01:17 PM, 14-Jan-2022
IND vs SA 3rd Test Day 4 Highlights: विराट का सपना टूटा, दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाया भारत, 1-2 से मिली हार
Live Score, India vs South Africa (IND vs SA) 3rd Test Day 4: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच के चौथे दिन दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 111 रनों की जरूरत है और उसके आठ विकेट बचे हुए हैं। कीगन पीटरसन 48 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं रासी वन डर डुसेन और टेम्बा बावुमा का क्रीज पर आना बाकी है। अगर भारतीय टीम को यह मैच और सीरीज जीतनी है तो चौथे दिन की शुरुआत में इन तीनों बल्लेबाजों को जल्दी ही पवेलियन भेजना होगा।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और पहली पारी में 223 रन बनाए। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 79 और 43 रन की पारी खेली। वहीं दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा ने चार, मार्को जैन्सन ने तीन विकेट लिए। इसके जवाब में अफ्रीकी टीम 210 रन के स्कोर पर सिमट गई। अफ्रीका के लिए कीगन पीटरसन ने 72 रन बनाए। इसके अलावा केशव महाराज, वान डर डुसेन और बावुमा ने भी छुटपुट योगदान दिया।
भारत के जसप्रीत बुमराह ने पांच और उमेश, शमी ने दो-दो विकेट लिए। बुमराह ने सातवीं बार टेस्ट में पांच विकेट लिए हैं।
भारत की दूसरी पारी सस्ते में सिमटी
दूसरी पारी में भारतीय टीम कुछ खास नहीं कर सकी और विकेटकीपर ऋषभ पंत के शतक के बावजूद पूरी टीम 198 रन पर सिमट गई। पंत ने 139 गेंद में तेज तर्रार 100 रन बनाए और नाबाद रहे। उनके अलावा कप्तान कोहली ने 143 गेंद में 29 रन बनाए। अफ्रीका के लिए मार्को जैन्सन ने चार विकेट लिए। वहीं कगिसो रबाडा और लुंगी एनगिडी की तीन-तीन विकेट मिले। पहली पारी में भारत को 13 रन की बढ़त मिली थी। इस आधार पर अब दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य है।
212 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीका की टीम दो विकेट के नुकसान पर 101 रन बना चुकी है। हालांकि अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर आउट हो चुके हैं और चौथे दिन शुरुआत में एक या दो विकेट गिरने पर अफ्रीकी बल्लेबाज दबाव में आ सकते हैं। एल्गर के अलावा बावुमा ही अफ्रीकी टीम में अनुभवी बल्लेबाज हैं।
अफ्रीका में अब तक कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीता भारत
इस सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। भारत ने सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के मैदान पर 113 रनों से जीता था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे मैच में वापसी की और जोहानिसबर्ग में सात विकेट से जीत दर्ज की। अब तीसरा मैच निर्णायक हो चुका है और केपटाउन में जीत दर्ज करने वाली टीम ही सीरीज भी अपने नाम करेगी।
भारतीय टीम अब तक दक्षिण अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में विराट कोहली चाहेंगे कि केपटाउन में जीत दर्ज करके भारत उनकी कप्तानी में यहां पहली टेस्ट सीरीज जीते।