भारत ने बांग्लादेश को 40 रनों से हराकर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी। भारत के लिए इस मैच में शेफाली वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में चमक बिखेरी। भारत का फाइनल में सामना श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले एक अन्य सेमीफाइनल की विजेता से होगा।
बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दीप्ति शर्मा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी कराई और मैच अपने नाम करने में सफल रहे। बांग्लादेश के लिए शोर्ना अख्तर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, दिलारा अख्तर ने 21, निगार सुल्ताना ने 19, शोभना मोस्तारी ने 18, जुआरिया फेरदोस ने 14, फाहिमा खातून ने 14 और शर्मिन अख्तर ने एक रन बनाए। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि नंदिनी शर्मा को दो विकेट मिले। वहीं, श्री चरणी और प्रेमा रावत ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया और बांग्लादेश को लगातार झटके दिए।
दीप्ति शर्मा ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। दीप्ति ने शोभना मोस्तारी को आउट किया जो 24 गेंदों पर एक चौके की मदद से 18 रन बनाकर आउट हुईं।
दीप्ति शर्मा ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई है। दिलारा अख्तर दूसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुईं। दिलारा 26 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुईं।
भारतीय टीम को जुआरिया फरदोस के रूप में पहली सफलता मिली है। क्रांति गौड़ ने फरदोस को अपना शिकार बनाया जो 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुईं।
भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की है। बांग्लादेश ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए हैं।
भारत ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 150 रनों का लक्ष्य दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन बनाए। उन्होंने 35 गेंदों पर अपने टी20 करियर का 20वां अर्धशतक जड़ा। शेफाली के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24, ऋचा घोष ने 21, प्रतिका रावल ने 20, दीप्ति शर्मा ने 13 और स्मृति मंधाना ने दो रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून को दो विकेट मिले, जबकि मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबिया खान को एक-एक विकेट मिला।
भारत को ऋचा घोष के रूप में चौथा झटका लगा है। नाहिदा अख्तर की गेंद पर ऋचा अपना विकेट गंवा चुकी हैं। ऋचा 16 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।
भारतीय महिला टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। फिलहाल क्रीज पर हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष मौजूद हैं।
भारत को शेफाली वर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा है। शेफाली शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं और अर्धशतक लगा चुकी थीं। लेकिन सुल्ताना खातून ने उन्हें अपना शिकार बनाया। बांग्लादेश ने तीन बार शेफाली को जीवनदान दिया, लेकिन आखिरकार सुल्ताना को उनका विकेट मिला। शेफाली 40 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुईं।
शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। शेफाली का टी20 करियर का यह 20वां अर्धशतक है। बांग्लादेश ने शेफाली को दो बार जीवनदान दिया जिसका इस भारतीय सलामी बल्लेबाज ने पूरा फायदा उठाया। शेफाली कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर साझेदारी निभा रही हैं।
भारतीय टीम को प्रतिका रावल के रूप में दूसरा झटका लगा है। राबिया खान ने प्रतिका को आउट किया जो 24 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुईं। प्रतिका और शेफाली के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई।
पहला विकेट गिरने के बाद शेफाली और प्रतिका रावल ने भारतीय पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले तक भारत को अन्य झटके नहीं लगने दिए। छह ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 45 रन है।
भारत को स्मृति मंधाना के रूप में पहला झटका लगा है। मंधाना को सुल्ताना खातून ने अपना शिकार बनाया जो पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुईं।
बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। भारत के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रीज पर मौजूद हैं।
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।
बांग्लादेश: दिलारा अख्तर, जुआरिया फरदोस, शोभना मोस्तारी, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शर्मिन अख्तर, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबिया खान, सुल्ताना खातून, मारूफा अख्तर।
बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने भारत के खिलाफ महिला एशिया कप के सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। बांग्लादेश और भारत की टीमों ने इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
मौजूदा राजनीतिक तनाव के कारण भारतीय पुरुष टीम का बांग्लादेश दौरा कई बार स्थगित हो चुका है। जहां तक क्रिकेट का सवाल है तो भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और सारे मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। ग्रुप चरण में भारत ने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 55 रन पर समेटकर सात विकेट से जीत हासिल की । भारतीय बल्लेबाजी काफी मजबूत रही है और स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंद में 124 रन बनाकर फिर साबित कर दिया कि उन्हें आधुनिक दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में क्यो गिना जाता है।
सात बार की चैंपियन भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में उतरेगी तो कड़ी मैदानी प्रतिद्वंद्विता और दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव की पृष्ठभूमि में होने वाले इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद भारत और बांग्लादेश के राजनयिक संबंध तनावपूर्ण रहे हैं। दोनों देशों के बीच तनाव का असर अतीत में अक्सर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला है और यह इस मैच में भी देखा जा सकता है।
India vs Bangladesh, Women Asia Cup Semi Final Live Score: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल मुकाबला आज खेला जा रहा है। भारतीय टीम टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में अजेय रही थी। बांग्लादेश के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड काफी बेहतर है।