पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 135 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 218 रन बनाए थे। इस हिसाब से भारत अभी भी इंग्लैंड से 83 रन पीछे है। कप्तान रोहित शर्मा 52 रन और शुभमन गिल 26 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय टीम को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह 58 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शोएब बशीर ने विकेटकीपर बेन फोक्स के हाथों स्टंप कराया।
इससे पहले इंग्लैंड की पहली पारी 218 रन पर सिमट गई थी। कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। वहीं, 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट लिए। इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। यानी इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने लिए।
रोहित शर्मा ने 77 गेंद में टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ शुभमन गिल बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत का स्कोर एक विकेट पर 122 रन है। यशस्वी 57 रन बनाकर शोएब बशीर का शिकार बने। भारत अभी भी इंग्लैंड से 96 रन पीछे है।
यशस्वी जायसवाल अर्धशतक लगाकर आउट हो गए। उन्होंने 58 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 57 रन की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक रहा। इस पारी में ही यशस्वी ने कई रिकॉर्ड बनाए और कई तोड़ दिए। यशस्वी को बशीर ने विकेटकीपर फोक्स के हाथों स्टंप कराया। फिलहाल शुभमन गिल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर एक विकेट पर 104 रन है।
इंग्लैंड की पहली पारी 218 रन पर सिमट गई। कुलदीप यादव ने पांच विकेट झटके। वहीं, 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने चार विकेट लिए। इंग्लैंड की ओर से जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। इसके अलावा रवींद्र जडेजा को एक विकेट मिला। यानी इंग्लैंड के सभी 10 विकेट भारतीय स्पिनर्स ने लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। बेन डकेट और जैक क्राउली ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कुलदीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। डकेट 27 रन बना सके। इसके बाद क्राउली ने टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ पांचवां अर्धशतक पूरा किया। लंच से ठीक पहले कुलदीप ने ओली पोप को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों स्टंप कराया और इंग्लिश टीम को दूसरा झटका दिया। पोप 11 रन बना सके।
पहले सत्र में 25.3 ओवर गेंदबाजी हुई और इंग्लैंड ने 100 रन बनाकर दो विकेट गंवाए। इसके बाद दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने 29.3 ओवर बल्लेबाजी की और 94 रन बनाने में छह विकेट गंवा दिए। एक वक्त इंग्लैंड का स्कोर 38वें ओवर में 137 रन पर दो विकेट था। इसके बाद क्राउली का विकेट गिरा और यहीं से इंग्लैंड की पूरी पारी ढह गई। 137 पर दो विकेट से इंग्लैंड की टीम 58वें ओवर में 218 रन पर सिमट गई। 20 ओवर के अंदर और 81 रन बनाने में भारत ने इंग्लैंड के आठ विकेट गिरा दिए।
क्राउली ने 108 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 79 रन बनाए। वहीं, जो रूट 26 रन, 100वां टेस्ट खेल रहे जॉनी बेयरस्टो 29 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान बेन स्टोक्स को कुलदीप ने खाता भी नहीं खोलने दिया। जब इंग्लैंड का स्कोर 175 रन था, तब टीम ने बेयरस्टो, रूट और स्टोक्स तीनों का विकेट गंवाया था। अश्विन ने हार्टले (6) और वुड (0) को पारी के 50वें ओवर में पवेलियन भेजा। इसके बाद एंडरसन (0) को पवेलियन भेज इंग्लैंड की पारी को 218 रन पर समेट दिया। बशीर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
218 पर इंग्लैंड को नौवां झटका लगा। अश्विन ने बेन फोक्स को पवेलियन भेजा। गेंद फोक्स के पैड से लगकर स्टंप्स पर जा लगी। फोक्स 24 रन बना सके। अश्विन को मिली यह तीसरी सफलता रही।
चायकाल तक इंग्लैंड ने आठ विकेट गंवाकर 194 रन बना लिए हैं। फिलहाल बेन फोक्स आठ रन और शोएब बशीर पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं। पहले सत्र में इंग्लैंड ने दो विकेट गंवाकर 100 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में इंग्लिश टीम ने 29.3 ओवर में 94 रन बनाए और छह विकेट गंवा दिए। कुलदीप ने पांच विकेट लिए हैं। वहीं, अश्विन को दो विकेट मिले। जडेजा ने एक विकेट लिया है।
रविचंद्रन अश्विन ने अपने 100वें टेस्ट में कमाल करते हुए एक ही ओवर में दो विकेट झटके हैं। उन्होंने इंग्लैंड की पारी के 50वें ओवर में टॉम हार्टले और मार्क वुड को पवेलियन भेजा। हार्टले छह रन बना सके, जबकि वुड खाता नहीं खोल सके। ओवर की दूसरी गेंद पर अश्विन ने हार्टले को पडिक्कल के हाथों कैच कराया, जबकि चौथी गेंद पर वुड को स्लिप में रोहित के हाथों कैच कराया। फिलहाल शोएब बशीर और बेन फोक्स क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड को 175 के स्कोर पर छठा झटका लगा। इसी स्कोर पर इंग्लिश टीम ने तीन विकेट गंवा दिए हैं। 175 पर ही जॉनी बेयरस्टो आउट हुए थे। इसके बाद जो रूट भी इसी स्कोर पर पवेलियन लौटे। अब कप्तान बेन स्टोक्स भी पवेलियन लौट गए हैं। वह खाता भी नहीं खोल सके। कुलदीप ने उन्हें एल्बीडब्ल्यू आउट किया। यह कुलदीप की पांचवीं सफलता रही। टेस्ट में चौथी बार उन्होंने पारी में पांच विकेट लिए हैं। 136 पर इंग्लैंड के दो विकेट गिरे थे। इसके बाद 39 रन बनाने में इंग्लिश टीम ने तीन और विकेट गंवा दिए हैं। जडेजा ने पांचवें विकेट के रूप में जो रूट को पवेलियन भेजा। वह 26 रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और बेन फोक्स क्रीज पर हैं। इससे पहले कुलदीप ने चार विकेट झटके। उन्होंने जैक क्राउली (79), बेन डकेट (27), ओली पोप (11) और जॉनी बेयरस्टो (29) को आउट किया। फिलहाल टॉम हार्टले और बेन फोक्स क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड को 175 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। 136 पर इंग्लैंड के दो विकेट गिरे थे। इसके बाद 39 रन बनाने में इंग्लिश टीम ने तीन और विकेट गंवा दिए हैं। जडेजा ने पांचवें विकेट के रूप में जो रूट को पवेलियन भेजा। वह 26 रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और बेन फोक्स क्रीज पर हैं। इससे पहले कुलदीप ने चार विकेट झटके। उन्होंने जैक क्राउली (79), बेन डकेट (27), ओली पोप (11) और जॉनी बेयरस्टो (29) को आउट किया।
इंग्लैंड को 175 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कुलदीप ने जॉनी बेयरस्टो को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। इसी के साथ टेस्ट में कुलदीप के 50 विकेट भी पूरे हो गए। उनका यह 12वां टेस्ट मैच है। अपने 100वें टेस्ट मैच में बेयरस्टो पहली पारी में फेल रहे। वह 18 गेंद में 29 रन बना सके। फिलहाल कप्तान बेन स्टोक्स और जो रूट क्रीज पर हैं।
137 के स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। कुलदीप यादव ने जैक क्राउली को क्लीन बोल्ड किया। वह 79 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया है। यह टेस्ट में छठी बार है जब क्राउली 70s में आउट हुए। इनमें भारत के खिलाफ उनका तीसरी बार है। फिलहाल 100वां टेस्ट खेल रहे जॉनी बेयरस्टो और जो रूट क्रीज पर हैं।
दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। क्राउली 61 और रूट एक रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 101 रन है। कुलदीप यादव ने दो विकेट झटके हैं। उन्होंने बेन डकेट और ओली पोप को पवेलियन भेजा है।
इंग्लैंड को 100 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा और इस विकेट के साथ ही अंपायर ने लंच लेने का फैसला किया। पहले सत्र में 25.3 ओवर गेंदबाजी हुई और इंग्लैंड ने करीब चार के रन रेट से रन बनाए। बेन डकेट और जैक क्राउली ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को कुलदीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। डकेट 27 रन बना सके। इसके बाद क्राउली ने टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ पांचवां अर्धशतक पूरा किया। लंच से ठीक पहले कुलदीप ने ओली पोप को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों स्टंप कराया और इंग्लिश टीम को दूसरा झटका दिया। पोप 11 रन बना सके। फिलहाल क्राउली 61 रन बनाकर नाबाद हैं।
जैक क्राउली ने टेस्ट करियर का 14वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 64 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। भारत के खिलाफ टेस्ट में यह उनका पांचवां अर्धशतक रहा। इंग्लैंड ने एक विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। फिलहाल जैक क्राउली 52 रन और ओली पोप 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
इंग्लैंड को 64 के स्कोर पर पहला झटका लगा। कुलदीप यादव की गेंद पर बड़े शॉट के चक्कर में डकेट कैच आउट हो गए। शुभमन गिल ने पीछे भागते हुए डकेट का शानदार कैच लपका। फिलहाल ओली पोप मैदान पर आए हैं। जैक क्राउली 37 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
इंग्लैंड का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 47 रन है। फिलहाल जैक क्राउली 29 और बेन डकेट 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शुरुआती एक घंटे का खेल निकल चुका है। भारत के तेज गेंदबाज बुमराह और सिराज ने अच्छी गेंदबाजी तो की है, लेकिन विकेट नहीं निकाल पाए हैं। बुमराह सिराज की कुछ गेंद तो ऐसी रहीं कि इंग्लैंड के बल्लेबाज गच्चा खा गए। लंच से पहले भारतीय टीम कुछ विकेट निकालना चाहेगी।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर हैं। जसप्रीत बुमराह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। अश्विन 100वां टेस्ट खेल रहे हैं। उन्हें राहुल द्रविड़ ने पत्नी प्रीति और दोनों बैटियों की मौजूदगी में 100वीं टेस्ट कैप सौंपी। वहीं, बेयरस्टो को भी उनकी मां, उनकी बहन, पत्नी और बेटे की मौजूदगी में खास टेस्ट कैप सौंपी गई।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स (कप्तान), बेन फोक्स (विकेटकीपर), शोएब बशीर, टॉम हार्टले, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन।
भारत: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, सरफराज खान, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी है। इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 का एलान बुधवार को ही कर दिया था। ओली रॉबिन्सन की जगह मार्क वुड की एंट्री हुई है। वहीं, भारत के लिए देवदत्त पडिक्कल डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें रजत पाटीदार की जगह प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, रविचंद्रन अश्विन का यह 100वां मैच है। कप्तान रोहित ने कहा कि टीम में दो बदलाव हैं। पडिक्कल के अलावा जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। उन्हें आकाश दीप की जगह शामिल किया गया है। रोहित ने कहा कि रजत को बुधवार शाम प्रैक्टिस करते हुए चोट लग गई थी।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा- अश्विन की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। सौवां टेस्ट खेलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। वह हमारे लिए मैच विजेता रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने हर सीरीज में अपनी भूमिका निभाई है। बतौर कप्तान मैंने उन्हें अंडर-19, अंडर-17 दिनों से देखा है। वह उस वक्त ओपनिंग बल्लेबाज थे और बाद में उन्होंने गेंदबाजी शुरू की। मैं उस वक्त गेंदबाज (ऑफ स्पिनर) था और बाद में मैं बल्लेबाज बन गया। हमारे लिए उतार-चढ़ाव रहा, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए यह अच्छा हुआ।
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा- यहां आने से पहले हम सोच रहे थे कि हमें तीन पेसर और एक स्पिनर की जरूरत पड़ेगी, लेकिन यहां आकर विकेट देखने के बाद दो तेज गेंदबाज और दो स्पिनर के साथ हमारे लिए उतरना ठीक रहेगा। हम सीरीज हार चुके हैं, लेकिन 3-1, 4-1 से बेहतर रहेगा कि हम इसे 3-2 करें।
बारिश की आशंका के बीच मैच से पहले स्टेडियम में एचपीसीए कन्या पूजन करेगा और बारिश के देवता भगवान इंद्रूनाग से मौसम साफ रखने की प्रार्थना करेगा। स्टेडियम में 22 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। बताया जा रहा है कि मैच की तीन चौथाई टिकटें बिक चुकी हैं। मैच में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए करीब 600 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।
धर्मशाला के मौसम को देखते हुए इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को उम्मीद थी कि यहां की पिच तेज गेंदबाज ज्यादा असरदार साबित होंगे, लेकिन पिच का निरीक्षण करने के बाद स्टोक्स ने अपनी योजना को बदल दिया। उन्होंने दो तेज गेंदबाजों के साथ दो स्पिनरों को खिलाने का फैसला लिया है। ओली रोबिंसन के स्थान पर मार्क वुड को वापस लाया गया है। वह टेस्ट क्रिकेट में 700 से दो विकेट दूर जेम्स एंडरसन के साथ गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। स्पिन विभाग में रांची टेस्ट में आठ विकेट लेने वाले ऑफ स्पिनर शोएब बशीर और टॉम हार्टले मोर्चा संभालेंगे। इंग्लैंड ने अपनी अंतिम एकादश में रोबिंसन के रूप में एकमात्र परिवर्तन किया है।
देखना यह भी होगा कि केएल राहुल के चोटिल होने पर लगातार तीन टेस्ट मैच खेल चुके रजत पाटीदार को एक और मौका मिलता है या फिर कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया जाता है। पाटीदार पिछले तीन टेस्ट मैच में सिर्फ 63 रन बना पाए हैं। सरफराज खान ने राजकोट टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी की थी, लेकिन रांची में वह नहीं चले। वह यहां उसकी भरपाई करना चाहेंगे। यशस्वी शानदार फॉर्म में हैं। वह सीरीज में 700 से अधिक रन बनाने वाले सुनील गावस्कर के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनने की कोशिश करेंगे। रोहित के पास भी रन बनाने का मौका होगा। गिल ने रांची टेस्ट में जबरदस्त बल्लेबाजी का परिचय दिया था।
जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारत का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है। अब यह देखना होगा कि भारत तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनर के साथ उतरता है या फिर बुमराह, सिराज के साथ अश्विन, जडेजा, कुलदीप को मौका देकर रांची टेस्ट में तीन विकेट लेने वाले आकाशदीप को बाहर किया जाता है। सपाट पिच होने के चलते तीन स्पिनर खेलने की संभावनाएं ज्यादा दिख रही हैं।
भारतीय टीम सीरीज पर पहले ही कब्जा जमा चुकी है, लेकिन 4-1 से जीत मिलने पर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उसके शीर्ष स्थान और मजबूती मिलेगी। हालांकि यहां के मौसम को देखते हुए इंग्लैंड को अपने घर में खेलने का अहसास होगा। पहले दो दिन तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। पहले दिन बारिश की भी संभावना है। ठंडे मौसम को ध्यान रखते हुए प्रत्येक दिन सुबह के सत्र में पिच तेज गेंदबाजों को मदद देगी, लेकिन पिच पर घास बिल्कुल भी नहीं है। ऐसे में यहां स्पिनरोंं की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 में एकमात्र टेस्ट खेला गया है। यह टेस्ट कुलदीप यादव का पहला टेस्ट मैच था, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।
भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त जरूर ले चुकी है। बावजूद इसके रोहित शर्मा की टीम धर्मशाला टेस्ट को हल्के में नहीं लेगी। खासतौर अपना सौवां टेस्ट मैच खेलने जा रहे रविचंद्रन अश्विन के लिए इस टेस्ट को यादगार बनाने की कोशिश करेगी। भारत अब तक इंग्लैंड से सीरीज में चार टेस्ट सिर्फ एक बार जीता है। 2016-17 में उसने अपनी ही धरती पर पांच टेस्ट मैच की सीरीज 4-0 से जीती थी। भारतीय टीम इंग्लैंड से दूसरी बार सीरीज में चार टेस्ट जीतने की पूरी कोशिश करेगी। सिर्फ अश्विन ही नहीं बल्कि इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो का भी यह सौवां टेस्ट मैच होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया फिलहाल सीरीज में 3-1 से आगे है। इस मैच को जीतकर भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी।