भारत ने दूसरा वनडे मैच पांच विकेट से जीत लिया है। इस मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 25.4 ओवर में 167 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का आखिरी मुकाबला सोमवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 42 रन सीन विलियम्स ने बनाए। वहीं, रेयान बर्ल ने 39 रन की पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। बाकी सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला। दूसरी पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 43 रन संजू सैमसन ने बनाए। शुभमन गिल और शिखर धवन ने भी 33-33 रन की पारी खेली। सैमसन ने छक्के के साथ मैच खत्म किया। जिम्बाब्वे के लिए जॉन्गवे ने दो विकेट लिए।
153 रन के स्कोर पर भारत का पांचवां विकेट गिरा है। सिंकदर रजा ने दीपक हुड्डा को 25 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। हालांकि, भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच चुकी है। संजू सैमसन और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
भारत का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 150 रन के पार जा चुका है। संजू सैमसन और दीपक हुड्डा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। टीम इंडिया जीत के करीब है।
97 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। शुभमन गिल 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। जॉन्गवे ने उन्हें इवांस के हाथों कैच आउट कराया। अब दीपक हुड्डा और संजू सैमसन क्रीज पर हैं।
ईशान किशन के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा है। वह छह रन बनाकर आउट हुए। जॉन्गवे की गेंद पर वो क्लीन बोल्ड हो गए। अब शुभमन गिल और दीपक हुड्डा क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 91 रन है।
भारतीय टीम ने पावरप्ले में दो विकेट के नुकसान पर 75 रन बना लिए हैं और तेजी से लक्ष्य की तरफ बढ़ रही है। शुभमन गिल और ईशान किशन क्रीज पर हैं, दोनों के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को यह मैच जीतने के लिए 87 रन की जरूरत है।
भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 50 के पार जा चुका है। शुभमन गिल और ईशान किशन क्रीज पर हैं। भारत के लिए लक्ष्य आसान है, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों को अच्छी साझेदारी कर जीत सुनिश्चित करनी होगी।
47 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। शिखर धवन 21 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। चिवांगा ने जिम्बाब्वे को दूसरी सफलता दिलाई है। उन्होंने शिखर धवन को काइया के हाथों कैच आउट कराया।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। पारी की शुरुआत करने आए कप्तान राहुल दूसरे ही ओवर में एक रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद शिखर धवन और शुभमन गिल ने पारी संभाली है और भारत का स्कोर एक विकेट पर 30 रन के पार जा चुका है।
एशिया कप की तैयारियों के लिए ओपनिंग करने उतरे केएल राहुल का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह दूसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गए। राहुल को नाउची ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। वह सिर्फ एक रन बना सके। उनके आउट होने के बाद शुभमन गिल क्रीज पर उतरे हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई है। कप्तान केएल राहुल इस मैच में ओपनिंग करने के लिए आए हैं। इस बात के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे कि राहुल एशिया कप की तैयारियों के लिए ओपनिंग कर सकते हैं। उनके साथ शिखर धवन क्रीज पर आए हैं।
सीरीज के दूसरे वनडे मैच में भी जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा़ स्कोर नहीं बना पाई। पहले वनडे में 189 रन बनाने वाली टीम इस बार 161 रन पर ही सिमट गई। जिम्बाब्वे ने अपना आखिरी विकेट रन आउट के रूप में गंवाया। टीम के आखिरी दो विकेट रन आउट के रूप में ही गिरे। पिछले मैच में भले ही नौवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हुई थी, लेकिन इस मैच में आखिरी तीन विकेट 13 रन के अंतर में गिर गए। सबसे ज्यादा 42 रन सीन विलियम्स ने बनाए। उनके अलावा रेयान बर्ल ने 39 रन की पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए और बाकी सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला।
156 के स्कोर पर जिम्बाब्वे के नौ विकेट गिर चुके हैं। न्याउची खाता खोले बिना रन आउट हो गए और जिम्बाब्वे की टीम ऑल आउट होने की कगार पर पहुंच चुकी है। हालांकि, एक छोर पर रेयान बर्ल ने अच्छी बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचा दिया है। 38 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर नौ विकेट पर 160 रन है।
अक्षर पटेल ने जिम्बाब्वे को आठवां झटका दिया है। उन्होंने ब्रैड इवांस को नौ रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। 37 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर आठ विकेट पर 149 रन हो चुका है।
129 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे का सातवां विकेट गिरा है। शार्दुल ठाकुर ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई है। इस मैच में यह उनका तीसरा विकेट हैं। उन्होंने जॉन्गवे को क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 16 गेंद में छह रन बनाए। 33 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर सात विकेट पर 130 रन है।
दीपक हुड्डा ने भारत को छठी सफलता दिलाई है। उन्होंने खतरनाक दिख रहे सीन विलियम्स को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। उन्होंने 42 गेंद में 42 रन बनाए। अब जिम्बाब्वे के लिए बड़ा स्कोर बनाना मुश्किल होगा। पिछले मैच की तरह पुछल्ले बल्लेबाजों के बीच बड़ी साझेदारी होने पर ही टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाएगी।
पांच विकेट के नुकसान पर जिम्बाब्वे का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। सीन विलियम्स एक छोर संभालकर बल्लेबाजी कर रहे हैं और अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके हैं।
कुलदीप यादव ने 72 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे की टीम को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने 31 गेंद में 16 रन बनाए। बांग्लादेश के खिलाफ कमाल करने वाले रजा भारत के खिलाफ दोनों मैचों में फ्लॉप रहे हैं। अब सीन विलियम्सन पर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने की जिम्मेदारी है।
जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। पिछले मैच की तरह इस मैच में भी जिम्बाब्वे की सलामी जोड़ी ने 20 रन जोड़े, लेकिन पहला विकेट गिरते ही गुच्छे में विकेट गिरे और अब चार विकेट पर 50 रन बनाकर टीम संघर्ष कर रही है। हालांकि, टीम के दो सबसे अहम बल्लेबाज सीन विलियम्स और सिकंदर रजा क्रीज पर हैं। इन दोनों के ऊपर बड़ी साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
प्रसिद्ध कृष्णा ने जिम्बाब्वे की टीम को चौथा झटका दिया है। उन्होंने वेस्ले मधेवेरे को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। वेस्ले मधेवेरे ने 12 गेंद में दो रन बनाए। 15 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 46 रन है। सिकंदर रजा और सीन विलियम्स क्रीज पर हैं।
भारत को दूसरी सफलता शार्दुल ठाकुर ने दिलाई। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर इनोसेंट काया को पवेलियन भेज दिया। काया 27 गेंद पर 16 रन बनाकर विकेटकीपर सैमसन को कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके लगाए। काया के बाद शार्दुल ने कप्तान रेजिस चकबवा को आउट कर दिया। रेजिस चकबवा पांच गेंद पर दो रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनका कैच शुभमन गिल ने लिया। जिम्बाब्वे ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 29 रन बना लिए हैं। सिकंदर रजा और वेस्ले मधेवेरे क्रीज पर हैं।
जिम्बाब्वे को पहला झटका नौवें ओवर में लगा। मोहम्मद सिराज ने काइटानो को आउट कर टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। काइटानो ने 32 गेंद पर सिर्फ सात रन बनाए। उनका कैच विकेट के पीछे संजू सैमसन ने लिया। जिम्बाब्वे ने नौ ओवर में एक विकेट पर 20 रन बना लिए हैं। काया 20 गेंद पर 10 रन बनाकर और वेस्ले मधेवेरे खाता खोले बगैर नाबाद हैं।
जिम्बाब्वे की पारी के पांच ओवर हो गए हैं। टीम दहाई के आंकड़े को नहीं छू पाई है। उसने बिना किसी नुकसान के आठ रन बनाए हैं। काया 14 गेंद पर चार और काइटानो 16 गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। इनोसेंट काया और ताकुदजवानाशे काइटानो क्रीज पर हैं। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी की शुरुआत की। इस मैच में दीपक चाहर नहीं खेल रहे हैं। ऐसे में सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
जिम्बाब्वे: इनोसेंट काया, ताकुदजवानाशे कैतानो, वेस्ले मधेवेरे, सीन विलियम्स, सिकंदर रजा, रेजिस चकबवा (विकेटकीपर और कप्तान), रेयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्रैड इवांस, विक्टर न्याउची, तनाका चिवंगा।
भारत: शिखर धवन, शुभमन गिल, ईशान किशन, केएल राहुल (कप्तान), दीपक हुड्डा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में भी टॉस जीत लिया है। कप्तान केएल राहुल ने इस बार भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का ही फैसला किया है। दीपक चाहर इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को मौका दिया गया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा वनडे थोड़ी देर में खेला जाएगा। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 1-0 से आगे है। उसने गुरुवार को पहले वनडे मैच में मेजबान टीम को 10 विकेट से हराया था।