फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs WI 3rd ODI: भारत ने पहली बार वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का किया क्लीन स्वीप, आखिरी मैच में 96 रन से हराया

Fri, 11 Feb 2022 08:55 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

खास बातें

India vs West Indies (IND vs WI) 3rd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली। अब 16 फरवरी से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी।
विज्ञापन
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:49 PM, 11-Feb-2022

भारत ने वेस्टइंडीज को 96 रन से हराया

भारत ने वेस्टइंडीज को तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में 96 रन से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 265 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए, जबकि ऋषभ पंत ने 56 रन की पारी खेली।

जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 37.1 ओवर में 169 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। विंडीज की ओर से ओडियन स्मिथ ने 18 गेंदों पर 36 रन और कप्तान निकोलस पूरन ने 34 रन बनाए। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। वहीं, कुलदीप यादव और दीपक चाहर को 2-2 विकेट मिले।

भारतीय टीम ने पहली बार वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। वहीं, वेस्टइंडीज दो बार भारत को क्लीन स्वीप कर चुका है।  2019 में भी एक ऐसा मौका आया था, जब वेस्टइंडीज भारत के दौरे पर कोई वनडे मैच नहीं जीता था, लेकिन टीम इंडिया क्लीन स्वीप नहीं कर पाई थी। सीरीज के दो मैच भारत के नाम रहे थे और एक मैच बेनतीजा रहा था। 

टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। दोनों टीमों के बीच पहली वनडे सीरीज 1983 में खेली गई थी, तब से भारत एक बार भी वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप नहीं कर सका था। हालांकि, रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने इतिहास रच दिया।

रोहित ने सिमित ओवर के कप्तान बनने के बाद से जबरदस्त कप्तानी की है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले साल टी-20 सीरीज में कप्तानी की थी। तब भी टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हराया था। अब वेस्टइंडीज का भी सूपड़ा साफ कर दिया।

क्या कहते हैं आंकड़े?
भारत और वेस्टइंडीज के बीच 91 वनडे मैच खेले हैं। इनमें से 44 भारत और 43 वेस्टइंडीज के नाम रहे हैं। एक मैच टाई रहा है और तीन मैच बेनतीजा रहे। दोनों टीमों के बीच 21 वनडे सीरीज हुई हैं। इनमें से सात वेस्टइंडीज और 14 भारतीय टीम के नाम रही हैं। घरेलू मैदान पर भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच भारत में कुल 11 सीरीज खेली गई हैं। इनमें से तीन वेस्टइंडीज और आठ भारत के नाम रही हैं।

08:41 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: वेस्टइंडीज के नौ विकेट गिरे

वेस्टइंडीज को 169 रन पर नौवां झटका लगा। हेडन वाल्श 38 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें सिराज ने रोहित के हाथों कैच कराया। कैच लेने के बाद रोहित खुश नजर नहीं आए और उन्होंने कैच के बाद जोर से गेंद को जमीन पर थ्रो किया। फिलहाल केमार रोच और अल्जारी जोसेफ क्रीज पर हैं। भारत विंडीज को क्लीन स्वीप करने से एक विकेट दूर है।

07:50 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: ओडियन स्मिथ पवेलियन लौटे

122 रन के कुल स्कोर पर वेस्टइंडीज को आठवां झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने ओडियन स्मिथ को शिखर धवन के हाथों कैच कराया। ओडियन ने 18 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने अल्जारी के साथ 30 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी की।

विज्ञापन
07:47 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: 23 ओवर के बाद वेस्टइंडीज 118/7

23 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने सात विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। फिलहाल अल्जारी जोसेफ 3 रन और ओडियन स्मिथ 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। स्मिथ ने ये 32 रन 15 गेंदों पर बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। ओडियन ने कुलदीप की गेंद पर 95 मीटर का छक्का भी जड़ा। दोनों के बीच अब तक 28 गेंदों पर 40 रन की साझेदारी कर ली है। 

07:28 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: वेस्टइंडीज को सातवां झटका

82 रन के कुल स्कोर पर वेस्टइंडीज को सातवां झटका लगा। कप्तान निकोलस पूरन 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कुलदीप यादव ने रोहित के हाथों कैच कराया। कुलदीप को मिली ये दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्हंने फैबियन एलेन को पवेलियन भेजा था। 19 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने सात विकेट गंवाकर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल अल्जारी जोसेफ और ओडियन स्मिथ क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
07:24 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: दो रन बनाने में दो विकेट गिरे

76 रन के कुल स्कोर पर वेस्टइंडीज को पांचवां झटका लगा था। जेसन होल्डर छह रन बनाकर आउट हुए। उन्हें 16वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। इसके अगले ओवर यानि 17वें ओवर में 77 के स्कोर पर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने फैबियन एलेन को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। वह शून्य पर आउट हुए। फिलहाल कप्तान निकोलस पूरन 34 रन और अल्जारी जोसेफ 1 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:03 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को चौथा झटका

68 रन पर वेस्टइंडीज को चौथा झटका लगा। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने डैरेन ब्रावो को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। ब्रावो 30 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। ब्रावो और पूरन के बीच 49 गेंदों पर 43 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल निकोलस पूरन और जेसन होल्डर क्रीज पर हैं।

06:56 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: पूरन-ब्रावो ने संभाली पारी

12 ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने तीन विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। फिलहाल डैरेन ब्रावो 19 रन और निकोलस पूरन 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 33 रन की साझेदारी हो चुकी है। शाई होप पांच रन, ब्रैंडन किंग 14 रन और शामार ब्रूक्स शून्य पर पवेलियन लौट चुके हैं। दीपक चाहर को दो और मोहम्मद सिराज को एक विकेट मिला।

06:25 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज को एक ओवर में दो झटके

पांचवें ओवर में 25 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को दो झटके लगे। दीपक चाहर ने इस ओवर की तीसरी गेंद पर ब्रैंडन किंग को पवेलियन भेजा। ब्रैंडन 14 रन बना सके। इसके बाद आखिरी गेंद पर शामार ब्रूक्स को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट कराया। शामार शून्य पर आउट हुए। छह ओवर में वेस्टइंडीज ने तीन विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल डैरेन ब्रावो 11 और कप्तान निकोलस पूरन शून्य पर क्रीज पर हैं।

06:10 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: विंडीज को पहला झटका

19 रन पर वेस्टइंडीज को पहला झटका लगा। मोहम्मद सिराज ने शाई होप को एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन भेजा। होप पांच रन बना सके। फिलहाल डैरेन ब्रावो और ब्रैंडन किंग मैदान पर हैं। बाद में रीप्ले में दिखा कि अगर होप रिव्यू लिए होते, तो वह बच जाते। गेंद स्टंप को मिस कर रही थी।

05:59 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: वेस्टइंडीज की अच्छी शुरुआत

वेस्टइंडीज के ओपनर्स शाई होप और ब्रैंडन किंग मैदान पर हैं। दोनों ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। तीन ओवर के बाद वेस्टइंडीज ने बिना विकेट गंवाए 19 रन बना लिए हैं। फिलहाल होप पांच रन और किंग 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

05:27 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: भारतीय टीम 265 रन पर ऑलआउट

भारतीय टीम 50 ओवर में 265 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 80 रन की पारी खेली। वहीं, ऋषभ पंत ने 56 रन बनाए। इसके अलावा दीपक चाहर ने 38 गेंदों पर 38 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 34 गेंदों पर 33 रन की पारी खेली।

कप्तान रोहित शर्मा 13 रन, शिखर धवन 10 रन, विराट कोहली शून्य और सूर्यकुमार 6 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 42 रन तक रोहित, विराट और धवन के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पंत और श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी हुई। वहीं, दीपक और वाशिंगटन ने सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की।

कुलदीप पांच रन और मोहम्मद सिराज चार रन बना सके। वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, अल्जारी जोसेफ और हेडन वाल्श ने दो-दो विकेट लिए। ओडियन स्मिथ और फैबियन एलेन को एक-एक विकेट मिला।

05:15 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: भारत को आठवां झटका

250 रन के कुल स्कोर पर भारत को आठवां झटका लगा। जेसन होल्डर ने कुलदीप यादव को पवेलियन भेजा। वह पांच रन बनाकर आउट हुए। 48 ओवर के बाद भारत ने आठ विकेट गंवाकर 250 रन बना लिए हैं। फिलहाल वाशिंगटन सुंदर और मोहम्मद सिराज क्रीज पर हैं।

04:59 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: भारत को सातवां झटका

240 के कुल स्कोर पर भारत को सातवां झटका लगा। दीपक चाहर 37 गेंदों पर 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेसन होल्डर ने शाई होप के हाथों कैच कराया। फिलहाल कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। दीपक और सुंदर के बीच सातवें विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी हुई।

04:51 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: 44वें ओवर में 14 रन आए

भारत के दीपक चाहर ने 44वें ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। यह ओवर हेडन वाल्श डाल रहे थे। उन्होंने तीसरी और चौथी गेंद पर दो चौके लगाए, जबकि पांचवीं गेंद को छक्के के लिए भेजा। भारत ने 44 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 227 रन बना लिए हैं।

04:38 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: दीपक चाहर ने लगाया छक्का

भारत ने 41 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 200 रन बना लिए हैं। 41वें ओवर में 194 रन के स्कोर पर दीपक चाहर ने फैबियन एलेन की गेंद पर शानदार छक्का लगाया। फिलहाल दीपक चाहर नौ रन और वाशिंगटन सुंदर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं।

04:27 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: श्रेयस अय्यर भी पवेलियन लौेटे

187 रन पर भारत को छठा झटका लगा। श्रेयस अय्यर 111 गेंदों पर 80 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हेडन वाल्श ने डेरेन ब्रावो के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। भारत ने 38 ओवर के बाद छह विकेट गंवाकर 189 रन बना लिए हैं। फिलहाल वाशिंगटन सुंदर और दीपक चाहर क्रीज पर हैं।

04:08 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: भारत को पांचवां झटका

164 रन पर भारत को पांचवां झटका लगा। सूर्यकुमार यादव छह रन बनाकर आउट हुए। उन्हें फैबियन एलेन ने शामार ब्रूक्स के हाथों कैच कराया। फिलहाल श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। भारत ने 33 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 164 रन बना लिए हैं।

03:55 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: ऋषभ पंत पवेलियन लौटे

152 रन के कुल स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। ऋषभ पंत 54 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें हेडन वाल्श ने विकेटकीपर शाई होप के हाथों कैच कराया। पंत और श्रेयस अय्यर के बीच चौथे विकेट के लिए 124 गेंदों पर 110 रन की साझेदारी हुई। 30 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 60 रन और सूर्यकुमार यादव शून्य पर क्रीज पर हैं। 

03:47 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: श्रेयस के बाद पंत का भी अर्धशतक

श्रेयस अय्यर के बाद ऋषभ पंत ने भी फिफ्टी लगाई। उन्होंने 47 गेंदों पर पचास रन पूरे किए। यह पंत के वनडे करियर का पांचवां अर्धशतक रहा। 29 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 149 रन बना लिए हैं। श्रेयस और पंत के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हो चुकी है। पंत 51 रन और श्रेयस 59 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

03:38 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: श्रेयस अय्यर का अर्धशतक

श्रेयस अय्यर ने वनडे करियर का नौवां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 74 गेंदों पर पचास रन पूरे किए। भारत ने 27 ओवर के बाद तीन विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ अब तक चौथे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी कर ली है। 

03:23 PM, 11-Feb-2022

भारत का स्कोर तीन विकेट पर 100 के पार

तीन विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 के पार हो चुका है। श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत क्रीज पर जमे हुए हैं। इन दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। वेस्टइंडीज के गेंदबाज इस जोड़ी के सामने बेअसर दिखे हैं और साझेदारी तोड़ने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। 

03:14 PM, 11-Feb-2022

पंत और श्रेयस के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने 67 गेंदों में 50 रन जोड़े हैं। अय्यर की तुलना में पंत ज्यादा तेजी से रन बना रहे हैं। इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने पहली बार अच्छी साझेदारी की है और इन दोनों बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाकर इसे शतकीय साझेदारी में बदलना होगा। 

03:09 PM, 11-Feb-2022

20 ओवर के बादद भारत का स्कोर 88/3

20 ओवर तक भारत ने तीन विकेट के नुकसान पर 88 रन बना लिए हैं। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत के तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद इन दोनों ने भारतीय पारी को संभाला है और भारत का स्कोर 100 के करीब ले गए हैं। 

02:53 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: 15 ओवर के बाद भारत 61/3

15 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल श्रेयस अय्यर 17 रन और ऋषभ पंत 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित शर्मा 13 रन, कोहली शून्य और धवन 10 रन बनाकर आउट हुए। अल्जारी जोसेफ ने दो विकेट और ओडियन स्मिथ ने एक विकेट लिया। 

02:21 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: भारत को तीसरा झटका

42 के स्कोर पर भारतीय टीम को तीसरा झटका लगा। रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद अब शिखर धवन भी पवेलियन लौट गए हैं। वे 26 गेंदों पर 10 रन बना सके। उन्हें ओडियन स्मिथ ने जेसन होल्डर के हाथों कैच कराया। फिलहाल श्रेयस अय्यर शून्य और श्रेयस अय्यर 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, कोहली शून्य पर आउट हुए। वे जून 2015 के बाद पहली बार एक वनडे सीरीज में कोई अर्धशतक नहीं लगा सके। 10 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए हैं।
 

02:10 PM, 11-Feb-2022
भारत बनाम वेस्टइंडीज - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs WI: कोहली का खराब रिकॉर्ड

कोहली जुलाई 2015 के बाद पहली बार किसी वनडे सीरीज में एक भी पचास या इससे ज्यादा का स्कोर नहीं बना पाए हैं। पिछली बार यह कारनामा उन्होंने जून 2015 में बांग्लादेश के खिलाफ किया था। तब वह एक भी पचास का स्कोर नहीं कर पाए थे। भारत ने नौ ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 40 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिखर धवन 10 और श्रेयस अय्यर भी 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वेस्टइंडीज की ओर से दोनों विकेट अल्जारी जोसेफ ने लिए।
 

01:54 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: भारत ने दो विकेट गंवाए

भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही है। चौथे ओवर में 16 रन के स्कोर पर भारतीय टीम को दो झटके लगे। अल्जारी जोसेफ इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने इस ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित को क्लीन बोल्ड किया। वे 15 गेंदों पर 13 रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर विराट कोहली को शाई होप के हाथों कैच कराया। कोहली शून्य पर आउट हुए। पांच ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिखर धवन (0) और श्रेयस अय्यर (1) क्रीज पर हैं।

01:47 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: 320 दिन बाद ओपनिंग उतरे धवन और रोहित

रोहित और धवन की जोड़ी 320 दिन बाद ओपनिंग के लिए उतरी है। पिछली बार ये दोनों 28 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ ओपनिंग के लिए मैदान पर उतरे थे। इसके बाद आज यानि 11 फरवरी को ओपनिंग के लिए उतरे हैं।

01:35 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: रोहित ने पहली ही गेंद पर चौका लगाया

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने केमार रोच के पहले ओवर में की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए पांच रन हैं। फिलहाल रोहित पांच रन और धवन शून्य पर क्रीज पर हैं।

01:26 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: धवन-कुलदीप की वापसी

भारतीय कप्तान रोहित ने टॉस के वक्त बताया कि वह कुछ बदलाव कर नए खिलाड़ियों को आजमाना चाहते हैं। उपकप्तान केएल राहुल का बाहर जाना चिंता का विषय है। राहुल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज के दौरान भी कुछ खास नहीं कर पाए थे। वहीं, शिखर धवन इस सीरीज से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे और पिछले दो वनडे में प्लेइंग-11 से बाहर थे। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव भी ये मैच खेल रहे हैं। पिछला वनडे उन्होंने जुलाई 20, 2021 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। हालांकि, क्रिकेट फैंस को एक बार फिर कुलदीप और चहल की जोड़ी 'कुलचा' एकसाथ मैदान पर नहीं दिखेगी। 

01:12 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा

वेस्टइंडीज: शाई होप (विकेटकीपर), ब्रैंडन किंग, डैरेन ब्रावो, शामार ब्रूक्स, निकोलस पूरन (कप्तान), जेसन होल्डर, फैबियन एलन, ओडियन स्मिथ, अल्जारी जोसेफ, हेडन वॉल्श, केमार रोच

01:03 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। टीम इंडिया में चार बदलाव किए गए हैं। केएल राहुल, दीपक हूडा, युजवेंद्र चहल और शार्दुल ठाकुर नहीं खेल रहे। इनकी जगह कुलदीप यादव, श्रेयस अय्यर, शिखर धवन और दीपक चाहर को मौका दिया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज टीम को भी झटका लगा है। टीम के रेगुलर कप्तान कीरोन पोलार्ड ये मैच भी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह निकोलस पूरन कप्तानी संभाल रहे हैं। पूरन ने अकील हुसैन की जगह हेडन वाल्श को प्लेइंग-11 में जगह दी है। 

12:49 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI Live: क्या कहते हैं आंकड़े?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 90 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 43 भारत और 43 वेस्टइंडीज के नाम रहे हैं। एक मैच टाई रहा है और तीन मैच बेनतीजा रहे। दोनों टीमों के बीच 21 वनडे सीरीज हुई हैं। इनमें से सात वेस्टइंडीज और 14 भारतीय टीम के नाम रही हैं। भारतीय जमीन पर भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच भारत में कुल 11 सीरीज खेली गई हैं। इनमें से तीन वेस्टइंडीज और आठ भारत के नाम रही हैं।

12:42 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: रोहित के लिए टीम चुनना परेशानी का विषय

टीम इंडिया भले ही सीरीज में बहुत अच्छी स्थिति में है, लेकिन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को तीसरे वनडे के लिए टीम चुनने में काफी परेशानी होने वाली है। वनडे सीरीज के दोनों मैच में दो अलग-अलग खिलाड़ियों के साथ पारी की शुरुआत करने वाले रोहित तीसरे मैच में भी सलामी जोड़ी में बदलाव कर सकते हैं। 

भारतीय टीम में फिलहाल पांच बल्लेबाज रोहित के जोड़ीदार बनने की दावेदारी पेश कर रहे हैं। इनमें शिखर धवन, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ शामिल हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फॉर्म को देखते हुए धवन को मौका मिल सकता है। वहीं, पंत और राहुल मध्यक्रम में खेलते दिखाई देंगे।

12:41 PM, 11-Feb-2022

वेस्टइंडीज के खिलाफ सभी टीमों का प्रदर्शन

देश कुल मैच (टेस्ट, वनडे, टी-20) जीते हारे टाई/ड्रॉ बेनतीजा
ऑस्ट्रेलिया 276 141 103 4/25 3
इंग्लैंड  286 113 116 0/51 6
भारत  250 98 99 2/46 5
पाकिस्तान 209 96 92 3/15 3
दक्षिण अफ्रीका 108 74 24 1/7 2

12:38 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI: ये रिकॉर्ड बनाएगी टीम इंडिया

अगर टीम इंडिया तीसरा वनडे हारती है, तो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) मिलाकर 100 मैच हारने वाली तीसरी टीम बन जाएगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड वेस्टइंडीज के खिलाफ 100 से ज्यादा मैच हार चुके हैं।

भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों फॉर्मेट मिलाकर 250 मैच खेले हैं। इसमें से टीम को 98 में जीत मिली, जबकि 99 में हार का सामना करना पड़ा। दो मैच टाई, 46 मैच ड्रॉ और पांच मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला।

12:25 PM, 11-Feb-2022

IND vs WI 3rd ODI: भारत ने पहली बार वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज का किया क्लीन स्वीप, आखिरी मैच में 96 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है और फाइनल मुकाबला भी जीतकर वेस्टइंडीज को क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं, दूसरी तरफ वेस्टइंडीज की टीम सम्मान बचाने उतरेगी। अगर विंडीज की टीम जीतती है, तो भारत के नजरिए से एक अनचाहा रिकॉर्ड बन जाएगा। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें