशी क्रिकेटर हैं। इनमें सैम करन, बेन स्टोक्स, कैमरन ग्रीन, केन विलियम्सन, निकोलस पूरन, जेसन होल्डर, क्रिस जॉर्डन, आदिल रशीद जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। इनमें से बेन स्टोक्स और सैम करन जैसे खिलाड़ियों पर बड़ी बोली लगना तय है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आज कोच्चि में होनी है। इस मिनी ऑक्शन में कुल 405 खिलाड़ी शामिल होंगे, लेकिन इनमें से अधिकतर 87 खिलाड़ी ही बिकेंगे। इन 87 खिलाड़ियों में अधिकतम 30 खिलाड़ी विदेशी हो सकते हैं। नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों में 273 भारतीय खिलाड़ी हैं।