फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Highlights: बारिश के कारण चौथे दिन का खेल जल्दी समाप्त, न्यूजीलैंड को मिला 107 रन का लक्ष्य

Sat, 19 Oct 2024 06:28 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बंगलुरू

खास बातें

Live Cricket Score Today, IND vs NZ 1st Test Day 4: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। चौथे दिन का खेल समाप्त हो गया। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 10 विकेट पर 462 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने 107 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉम लाथम और डेवॉन कॉन्वे क्रीज पर मौजूद हैं।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:00 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: चौथे दिन का खेल समाप्त

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला चौथे दिन बारिश के कारण जल्दी समाप्त हो गया। टीम इंडिया ने मेहमानों को 107 रन का लक्ष्य थमाया है। टॉम लाथम और डेवॉन कॉन्वे क्रीज पर डटे हुए हैं और जसप्रीत बुमराह पारी का पहला ओवर फेंक रहे हैं।

शनिवार को सरफराज खान और ऋषभ पंत ने 231/3 के स्कोर से खेलना शुरू किया और भारत का स्कोर 400 रनों के पार पहुंचाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए कुल 177 रनों की साझेदारी हुई। बता दें कि, न्यूजीलैंड को चौथे दिन अपना पहला विकेट दूसरे सत्र में मिला। टिम साउदी ने एजाज पटेल के हाथों सरफराज को कैच कराया। वह 150 रनों की दमदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद रुर्के ने पंत को अपना निशाना बनाया और वह नर्वस 90 का शिकार हो गए। वह अपने सातवें शतक से सिर्फ एक रन से चूके। इस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 105 गेंदों में नौ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 99 रन बनाए। 

81वें ओवर में दूसरी नई गेंद के आने के बाद भारत का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया और 62 रन पर सात विकेट गंवा दिए। इससे पहले टीम का रनरेट पांच का था जबकि 81-99 ओवर के बीच यह 3.18 का ही रह गया। केएल ने 12, जडेजा ने पांच, अश्विन ने 15, कुलदीप ने छह* रन बनाए जबकि बुमराह और सिराज खाता खोले बिना आउट हुए। कीवियों के लिए हेनरी और रुर्के ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि एजाज को दो विकेट मिले। वहीं, साउदी और ग्लेन फिलिप्स ने एक-एक विकेट चटकाया। भारत ने 106 रनों की बढ़त बनाकर कीवियों के सामने 107 रनों का लक्ष्य रखा है। पांचवां दिन टीम इंडिया के लिए काफी अहम होने वाला है।

04:55 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: खराब रोशनी के कारण रुका मैच

खराब रोशन के कारण मैच रोक दिया गया है। कवर्स भी मैदान पर आ गए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। भारत ने न्यूजीलैंड को 107 रन का लक्ष्य थमाया है। न्यूजीलैंड की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे क्रीज पर मौजूद हैं। पहला ओवर जसप्रीत बुमराह फेंक रहे हैं। 

04:35 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 107 रन का लक्ष्य

दूसरी पारी में भारतीय टीम 462 रनों पर सिमट गई। सरफराज 150 और ऋषभ पंत 99 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह मेजबानों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 106 रनों की बढ़त बनाई और लक्ष्य 107 रन का दिया। 231/3 के स्कोर से खेलने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत चौथे दिन शानदार हुई थी। सरफराज और पंत ने मोर्चा संभाला और कीवियों के खिलाफ भारत को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच 177 रनों की साझेदारी हुई। सरफराज 150 और पंत 99 रन बनाकर आउट हुए। पहले सत्र में भारत ने कोई विकेट नहीं गंवाया। हालांकि, दूसरे सत्र गेंद बदलते ही भारतीय बल्लेबाजी क्रम का बिखरना शुरू हो गया। केएल ने 12, जडेजा ने पांच, अश्विन ने 15, कुलदीप ने छह* रन बनाए जबकि बुमराह और सिराज खाता खोले बिना आउट हुए। कीवियों के लिए हेनरी और रुर्के ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि एजाज को दो विकेट मिले। वहीं, साउदी और ग्लेन फिलिप्स ने एक-एक विकेट चटकाया।

विज्ञापन
04:25 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: अश्विन 15 रन बनाकर आउट

अश्विन 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें मैट हेनरी ने अपना निशाना बनाया। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए कुलदीप क्रीज पर मौजूद हैं। भारत का स्कोर 458/8 हो गया है और बढ़त 102 रन की हो गई है।

04:21 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: भारत की बढ़त 100 रन की हुई

भारत की बढ़त 100 रन की हो गई है और स्कोर 457/7 हो गया है। अश्विन और कुलदीप क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
04:00 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: जडेजा पांच रन बनाकर आउट

चायकाल के बाद भारत को सातवां झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा। उन्हें रुर्के ने विल यंग के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कुलदीप यादव उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए अश्विन क्रीज पर मौजूद हैं। भारत का स्कोर 441/7 है और बढ़त 85 रनों की हो गई है।

03:31 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: चायकाल से पहले भारत को लगा एक और झटका

ऋषभ पंत के बाद केएल राहुल भी पवेलियन लौट गए। वह सिर्फ 12 रन बना सके। उन्हें रुर्के ने अपना शिकार बनाया। चायकाल तक भारत का स्कोर 438/6 हो गया है और बढ़त 82 रनों की हो गई है।

03:18 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: पंत 99 रन बनाकर आउट

शानदार फॉर्म में नजर आ रहे ऋषभ पंत 99 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रुर्के ने उन्हें बोल्ड कर दिया। अगर वह इस मैच में शतक लगाने में कामयाब होते तो यह उनका टेस्ट में सातवां शतक होता। हालांकि, वह नर्वस 90 का शिकार हो गए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रवींद्र जडेजा उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं। भारत का स्कोर 433/5 हो गया है और बढ़त 77 रनों की हो गई है।

02:55 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: सरफराज 150 रन बनाकर आउट

युवा भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान 150 रन बनाकर आउट हो गए। टिम साउदी ने उन्हें एजाज पटेल के हाथों कैच कराया। सरफराज और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी हुई। छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए पंत क्रीज पर मौजूद हैं।

02:39 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: भारत का स्कोर 400 रन के पार

सरफराज और पंत की शानदार साझेदारी से भारत का स्कोर दूसरी पारी में 400 रन के पार पहुंच गया है। भारत ने इस तरह न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 46 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। सरफराज 147 रन और पंत 87 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

02:17 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: पंत-सरफराज की शानदार साझेदारी

ऋषभ पंत और सरफराज खान के बीच चौथे विकेट के लिए 150 रनों से अधिक की साझेदारी पूरी हो गई है। पंत फिलहाल 80 गेंदों पर 82 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि सरफराज खान 137 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

02:01 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: भारत ने हासिल की बढ़त

भारतीय टीम ने सरफराज खान और ऋषभ पंत की शानदार साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड ने भारत को पहली पारी में 46 रन पर ऑलआउट करने के बाद 402 रन बनाए थे और 356 रनों की बढ़त ली थी। हालांकि, भारत ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की और बढ़त लेने में सफल रहा। फिलहाल सरफराज खान 127 रन और पंत 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

01:51 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: मैच दोबारा शुरू

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन के दूसरे सत्र का खेल शुरू हो गया है। भारत के लिए सरफराज खान और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं जो अब तक चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर चुके हैं। 

01:47 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: दिन के खेल का समय बढ़ा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन बारिश के कारण खेल का समय बढ़ाने का फैसला लिया गया है। दूसरा सत्र 1:50 बजे शुरू होगा और 3:30 बजे तक चलेगा। वहीं, तीसरा सत्र 3:50 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगा। 

01:35 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: बंगलुरू में बारिश रुकी

बंगलुरू में बारिश रुक गई है और मैदानकर्मी खेल शुरू करने के लिए मैदान को सुखाने का काम कर रहे हैं। अंपायर ने भी मैदान का निरीक्षण किया है। मैच दोपहर 1:50 बजे शुरू होगा। 

01:06 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: बंगलुरू में अभी भी हो रही हल्की बारिश

बंगलुरू में अभी भी हल्की बारिश हो रही है जिससे मैदान कवर्स से ढका हुआ है। बारिश के कारण चौथे दिन के दूसरे सत्र का खेल शुरू होने में देर हो रही है। 
 

12:28 PM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: दूसरे सत्र का खेल शुरू होने में देरी

बंगलुरू में अभी भी बारिश हो रही है जिससे भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन के दूसरे सत्र का खेल शुरू होने में देरी हो रही है। भारत ने दूसरी पारी में अब तक तीन विकेट पर 344 रन बनाए हैं और वह न्यूजीलैंड से फिलहाल 12 रन पीछे चल रही है। सरफराज खान 154 गेंदों पर 16 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 125 रन और ऋषभ पंत 56 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों के सहारे 53 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

11:59 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: बारिश फिर शुरू

बेंगलुरू में बारिश फिर शुरू हो गई है और मैदान पर कवर्स मौजूद हैं। बारिश के कारण चौथे दिन का खेल रोकना पड़ा था और लंच की निर्धारित समय से पहले घोषित किया गया था। माना जा रहा था कि बारिश रुकने के बाद दूसरे सत्र का खेल दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएगा, लेकिन फिर तेज बारिश शुरू हो गई जिससे मैच दोबारा शुरू होने में देर होगी। 

11:21 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: पहले सत्र का खेल समाप्त

बारिश के कारण चौथे दिन के पहले सत्र का खेल जल्द समाप्त कर दिया गया है। पहले सत्र में भारत ने शानदार बल्लेबाजी की और सरफराज तथा पंत ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को सफलता हासिल नहीं करने दी। इस दौरान सरफराज ने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा, जबकि पंत भी पचासा लगाने में सफल रहे। बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा जिस कारण लंच की घोषणा कर दी गई।  

11:03 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: मैच में बारिश ने डाला खलल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल बारिश के कारण रुक गया है। भारत ने शनिवार को सरफराज खान और ऋषभ पंत की शानदार शतकीय पारी से अपनी स्थिति मजबूत की। सरफराज ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा, जबकि ऋषभ पंत ने भी पचासा लगाया। खेल रुकने तक भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 344 रन बना लिए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 12 रन पीछे चल रही है। सरफराज खान 125 रन और पंत 53 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

10:59 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: पंत का पचासा

ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ा दिया है। पंत दूसरे दिन विकेटकीपिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे और मैदान से बाहर चले गए थे। उन्होंने वापसी की और पचासा जड़ने में सफल रहे। 

10:52 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: पंत-सरफराज के बीच शतकीय साझेदारी

सरफराज खान और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे दिन शानदार बल्लेबाजी की और भारत को मुश्किल से उबारा। भारत अब न्यूजीलैंड से 21 रन पीछे है और बढ़त हासिल करने के करीब पहुंच गया है। 

10:39 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: सरफराज-पंत क्रीज पर टिके

सरफराज खान और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए शानदार साझेदारी जारी है। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब तक 88 रनों की साझेदारी हो चुकी है और जिसकी मदद से भारत ने दूसरी पारी में 300 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत अभी भी न्यूजीलैंड से 37 रन पीछे चल रहा है। सरफराज 115 रन और पंत 40 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। पंत को इस बीच जीवनदान भी मिला। एजाज पटेल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू की अपील हुई और अंपायर ने पंत को आउट दिया। भारती बल्लेबाज ने तुरंत ही डीआरएस का इस्तेमाल किया जिसमें दिखा कि गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पैड पर लगी है। इस तरह अंपायर का फैसला पलटा गया। 

10:09 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: सरफराज-पंत के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

सरफराज खान और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। सरफराज ने इस दौरान अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। दूसरे छोर पर पंत ने भी उनका अच्छा साथ दिया। भारत ने दूसरी पारी में अब तक तीन विकेट पर 287 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम हालांकि, अब भी न्यूजीलैंड से 69 रन पीछे चल रही है। सरफराज 106 रन और पंत 18 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। 

09:54 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: सरफराज खान ने जड़ा शतक

भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट करियर का अपना पहला शतक जड़ा। सरफराज ने चौथे दिन 70 रन से आगे खेलना शुरू किया और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। सरफराज के शतक की मदद से भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 274 रन बना लिए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 82 रन पीछे चल रहा है। शतक लगाते ही सरफराज खुशी से झूम उठे और उन्होंने अपनी पारी का जश्न मनाया। 

09:37 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: भारत का स्कोर 250 रन के पार

सरफऱाज खान और पंत ने चौथे दिन की सधी हुई शुरुआत की और भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचा दिया है। सरफराज फिलहाल 89 रन बनाकर खेल रहे हैं और धीरे-धीरे शतक की ओर बढ़ रहे हैं। दूसरे छोर पर पंत भी उनके साथ है। भारत ने तीन विकेट पर 252 रन बना लिए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 104 रन पीछे चल रहा है। 

09:17 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: चौथे दिन का खेल शुरू

भारत और न्यूजीलैंड के बीच बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू हो गया है। सरफराज खान के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत क्रीज पर उतरे हैं। पंत मैच के दूसरे दिन विकेटकीपिंग करते वक्त चोटिल हो गए थे, लेकिन वह शनिवार को बल्लेबाजी करने उतरे। भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन से शुरुआत की है और सरफराज 70 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि पंत ने अभी खाता नहीं खोला है। 

08:59 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: ऋषभ पंत बल्लेबाजी करने उतरेंगे?

पहले मैच के दूसरे दिन विकेटकीपिंग करते वक्त चोटिल हुए ऋषभ पंत चौथे दिन बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। पंत को शनिवार को मैच शुरू होने से पहले बल्लेबाजी अभ्यास करते देखा गया जिससे संकेत मिल रहे हैं कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज एक बार फिर मैदान पर उतरने के लिए तैयार है। 

08:42 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: तीसरे दिन बने थे 450+ रन

भारत और न्यूजीलैंड के बीच बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे पहले मैच के तीसरे दिन कुल 453 रन बने और 10 विकेट भी गिरे थे। यह भारत में खेले गए किसी टेस्ट मैच में एक दिन में बना दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। भारत में टेस्ट मैच के किसी दिन सबसे ज्यादा रन भारत और श्रीलंका के बीच 2009 में खेले गए मैच में बने थे। उस टेस्ट मैच के दूसरे दिन कुल 470 रन बने थे।

08:22 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: सरफराज-कोहली की दमदार साझेदारी

जीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए और 356 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की और कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और सरफराज खान के अर्धशतकों से मुश्किल से उबरने की कोशिश की। कोहली और सरफराज खान के बीच शानदार साझेदारी चल रही थी जिसे ग्लेन फिलिप्स ने कोहली को आउट कर तोड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 136 रनों की साझेदारी की।

08:16 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ 1st Test Live: न्यूजीलैंड से 125 रन पीछे चल रहा है भारत

भारत ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 231 रन बना लिए थे। भारत अभी भी न्यूजीलैंड से 125 रन पीछे चल रहा है। स्टंप के समय सरफराज खान 78 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने तीसरे दिन के खेल की अंतिम गेंद पर कोहली का विकेट गंवाया था।

08:11 AM, 19-Oct-2024

IND vs NZ Highlights: बारिश के कारण चौथे दिन का खेल जल्दी समाप्त, न्यूजीलैंड को मिला 107 रन का लक्ष्य

Live Cricket Score Today, IND vs NZ 1st Test Day 4: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट के चौथे दिन मेजबान टीम की नजरें बढ़त हासिल करने पर होंगी। दूसरी ओर, सरफराज खान अब शतक की ओर बढ़ रहे हैं और उनसे बड़ी पारी खेलने की उम्मीद होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें