फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ZIM 1st ODI Live: भारत ने जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हराया, शिखर धवन और शुभमन गिल ने दिलाई जीत

Thu, 18 Aug 2022 06:47 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हरारे

खास बातें

India vs Zimbabwe 1st ODI: भारत ने पहले वनडे मैच में जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हरा दिया है। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा था। टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य का पीछा कर लिया। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
विज्ञापन
शतकीय साझेदारी के दौरान शुभमन गिल और शिखर धवन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:29 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत ने 10 विकेट से जीता मैच

शिखर धवन और शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने यह मैच 10 विकेट से जीत लिया है। 190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 30.5 ओवर में 1092 रन बनाकर यह मैच जीत लिया। भारत के शिखर धवन 81 और शुभमन गिल 82 रन बनाकर नाबाद रहे। इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच इसी मैदान पर शनिवार के दिन खेला जाएगा। 

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। जिम्बाब्वे ने ठीक-ठाक शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े, लेकिन पहला विकेट गिरते ही पूरी टीम धराशायी हो गई। 31 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद सिकंदर रजा और कप्तान चकाबवा ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने 35 रन जोड़े, लेकिन प्रसिद्ध ने रजा को आउट कर साझेदारी तोड़ दी। 

110 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे के आठ विकेट गिर चुके थे, लेकिन इसके बाद इवांस और नगरवा के बीच 70 रन की शानदार साझेदारी हुई और जिम्बाब्वे की टीम अंत में 189 रन बनाने में सफल रही। इसके जवाब में भारत की सालमी जोड़ी शिखर धवन और शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 192 की सलामी साझेदारी कर भारत को जीत दिला दी। 

06:27 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारतीय टीम जीत के करीब

भारतीय टीम इस मैच में जीत के करीब पहुंच चुकी है। शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद आक्रामक बल्लेबाजी की है। गिल 81 के स्कोर पर पहुंच चुके हैं। वहीं, धवन 71 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारत को जीत के लिए 10 रन की जरूरत है। 

06:15 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत का स्कोर 150 के पार

भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 150 के पार जा चुका है। धवन और गिल शतकीय साझेदारी करने के बाद 65 रन बनाकर खेल रहे हैं। अब भारत के लिए यह मैच जीतना बेहद आसान होगा। 

विज्ञापन
06:10 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: शुभमन गिल का अर्धशतक

शिखर धवन के बाद शुभमन गिल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने 51 गेंद में छह चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। अब शुभमन गिल तेजी से रन बना रहे हैं, लेकिन उनके लिए शतक बनाना मुश्किल होगा। 

05:47 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत का स्कोर 100 के पार, धवन का अर्धशतक

भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 100 के पार जा चुका है। इस बीच शिखर धवन ने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। शुभमन गिल भी अच्छी लय में दिख रहे हैं और अपने अर्धशतक के करीब हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है और टीम इंडिया आसानी से यह मैच जीतने की तरफ बढ़ रही है। पिछले चार मैचों में शिखर धवन और शुभमन गिल ने तीसरी बार शतकीय साझेदारी की है। 

विज्ञापन
05:24 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: धवन गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

शिखर धवन और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 76 रन हो चुका है। इस बीच शिखर धवन ने वनडे करियर में अपने 6500 रन पूरे कर लिए हैं। 

05:12 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत ने पावरप्ले में 43 रन बनाए

भारत ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 43 रन बना लिए हैं। शिखर धवन और शुभमन गिल अच्छी लय में दिख रहे हैं और दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो चुकी है। यह मैच जीतने के लिए टीम इंडिया को सिर्फ 190 रन की जरूरत है। इस लिहाज से यह लक्ष्य भारत के लिए आसान होगा। 

04:59 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत की सधी हुई शुरुआत

छह ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 27 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल चार रन और शिखर धवन 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:40 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: धवन-गिल कर रहे ओपनिंग

भारत के लिए शिखर धवन और शुभमन गिल ओपनिंग के लिए उतरे हैं। दोनों ने तीन ओवर में 19 रन जोड़ भी लिए हैं। फिलहाल धवन 11 रन और गिल एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

03:52 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे की टीम 189 रन पर ऑलआउट

भारत ने जिम्बाब्वे की पारी को 40.3 ओवर में 189 रन पर समेट दिया। जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान रेजिस चकाबवा ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। वहीं, ब्रैड इवांस ने 33 और रिचर्ड एंगारवा ने 34 रन की पारी खेली। भारत के लिए टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने सात ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा और अक्षर पटेल ने भी तीन-तीन विकेट लिए। 

03:49 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारतीय गेंदबाज विकेट को तरसे

38 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने आठ विकेट गंवाकर 171 रन बना लिए हैं। फिलहाल रिचर्ज एंगारवा 27 रन और ब्रैड इवांस 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच नौवें विकेट के लिए 60 प्लस रन की साझेदारी हो चुकी है। 

03:08 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे के आठ बल्लेबाज पवेलियन लौटे

110 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे के आठ बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। अक्षर पटेल ने पहले 27वें ओवर में कप्तान रेजिस चकाबवा को बोल्ड किया। चकाबवा 51 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके लगाए। इसके बाद 29वें ओवर में अक्षर ने ल्यूक जॉन्गवे को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। जॉन्गवे 13 रन बना सके। 29वें ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर आठ विकेट पर 111 रन है। फिलहाल ब्रैड इवांस एक रन और रिचर्ड एंगारवा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

03:01 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे का सातवां विकेट गिरा

107 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे का सातवां विकेट गिरा है। कप्तान रेजिस चकाबवा को अक्षर पटेल ने क्लीन बोल्ड किया। उन्होंने 51 गेंद में 35 रन बनाए। 28 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर सात विकेट पर 110 रन है।

02:42 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को छठा झटका

21वें ओवर में 83 के स्कोर पर जिम्बाब्वे को छठा झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने रेयान बर्ल को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। बर्ल 18 गेंदों में 11 रन बना सके। फिलहाल कप्तान रेजिस चकाबवा और ल्यूक जोंगवे क्रीज पर हैं। 21 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर छह विकेट पर 87 रन है। 

02:16 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को पांचवां झटका

17वें ओवर में 66 के स्कोर पर जिम्बाब्वे की टीम को पांचवां झटका लगा। प्रसिद्ध कृष्णा ने सिकंदर रजा को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। रजा 17 गेंदों में 12 रन बना सके। फिलहाल रेयान बर्ल और कप्तान रेजिस चकाबवा क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर पांच विकेट पर 71 रन है। दीपक चाहर ने तीन और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।

02:03 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: 13 ओवर के बाद जिम्बाब्वे 52/4

13 ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने चार विकेट गंवाकर 52 रन बना लिए हैं। फिलहाल सिकंदर रजा छह रन और रेजिस चकाबवा 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दीपक चाहर ने अब तक तीन विकेट झटके हैं। वहीं, मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया है। 

01:44 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को चौथा झटका

11वें ओवर में 31 के स्कोर पर जिम्बाब्वे की टीम को चौथा झटका लगा। करीब छह महीने बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने कहर बरपाते हुए तीन विकेट झटके। उन्होंने 11वें ओवर में वेस्ले मधेवेयरे को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मधेवेयरे पांच रन बना सके। 11 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर चार विकेट पर 37 रन है। फिलहाल रेजिस चकाबवा और सिकंदर रजा क्रीज पर हैं। 

01:41 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को तीसरा झटका

10वें ओवर में 31 के स्कोर पर जिम्बाब्वे की टीम को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने शॉन विलियम्स को पवेलियन भेजा। विलियम्स एक रन बना सके। इससे पहले दीपक चाहर ने जिम्बाब्वे के दोनों ओपनर्स को आउट किया था। 10 ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर तीन विकेट पर 31 रन है। फिलहाल सिकंदर रजा और वेस्ले मधेवेयर क्रीज पर हैं। 

01:35 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को दूसरा झटका

नौवें ओवर में 26 के स्कोर पर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका लगा। तदिवानाशे मारुमानी 22 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। मारुमानी को दीपक चाहर ने विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। यह चाहर का दूसरा विकेट रहा। इससे पहले उन्होंने इनोसेंट काया को भी पवेलियन भेजा था। नौ ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर दो विकेट पर 30 रन है। फिलहाल शॉन विलियम्स और वेस्ले मधेवेयर क्रीज पर हैं।

01:27 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे को पहला झटका

सातवें ओवर में 25 के स्कोर पर जिम्बाब्वे को पहला झटका लगा। दीपक चाहर ने टीम में वापसी के साथ ही अपने पहले ही मैच में विकेट झटका। उन्होंने इनोसेंट काया को पवेलियन की राह दिखाई। वह 20 गेंदों में चार रन बना सके। दीपक चाहर फरवरी में चोटिल हुए थे और तब से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। सात ओवर के बाद जिम्बाब्वे का स्कोर एक विकेट पर 26 रन है। फिलहाल वेस्ले मधेवेयर एक रन और तदिवानाशे मारुमानी आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

01:20 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: छह ओवर के बाद जिम्बाब्वे 25/0

छह ओवर के बाद जिम्बाब्वे ने बिना कोई विकेट गंवाए 25 रन बना लिए हैं। फिलहाल तदिवानाशे मारुमानी आठ रन और इनोसेंट काया चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाज पहले छह ओवर में कोई विकेट नहीं ले सके।

12:50 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: दीपक चाहर पहला ओवर करने आए

भारत की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत दीपक चाहर ने की। जिम्बाब्वे के लिए तदिवानाशे मारुमनी और इनोसेंट काया ने बल्लेबाजी की शुरुआत की। चाहर करीब छह महीने बाद पेशेवर क्रिकेट खेल रहे हैं। चाहर ने पहले ओवर में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को अपनी स्विंग से परेशान किया। हालांकि, उन्हें सफलता नहीं मिली। जिम्बाब्वे ने पहले ओवर में छह रन बनाए।

12:24 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत के प्लेइंग-11 में चार ओपनर्स खेल रहे हैं। इनमें धवन, शुभमन, ईशान और राहुल शामिल हैं। ऐसे में धवन और शुभमन ओपनिंग करेंगे। वहीं, ईशान और राहुल मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते दिखेंगे। सैमसन विकेटकीपर होंगे। टीम इंडिया में तेज गेंदबाज दीपक चाहर की वापसी हुई है। वह फरवरी में चोटिल हो गए थे। तब से क्रिकेट से दूर हैं।

भारत: शिखर धवन, शुभमन गिल, ईशान किशन, केएल राहुल (कप्तान), दीपक हुड्डा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।

जिम्बाब्वे: तदिवानाशे मारुमनी, इनोसेंट काया, शॉन विलियम्स, वेस्ले मधेवेयर, सिकंदर रजा, रेजिस चकाबवा (कप्तान), रेयान बर्ल, ल्यूक जोंगवे, ब्रैडली इवांस, विक्टर न्याउची, रिचर्ड एंगारवा।

12:19 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम मैदान पर उतरी है। वहीं, नियमित हेड कोच राहुल द्रविड़ की गैरमौजूदगी में नेशनल क्रिकेट अकेडमी के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण कोच का दायित्व निभा रहे हैं। 

टॉस के दौरान कप्तान राहुल ने कहा- हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट में थोड़ी नमी दिख रही है। पहले गेंदबाजी करने और पहले घंटे का फायदा उठाने का अच्छा मौका है। बहुत सारे लोगों को अवसर मिले हैं। यह खुद को और अपने कौशल को चुनौती देने का अच्छा मौका है। 

12:10 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: राहुल के लिए खास यह सीरीज

वनडे सीरीज केएल राहुल के लिए इस माह के अंत में होने वाले एशिया कप से पहले ड्रेस रिहर्सल होगी। राहुल जिम्बाब्वे के खिलाफ अनुभवी शिखर धवन के साथ सलामी जोड़ीदार होंगे, ऐसे में युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के तीसरे क्रम पर उतरने की संभावना है।

इस साल टी-20 विश्वकप होना है और जहां तक इस प्रारूप की बात है तो शुभमन टीम प्रबंधन की योजनाओं का हिस्सा नहीं है। अगर वह तीसरे क्रम पर उतरेंगे तो यह सुनिश्चित हो सकेगा कि कप्तान राहुल एशिया कप से पहले ज्यादा से ज्यादा समय क्रीज पर बिता सकेंगे। वह फरवरी के बाद पहला मैच खेलेंगे। एशिया कप का आयोजन 27 अगस्त से यूएई में किया जाएगा।

12:09 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: जिम्बाब्वे दौरे पर भारत के वनडे सीरीज के नतीजे

साल सीरीज में मैच नतीजा
1992 1 भारत 1-0 से जीता
1997 2 जिम्बाब्वे 1-0 से जीता
1998 3 भारत 2-1 से जीता
2013 5 भारत 5-0 से जीता
2015 3 भारत 3-0 से जीता
2016 3 भारत 3-0 से जीता

12:08 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: भारत बनाम जिम्बाब्वे सीरीज रिकॉर्ड

भारतीय टीम के जिम्बाब्वे दौरे की बात करें तो टीम इंडिया पहली बार 1992 में वहां एक मैच की सीरीज खेली थी। उसने वह मुकाबला अपने नाम कर लिया था। उसके पांच साल बाद जिम्बाब्वे में भारत को पहली बार सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। मेजबान टीम ने दो मैचों की सीरीज को 1-0 से अपने नाम कर लिया था। भारत 1997 के उस सीरीज के बाद से अब तक जिम्बाब्वे में एक भी सीरीज नहीं हारा है। इस दौरान उसने चार बार मेजबान टीम को हराया है।

1998 में भारत टीम तीसरी बार जिम्बाब्वे गई थी। तब उसने तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद भारतीय टीम 2013 में जिम्बाब्वे गई थी। फिर 2015 और 2016 में दौरा किया। अब छह साल बाद वहां टीम इंडिया वनडे सीरीज खेलेगी।

12:07 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM Live: लगातार पांचवीं सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया

टीम इंडिया छह साल बाद जिम्बाब्वे में द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलेगी। केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम की नजर वहां लगातार पांचवीं सीरीज जीतने पर होगी। राहुल पहले इस दौरे के लिए नहीं चुने गए थे। फिटनेस टेस्ट में पास होने के बाद उन्हें टीम में लिया गया और शिखर धवन की जगह कप्तान बनाया गया। पहले धवन को कप्तान नियुक्त किया गया था।

12:01 PM, 18-Aug-2022

IND vs ZIM 1st ODI Live: भारत ने जिम्बाब्वे को 10 विकेट से हराया, शिखर धवन और शुभमन गिल ने दिलाई जीत

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे खेलेगी। टीम इंडिया जिम्बाब्वे में पिछले 25 साल में कोई वनडे सीरीज नहीं गंवाई है। ऐसे में भारत इस रिकॉर्ड को बरकरार रखने उतरेगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें