दिल्ली में जारी दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में दो विकेट गंवाकर 318 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 173 रन और कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम को जो दो झटके लगे हैं, उनमें केएल राहुल और साई सुदर्शन के विकेट शामिल हैं। राहुल 38 रन और सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट हुए। सुदर्शन शतक से चूक गए। यशस्वी के टेस्ट करियर का यह सातवां शतक रहा। उन्होंने सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी निभाई।
भारत ने दो विकेट गंवाकर 300 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं।
यशस्वी जायसवाल ने 150 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने 224 गेंद पर यह उपलब्धि हासिल की। यशस्वी ने अब तक सात शतकों में से पांच बार 150+ रन की पारी खेली है। भारत ने दो विकेट पर 290 रन बना लिए हैं। यशस्वी 150 रन और कप्तान शुभमन गिल 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत को 251 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। जोमेल वारिकन ने साई सुदर्शन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह शतक से चूक गए और 165 गेंद में 12 चौके की मदद से 87 रन बना सके। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल यशस्वी के साथ कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर हैं। यशस्वी 126 रन बना चुके हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन तीसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल के साथ साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। भारत का स्कोर 220 रन के पार पहुंच गया है।
भारत ने पहले दिन चायकाल तक अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 220 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 111 रन और साई सुदर्शन 71 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 162 रन की साझेदारी हो चुकी है। केएल राहुल (38 रन) आउट होने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्हें जोमेल वारिकन ने आउट किया था।
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट करियर का सातवां शतक जड़ा। उन्होंने 145 गेंद पर शतक पूरा किया। यशस्वी अब तक अच्छे टच में दिखे हैं। उन्होंने साई सुदर्शन के साथ 140 रन की साझेदारी कर ली है। भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 198 रन बना लिए हैं। फिलहाल सुदर्शन 58 रन और यशस्वी 102 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
सुदर्शन ने टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है। वहीं, यशस्वी जायसवाल भी शतक के करीब हैं। भारत ने एक विकेट पर 170 से ज्यादा रन बना लिए हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 120 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत ने एक विकेट पर 157 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 74 रन और साई सुदर्शन 45 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 99 रन की साझेदारी हो चुकी है।
यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट करियर का 12वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 50+ रन की साझेदारी भी कर ली है। सुदर्शन 21 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत ने एक विकेट गंवाकर 117 रन भी बना लिए हैं। केएल राहुल 38 रन बनाकर आउट हुए।
दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 94 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 78 गेंद में 40 रन और साई सुदर्शन 36 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद है। केएल राहुल 38 रन बनाकर जोमेल वारिकन का शिकार बने। वारिकन ने उन्हें विकेटकीपर इमलाक के हाथों स्टंप आउट कराया।
58 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा। जोमेल वारिकन ने केएल राहुल को विकेटकीपर इमलाक के हाथों स्टंप आउट कराया। वह 38 रन बना सके। फिलहाल यशस्वी 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उनका साथ देने साई सुदर्शन आए हैं।
भारत को राहुल और यशस्वी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई है। दोनों के बीच अब तक 39 रन की साझेदारी हो चुकी है। यशस्वी 14 रन और राहुल 25 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारतीय पारी की शुरुआत हो चुकी है। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग करने आए हैं। दोनों पर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी है।
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज: तेजनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथानाजे, तेविन इमलाक (विकेटकीपर), शाई होप, रोस्टन चेज (कप्तान), जस्टिन ग्रीव्स, जोमेल वारिकन, खेरी पियरे, एंडरसन फिलिप, जेडन सील्स।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। कप्तान गिल ने पहले बल्लेबाजी चुनी और उन्होंने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने दो बदलाव किए हैं। कप्तान रोस्टन चेज ने बताया कि ब्रैंडन किंग और जोहान लेन यह मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह तेविन इमलाक और एंडरसन फिलिप आए हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार से दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत ने पहले मैच में दमदार प्रदर्शन करते हुए ढाई दिन के अंदर पारी से यह मुकाबला अपने नाम किया था और शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम अब वेस्टइंडीज पर एक और बड़ी जीत दर्ज करने उतरेगी। भारत इस सीरीज में 1-0 से आगे है और उसकी कोशिश दूसरा मैच जीतकर क्लीन स्वीप करने पर होगी।
भारत को इस मैच के बाद सीमित ओवरों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है और टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो उस सीरीज का भी हिस्सा होंगे। ऐसे में यह देखना होगा क्या टीम प्रबंधन इन खिलाड़ियों को आराम देने पर विचार करेगा, विशेषकर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर नजरें होंगी जिनके वर्कलोड को लेकर काफी चर्चा रहती है। हालांकि, बुमराह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम का हिस्सा नहीं हैं और वह उस दौरे पर टी20 सीरीज में ही हिस्सा लेंगे। वहीं, टीम के सहायक कोच रेयान टेन डस्काटे ने भी बुधवार को स्पष्ट किया था कि टीम विजयी संयोजन से छेड़छाड़ नहीं करेगी। डस्काटे के बयान से संकेत मिले हैं कि टीम प्लेइंग-11 में बिना किसी बदलाव के उतर सकती है।
अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की टीम किसी भी समय भारत के सामने चुनौती पेश नहीं कर सकी। भारत के लिए एक और प्रभावशाली प्रदर्शन का मतलब सिर्फ सीरीज जीतना नहीं है, बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) अंक तालिका पर अपनी स्थिति मजबूत करना और इस साल के अंत में घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कड़ी चुनौती के लिए आत्मविश्वास बढ़ाना भी है। भारत अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इस मैच में भी मुकाबले को जल्दी समाप्त कर सकता है जहां की पिच से शुरू में तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है।
यह लगभग तय है कि भारत अपनी अंतिम एकादश में कोई बदलाव नहीं करेगा और नीतीश टीम में बने रहेंगे जिन्हें टीम प्रबंधन भविष्य के लिए गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में तैयार करने पर ध्यान दे रहा है। भारत की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और ऐसे में वह नीतीश को अपनी गेंदबाजी पर अधिक ध्यान देने के लिए कह रहा है। चयनकर्ता और कोच अभी साई सुदर्शन को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं हैं, लेकिन वह पिछली सात पारियों में से छह में असफल रहे। इस तरह की परिस्थितियां एक ऐसे खिलाड़ी के लिए वास्तविकता की परीक्षा पेश करती हैं, जो अभी भी लाल गेंद के चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी लय हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
यशस्वी जायसवाल ने पहले मैच में अच्छी शुरुआत की, जबकि केएल राहुल अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। उन्होंने पिछले छह टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाए हैं। कप्तान शुभमन गिल ने भी पहले मैच में अर्धशतक जड़ा। ऐसे में सुदर्शन का खराब स्कोर खटक रहा है क्योंकि ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा ने भी अहमदाबाद में शतक लगाए थे। सुदर्शन को हालांकि गिल का समर्थन प्राप्त है, लेकिन इस बल्लेबाज को अपने विकेट की कीमत को समझना पड़ेगा क्योंकि उनकी जगह लेने के लिए कई अन्य खिलाड़ी कतार में खड़े हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत हो रही है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया ने पहला टेस्ट पारी के अंतर से जीता था। भारत के पास वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ कर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति को मजबूत करने का मौका होगा।