भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 106 रन बनाए। केशव महाराज ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली। वहीं, अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने 16.4 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सूर्यकुमार 33 गेंदों में 50 रन और केएल राहुल 56 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल ने छक्के के साथ मैच को फिनिश किया। उन्होंने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर तबरेज शम्सी की बॉल पर छक्का जड़ा और टीम इंडिया को जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारतीय टीम तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है। अगला मैच दो अक्तूबर को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
2021 से लेकर अब तक टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का प्रदर्शन
15 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 27 गेंदों में 39 रन और केएल राहुल 52 गेंदों में 43 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को अब 30 गेंदों में 16 रन की जरूरत है। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 70+ रन की साझेदारी हो चुकी है।
13 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 77 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 23 गेंदों में 34 रन और केएल राहुल 44 गेंदों में 34 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक तीसरे विकेट के लिए 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब 42 गेंदों में 30 रन की जरूरत है।
नौ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 38 रन बना लिए हैं। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 12 गेंदों में 17 रन और केएल राहुल 31 गेंदों में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 20+ रन की साझेदारी हो चुकी है। विराट कोहली और रोहित शर्मा पवेलियन लौट चुके हैं। भारत को अब 66 गेंदों में 69 रन की जरूरत है।
भारत को सातवें ओवर में 17 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। एनरिक नॉर्त्जे ने विराट कोहली को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। कोहली नौ गेंदों में तीन रन बना सके। इससे पहले रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। सूर्यकुमार यादव ने मैदान पर आते ही लगातार दो छक्के लगाए। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 29 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव पांच गेंदों में 12 रन और केएल राहुल 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 16 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 24 गेंदों में 11 रन और विराट कोहली चार गेंदों में दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। टीम इंडिया को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा था। रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। उन्हें कगिसो रबाडा ने विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया।
तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कगिसो रबाडा ने कप्तान रोहित शर्मा को विकेटकीपर क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच कराया। रोहित शर्मा खाता भी नहीं खोल सके। तीन ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 11 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली दो रन और केएल राहुल छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।
कगिसो रबाडा ने पहले ओवर में एक भी रन नहीं दिया। वहीं, वेन पार्नेल के दूसरे ओवर में नौ रन बने। फिलहाल रोहित शर्मा शून्य और केएल राहुल छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के सामने 107 रन का लक्ष्य है।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 107 रन का लक्ष्य रखा है। एक वक्त 42 रन पर छह विकेट गंवा चुकी अफ्रीकी टीम को केशव महाराज ने संभाला और 41 रन की पारी खेल स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 106 रन बनाए। महाराज के अलावा एडेन मार्करम ने 25 रन और वेन पार्नेल ने 24 रन की पारी खेली। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन, दीपक चाहर और हर्षल पटेल ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, अक्षर पटेल को एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका के चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं।
17 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने सात विकेट गंवाकर 79 रन बना लिए हैं। फिलहाल केशव महाराज 27 गेंदों में 23 रन और कगिसो रबाडा दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।
16वें ओवर में 68 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को सातवां झटका लगा। अक्षर पटेल ने वेन पार्नेल को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। पार्नेल 37 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। पार्नेल ने केशव महाराज के साथ सातवें विकेट के लिए 47 गेंदों में 26 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल महाराज और कगिसो रबाडा क्रीज पर हैं।
14 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेन पार्नेल 29 गेंदों में 19 रन और केशव महाराज 20 गेंदों में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन, दीपक चाहर ने दो और हर्षल पटेल को एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी खाता नहीं खोल सके। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं।
12 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेन पार्नेल 22 गेंदों में 16 रन और केशव महाराज 15 गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन, दीपक चाहर ने दो और हर्षल पटेल को एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी खाता नहीं खोल सके। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं।
10 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेन पार्नेल 20 गेंदों में 14 रन और केशव महाराज पांच गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने तीन, दीपक चाहर ने दो और हर्षल पटेल को एक विकेट मिला। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी खाता नहीं खोल सके। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं।
आठवें ओवर में 42 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका को छठा झटका लगा। हर्षल पटेल ने भी अपने पहले ही ओवर में सफलता हासिल की। उन्होंने एडेन मार्करम को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मार्करम 24 गेंदों में 25 रन बना सके। अपनी पारी में मार्करम ने तीन चौके और एक चौका लगाया। इसके बाद नौवें ओवर में अश्विन ने मेडन ओवर डाला। नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर छह विकेट पर 42 रन है। फिलहाल वेन पार्नेल और केशव महाराज क्रीज पर हैं।
पावरप्ले यानी पहले छह ओवर खत्म हो चुके हैं और दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल एडेन मार्करम 17 गेंदों में 17 रन और वेन पार्नेल आठ गेंदों में नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका ने तीसरी बार पावरप्ले में पांच विकेट गंवाए हैं। भारत के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने दूसरी बार पावरप्ले में पांच विकेट गंवाए हैं।
पांच ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेन पार्नेल सात गेंदों में आठ रन और एडेन मार्करम 12 गेंदों में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं। अर्शदीप ने अपने पहली ही ओवर में तीन विकेट झटके थे। वहीं, दीपक चाहर ने अपने शुरुआती दो ओवरों में दो विकेट लिए।
तीसरे ओवर में दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लगा। दीपक चाहर ने एकबार फिर कहर बरपाते हुए ओवर की तीसरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। दक्षिण अफ्रीका के चार खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल सके। इनमें कप्तान बावुमा, राइली रूसो, मिलर और स्टब्स शामिल हैं। तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका स्कोर पांच विकेट पर 14 रन है। फिलहाल वेन पार्नेल और एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।
दूसरे ओवर में दक्षिण अफ्रीका को तीन और झटके लगे। दीपक चाहर के बाद अर्शदीप सिंह ने कहर बरपाया। उन्होंने छह गेंदों में तीन विकेट झटके। दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अर्शदीप ने क्विंटन डिकॉक को क्लीन बोल्ड किया। वह एक रन बना सके। इसके बाद पांचवीं गेंद पर अर्शदीप ने राइली रूसो को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। अर्शदीप ने ओवर की आखिरी गेंद पर डेविड मिलर को क्लीन बोल्ड किया। दो ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर चार विकेट पर आठ रन है।
दक्षिण अफ्रीका को पहले ही ओवर में एक के स्कोर पर झटका लगा है। टीम में वापसी कर रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने कप्तान तेम्बा बावुमा को ओवर की आखिरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। चाहर ने शानदार इन स्विंग बॉल पर बावुमा को बोल्ड किया। बावुमा खाता भी नहीं खोल सके।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक चाहर, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह, रविचंद्रन अश्विन।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), राइली रूसो, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे, तबरेज शम्सी, केशव महाराज।
IND vs SA: टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका, सिर्फ छह ओवर की गेंदबाजी के बाद चोटिल हुए बुमराह
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार बदलाव किए हैं। भुवनेश्वर कुमार और हार्दिक पांड्या को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है। इनकी जगह ऋषभ पंत और अर्शदीप सिंह प्लेइंग-11 में शामिल किए गए हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह अनफिट हैं। उनकी जगह दीपक चाहर को मौका दिया गया है। युजवेंद्र चहल भी यह मैच नहीं खेल रहे। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम टी20 में 20 बार आमने-सामने आ चुकी है। इसमें से टीम इंडिया ने 11 और दक्षिण अफ्रीका ने आठ मैच जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा। वहीं, भारतीय जमीन पर मामला उल्टा है। घरेलू जमीन पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ टी20 खेले हैं। टीम इंडिया ने इसमें से सिर्फ तीन मैचों में जीत हासिल की, जबकि दक्षिण अफ्रीका को पांच मैचों में जीत हासिल हुई। एक मैच बेनतीजा रहा है।
भारत ने घरेलू द्विपक्षीय टी20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को हराया नहीं है। 2015/16 में दोनों के बीच भारतीय जमीन पर पहली द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई थी, तब दक्षिण अफ्रीका ने 2-0 से सीरीज अपने नाम की थी। 2019/20 में दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। वहीं, इस साल अगस्त में खेली गई सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। ऑस्ट्रेलिया में विश्वकप के ग्रुप चरण में दोनों टीमों का सामना होगा, लेकिन उसमें हालात अलग होंगे। दोनों टीमें इन तीन मैचों में अपनी कमजोरियों का पता करके उन पर मेहनत कर सकती हैं। दक्षिण अफ्रीका के तबरेज शम्सी ने कहा- ऑस्ट्रेलिया में पिचें अलग होंगी और मैदान बड़े होंगे, लेकिन गेंदबाज को हमेशा अपने प्रदर्शन पर काम करते रहना चाहिए। भारतीय बल्लेबाजों को आजमाने का यह सुनहरा मौका होगा।
बल्लेबाजी में केएल राहुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नहीं चल सके और वह इसकी भरपाई इस सीरीज में करना चाहेंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा फॉर्म में हैं और राहुल को भी तेज गति से रन बनाने होंगे। दिनेश कार्तिक को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ आठ गेंदें खेलने को मिलीं और रोहित पहले ही कह चुके हैं कि उन्हें क्रीज पर अधिक समय देने की जरूरत है। विश्वकप टीम में शामिल दीपक हुड्डा कमर की चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेल सकेंगे। उनकी जगह ऋषभ पंत को उतारा जा सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो मैचों में पिच सपाट रहने के बाद तीसरे मैच में टर्निंग पिच पर युजवेंद्र चहल ने अच्छी गेंदबाजी की। ऑस्ट्रेलिया की पिचों को ध्यान में रखते हुए चहल अपने प्रदर्शन में सुधार के इरादे से उतरेंगे। विश्वकप से पहले सभी खिलाड़ियों को मौका देने की बात रोहित शर्मा कर चुके हैं। ऐसे में रविचंद्रन अश्विन को प्लेइंग-11 में मौका दिया जाएगा लेकिन पहले टी20 में ऐसा होना थोड़ा मुश्किल है। रोहित अक्षर और चहल की जोड़ी के साथ ही मैदान पर उतर सकते हैं।
विश्वकप के लिए स्टैंडबाय दीपक चाहर को पिछली सीरीज में मौका नहीं मिला और अब तीन मैचों मे तेज गेंदबाजों को रोटेट किए जाने पर वह खेल सकते हैं। अर्शदीप सिंह से स्लॉग ओवरों में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी जो पहली बार जसप्रीत बुमराह का साथ देंगे। यानी दोनों पहली बार टी20 में एकसाथ खेलते दिखेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि डेथ ओवरों की गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है। भारतीय टीम को ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की कमी खलेगी जिन्हें टी20 विश्वकप से पहले इस सीरीज में आराम दिया गया है। मोहम्मद शमी अभी तक कोरोना संक्रमण से उबर नहीं सके हैं और वह तीनों मैच नहीं खेल पाएंगे।
हर्षल पटेल चोट से उबरने के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में लौटे, लेकिन 12 रन प्रतिओवर की औसत से रन दे डाले। इसी तरह भुवनेश्वर ने दो मैचों में ही 91 रन दे दिए। हालांकि, इस सीरीज के लिए भुवनेश्वर को भी आराम दिया गया है। हार्दिक और भुवी दोनों को नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
भारत के पास विश्व कप से पहले अपने डेथ ओवर की बॉलिंग को सुधारने का आखिरी मौका होगा। इसके लिए टीम मैनेजमेंट और कप्तान रोहित शर्मा के पास दो मुख्य हथियार जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह, दोनों मौजूद होंगे। इसके अलावा भारतीय टीम बल्लेबाजों को अच्छा अभ्यास देने के इरादे से उतरेगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है। यह टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत और दक्षिण अफ्रीका के लिए आखिरी टी20 सीरीज है। दोनों टीमें इस सीरीज में एड़ी-चोटी का जोर लगाना चाहेंगी। अगस्त में भी दक्षिण अफ्रीकी टीम भारत दौरे पर पांच टी20 के लिए आई थी। तब पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही थी। पांचवां टी20 बारिश की वजह से नहीं खेला गया था। भारतीय टीम इस सीरीज के जरिये डेथ ओवर बॉलिंग की परेशानी को भी दूर करना चाहेगी।