सुपर-12 के ग्रुप-2 के मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हरा दिया है। इस हार के साथ भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 110 रन बनाए।
भारतीय बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के बाद लगातार दूसरे मैच में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया। राहुल 18 रन, ईशान 4 रन, रोहित 14 रन, कोहली 9 रन, पंत 12 रन, हार्दिक 23 रन, शार्दुल शून्य ही बना सके। जडेजा 26 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, ईश सोढ़ी को दो विकेट मिला। साउदी और मिल्ने ने एक-एक विकेट लिया।
111 रन के मामुली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 14.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। वहीं, कप्तान केन विलियमसन 31 गेंदों पर 33 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय कप्तान कोहली का बतौर कप्तान यह आखिरी टी-20 विश्व कप है। वह अब तक टीम इंडिया को एक भी आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब नहीं जिता सके हैं।
लगातार दो हार के साथ भारतीय टीम भारतीय ग्रुप-2 में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। टीम इंडिया को इससे पहले पाकिस्तान ने 10 विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है । पाकिस्तान पहले और अफगानिस्तान दूसरे नंबर पर है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 साल का सूखा बरकरार
भारत न्यूजीलैंड से पिछले 18 वर्षों से नहीं जीता है। 2007 टी-20 विश्व कप से लेकर इस मैच तक दोनों देशों के बीच आठ मैच खेले गए जिनमें न्यूजीलैंड ने 7 मुकाबले जीते। जबकि, एक मैच बारिश के चलते नहीं हो सका। टी-20 विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच खेले गए जिनमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा।
भारत विश्व कप मैचों में आखिरी बार न्यूजीलैंड से साल 2003 में जीता था। इस मुकाबले में सौरव गांगुली की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने स्टीफन फ्लेमिंग की टीम को सात विकेट से हराया था।
दोनों टीमें
भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ईशान किशन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड: मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिचेल, केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, एडम मिल्ने, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट
13वें ओवर में न्यूजीलैंड को दूसरा झटका लगा। बुमराह ने डेरिल मिचेल को राहुल के हाथों कैच कराया। वे 35 गेंदों पर 49 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह का यह दूसरा विकेट था। हालांकि, अब काफी देर हो चुकी है। न्यूजीलैंड ने लगभग यह मैच जीत लिया है।
न्यूजीलैंड ने आठ ओवर में एक विकट गंवाकर 64 रन बना लिए हैं। कीवी टीम जीत की ओर बढ़ रही है। फिलहाल केन विलियमसन 11 रन और डेरिल मिचेलल 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत के लिए छठा ओवर जडेजा फेंकने आए। उन्होंने इस ओवर में 14 रन दिए। उनके ओवर में डेरिल मिचेल ने एक छक्का और दो चौके लगाए। पावरप्ले में यानी पहले छह ओवर में न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 44 रन बनाए।
चौथे ओवर में न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। मार्टिन गुप्टिल 17 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। चार ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर एक विकेट पर 28 रन है।
न्यूजीलैंड ने धीमी शुरुआत की है। दो ओवर में टीम ने बिना विकेट गंवाए 6 रन बना लिए हैं। मार्टिन गुप्टिल और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं।
भारतीय बल्लेबाजों ने इस मैच में बेहद खराब प्रदर्शन किया। 20 ओवर में टीम सात विकेट गंवाकर 110 रन बना सकी। राहुल 18 रन, ईशान 4 रन, रोहित 14 रन, कोहली 9 रन, पंत 12 रन, हार्दिक 23 रन, शार्दुल शून्य ही बना सके। जडेजा 26 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, ईश सोढ़ी को दो विकेट मिला। साउदी और मिल्ने ने एक-एक विकेट लिया। दुबई में पिछले 15 मुकाबलों में 14 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने मैच जीता है।
19वें ओवर में भारत को झटके लगे। बोल्ट ने पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या को गुप्टिल के हाथों कैच कराया। वे 24 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चौथी गेंद पर बोल्ट ने शार्दुल ठाकुर को गुप्टिल के हाथों कैच कराया। वे शून्य पर आउट हुए।
टीम इंडिया ने 17 ओवर समाप्त होने के बाद पांच विकेट गंवाकर 86 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 21 रन और रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस मैच में खराब रही है।
इस टी-20 विश्व कप में क्वालीफाइंग और सुपर-12 राउंड दोनों को मिलाकर पहली बार सात से 15 ओवर के बीच कोई चौका नहीं लगा है। भारतीय बल्लेबाज इन ओवरों के बीच एक भी चौका नहीं लगा पाए, साथ ही तीन विकेट भी गंवाए। 16 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 78/5 है।
70 रन के कुल स्कोर पर टीम इंडिया को पांचवां झटका लगा। 15वें ओवर में कीवी तेज गेंदबाज एडम मिल्ने ने ऋषभ पंत को क्लीन बोल्ड किया। वे 19 गेंदों पर 12 रन बनाकर आउट हुए। मिल्ने ने यह गेंद 144 की स्पीड से डाली थी।
14वें ओवर में न्यूजीलैंड के जिमी नीशम ने शानदार फील्डिंग कर 5 रन बचाए। सोढ़ी की शॉर्ट गेंद पर हार्दिक ने लंबा शॉट लगाया, जिसे बाउंड्री पर फील्डिंग कर नीशम ने कूदकर एक हाथ से रोक लिया। गेंद बाउंड्री लाइन के पार छह रन के लिए नहीं जा पाई। कैच का भी मौका बन सकता था। भारतीय बल्लेबाजों ने दौड़कर एक रन लिया और इस तरह फील्डिंग से नीशम ने अपनी टीम के लिए पांच रन बचाए। 14 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 67/4 है।
12वें ओवर तक भारत ने चार विकेट गंवाकर 58 रन बना लिए हैं। हार्दिक पांड्या 6 रन और ऋषभ पंत 7 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कप्तान विराट कोहली भी खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। ड्रिंक्स के बाद 11वें ओवर में ईश सोढ़ी गेंदबाजी के लिए हैं। उनकी पहली ही गेंद पर कोहली ने बड़ा शॉट लगाना चाहा। हालांकि, गेंद लॉन्ग ऑन तक गई और बोल्ट ने उनका कैच लपका। वे 17 गेंदों पर 9 रन बनाकर आउट हुए।
10 ओवर का खेल हो चुका है और फिलहाल ड्रिंक्स मैदान पर है। भारत ने तीन विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए हैं। विराट कोहली नौ रन और ऋषभ पंत तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम इंडिया को यह मैच जीतना है, तो बड़ा स्कोर बनाना होगा। ईशान, राहुल और किशन ने खराब बल्लेबाजी की और खराब शॉट खेलकर विकेट गंवाया।
इस विश्व कप में दुबई में हुए नाइट मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने पावरप्ले यानी पहले छह ओवर्स में हमेशा संघर्ष करती दिखी है। देखिए आंकड़े...
दुबई में नाइट मैचों में पावरप्ले (पहले छह ओवर) में बने स्कोर (पहली पारी):
31/4: वेस्टइंडीज खिलाफ इंग्लैंड
36/3: भारत खिलाफ पाकिस्तान
53/1: श्रीलंका खिलाफ ऑस्ट्रेलिया
49/4: अफगानिस्तान खिलाफ पाकिस्तान
21/3: ऑस्ट्रेलिया खिलाफ इंग्लैंड
35/2: भारत खिलाफ न्यूजीलैंड*
भारत ने 40 रन पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। ईशान और राहुल के बाद रोहित शर्मा भी खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट चुके हैं। लेग स्पिनर ईश सोढ़ी की गेंद पर रोहित ने शॉट लगाया, जिसे लॉन्ग ऑन पर खड़े मार्टिन गुप्टिल ने लपक लिया। रोहित मिले जीवनदान को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर 41/3 है। विराट कोहली (1) और ऋषभ पंत (1) क्रीज पर हैं।
पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। लोकेश राहुल 16 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। साउदी ने डैरी मिशेल के हाथों कैच कराया। सात ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 37/2 है। रोहित शर्मा 14 रन और विराट कोहली 1 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
टीम इंडिया ने पांचवें ओवर में रन गति बढ़ाई है। एडम मिल्न के ओवर में रोहित और राहुल ने मिलकर 15 रन बंटोरे। रोहित ने लगातार दो गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर 29/1 है।
रोहित को तीसरे ओवर में जीवनदान मिला। उस वक्त ट्रेंट बोल्ट गेंदबाजी कर रहे थे। अपनी पहली ही गेंद पर रोहित ने शॉर्ट बॉल को थर्ड मैन पर खेलने की कोशिश की। वहां खड़े एडम मिल्ने ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। टीम इंडिया ने इसके बाद राहत की सांस ली। तीन ओवर तक भारत ने एक विकेट गंवाकर 12 रन बना लिए हैं।
रोहित की जगह ओपनिंग उतरे ईशान किशन आठ गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने डेरिल मिचेल के हाथों थर्ड मैन पर कैच कराया।
टीम इंडिया ने धीमी शुरुआत की है। दो ओवर में टीम ने बिना विकेट गंवाए छह रन बना लिए हैं। राहुल आठ गेंदों पर छह रन और ईशान चार गेंदों पर शून्य बनाकर क्रीज पर हैं।
टीम इंडिया की नई ओपनिंग जोड़ी मैदान पर उतरी है। रोहित शर्मा की जगह ईशान किशन केएल राहुल के साथ ओपनिंग कर रहे हैं। ईशान किशन वार्म अप मैच में शानदार फॉर्म में थे।
बतौर कप्तान विराट का टॉस में खराब रिकॉर्ड रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विराट को कई बार टॉस की वजह से ही मैच गंवाना पड़ा है। विराट ने अब तक 65 टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी की है और इसमें से 28 में सिक्के ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है, जबकि 37 मैचों में विराट टॉस हारे हैं। वनडे की बात करें तो बतौर कप्तान 95 मैचों में से विराट 55 में टॉस हार चुके हैं।
टी-20 में भी यह रिकॉर्ड खराब है। विराट ने 46 टी-20 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है और 29 में उन्होंने टॉस गंवाए हैं। ओवरऑल तीनों फॉर्मेट को मिलाकर विराट ने 207 मैचों में कप्तानी की है और इसमें से 121 मैचों में वे टॉस हार चुके हैं।
भारत: ईशान किशन, रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड: मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिशेल, केन विलियमसन (कप्तान), जेम्स नीशम, डेवोन कॉन्वे (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, एडम मिल्ने, ट्रेंट बोल्ट
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। इस पिच पर लक्ष्य का पीछा करना आसान है। दुबई में पिछले 15 मैच में 14 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम मैच जीती है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने दो बदलाव किए हैं। सूर्यकुमार यादव चोट की वजह से बाहर हो गए हैं। वहीं, भुवनेश्वर कुमार को बाहर किया गया है। इन दोनों की जगह ईशान किशन और शार्दुल ठाकुर टीम में शामिल किए गए हैं।
बीसीसीआई ने पिच की तस्वीर शेयर की है। मैच में ओस अहम भूमिका निभा सकता है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के कुछ मैच इस मैदान पर भी खेले गए थे। लीग का फाइनल भी यहीं हुआ था। उस दौरान दुबई की पिच थोड़ी धीमी रही थी। विश्व कप के दौरान भी इसमें कोई बदलाव नहीं दिखा। बाद में बल्लेबाजी करने वाली
टीम को फायदा होगा, क्योंकि तब गेंद बल्ले पर बेहतर तरीके से आने लगती है। मैदान पर हल्की घास दिख रही है।
भारतीय पलटवार करने में माहिर है। टीम ने हाल ही में कई टेस्ट सीरीज में पहला मैच हारने के बाद शानदार वापसी करके दिखाई है। बतौर टी-20 कप्तान अपना आखिरी टूर्नामेंट खेल रहे कोहली भी इतनी आसानी से हार मानने वालों में से नहीं है। कोहली प्रतिकूल परिस्थितियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का माद्दा रखते हैं। कई मौकों पर वह टीम के संकटमोचक रह चुके हैं। हालांकि, पिछले कुछ अर्से में कप्तान कोहली और बल्लेबाज कोहली का सामंजस्य देखने को नहीं मिला।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मैच को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि हम इस मैच के लिए तैयार हैं। दोनों टीमें दुबई स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। अब दोनों टीमें वार्म अप करेंगी। टॉस दिलचस्प रहने वाला है, क्योंकि भारतीय कप्तान विराट कोहली का टॉस में रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। जो भी टीम टॉस जीतेगी, वह पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।
IND vs NZ Live Score: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और न्यूजीलैंड की टीम आमने-सामने है। यह मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। दोनों ही टीमें अपना-अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान से हार चुकी हैं। ऐसे में दोनों के लिए ये मैच करो या मरो मुकाबले जैसा है। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, सेमीफाइनल के लिए उसका दावा मजबूत हो जाएगा।