भारत ने तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया है। रोमांचक मुकाबले में भारत को आखिरी ओवर में 11 रन की जरूरत थी। तब विराट कोहली और हार्दिक पांड्या क्रीज पर थे। डेनियल सैम्स गेंदबाजी कर रहे थे। पहली गेंद पर कोहली ने छक्का लगाया। हालांकि, इसकी अगली ही गेंद पर कोहली फिंच को कैच थमा बैठे। तीसरी गेंद पर दिनेश कार्तिक ने एक रन लिया। आखिरी तीन गेंदों पर भारत को चार रन की जरूरत थी। वहीं, चौथी गेंद पर हार्दिक कोई रन नहीं बना पाए। पांचवीं गेंद पर सैम्स ने वाइड यॉर्कर फेंकने की कोशिश की, लेकिन गेंद हार्दिक के बल्ले से लगकर थर्ड मैन पर चार रन के लिए चली गई। इस तरह भारत ने एक गेंद रहते जीत हासिल की।
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज को 2-1 से जीत लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने पहला टी20 और भारत ने दूसरे टी20 को अपने नाम किया था। तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था। कैमरन ग्रीन ने 21 गेंदों में 52 रन और टिम डेविड ने 27 गेंदों मं 54 रन की पारी खेली। जवाब में टीम इंडिया ने 19.5 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में ताबड़तोड़ 69 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली ने 48 गेंदों में 63 रन की पारी खेली।
भारतीय टीम अपने घर में नौ साल बाद ऑस्ट्रेलिया को टी20 सीरीज में हराने में कामयाब हो पाई है। ऑस्ट्रेलिया को 2013 के बाद से टी20 सीरीज में नहीं हरा सकी थी। 2007 और 2013 में उसने एक-एक मैचों की सीरीज को अपने नाम किया था। अब टीम इंडिया नौ साल में पहली बार कंगारूओं को अपने घर में सीरीज हराने में सफल रही है। 2017-18 में सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूटी थी तो 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत हासिल की थी।
18 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 166 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 42 गेंदों में 54 रन और हार्दिक पांड्या 12 गेंदों में 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 12 गेंदों में 21 रन की दरकार है।
16 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 148 रन बना लिए हैं। अब भारत को 24 गेंदों में 39 रन की जरूरत है। विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 33वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों में इसे पूरा किया। फिलहाल हार्दिक पांड्या चार गेंदों में तीन रन और विराट कोहली 38 गेंदों में 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
भारत को 14वें ओवर में 134 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। सूर्यकुमार यादव 36 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जोश हेजलवुड ने फिंच के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में सूर्यकुमार ने पांच चौके और पांच छक्के लगाए। सूर्यकुमार ने कोहली के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 104 रन की साझेदारी निभाई। भारत को फिलहाल 36 गेंदों में 53 रन की जरूरत है।
सूर्यकुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक लगाया। वह अब तक तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली के साथ 90 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। सूर्यकुमार फिलहाल 31 गेंदों में 58 रन और विराट कोहली 29 गेंदों में 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 13 ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 122 रन है। भारत को फिलहाल 42 गेंदों में 65 रन की जरूरत है।
12 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 28 गेंदों में 38 रन और सूर्यकुमार यादव 26 गेंदों में 44 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 70+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब 48 गेंदों में 80 रन की जरूरत है। इससे पहले रोहित शर्मा 17 रन और केएल राहुल एक रन बनाकर आउट हुए थे। रोहित को कमिंस और राहुल को सैम्स ने आउट किया।
10 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 91 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 25 गेंदों में 35 रन और सूर्यकुमार यादव 17 गेंदों में 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 38 गेंदों में 61 रन की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले रोहित शर्मा 17 रन और केएल राहुल एक रन बनाकर आउट हुए थे। रोहित को कमिंस और राहुल को सैम्स ने आउट किया।
आठ ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 67 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 20 गेंदों में 26 रन और सूर्यकुमार यादव 10 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 30+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को 72 गेंदों में 120 रन की जरूरत है। रोहित शर्मा 17 रन और केएल राहुल एक रन बनाकर आउट हुए।
भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। टीम इंडिया ने पावरप्ले में यह स्कोर बनाया है। रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली बेहतरीन लय में दिख रहे हैं। उन्होंने अब तक 23 रन बना लिए हैं और एक बार फिर बड़ी पारी खेलकर भारत को जीत दिलाने की कोशिश करेंगे।
30 रन के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा है। कप्तान रोहित शर्मा 14 गेंद में 17 रन बनाने के बाद पैट कमिंस की गेंद पर डेनियल सम्स को कैच थमा बैठे। चार ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 34 रन है। विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर हैं।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। डेनियल सैम्स ने केएल राहुल को विकेटकीपर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। राहुल एक रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने 21 गेंदों में 52 रन और टिम डेविड ने 27 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से अक्षर पटेल ने तीन विकेट झटके। साथ ही ग्लेन मैक्सवेल को रन आउट किया। डेनियल सैम्स 20 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
18 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट गंवाकर 161 रन बना लिए हैं। फिलहाल टिम डेविड 22 गेंदों में 41 रन और डेनियल सैम्स 14 गेंदों में 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर कुमार ने 18वें ओवर में दो छक्के और एक चौका समेत 21 रन लुटाए। अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके।
16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल टिम डेविड 19 रन और डेनियल सैम्स 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अक्षर पटेल ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके।
14वें ओवर में अक्षर पटेल ने दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर जोश इंग्लिस को रोहित के हाथों कैच कराया। इंग्लिस 22 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर मैथ्यू वेड का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वेड एक रन बना सके। पिछले दो मैचों में वेड ने ही खूब रन बनाए थे। 14 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 117 रन है। फिलहाल डेनियल सैम्स और टिम डेविड क्रीज पर हैं।
12 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाकर 103 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोश इंग्लिस 19 गेंदों में 23 रन और टिम डेविड पांच गेंदों में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अच्छी शुरुआत को ऑस्ट्रेलिया अब तक भुनाने में नाकाम रहा है। 44 पर टीम का पहला विकेट गिरा था और अब 10 ओवर में 86 रन तक चार विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल जोश इंग्लिस और टिम डेविड क्रीज पर हैं। कैमरन ग्रीन 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। उनके अलावा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका है। एरॉन फिंच सात रन, स्टीव स्मिथ नौ रन, ग्लेन मैक्सवेल छह रन बनाकर आउट हुए। 10वें ओवर में युजवेंद्र चहल ने स्टीव स्मिथ को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों स्टंप आउट कराया।
आठवें ओवर में 75 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा। ओवर की चौथी गेंद पर ग्लेन मैक्सवले अक्षर पटेल के डायरेक्ट हिट पर रनआउट हो गए। दरअसल, मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ ने दो रन लेने की कोशिश की। स्क्वायर ऑन से अक्षर पटेल ने थ्रो किया, लेकिन गेंद के विकेटकीपर कार्तिक के पास पहुंचने से पहले कार्तिक का हाथ दो गिल्लियों में से एक में लग गया। एक गिल्ली उखड़ गई। हालांकि, दूसरी गिल्ली अपनी जगह पर थी और डायरेक्ट हिट से गेंद लगने के बाद उखड़ी। ऐसे में अंपायर ने मैक्सवेल को रन आउट करार दिया। इस तरह आउट होने पर मैक्सवेल काफी गुस्से में दिखे। वह 11 गेंदों में छह रन बनाकर आउट हुए। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 76 रन है। फिलहाल स्टीव स्मिथ और जोश इंग्लिस क्रीज पर हैं।
सात ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट गंवाकर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल नौ गेंदों में चार रन और स्टीव स्मिथ छह गेंदों में सात रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। एरॉन फिंच और कैमरन ग्रीन पवेलियन लौट चुके हैं। अक्षर पटेल और भुवनेश्वर कुमार को एक-एक विकेट मिला। सातवें ओवर में अक्षर ने स्टीव स्मिथ का आसान कैच छोड़ दिया।
कैमरन ग्रीन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा अर्धशतक 19 गेंदों में जड़ा। पांच ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 62 रन है। ग्रीन ने तूफानी पारी खेली। हालांकि, अर्धशतक के बाद वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके। ग्रीन ने 21 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली। फिलहाल ग्लेन मैक्सवेल और स्टीव स्मिथ क्रीज पर हैं।
ऑस्ट्रेलिया को चौथे ओवर में 44 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अक्षर पटेल ने कप्तान एरॉन फिंच को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। फिंच छह गेंदों में सात रन बना सके। हालांकि, दूसरे छोर से कैमरन ग्रीन चौके-छक्कों की बरसात कर रहे हैं। चार ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 56 रन है। फिलहाल ग्रीन 18 गेंदों में 49 रन और स्टीव स्मिथ बल्लेबाजी कर रहे हैं।
तीन ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 40 रन बना लिए हैं। कैमरन ग्रीन आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 15 गेंदों में 37 रन बना लिए हैं। वहीं, कप्तान एरॉन फिंच तीन गेंद में तीन रन बनाए हैं। बुमराह ने अपने पहले ओवर में 17 रन लुटाए।
एरॉन फिंच और कैमरन ग्रीन ऑस्ट्रेलियाई पारी की शुरुआत करने आए हैं। भुवनेश्वर कुमार के पहले ओवर में दोनों ने 12 रन जोड़े। ग्रीन ने पहले ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया। भारतीय टीम ने इस मैच के लिए एक बदलाव किया है। ऋषभ पंत को टीम से बाहर किया गया है। वहीं, भुवनेश्वर कुमार यह मैच खेल रहे।
भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), कैमरन ग्रीन, स्टीवन स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, टिम डेविड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), डेनियल सैम्स, पैट कमिंस, एडम जैम्पा, जोश हेजलवुड।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। रोहित ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। ऋषभ पंत को बाहर कर भुवनेश्वर कुमार को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने भी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। शॉन एबॉट की जगह जोश इंग्लिस की टीम में वापसी हुई है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए भी गेंदबाजी चिंता का विषय है। दूसरे मैच में टीम ने छह विकेट गंवा दिए थे। कप्तान एरोन फिंच और मैथ्यू वेड रन कर रहे हैं। चोटिल नाथन एलिस की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और डेनियल सैम्स रन लुटा रहे हैं।
बल्लेबाजी में शीर्ष क्रम में कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली को अपने प्रदर्शन में निरंतरता की जरूरत है। काफी समय से तीनों बल्लेबाजी में एक साथ नहीं चल पा रहे हैं। सूर्यकुमार यादव भी पिछले कुछ मैचों से बेहतर नहीं कर पा रहे लेकिन हार्दिक पंड्या ने बल्लेबाजी में हाथ दिखाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों को लेग स्पिन खेलने में दिक्कत आ रही है। पिछले मैच में एडम जैम्पा ने तीन विकेट लेकर इसी कमजोरी का फायदा उठाया है। फिनिशर की भूमिका में दिनेश कार्तिक को फिर से मौका मिल सकता है जिन्होंने नागपुर में दो गेंदों दस रन बनाकर चार गेंद पहले जीत दिला दी थी।
तेज गेंदबाज बुमराह वापसी के बाद फिर से दायित्व संभालने के लिए मौजूद हैं लेकिन डेथ ओवरों में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार का डेथ ओवरों में प्रदर्शन चिंता का सबब बना हुआ है। वह एशिया कप और पहले टी-20 में आशानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए। दूसरे टी-20 में उन्हें मौका भी नहीं मिला था। तीसरे मैच में ऋषभ पंत की जगह उन्हें टीम में लिया जा सकता है।
भारतीय टीम शुक्रवार को बारिश से प्रभावित दूसरे टी-20 में छह विकेट से जीत हासिल कर सीरीज को 1-1 से बराबरी पर ले आई है। भारतीय टीम को उम्मीद होगी कि रविवार को गेंदबाज हर्षल पटेल और स्पिनर युजवेंद्र चहल अपनी फॉर्म में वापसी करने में सफल होंगे। अगले माह होने वाले विश्वकप से पहले यह जरूरी भी है। अक्षर पटेल ने आठ-आठ ओवरों के हुए पिछले मैच में अपने दो ओवरों में दो विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया।
भारतीय टीम अपने घर में ऑस्ट्रेलिया को 2013 के बाद से टी20 सीरीज में नहीं हरा सकी थी। 2007 और 2013 में उसने एक-एक मैचों की सीरीज को अपने नाम किया था। अगर टीम इस बार सीरीज जीत लेती है तो नौ साल में पहली बार कंगारूओं को अपने घर में सीरीज हराने में सफल रहेगी। 2017-18 में सीरीज 1-1 से बराबरी पर छूटी थी तो 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीत हासिल की थी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मैच हैदराबाद में खेला जा रहा है। यह सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है और आज जीतने वाली टीम सीरीज पर कब्जा जमा लेगी। ऑस्ट्रेलिया ने पहला टी20 और भारत ने दूसरे टी20 को अपने नाम किया था। सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि क्या टीम इंडिया आज प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करेगी? क्या भुवनेश्वर कुमार टीम में वापसी कर पाएंगे?