फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: भारत की 73 रनों से विशाल जीत, न्यूजीलैंड को आखिरी मैच में हराकर सीरीज में किया सूपड़ा साफ

Sun, 21 Nov 2021 10:55 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता

खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 3rd T20I, HIGHLIGHTS: भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 73 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए तीनों क्षेत्रों में अपना दबदबा दिखाया और न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 111 रन पर ढेर कर दिया।
विज्ञापन
भारतीय क्रिकेट टीम - फोटो : twitter@BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:43 PM, 21-Nov-2021

भारत की विशाल जीत

भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 73 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए तीनों क्षेत्रों में अपना दबदबा दिखाया और न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 111 रन पर ढेर कर दिया। भारत ने जीत के साथ ही तीन मैचों की सीरीज को क्लीन स्वीप कर दिया। 

कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद रोहित शर्मा और ईशान किशन ने मिलकर जोरदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की। हालांकि इसके बाद टीम इंडिया को दो ओवर में तीन झटके लगे। लेकिन फिर श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, हर्षल पटेल और दीपक चाहर ने अहम पारियां खेलीं और टीम के स्कोर को 184 रनों तक पहुंचाया। भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने 56 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से मिचेल सैंटनर ने तीन विकेट चटकाए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 30 रन पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद मेहमान टीम संभल नहीं पाई और लगातार अपने विकेट गंवाते रही। देखते-देखते पूरी टीम 17.2 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल ने 51 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली जबकि भारत की तरफ से अक्षर पटेल ने तीन और हर्षल पटेल ने दो विकेट चटकाए। 

10:27 PM, 21-Nov-2021

वेंकटेश को पहली अंतरराष्ट्रीय सफलता 

वेंकटेश अय्यर को अपना पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट मिल गया है। सीरीज में पहली बार गेंदबाज कर रहे वेंकटेश ने एडम मिल्न को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया।   
 

10:19 PM, 21-Nov-2021

हर्षल को मिला मैच का पहला विकेट 

हर्षल पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए जिमी नीशम को अपनी जाल में फंसाया और ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। नीशम ने आउट होने से पहले सात गेंदों में तीन रन बनाये। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 83/6, ऐडम मिल्न (6*), मिचेल सैंटनर (1*)

  

विज्ञापन
10:16 PM, 21-Nov-2021

टिम सीफर्ट रनआउट 

न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट रन लेना चाहते थे लेकिन ईशान किशन की फुर्ती से मात खा गए और रनआउट होकर पवेलियन लौटे। 

10:13 PM, 21-Nov-2021

चहल ने किया गुप्टिल का शिकार 

पिछले ओवर में 16 रन लुटाने वाले युजवेंद्र चहल ने इस बार शानदार वापसी करते हुए गुप्टिल को पवेलियन की राह दिखा दी। गुप्टिल ने 51 रन बनाकर सूर्यकुमार को आसान कैच थमा दिया।
 

विज्ञापन
09:56 PM, 21-Nov-2021

गुप्टिल का अर्धशतक 

न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल ने 33 गेंदों में अपना 20वां अर्धशतक जड़ दिया। 10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 68/3, मार्टिन गुप्टिल (51*), टिम सीफर्ट (12*)

 

09:51 PM, 21-Nov-2021

चहल का महंगा ओवर 

युजवेंद्र चहल के लिए दूसरा ओवर काफी महंगा साबित हुआ। उनके ओवर से कुल 16 रन आए। 9 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 61/3, मार्टिन गुप्टिल (47*), टिम सीफर्ट (9*)

  

09:38 PM, 21-Nov-2021

हर्षल की शानदार शुरूआत 

हर्षल पटेल ने एक बार फिर से शानदार शुरुआत की है। उन्होंने अपने पहले ओवर में महज चार रन खर्चे। आठ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 45/3, मार्टिन गुप्टिल (35*), टिम सीफर्ट (4*)

09:33 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: अक्षर के नाम खास रिकॉर्ड

पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवाकर 37 रन बनाए। फिलहाल टिम सीफर्ट 0 और गुप्टिल 20 गेंदों पर 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अक्षर पटेल ने एक खास मुकाम हासिल किया। वे किसी एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए।

एक टी-20 मैच में पावरप्ले में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम है। अश्विन ने 2016 में विशाखापट्टनम में श्रीलंका के खिलाफ चार विकेट झटके थे। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। सुंदर ने बांग्लादेश के खिलाफ कोलंबो में तीन विकेट झटके थे। वहीं, अक्षर ने इस मैच में यह कारनामा किया।

09:26 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: अक्षर को तीसरी सफलता

न्यूजीलैंड की टीम अक्षर पटेल के फिरकी में फंस गई है। उन्होंने न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया। यह तीनों विकेट अक्षर ने ही लिए हैं। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। फिलिप्स शून्य पर पवेलियन लौटे। अक्षर ने अपने लगातार दूसरे ओवर में तीन विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने सिर्फ दो रन दिए हैं। पांच ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 30/3 है। फिलहाल टिम सीफर्ट 0 और मार्टिन गुप्टिल 25 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

09:23 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: दीपक ने गुप्टिल का कैच छोड़ा

इससे पहले दूसरे ओवर में दीपक चाहर ने मार्टिन गुप्टिल का आसान सा कैच छोड़ दिया। उस वक्त गुप्टिल 16 रन बनाकर क्रीज पर थे। दीपक चाहर की शॉर्ट गेंद को गुप्टिल ने हवा में उठा दिया। दीपक फॉलो थ्रू में कैच लेने गए। उस वक्त गेंद के नीचे तीन खिलाड़ी थे। यह आसान कैच होता, लेकिन दीपक साथी खिलाड़ियों को कॉल नहीं दे पाए और खुद कैच लेने गए। इसके बाद रोहित ने दीपक पर नाराजगी भी जाहिर की।
 

09:07 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: अक्षर को डबल धमाका

न्यूजीलैंड को 21 रन के कुल स्कोर पर पहला विकेट गंवाया। रोहित ने तीसरे ही ओवर में अक्षर पटेल को गेंद थमाई और इस बाएं हाथ के स्पिनर ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर डेरिल मिचेल को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया। मिचेल 5 रन बना सके।

इसके बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर ने मार्क चैपमैन को स्टंप आउट कराया। चैपमैन शून्य पर पवेलियन लौटे। न्यूजीलैंड ने तीन ओवर में दो विकेट गंवाकर 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्टिन गुप्टिल 17 रन और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।

08:49 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को 185 रन का लक्ष्य

भारत ने न्यूजीलैंड को 185 रन का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 184 रन बनाए। दीपक चाहर ने आखिर में 8 गेंदों पर 21 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसमें उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को अच्छी शुरुआत मिली। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। ईशान 21 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। इके बाद सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरे मैच में फेल रहे और शून्य पर आउट हुए। ऋषभ पंत भी कुछ खास नहीं कर सके और 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत को शुरुआती तीनों झटके आज के मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी कर रहे मिचेल सैंटनर ने दिए।

भारत को आज मध्यक्रम में विराट कोहली की कमी खली। 83 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद रोहित और श्रेयस ने 20 रन जोड़े। इस दौरान रोहित ने टी-20 करियर की 26वीं फिफ्टी लगाई। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे फिफ्टी लगाने के मामले में टॉप पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली (29) को पीछे छोड़ दिया। 

रोहित ने इस मैच में तीन छक्के भी लगाए। इसके साथ ही रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 150 छक्के पूरे किए। यह रिकॉर्ड बनाने वाले हिटमैन दुनिया के दूसरे और भारत के पहले बल्लेबाज बने। रोहित से पहले मार्टिन गुप्टिल (161) का नाम आता है।  रोहित 31 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।

न्यूजीलैंड को पांचवीं सफलता ट्रेंट बोल्ट ने दिलाई। उन्होंने वेंकटेश अय्यर (20) को चैपमैन के हाथों कैच कराया। वेंकटेश के आउट होने के दो गेंदों के बाद ही एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर (25) को आउट कर मैदान से बाहर भेजा। हर्षल पटेल (18) के स्कोर पर हिट-विकेट आउट हुए।

आखिरी के ओवरों में दीपक चाहर ने शानदार पारी खेली और नाबाद 21 रन बनाए। उनके साथ अक्षर पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से सैंटनर ने 3 विकेट लिए। वहीं, बोल्ट, मिल्ने, फर्ग्यूसन और सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला। अंतिम 5 ओवर में भारत ने तीन विकेट खोकर 50 रन बनाए।

08:44 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: भारत का स्कोर 165/7

भारत को 162 रन पर सातवां झटका लगा। हर्षल पटेल हिट विकेट हो गए। 19वें ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर कट लगाने के चक्कर में वह बल्ले को विकेट पर मार बैठे। उन्होंने 11 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के की मदद से 18 रन की पारी खेली। 19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 165/7 है।
 

08:27 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: 17 ओवर के बाद स्कोर 148/6

वेंकटेश 16वें ओवर की पांचवीं गेंद (139 रन) पर आउट हुए। इसके बाद अगले ओवर की पहली ही गेंद (140 रन) पर अय्यर भी अपना विकेट गंवा बैठे। यानी तीन गेंद के अंदर भारत ने वेंकटेश और श्रेयस दोनों को गंवा दिया। श्रेयस को एडम मिल्ने ने डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया। वे 20 गेंदों पर 25 रन बना सके। फिलहाल अक्षर पटेल और हर्षल पटेल क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 148/6 है।

08:24 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारतीय टीम को 139 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। वेंकटेश अय्यर 15 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में एक चौका और एक छक्का लगाया। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने चैपमैन के हाथों कैच कराया। फिलहाल श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। 

08:14 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ Live Score: 14 ओवर के बाद स्कोर 127/4

भारत ने 14 ओवर के बाद चार विकेट गंवाकर 127 रन बना लिए हैं। फिलहाल वेंकटेश अय्यर नौ गेंदों पर 13 रन और श्रेयस अय्यर 13 गेंदों पर 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। उन्होंने 14वें ओवर में ईश सोढ़ी के गेंद पर शानदार छक्का लगाया।

08:06 PM, 21-Nov-2021

रोहित 56 रन बनाकर आउट 

शानदार लय में नजर आ रहे रोहित शर्मा को ईश सोढ़ी ने अपनी फिरकी में फंसाया और अपनी ही गेंद पर कैच किया। रोहित ने आउट होने से पहले 31 गेंदों में 56 रन की पारी खेली। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 108/4, श्रेयस अय्यर (13*), वेंकटेश अय्यर (2*)


 

08:04 PM, 21-Nov-2021

भारत के 100 रन पूरे 

सैंटनर का तीसरा ओवर थोड़ा महंगा साबित हुआ और भारत को इसमें 13 रनका फायदा मिला। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 103/3, श्रेयस अय्यर (10*), रोहित शर्मा (56*)

08:00 PM, 21-Nov-2021

रोहित शर्मा का अर्धशतक 

रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा कर लिया है। इस बार उन्होंने महज 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
 

07:58 PM, 21-Nov-2021

10 ओवर का खेल खत्म 

भारत ने एक मजबूत शुरुआत करने के बाद दो ओवर में अपने तीन बड़े विकेट गंवा दिए हैं। हालांकि दूसरे छोर से कप्तान रोहित शर्मा टिके हुए हैं। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 90/3, श्रेयस अय्यर (5*), रोहित शर्मा (48*)

 

07:54 PM, 21-Nov-2021

सैंटनर को तीसरी सफलता, पंत भी आउट 

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने दो ओवर की गेंदबाजी में मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ लिया है। सैंटनर ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत को भी अपना शिकार बनाया। पंत छह गेंदों में चार रन बनाकर नीशम को कैच दे बैठे। 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 83/3, रोहित शर्मा (46*)
 

07:46 PM, 21-Nov-2021

सूर्यकुमार सस्ते में आउट 

सैंटनर ने अपने पहले ओवर में भारत को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को अपना शिकार बनाया। सूर्यकुमार हवाई शॉट खेलने के चक्कर में गुप्टिल को आसान कैच दे बैठे। सूर्या अपना खाता भी नहीं खोल पाए।. 7 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 71/2,  रोहित शर्मा (39*)

07:43 PM, 21-Nov-2021

ईशान किशन आउट 

कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने आते ही भारत को पहला झटका देते हुए बड़ी साझेदारी तोड़ दी है। सैंटनर ने ओवर की दूसरी गेंद पर ईशान को साइफ़र्ट के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। ईशान ने आउट होने से पहले 21 गेंदों में 29 रन की पारी खेली। 
 

07:38 PM, 21-Nov-2021

ईशान-रोहित के बीच अर्धशतकीय साझेदारी 

रोहित शर्मा और ईशान किशन के बीच पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो गई है। दोनों ने तेजी से रन बटोरते हुए महज 31 गेंदों में ही 50 रन की साझेदारी कर ली।

07:20 PM, 21-Nov-2021

पहला पॉवरप्ले समाप्त 

भारत के लिए शुरुआती छह ओवर बेहद शानदार रहे। रोहित शर्मा और ईशान किशन की नई सलामी जोड़ी ने मिलकर खूब रन बटोरे। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर: 69/0, रोहित शर्मा (39*), ईशान किशन (29*)
 

07:16 PM, 21-Nov-2021

भारत की तेज शुरुआत

रोहित शर्मा और ईशान किशन की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए शुरू के दो ओवरों में 18 रन बटोर लिए हैं।  2 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 18/0, ईशान किशन (10*), रोहित शर्मा (8*)

 

07:11 PM, 21-Nov-2021

मैच शुरू 

भारत की तरफ से इस बार नई सलामी जोड़ी क्रीज पर है। टीम की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर पारी की शुरुआत की है। 

06:38 PM, 21-Nov-2021

दोनो टीमों की प्लेइंग XI

भारत:
रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, वेंकटेश अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल
 

न्यूजीलैंड:
मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), एडम मिल्ने, लॉकी फर्ग्यूसन, ईश सोढ़ी, ट्रेंट बोल्ट
 

06:38 PM, 21-Nov-2021

टीमों में बदलाव 

भारतीय टीम में आज केएल राहुल और आर अश्विन को आराम देकर इशान किशन और युज़वेंद्र चहल को लाया गया है। जबकि न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी की जगह पर लोकी फर्ग्युसन को जगह दी गई है और मिचेल सैंटनर को कप्तानी सौंपी गई है।

06:35 PM, 21-Nov-2021

टॉस रिपोर्ट 

भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार तीसरी बार टॉस जीता है, हालांकि इस बार उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। रोहित ने अपने फैसले पर कहा कि वह इस पिच पर ख़ुद को चुनौती देना चाहते हैं कि पहले बल्लेबाज़ी करके भी ओस वाले पिच पर मैच जीता जा सकता है।

06:30 PM, 21-Nov-2021

आमने-सामने का रिकॉर्ड 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक 19 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें भारत ने 10 मैच जीते जबकि न्यूजीलैंड को 9 जीत मिली। हालांकि पिछले पांच मैचों में भारत ने चार बार न्यूजीलैंड को हराया।
 

06:00 PM, 21-Nov-2021

कोलकाता में टी-20 की जंग

रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने जयपुर और रांची में पहला और दूसरा टी-20 जीता और अब कोलकाता में वह सीरीज फतह करना चाहेगी।
 

05:44 PM, 21-Nov-2021

IND vs NZ: भारत की 73 रनों से विशाल जीत, न्यूजीलैंड को आखिरी मैच में हराकर सीरीज में किया सूपड़ा साफ

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आज तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारतीय टीम के पास क्लीन स्वीप करने का मौका है तो वहीं न्यूजीलैंड के लिए साख बचाने की लड़ाई।   

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें