भारत और बांग्लादेश के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण जल्द समाप्त कर दिया गया है। भारत ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 515 रनों का लक्ष्य रखा है। जवाब में बांग्लादेश की टीम ने चार विकेट पर 158 रन बना लिए हैं और उसे अभी जीत के लिए और 357 रन बनाने होंगे, जबकि भारत छह विकेट लेते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लेगा। स्टंप्स के समय कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 60 गेंदों पर चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन और शाकिब अल हसन 14 गेंदों पर पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत की ओर से ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, भारत ने दूसरी पारी में शुभमन गिल और ऋषभ पंत के शतकों की मदद से चार विकेट पर 287 रन बनाकर पारी घोषित करने का फैसला किया। शुभमन 176 गेंदों पर 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 119 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पंत ने 128 गेंदों पर 13 चौकों और चार छक्कों की मदद से 109 रन बनाए। भारत ने पहली पारी में 376 रन बनाए थे और बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर ढेर कर 227 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। इस तरह भारत ने बांग्लादेश के सामने विशाल रनों का लक्ष्य रखा।
बांग्लादेश फिलहाल संघर्ष करता दिख रहा है, लेकिन गिरते विकेटों के बीच कप्तान ने दूसरे छोर से मोर्चा संभाले रखा और अर्धशतक लगाने में सफल रहे। वहीं, पहली पारी की तुलना में बांग्लादेश ने दूसरी पारी में सधी हुई बल्लेबाजी की, लेकिन अश्विन गेंदबाजी से प्रभावित करने में सफल रहे। बुमराह ने जहां दूसरी पारी में भी भारत को पहली सफलता दिलाई, वहीं दिन का खेल समाप्त होने तक अश्विन ने बांग्लादेश को तीन और झटके दिए।
भारत और बांग्लादेश के बीच खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल रुक गया है। भारत ने बांग्लादेश के सामने 515 रनों का लक्ष्य रखा है, जवाब में बांग्लादेश ने चार विकेट पर 158 रन बना लिए हैं। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 51 रन और शाकिब अल हसन पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए अर्धशतक जड़ दिया है। भारत ने बांग्लादेश के सामने 515 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है जिसके जवाब में मेहमान टीम ने 146 रन पर चार विकेट गंवा दिए हैं। शांतो फिलहाल 50 रन बनाकर खेल रहे हैं।
रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए भारत को चौथी सफलता दिलाई। अश्विन ने मुशफिकुर रहीम को आउट कर बांग्लादेश को एक और झटका दिया। मुशफिकुर 11 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने इस तरह दूसरी पारी में तीन विकेट झटके लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर नजमुल हुसैन शांतो के साथ शाकिब अल हसन मौजूद हैं।
ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मोमिनुल हक को बोल्ड कर बांग्लादेश को तीसरा झटका दिया। बांग्लादेश ने इस तरह 124 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। मोमिनुल 24 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन का दूसरी पारी में यह दूसरा विकेट है।
बांग्लादेश ने दो विकेट पर 100 रन बना लिए हैं। अब उन्हें 415 रनों की जरूरत है। फिलहाल मोमिनुल हक चार रन और कप्तान नजमुल हुसैन शांतो 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं। जाकिर हसन और शदमान इस्लाम पवेलियन लौट चुके हैं। एक विकेट बुमराह और एक विकेट अश्विन को मिला।
बांग्लादेश को 86 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अश्विन ने शदमान इस्लाम को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। वह 35 रन बना सके। इससे पहले बुमराह ने जाकिर हसन को यशस्वी के हाथों कैच कराया था। फिलहाल कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और मोमिनुल हक क्रीज पर हैं।
बांग्लादेश को 62 के स्कोर पर पहला झटका लगा। बुमराह ने जाकिर हसन को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। जायसवाल ने एक हाथ से बेहतरीन कैच लपका। फिलहाल कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और शदमान इस्लाम क्रीज पर हैं। बांग्लादेश को अब 452 रन की जरूरत है।
बांग्लादेश ने बिना विकेट गंवाए 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल जाकिर हसन 33 रन और शदमान इस्लाम 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बांग्लादेश को अब 455 रन की जरूरत है। वहीं, भारतीय गेंदबाजों को विकेट निकालने और इस साझेदारी को तोड़ने की जरूरत है।
बांग्लादेश ने दूसरी पारी में तेज शुरुआत की है। 515 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम का स्कोर चायकाल तक 56/0 है। जाकिर 32* और शादमान 21* रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
बांग्लादेश ने दूसरी पारी की तेज शुरुआत की है। टीम ने 10 ओवर में बिना विकेट गंवा 47 रन बना लिए हैं। फिलहाल जाकिर हसन 27 रन और शदमान इस्लाम 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
बांग्लादेश की दूसरी पारी की शुरुआत हो चुकी है। ओपनर्स जाकिर हसन और शदमान इस्लाम क्रीज पर हैं। बांग्लादेश के सामने 515 रन का पहाड़नुमा लक्ष्य है।
भारत ने अपनी दूसरी पारी 287/4 के स्कोर पर घोषित कर दी है। पहली पारी में टीम इंडिया ने 376 रन बनाए थे। वहीं, बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 149 रन बनाए थे। इस तरह भारतीय टीम को 227 रन की बढ़त मिली थी। अब के स्कोर को मिलाकर भारत की बढ़त कुल 514 रन की हुई और बांग्लादेश को 515 रन का लक्ष्य मिला है। भारत के लिए शुभमन गिल 176 गेंद में 10 चौके और चार छक्के की मदद से 119 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, केएल राहुल 22 रन बनाकर नाबाद रहे। ऋषभ पंत ने 109 रन की पारी खेली। पंत और गिल ने चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले यशस्वी जायसवाल (10), रोहित शर्मा (5) और विराट कोहली (17) शुक्रवार को ही आउट हो गए थे। भारत ने आज 81/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और 206 रन जोड़कर पारी घोषित की। आज का एकमात्र विकेट पंत के रूप में गिरा। बांग्लादेश के पास इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए करीब ढाई दिन का वक्त है।
पंत के बाद शुभमन गिल ने भी शतक लगा दिया है। उन्होंने 161 गेंद में टेस्ट करियर का पांचवां शतक जड़ा। गिल ने पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी निभाई थी। फिलहाल गिल के साथ केएल राहुल क्रीज पर हैं। भारत का स्कोर चार विकेट पर 256 रन है। टीम इंडिया की बढ़त 483 रन की हो चुकी है।
ऋषभ पंत 109 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने शुभमन गिल के साथ 167 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल केएल राहुल और शुभमन गिल क्रीज पर हैं।
ऋषभ पंत ने 124 गेंद में टेस्ट करियर का छठा शतक जड़ दिया है। उनका यह कमबैक टेस्ट है। दिसंबर 2022 में कार दुर्घटना का शिकार होने के बाद यह उनका पहला टेस्ट है और उसी में शतक जड़ दिया है। पंत ने धोनी की बराबरी भी की है। वह धोनी के साथ संयुक्त रूप से टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय ड्रेसिंग रूम में सभी ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया है। भारत ने तीन विकेट पर 229 रन बना लिए हैं। भारत की बढ़त 450+ रन की हो चुकी है।
लंच के बाद के खेल की शुरुआत हो चुकी है। भारत ने लंच तक तीन विकेट पर 205 रन बना लिए थे। अब पंत और गिल बढ़त को ज्यादा से ज्यादा करने उतरे हैं। भारतीय टीम इस सत्र में पारी घोषित कर सकती है।
तीसरे दिन लंच तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 205 रन बना लिए हैं। भारत को पहली पारी के आधार पर 227 रन की बढ़त मिली थी। ऐसे में कुल बढ़त 432 रन की हो चुकी है। ऋषभ पंत 82 और शुभमन गिल 86 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी हो चुकी है। आज पहले सत्र में दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी की। भारत ने पहले सत्र में 28 ओवर में 124 रन जोड़े। इन दोनों ने 4.43 के रन रेट से रन बटोरे। भारत ने तीन विकेट 67 रन पर ही गंवा दिए थे। इसके बाद से इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है। भारत ने आज तीन विकेट पर 81 रन से आगे खेलना शुरू किया था। शुक्रवार को यशस्वी जायसवाल 10 रन, रोहित शर्मा पांच रन और विराट कोहली 17 रन बनाकर आउट हुए थे।
शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई है। दोनों ने सुबह से बेहतरीन बल्लेबाजी की है। लंच में अब बस कुछ वक्त बचा है, ऐसे में दोनों चाहेंगे कि भारत लंच तक कोई विकेट न गंवाए। भारत ने तीन विकेट पर 171 रन बना लिए हैं। फिलहाल पंत 60 रन और शुभमन 75 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की कुल बढ़त 398 से ज्यादा रन की हो चुकी है।
शुभमन गिल के बाद ऋषभ पंत ने भी अर्धशतक लगाया है। पंत दिसंबर 2022 के बाद पहली बार कोई टेस्ट खेल रहे हैं और उसी में अर्धशतक लगा दिया है। पंत ने शानदार कमबैक किया है। भारत ने बांग्लादेश पर 380 से ज्यादा रन की लीड ले ली है। भारत का स्कोर फिलहाल तीन विकेट पर 150 रन से ज्यादा है। पंत 50 रन और गिल 69 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
ऋषभ पंत भी 12वें अर्धशतक के करीब हैं। उन्होंने अब तक शुभमन गिल के साथ 80 से ज्यादा रन की साझेदारी कर ली है। शुभमन पहले ही अर्धशतक लगा चुके हैं। भारत का स्कोर तीन विकेट पर 140 से ज्यादा है।
शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच 50+ रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ने अब तक आधे घंटे में काफी शानदार खेल दिखाया है। शुभमन खुल के खेलते दिख रहे हैं। वहीं, पंत ने उनका अच्छा साथ निभाया है।
शुभमन गिल ने 79 गेंद में टेस्ट करियर का छठा अर्धशतक लगाया। उन्होंने मेहदी हसन मिराज की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। भारत ने तीन विकेट पर 110+ रन बना लिए हैं। पंत और गिल के बीच 40+ रन की साझेदारी भी हो चुकी है। भारत की बढ़त अब 340+ रन की हो चुकी है।
तीसरे दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। ऋषभ पंत और शुभमन गिल क्रीज पर हैं। भारतीय टीम की नजर बढ़त को 400 के पार पहुंचाने की है। चेन्नई में रात भर बारिश हुई है और फिलहाल ओवरकास्ट कंडीशन है। यह देखने वाली बात होगी कि बांग्लादेशी गेंदबाज इसका कितना फायदा उठा पाएंगे।
चेन्नई में रात भर बारिश हुई और सुबह-सुबह भी वहां बारिश हुई है। पिच और आउटफील्ड को ढक दिया गया था, लेकिन मैदानकर्मियों ने उन सभी को हटा दिया है। चेपॉक में बेहतरीन जल निकासी व्यवस्था है। खिलाड़ी वॉर्मअप भी करते नजर आ रहे हैं। बांग्लादेशी सीमरों को इन परिस्थितियों में गेंदबाजी करने में कोई आपत्ति नहीं होगी।
चेपॉक में एक नया रिकॉर्ड भी बना है। इस मैदान पर शुक्रवार को 17 विकेट गिरे। यह इस मैदान पर किसी टेस्ट में एक दिन में सबसे ज्यादा विकेट गिरने का रिकॉर्ड है। इससे पहले 1979 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट के तीसरे दिन 15 विकेट गिरे थे। वहीं, साल 2021 में भारत इंग्लैंड के बीच टेस्ट में दो दिन 15-15 विकेट गिरे थे। इस टेस्ट के दूसरे और चौथे दिन चार-चार विकेट गिरे थे। भारत-बांग्लादेश के बीच टेस्ट में दूसरे दिन 17 विकेट गिरे और कुल 267 रन बने।
\भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 376 रन बनाए थे। वहीं, बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर सिमट गई थी और रोहित एंड कंपनी को 227 रन की बढ़त मिली थी। अब भारत की कुल बढ़त 308 रन की हो चुकी है। शुभमन गिल 33 रन और ऋषभ पंत 12 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को दूसरी पारी में तीन झटके रोहित शर्मा (5), यशस्वी जायसवाल (10) और विराट कोहली (17) के रूप में लगे। रोहित और विराट लगातार दूसरी पारी में फेल रहे। पहली पारी में विराट और रोहित ने छह-छह रन बनाए थे।
बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर सिमट गई। बांग्लादेश को फॉलोऑन बचाने के लिए 177 बनाने थे, लेकिन टीम वह भी नहीं बना पाई। हालांकि, भारत ने बांग्लादेश को फॉलोऑन नहीं खिलाते हुए खुद बल्लेबाजी की। टीम इंडिया की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, बांग्लादेश की ओर से शाकिब अल हसन ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। भारत के खिलाफ बांग्लादेश की बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। टीम ने 40 रन पर ही पांच विकेट गंवा दिए थे। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में शदमान इस्लाम को क्लीन बोल्ड कर झटका दिया था। वह दो रन बना सके थे।
इसके बाद आकाश दीप ने पारी के नौवें ओवर यानी लंच से ठीक पहले वाले ओवर में लगातार दो गेंद पर जाकिर हसन और मोमिनुल हक को आउट किया। आकाश ने नौवें ओवर की पहली गेंद पर जाकिर और फिर दूसरी गेंद पर मोमिनुल को क्लीन बोल्ड किया। जाकिर ने तीन रन बनाए, जबकि मोमिनुल खाता भी नहीं खोल सके। बांग्लादेश की टीम को लंच के ठीक बाद चौथा झटका लगा। सिराज ने बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को स्लिप में कोहली के हाथों कैच कराया। वह 20 रन बना सके। जसप्रीत बुमराह ने मुशफिकुर रहीम को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। वह आठ रन बना सके।
शाकिब अल हसन और लिटन दास के बीच पनप रही साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने तोड़ा। उन्होंने लिटन को सब्स्टिट्यूट फील्डर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। लिटन और शाकिब के बीच छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी हुई। लिटन ने 42 गेंद में 22 रन की पारी खेली।जडेजा ने लिटन दास के बाद शाकिब अल हसन को पवेलियन भेजा। लिटन ने 22 रन और शाकिब ने 32 रन की पारी खेली। इसके बाद हसन महमूद के रूप में टीम को आठवां झटका लगा।
चायकाल तक बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट गंवाकर 112 रन बनाए थे। आठवां विकेट गिरते ही चायकाल की घोषणा की गई। जसप्रीत बुमराह ने हसन महमूद को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। वह नौ रन बना सके। हसन ने मेहदी के साथ 20 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने तस्कीन अहमद और मोहम्मद सिराज ने नाहिद राणा को आउट कर बांग्लादेश की पारी को 149 रन पर समेट दिया। तस्कीन 11 रन और नाहिद 11 रन बना सके। बुमराह के अलावा सिराज, आकाश दीप और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए।
भारतीय टीम की पहली पारी 376 रन पर समाप्त हो गई है। टीम इंडिया ने आज यानी शुक्रवार को छह विकेट पर 339 रन से आगे खेलना शुरू किया और 37 रन बनाने में बाकी बचे चार विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम शुक्रवार को एक घंटे के खेल में सिमट गई। भारत को दूसरे दिन का पहला झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा। उन्हें तस्कीन अहमद ने विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच कराया। जडेजा ने 86 रन बनाए। उन्होंने अश्विन के साथ सातवें विकेट के लिए 199 रन की साझेदारी की। इसके बाद तस्कीन ने आकाश दीप को आउट किया।
आकाश ने 17 रन बनाए और अश्विन के साथ आठवें विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी निभाई। फिर तस्कीन ने अश्विन को शांतो के हाथों कैच कराया। उन्होंने 113 रन बनाए। यह उनका टेस्ट में छठा शतक रहा। बुमराह सात रन बनाकर हसन महमूद के शिकार बने। हसन ने गुरुवार को चार विकेट लिए थे और बुमराह के विकेट के साथ उन्होंने फाइव विकेट हॉल पूरा किया। उन्होंने लगातार दो टेस्ट में दो फाइव विकेट हॉल लिए हैं। वह भारत में भारत के खिलाफ टेस्ट में फाइव विकेट हॉल लेने वाले बांग्लादेश के पहले गेंदबाज हैं। इसके अलावा तस्कीन ने तीन विकेट झटके। नाहिद राणा और मेहदी हसन मिराज को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले गुरुवार को भारत का शीर्ष क्रम ढह गया था। रोहित शर्मा छह रन, विराट कोहली छह रन बनाकर आउट हुए थे। शुभमन गिल तो खाता भी नहीं खोल सके थे। फिर यशस्वी जायसवाल ने ऋषभ पंत के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी निभाई थी। पंत 39 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, यशस्वी ने 56 रन की पारी खेली। केएल राहुल फिर फ्लॉप रहे और 16 रन बना सके।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और बांग्लादेश के बीच चेन्नई में जारी दूसरे टेस्ट का आज (शनिवार) तीसरा दिन है। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 376 रन बनाए थे। वहीं, बांग्लादेश की पहली पारी 149 रन पर सिमट गई थी। फिलहाल भारत की दूसरी पारी जारी है। टीम इंडिया अपनी बढ़त को 400 के पार पहुंचाने उतरेगी।