भारत ने तीसरे टी-20 में वेस्टइंडीज को सात विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 164 रन बनाए। कायल मेयर्स ने सबसे ज्यादा 73 रन की पारी खेली। जवाब में भारत ने सूर्यकुमार के 76 रन की बदौलत 19 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
कप्तान रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट हुए। जब ऐसा हुआ तब वह पांच गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं, श्रेयस अय्यर 24 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या सिर्फ चार रन बना सके। ऋषभ पंत ने 26 गेंदों में 33 रन और दीपक हुड्डा ने 10 रन की नाबाद पारी खेली।
15वें ओवर में 135 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव एक बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 44 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के की मदद से 76 रन की पारी खेली। डोमिनिक ड्रेक्स ने सूर्यकुमार को अल्जारी जोसेफ के हाथों कैच कराया। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 136 रन है। फिलहाल पंत और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।
भारत को पहला झटका श्रेयस अय्यर के रूप में लगा। वह 27 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। अकील हुसैन की गेंद पर डेवोन थॉमस ने उन्हें स्टंप किया। अय्यर के आउट होने के बाद ऋषभ पंत क्रीज पर उतरे हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रोहित शर्मा की चोट को लेकर अपडेट दिया है। बोर्ड के मुताबिक, रोहित की पीठ में समस्या है और मेडिकल टीम इस पर काम कर रही है।
सूर्यकुमार यादव ने नौवें ओवर में छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह 27 गेंद पर 54 रन बनाकर खेल रहे हैं। श्रेयस अय्यर 19 गेंद पर 15 रन बनाकर नाबाद हैं।
सूर्यकुमार यादव आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 11 गेंदों पर 20 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया ने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 37 रन बना लिए हैं। श्रेयस अय्यर आठ गेंद पर छह रन बनाकर नाबाद हैं।
रोहित शर्मा दूसरे ओवर में चोटिल हो गए। हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण वह मैदान से बाहर चले गए हैं। रोहित ने पांच गेंद पर 11 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। रोहित के रिटायर्ड हर्ड होने के बाद श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर सूर्यकुमार यादव हैं।
वेस्टइंडीज ने भारत को 165 रन का लक्ष्य दिया है। उसने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए कायेल मेयर्स ने सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। रोवमन पॉवेल ने 23, निकोलस पूरन ने 22, ब्रैंडन किंग ने 20 और शिमरॉन हेटमायर ने 20 रन बनाए। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह को एक-एक सफलता मिली।
वेस्टइंडीज को तीसरा झटका 17वें ओवर में लगा। भुवनेश्वर कुमार ने दूसरी गेंद पर कायेल मेयर्स को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। मेयर्स ने 50 गेंद पर 73 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आठ चौके और चार छक्के लगाए। रोवमन पॉवेल और शिमरॉन हेटमायर क्रीज पर हैं।
वेस्टइंडीज को दूसरा झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। भुवनेश्वर ने विंडीज कप्तान निकोलस पूरन को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। पूरन ने 23 गेंद पर 22 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद रोवमन पॉवेल क्रीज पर आए हैं। वेस्टइंडीज ने 15 ओवर में दो विकेट पर 108 रन बना लिए हैं।
वेस्टइंडीज ने 13 ओवर एक विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। कायेल मेयर्स ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वह 41 गेंद पर 52 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, निकोलस पूरन ने 17 गेंद पर नौ रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को दूसरी विकेट की तलाश है।
वेस्टइंडीज की पारी के आधे ओवर समाप्त हो गए हैं। उसने 10 ओवर एक विकेट पर 65 रन बनाए हैं। कायेल मेयर्स 32 गेंद पर 40 और कप्तान निकोलस पूरन आठ गेंद पर तीन रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज को पहला झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। उन्होंने आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर ब्रैंडन किंग को क्लीन बोल्ड कर दिया। किंग ने 20 गेंद पर 20 रन बनाए। इस दौरान तीन चौके लगाए। उन्होंने कायेल मेयर्स के साथ पहले विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। ब्रैंडन किंग के आउट होने के बाद निकोलस पूरन क्रीज पर आए हैं।
वेस्टइंडीज ने पावरप्ले (शुरुआती छह ओवरों) में 46 रन बनाए। इस दौरान भारतीय टीम को एक भी सफलता नहीं मिली। ब्रैंडन किंग 17 गेंद पर 15 और कायेल मेयर्स 19 गेंद पर 29 रन बनाकर नाबाद हैं।
वेस्टइंडीज के लिए कायेल मेयर्स और ब्रैंडन किंग ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने शुरुआती तीन ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की है। वेस्टइंडीज ने बिना किसी नुकसान के 22 रन बना लिए हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, अवेश खान, अर्शदीप सिंह।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, निकोलस पूरन (सी), शिमरोन हेटमायर, डेवोन थॉमस (विकेटकीपर), रोवमन पॉवेल, डोमिनिक ड्रेक्स, जेसन होल्डर, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, ओबेड मैकॉय।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। रोहित ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। रवींद्र जडेजा की जगह दीपक हुड्डा को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। ओडियन स्मिथ की जगह डोमिनिक ड्रेक्स को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला सेंट किट्स के वार्नर मैदान में खेला जाएगा। पहले मैच में 68 रन से जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम को दूसरे टी-20 में वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया आज का मैच जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने उतरेगी।