फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS Highlights: एडिलेड टेस्ट का पहला दिन समाप्त, ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 86/1, भारत ने 180 रन बनाए

Fri, 06 Dec 2024 05:30 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एडिलेड

खास बातें

India vs Australia (IND vs AUS) Day Night Test Match Day 1 Cricket Score: शुक्रवार यानी छह दिसंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। यह एक डे नाइट टेस्ट है। पिंक बॉल से खेला जाने वाला यह टेस्ट एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस अब दिलचस्प हो चली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी थी। टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 180 रन बना सकी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी जारी है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है।

ये भी पढ़ें...
IND vs AUS: रोहित शर्मा से जुड़ा अजब संयोग, 2193 दिन पहले पिछली बार एडिलेड में ही मध्यक्रम में की थी बल्लेबाजी
VIDEO: पर्थ में यशस्वी ने जमकर की थी धुनाई, एडिलेड में स्टार्क ने इस तरह लिया बदला, पहली गेंद पर भेजा पवेलियन
IND vs AUS: कैच पकड़ा गया...वापस चल दिए राहुल, फिर बाउंड्री पर विराट रोके गए; लाइव मैच का हाईवोल्टेज ड्रामा
विज्ञापन
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पिंक बॉल टेस्ट - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:09 PM, 06-Dec-2024

पहले दिन का खेल समाप्त

एडिलेड डे नाइट टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो चुका है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम अपनी पहली पारी में महज 180 रन पर सिमट गई थी। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 86 रन बना लिए हैं। फिलहाल मार्नश लाबुशेन 20 रन और नाथन मैकस्वीनी 38 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 62 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी भी भारत से 94 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया को एकमात्र झटका उस्मान ख्वाजा के रूप में लगा। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने स्लिप में कप्तान रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। वह 13 रन बना सके। 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 37 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा। इसके अलावा शुभमन गिल और केएल राहुल की साझेदारी भी अच्छी रही। इन दोनों की साझेदारी के अलावा कोई बड़ी साझेदारी नहीं हुई। जहां भारत का स्कोर एक वक्त एक विकेट पर 69 रन था, वो कुछ देर बाद पांच विकेट पर 87 रन हो चुका था। यानी 18 रन बनाने में भारत ने चार और विकेट गंवा दिए थे।

04:50 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 70 के पार

ऑस्ट्रेलिया ने 29 ओवर के बाद एक विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। मार्नस लाबुशेन 18 रन और मैकस्वीनी 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। एक विकेट जल्दी हासिल करने के बाद भारतीय गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। लाबुशेन और मैकस्वीनी के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 

04:04 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 50 रन के करीब

ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 47 रन बना लिए हैं। फिलहाल लाबुशेन नौ रन और मैकस्वीनी 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 20 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को एकमात्र झटका उस्मान ख्वाजा के रूप में लगा। वह 13 रन बनाकर आउट हुए।

विज्ञापन
03:20 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को 24 के स्कोर पर पहला झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने उस्मान ख्वाजा को स्लिप में रोहित के हाथों कैच कराया। वह 35 गेंद में 13 रन बना सके। फिलहाल नाथन मैकस्वीनी और मार्नस लाबुशेन क्रीज पर हैं। 

02:48 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलियाई पारी शुरू

ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो चुकी है। उस्मान ख्वाजा और नाथन मैकस्वीनी क्रीज पर हैं। भारतीय गेंदबाज स्विंग तो करा रहे हैं, लेकिन विकेट नहीं मिल सका है। टीम इंडिया जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया को समेटकर बढ़त हासिल करना चाहेगी।

विज्ञापन
02:11 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारतीय टीम 180 रन पर सिमटी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी 180 रन पर सिमट गई। नीतीश रेड्डी ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 37 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा छह विकेट लिए। उनके टेस्ट करियर का यह 15वां फाइव विकेट हॉल रहा। 

भारतीय पारी
टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी मैच की पहली ही गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए थे। वह खाता नहीं खोल सके। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल के बीच दूसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को स्टार्क ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को पवेलियन भेजा। राहुल 37 रन बना सके। उनके आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गई। विराट कोहली सात रन, शुभमन गिल 31 रन और कप्तान रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। जहां भारत का स्कोर एक वक्त एक विकेट पर 69 रन था, वो कुछ देर बाद पांच विकेट पर 87 रन हो चुका था। यानी 18 रन बनाने में भारत ने चार और विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद ऋषभ पंत ने टिकने की कोशिश की, लेकिन कमिंस ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। पंत ने 21 रन बनाए। अश्विन ने नीतीश रेड्डी के साथ पारी संभालने की कोशिश की और सातवें विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी निभाई। स्टार्क ने फिर एकबार खलल डाला और अश्विन को चलता किया। वह 22 रन बना सके। हर्षित राणा और जसप्रीत बुमराह खाता खोले बिना आउट हुए। नीतीश आखिरी विकेट के रूप में 54 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 42 रन बनाकर स्टार्क के छठे शिकार बने। स्टार्क के अलावा पैट कमिंस और बोलैंड को दो-दो विकेट मिले।

02:07 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को नौवां झटका

176 के स्कोर पर भारत को नौवां झटका लगा। कमिंस ने जसप्रीत बुमराह को स्लिप में ख्वाजा के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल मोहम्मद सिराज और नीतीश क्रीज पर हैं। नीतीश 42 रन बना चुके हैं।

01:37 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को आठवां झटका

भारत को 141 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। स्टार्क ने भारतीय पारी के 39वें ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को एल्बीडब्ल्यू आउट करने के बाद हर्षित राणा को क्लीन बोल्ड किया। अश्विन 22 रन बना सके, जबकि हर्षित खाता नहीं खोल सके। फिलहाल जसप्रीत बुमराह और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं। स्टार्क ने टेस्ट में 15वीं बार पारी में पांच विकेट लिए।

01:33 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को सातवां झटका

भारत को 141 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। रविचंद्रन अश्विन 22 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके लगाए। अश्विन और नीतीश के बीच 32 रन की साझेदारी हुई। मिचेल स्टार्क ने अश्विन को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल हर्षित राणा और नीतीश क्रीज पर हैं। स्टार्क को मिली यह चौथी सफलता रही। इससे पहले वह यशस्वी, राहुल, विराट को आउट कर चुके हैं। वहीं बोलैंड ने शुभमन गिल और रोहित को आउट किया। 

01:30 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: अश्विन-नीतीश के बीच 30+ रन की साझेदारी

अश्विन और नीतीश रेड्डी ने सातवें विकेट के लिए 30+ रन की साझेदारी कर ली है। भारत ने छह विकेट पर 140 से ज्यादा रन बना लिए हैं। फिलहाल अश्विन 22 रन और नीतीश 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

01:03 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को छठा झटका

भारत को 109 के स्कोर पर छठा झटका लगा। ऋषभ पंत को कमिंस ने लाबुशेन के हाथों कैच कराया। वह 35 गेंद में दो चौके की मदद से 21 रन बना सके। फिलहाल नीतीश रेड्डी और रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। कमिंस को पहली सफलता मिली। इससे पहले स्कॉट बोलैंड ने दो और मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट लिए थे।

12:56 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत का स्कोर 100 के पार

भारत ने पांच विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत 20 रन और नीतीश रेड्डी छह रन बनाकर क्रीज पर हैं। पंत ने मिचेल मार्श की गेंद पर छक्का लगाकर भारत को 100 के पार पहुंचाया। 

12:29 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: रोहित शर्मा भी आउट

87 पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। टीम में वापसी करने वाले रोहित शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी क्रीज पर हैं। अभी तक बोलैंड ने दो और स्टार्क ने तीन विकेट लिए हैं। बोलैंड ने रोहित के अलावा शुभमन गिल को आउट किया है। वहीं, स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और विराट कोहली को पवेलियन भेजा।

12:16 PM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: दूसरे सत्र का खेल शुरू

दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। टीम इंडिया चार विकेट पर 81 रन से आगे खेल रहा है। रोहित शर्मा छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। उनके साथ ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। चायकाल के दौरान हल्की बारिश हुई, जिसकी वजह से मैच थोड़ा ज्यादा देर तक रुका रहा। अब लाइट्स ऑन हैं और बारिश रुक चुकी है। ऐसे में मैच शुरू हो चुका है। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, विराट कोहली और शुभमन गिल पवेलियन लौट चुके हैं। भारत का स्कोर एक समय एक विकेट पर 69 रन था। इसके बाद टीम इंडिया ने 12 रन बनाने में तीन और विकेट गंवा दिए और स्कोर चार विकेट पर 81 रन हो गया।

11:36 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: चायकाल

पहले दिन चायकाल तक भारत ने चार विकेट गंवाकर 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत चार रन और कप्तान रोहित शर्मा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। यह वही बैटिंग पोजिशन है, जहां पर उन्होंने टेस्ट बल्लेबाजी करियर की शुरुआत की थी। डे नाइट टेस्ट में पहले चायकाल होता है। फिर इसके बाद लंच नहीं बल्कि डिनर ब्रेक होता है।

भारत को मैच की पहली ही गेंद पर झटका लगा था। स्टार्क ने यशस्वी को एल्बीडब्ल्यू आउट किया था। वह खाता नहीं खोल सके थे। इसके बाद शुभमन गिल और केएल राहुल ने जिम्मेदारी संभाली। एक वक्त टीम इंडिया ने 69 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाया था। इसके बाद 12 रन बनाने में भारत ने तीन और विकेट गंवा दिए। केएल राहुल (37), विराट कोहली (7) के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन चलते बने। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 31 रन बना सके।

11:25 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को चौथा झटका

भारत को 81 के स्कोर पर चौथा झटका लगा है। एक वक्त टीम इंडिया ने 69 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाया था। अब 12 रन बनाने में भारत ने तीन और विकेट गंवा दिए हैं। केएल राहुल (37), विराट कोहली (7) के बाद शुभमन गिल भी पवेलियन चलते बने। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 31 रन बना सके। रोहित शर्मा छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। इसी नंबर से उनके टेस्ट करियर की शुरुआत हुई थी। उनके साथ ऋषभ पंत क्रीज पर हैं। 

11:18 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को तीसरा झटका

भारत को 77 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। विराट कोहली सात रन बनाकर पवेलियन चलते बने। उन्हें मिचेल स्टार्क ने स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया। स्टार्क को मिली यह तीसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को आउट किया था। फिलहाल शुभमन गिल और ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।

11:09 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत को दूसरा झटका

19वें ओवर में 69 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। केएल राहुल को मिचेल स्टार्क ने मैकस्वीनी के हाथों कैच कराया। शॉर्ट लेंथ की गेंद को राहुल ने गली में खेलने का प्रयास किया, लेकिन वह पूरी तरह से उसे कमिट नहीं कर सके और मैकस्वीनी ने बेहतरीन लो कैच लिया। राहुल 64 गेंद में 37 रन बना सके। उन्होंने शुभमन गिल के साथ 69 रन की साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल खाता नहीं खोल सके थे। राहुल को दो जीवनदान भी मिले थे।

11:06 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: राहुल-शुभमन की अर्धशतकीय साझेदारी

भारत ने 18 ओवर के बाद एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 35 रन और शुभमन गिल 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई है। राहुल को पारी के आठवें ओवर में जीवनदान मिला था। वह तब खाता भी नहीं खोल सके थे। इसके बाद से राहुल ने जबरदस्त बल्लेबाजी की है। शुभमन भी चोट से वापसी के बाद काफी आत्मविश्वास में दिखे हैं। 

10:07 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: शुभमन और राहुल क्रीज पर

भारत ने एक विकेट गंवाकर 23 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को पहला झटका पहले ओवर की पहली गेंद पर लगा था। यशस्वी खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। उन्हें स्टार्क ने आउट किया था। फिलहाल शुभमन गिल 18 रन और केएल राहुल तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं।

09:35 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: पहली ही गेंद पर यशस्वी आउट

यशस्वी जायसवाल डे नाइट टेस्ट की पहली ही गेंद पर एल्बीडब्ल्यू आउट हो गए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने पवेलियन भेजा। स्टार्क की गेंद लेग स्टंप पर टप्पा खाकर लेग स्विंग हुई और पैड पर जाकर टकराई। उन्हें नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े राहुल से डीआरएस के लिए बात की, लेकिन राहुल ने मना कर दिया। इस तरह भारत को पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा। यशस्वी ने पिछले टेस्ट की दूसरी पारी में शतक बनाया था। फिलहाल शुभमन गिल और केएल राहुल क्रीज पर हैं। गिल ने ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर दो चौके भी लगाए।

09:06 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल, विराट कोहली, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, रविचंद्रन अश्विन, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा, नाथन मैक्स्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड।
 

08:58 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: भारत ने जीता टॉस

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। रोहित शर्मा की वापसी हुई है। टॉस के दौरान उन्होंने बताया कि वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी करेंगे। यानी केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ही ओपनिंग करते दिखेंगे। वहीं, शुभमन गिल और रविचंद्रन अश्विन की भी वापसी हुई है। देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर को बेंच पर बैठाया गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने कहा कि उनकी प्लेइंग-11 में एक बदलाव है। जोश हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड की वापसी हुई है।

08:33 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: गुलाबी गेंद से डे नाइट टेस्ट आज से

ऑस्ट्रेलियाई टीम पर फतेह पाने के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने गुलाबी गेंद से होने जा रहे एडिलेड टेस्ट में अपने नियमित ओपनिंग क्रम का बलिदान कर दिया है। खुद रोहित ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि शुक्रवार से शुरू हो रहे दिन-रात्रि के टेस्ट में वह नहीं बल्कि पर्थ टेस्ट की विजयी जोड़ी यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग करेगी। वह मध्यक्रम में उतरेंगे। हालांकि, रोहित ने यह नहीं बताया कि वह किस क्रम पर उतरेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि वह नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने आ सकते हैं, जबकि ऋषभ पंत नंबर छह पर उतर सकते हैं। रोहित 2019 से टेस्ट में ओपनिंग कर रहे हैं, इस बदलाव ने उनके टेस्ट जीवन को नया मोड़ दिया था। भारतीय टीम अब एडिलेड ओवल में गुलाबी गेंद से ऑस्ट्रेलियाई टीम के वर्चस्व को तोड़ने उतरेगी। ठीक उसी तरह जैसे उसने पर्थ के ऑप्टस ओवल में कभी नहीं हारने वाले ऑस्ट्रेलिया को 295 रन से हराया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम एडिलेड में भी कभी गुलाबी गेंद से टेस्ट नहीं हारी है। वैसे, एडिलेड में गुलाबी गेंद से बल्लेबाजी चुनौती होगी।

08:33 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: टीम के लिए लिया फैसला

पितृत्व अवकाश के चलते पर्थ टेस्ट में नहीं खेलने वाले रोहित ने मध्यक्रम में उतरने का कठिन फैसला लिया। रोहित ने कहा, हम परिणाम और सफलता चाहते हैं। इन दोनों बल्लेबाजों ने पर्थ में शानदार प्रदर्शन किया था। मैंने घर में बैठकर उनकी बल्लेबाजी देखी। राहुल ओपनिंग में कमाल का खेले और वह इस समय ओपनिंग करने के हकदार हैं। हमें ओपनिंग में परिवर्तन करने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, भविष्य में चीजें बदल सकती हैं। रोहित ने यह भी कहा कि निजी तौर पर उनके लिए ओपनिंग छोड़कर मध्य क्रम में उतरना आसान नहीं है, लेकिन टीम के लिए यह काफी मायने रखता है।

08:33 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: अश्विन-जडेजा का खेलना मुश्किल

दूसरे टेस्ट में रोहित के अलावा शुभमन गिल की भी वापसी होने जा रही है। वह देवदत्त पडिक्कल के स्थान पर खेलेंगे। वह दूसरे टेस्ट में नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। रोहित टीम में ध्रुव जुरेल का स्थान लेंगे। इन दो के अलावा अन्य किसी परिवर्तन की गुंजाइश नहीं दिख रही है। एडिलेड की पिच स्पिनरों को भी मदद देती है, लेकिन रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा को पर्थ की तरह इस टेस्ट से भी दूर रखा जा सकता है। रोहित ने दोनों पर्थ टेस्ट में शामिल नहीं करने के फैसले सही ठहराया, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि दोनों की इस सीरीज में भूमिका अभी बाकी है। रोहित ने कहा, अश्विन और जडेजा जैसे वरिष्ठ खिलाडि़यों को टीम से बाहर रखना हमेशा कठिन फैसला होता है, लेकिन परिस्थितियों के मद्देनजर टीम के हित में यह फैसला लिया गया। इन दोनों स्पिनरों ने टेस्ट में आपस में मिलकर 855 विकेट लिए हैं। एडिलेड में इन दोनों की जगह वाशिंगटन सुंदर के ही उतरने की उम्मीद है।

08:32 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: शाम के समय चुनौती होगी बल्लेबाजी

पर्थ टेस्ट में भारत ने जीत जरूर हासिल की है, लेकिन एडिलेड में गुलाबी गेंद से मुकाबला आसान नहीं होगा। खासतौर पर सूर्य छुपने के बाद शाम को दोहरी रोशनी में इस गेंद से बल्लेबाजी करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है। फिर भारतीय टीम के कहीं न कहीं यह भी दिमाग में होगा कि 2020 में इसी मैदान पर खेले गए दिन-रात्रि के टेस्ट में भारतीय टीम दूसरी पारी में अपने सबसे न्यूनतम स्कोर 36 रन पर सिमट गई थी। रोहित ने कहा, गुलाबी कुकाबुरा गेंद से निपटने के लिए हमें अपने ही तरीके निकालने होंगे। रोहित ने कहा, अन्य किसी चीज की बजाय इस गेंद की तेजी से अभ्यस्त होने की जरूरत है। रोहित ने स्वीकार किया कि इस गेंद का सामना करना चुनौती रहेगी। रोहित ने कहा, इस मैदान पर गुलाबी गेंद से हुए मैचों को देखकर यहां की स्थितियों को समझने की कोशिश की है।

08:31 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS 2nd Test Live: ऑस्ट्रेलिया की मुसीबतें कम नहीं

ऑस्ट्रेलिया के लिए भी इस टेस्ट में चीजें आसान नहीं हैं। स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशाने जैसे बल्लेबाज फॉर्म में नहीं हैं। अनुभवी उस्मान ख्वाजा भी पर्थ में जिम्मेदारी नहीं उठा पाए। पैट कमिंस के लिए सबसे बड़ा झटका पर्थ में अच्छी गेंदबाजी करने वाले जोश हेजलवुड का इस टेस्ट से बाहर होना है। उनकी जगह पर स्कॉट बोलैंड खेलेंगे। पर्थ में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले नॉथन मैक्सवीनी के लिए भी पदार्पण किसी बुरे सपने की तरह रहा। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी इस टेस्ट में दबाव में रहकर उतरेगी।

08:27 AM, 06-Dec-2024

IND vs AUS Highlights: एडिलेड टेस्ट का पहला दिन समाप्त, ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 86/1, भारत ने 180 रन बनाए

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। शुक्रवार से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले की शुरुआत हो रही है। यह एक डे नाइट टेस्ट है। पिंक बॉल से खेला जाने वाला यह टेस्ट एडिलेड ओवल में खेला जा रहा है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस अब दिलचस्प हो चली है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें