फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त, रोहित-राहुल के अर्धशतक

Fri, 19 Nov 2021 11:02 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रांची

खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 2nd T20I HIGHLIGHTS: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी-20 में सात विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। रोहित शर्मा और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों और हर्षल पटेल के दो विकेट की मदद से भारत ने 16 गेंदें शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। 
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : twitter@BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:59 PM, 19-Nov-2021

भारत की शानदार जीत

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी-20 में सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। रोहित शर्मा और केएल राहुल की अर्धशतकीय पारियों और हर्षल पटेल के दो विकेट की मदद से भारत ने 16 गेंदें शेष रहते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। 

रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मैच में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। न्यूजीलैंड ने इसके बाद मार्टिन गुप्टिल, डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की अहम पारियों के दम पर 20 ओवर में छह विकेट खोकर 153 रन बनाए। भारत की तरफ से हर्षल पटेल ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाए। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और केएल राहुल ने मिलकर जोरदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की। इस दौरान राहुल (65) और रोहित (55) दोनों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। इसके बाद ऋषभ पंत ने जिमी नीशम के ओवर में लगातार दो छक्के मारकर मैच को भारत की झोली में डाल दिया।  
 

10:50 PM, 19-Nov-2021

भारत को 18 गेंदों में 11 रन की दरकार 

ट्रेंट बोल्ट का किफायती ओवर. उन्होंने अपने आखिरी ओवर में छह रन दिए। भारत को अब जीत के लिए 18 गेंदों में 11 रन की दरकार। 17 ओवर के बाद भारत  का स्कोर: 143/3, वेंकटेश अय्यर (12*), ऋषभ पंत (0*)
 

10:48 PM, 19-Nov-2021

भारत को एक ओवर में दोहरे झटके

न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी ने अपने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को दो बड़े झटके दिए। उन्होंने पहले रोहित शर्मा को गुप्टिल के हाथों कैच कराया और उसके बाद सूर्यकुमार को भी बोल्ड कर दिया। साउदी ने अपने आखिरी ओवर में महज तीन रन देकर दो विकेट लिए। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 137/3, वेंकटेश अय्यर (7*), ऋषभ पंत (0*)

विज्ञापन
10:40 PM, 19-Nov-2021

रोहित का 25वां अर्धशतक 

कप्तान रोहित शर्मा पिछले मुकाबले में दो रन से अर्धशतक से चूक गए थे लेकिन इस बार उन्होंने गलती नहीं की और छक्के के साथ 35 गेंदों में अपना 25वां अर्धशतक पूरा किया। 
 

10:34 PM, 19-Nov-2021

राहुल 65 रन बनाकर आउट 

न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी ने आखिरकार टीम को पहली सफलता दिला दी। साउदी ने राहुल को फिलिप्स के हाथों कैच कराया। राहुल ने आउट होने से पहले 49 गेंदों में 65 रन बनाए। 14 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 122/1, वेंकटेश अय्यर (0*), रोहित शर्मा (48*)

 

विज्ञापन
10:29 PM, 19-Nov-2021

रोहित-राहुल के बीच शतकीय साझेदारी 

कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान केएल राहुल ने मिलकर कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों ने मैदान के चारों तरफ रन बटोरे और पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। 
 

10:20 PM, 19-Nov-2021

भारत के लिए एक और सफल ओवर 

ट्रेंट बोल्ट के तीसरे ओवर में रोहित-राहुल ने मिलकर 13 रन बटोरे। भारत को अब 48 गेंदों में 49 रनों की दरकार। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 105/0, केएल राहुल (63*), रोहित शर्मा (37*)

10:13 PM, 19-Nov-2021

राहुल का 39 गेंदों में अर्धशतक

केएल राहुल ने अपना शानदार फॉर्म बरक़रार रखते हुए पिछली पांच पारियों में चौथा अर्धशतक पूरा किया। यह उनका 16वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक है।  
 

 

10:07 PM, 19-Nov-2021

रोहित ने की सैंटनर की धुनाई 

रोहित शर्मा ने मिचेल सैंटनर को इस बार निशाने पर लिया और उनके तीसरे ओवर में दो छक्के समेत 16 रन बटोरे। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 79/0, केएल राहुल (45*), रोहित शर्मा (30*)

09:49 PM, 19-Nov-2021

भारत के 50 रन पूरे 

पिछले मैच में सस्ते में आउट होने वाले राहुल इस मैच में अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह रनों की रफ्तार बनाए हुए हैं। भारत ने अपने पहले 50 रन भी पूरे कर लिए हैं। 7 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 52/0, रोहित शर्मा (12*), केएल राहुल (37*)

09:44 PM, 19-Nov-2021

पहला पॉवरप्ले भारत के नाम 

रोहित शर्मा और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है। दोनों ने मिलकर पहले छह ओवर में 45 रन जोड़ दिए हैं। 6 ओवर के बाद भारत का स्कोर: 45/0, केएल राहुल (32*), रोहित शर्मा (10*)
 

 

09:26 PM, 19-Nov-2021

तीसरे ओवर में स्पिन आक्रमण 

न्यूजीलैंड ने तीसरे ही ओवर में स्पिन लगाते हुए मिचेल सैंटनर को गेंद थमा दी है। सैंटनर ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए महज दो रन दिए। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर: 18/0, रोहित शर्मा (1*), केएल राहुल (16*)


 

09:19 PM, 19-Nov-2021

भारत की अच्छी शुरुआत 

न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान टिम साउदी ने पहला ओवर डाला और आठ रन खर्चे। राहुल ने पहली ही गेंद पर चौके से अपना खाता खोला। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर: 8/0, केएल राहुल (7*), रोहित शर्मा (0*)
 

09:07 PM, 19-Nov-2021

भारत के सामने 154 रन का लक्ष्य

न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 154 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने बेहद आक्रामक शुरुआत की और पहले पावरप्ले में 60 रन जोड़ लिए। हालांकि भारतीय गेंदबाज समय-समय पर न्यूजीलैंड का विकेट गिराते रहे, जिसकी वजह से कीवी टीम बड़ा स्कोर करने में नाकाम रही। 

न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल (31), डैरिल मिचेल (31) और ग्लेन फ़िलिप्स (34) ने सर्वाधिक रन बनाए वहीं भारत की तरफ से डेब्यूटेंट हर्षल पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे और दो विकेट झटके। 

08:54 PM, 19-Nov-2021

हर्षल का सफल डेब्यू 

हर्षल पटेल ने अपने डेब्यू मैच में गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रभावित किया। उन्होंने चार ओवर में 25 रन देकर दो अहम विकेट हासिल किए। 19 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 146/6 
 

08:52 PM, 19-Nov-2021

भुवी को पहली सफलता 

भुवनेश्वर ने शुरू के तीन ओवर में जमकर रन लुटाने के बाद वापसी की और आखिरी ओवर में महज दो रन देकर नीशम का एक विकेट हासिल किया। नीशम 12 गेंदों में 3 रन बनाकर आउट हुए। 18 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 140/6, मिचेल सैंटनर (1*), ऐडम मिल्न (0*)

  

08:43 PM, 19-Nov-2021

हर्षल को दूसरा विकेट 

हर्षल पटेल ने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए दूसरी सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में ग्लेन फ़िलिप्स को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। फिलिप्स ने आउट होने से पहले 21 गेंदों में 34 रन बनाये। 17 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 138/5, जिमी नीशम (2*), मिचेल सैंटनर (0*)

 

08:40 PM, 19-Nov-2021

अश्विन को पहली सफलता 

अश्विन ने एक बार फिर से शानदार गेंदबाजी करते हुए कोटे के आखिरी ओवर में टिम साइफर्ट का विकेट हासिल किया। उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट झटका। साइफर्ट 13 रन बनाकर आउट हुए।

08:25 PM, 19-Nov-2021

भुवी का एक और महंगा ओवर 

भुवनेश्वर कुमार आज असरदार साबित नहीं हुए हैं। उनका एक और महंगा ओवर। इस बार उन्होंने 11 रन लुटाये। भुवी तीन ओवर में 37 रन दे चुके हैं। 15 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 125/3, टिम साइफ़र्ट (13*), ग्लेन फ़िलिप्स (25*)

 

08:23 PM, 19-Nov-2021

न्यूजीलैंड के 100 रन पूरे 

अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने कोटे के चार ओवर पूरे कर लिए हैं। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया। 13 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 102/3, ग्लेन फ़िलिप्स (10*), टिम साइफ़र्ट (6*)
 

08:09 PM, 19-Nov-2021

हर्षल पटेल का पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट 

हर्षल पटेल का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने डेब्यू मैच के दूसरे ओवर में डैरिल मिचेल को पवेलियन भेजा। ओवर की दूसरी गेंद पर हर्षल ने मिचेल को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। 12 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 94/3, टिम साइफ़र्ट (4*), ग्लेन फ़िलिप्स (4*)

 

07:51 PM, 19-Nov-2021

अक्षर ने चैपमैन को बनाया शिकार 

पिछले मैच के हीरो रहे मार्क चैपमैन इस बार बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्हें अक्षर पटेल ने अपनी फिरकी में फंसाया और केएल राहुल के हाथों कैच कराया। चैपमैन ने आउट होने से पहले 17 गेंदों में 21 रन बनाए। 9 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 80/2, डैरिल मिचेल (27*), ग्लेन फ़िलिप्स (0*)
 

07:38 PM, 19-Nov-2021

पहला पॉवरप्ले समाप्त 

छह ओवर के खेल के साथ पहला पावरप्ले भी समाप्त हो चुका है। न्यूजीलैंड ने जहां 64 रन बटोरे तो वहीं भारत को भी एक सफलता मिली। 6 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 64/1, मार्क चैपमैन (11*), डैरिल मिचेल (21*)

 

07:33 PM, 19-Nov-2021

न्यूजीलैंड के 50 रन पूरे 

दीपक चाहर ने दूसरे ओवर में एक सफलता हासिल की लेकिन साथ ही रन भी लुटाये, इस बार उन्होंने 14 रन खर्चे। पांच ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 56/1, डैरिल मिचेल (19*), मार्क चैपमैन (5*)

  

07:24 PM, 19-Nov-2021

गुप्टिल लौटे पवेलियन, चाहर को पहली सफलता

दीपक चाहर ने एक बार फिर से मार्टिन गुप्टिल को अपना शिकार बनाया है। ओवर की पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद चाहर ने अगली ही गेंद पर गुप्टिल को पंत के हाथों कैच कराया। गुप्टिल ने आउट होने से पहले 15 गेंदों में 31 रन बनाए। 
 

07:22 PM, 19-Nov-2021

न्यूजीलैंड की मजबूत शुरुआत 

भुवनेश्वर कुमार आज फिर से लय में नहीं दिख रहे हैं। पहले ओवर में 14 और अब दूसरे ओवर में 13 रन लुटा चुके हैं। चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 42/0, मार्टिन गुप्टिल (25*), डैरिल मिचेल (16*)

 

07:18 PM, 19-Nov-2021

गुप्टिल के नाम उपलब्धि 

न्यूजीलैंड के अनुभवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, इस मामले में उन्होंने भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली को पछाड़ दिया है। गुप्टिल अब 3231 रनों के साथ अंतर्राष्टीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

07:09 PM, 19-Nov-2021

भुवनेश्वर की महंगी शुरुआत 

भुवनेश्वर कुमार का पहला ओवर बेहद महंगा साबित हुआ। उनके ओवर में मार्टिन गुप्टिल ने तीन चौके जड़कर कुल 14 रन बटोरे। एक ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 14/0, मार्टिन गुप्टिल (14*), डैरिल मिचेल (0*)
 

06:38 PM, 19-Nov-2021

दोनो टीमों की प्लेइंग XI

भारत : 
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, अक्षर पटेल, दीपक चाहर, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल
 

न्यूज़ीलैंड :
मार्टिन गप्टिल, डैरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फ़िलिप्स, टिम साइफ़र्ट (विकेटकीपर), जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर, टिम साउदी (कप्तान), ट्रेंट बोल्ट, एडम मिल्न, ईश सोढ़ी

06:36 PM, 19-Nov-2021

टीमों में बदलाव

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज चोटिल होकर बाहर हुए हैं और उनकी जगह हर्षल पटेल को मौका मिला है। न्यूजीलैंड में तीन बड़े बदलाव हुए हैं। एडम मिल्न, इश सोढ़ी और जिमी नीशाम की प्लेयिंग XI में वापसी हुई है। इन्हें लोकी फर्ग्युसन, रचिन रविंद्र और टॉड एस्ले की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। 

06:32 PM, 19-Nov-2021

टॉस रिपोर्ट 

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार दूसरी बार टॉस जीता है। उन्होंने इस बार भी पहले गेंदबाजी का फैसला किया है यानी न्यूजीलैंड की टीम फिर से बल्लेबाजी करेगी। 

06:19 PM, 19-Nov-2021

हर्षल पटेल का डेब्यू

आईपीएल 2021 में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के ऑलराउंडर हर्षल पटेल को आज डेब्यू कैप मिला है। हर्षल को पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने डेब्यू कैप पहनाया।
 

06:07 PM, 19-Nov-2021

धोनी के घर में मुकाबला

पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के गृहनगर रांची के जेएससीए स्टेडियम में यह मुकाबला है और ऐसी उम्मीद है कि खुद माही टीम इंडिया को सपोर्ट करने यहां पहुंचेंगे।  
 

05:54 PM, 19-Nov-2021

IND vs NZ: भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त, रोहित-राहुल के अर्धशतक

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड आज दूसरे टी-20 में एक-दूसरे के सामने हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पास जहां टी-20 सीरीज जीतने का मौका है। वहीं मेहमान टीम सीरीज में वापसी करते हुए बराबरी करना चाहेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें