अंडर-19 विश्व कप में यह भारतीय टीम की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को हराया था। इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 301 रन बनाए थे। इसके जवाब में आयरलैंड की टीम 29.4 ओवर में 100 रन ही बना पाई और 201 रन से हार गई। भारत के लिए मुशीर खान ने 118 रन बनाए। कप्तान उदय सहारन ने 75 रन की पारी खेली। वहीं, गेंद के साथ नमन तिवारी ने चार विकेट लिए। सैमी पांडे को तीन विकेट मिले। आयरलैंड के लिए डेनियल फोर्किन ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। उनके अलावा ओलिवर रिले (15 रन), रेयान हंटर (13 रन) और जॉर्डन नील (11 रन) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। आयरलैंड के ओलिवर रिले ने तीन और जॉन मैकनली ने दो विकेट लिए।
फिन लुट्टन 28 गेंद में सात रन बनाकर आउट हुए। भारतीय कप्तान उदय सहारन ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर भारतीय टीम को जीत दिलाई।
84 रन पर आयरलैंड का नौवां विकेट गिरा है। ओलिवर रिले 26 गेंद में 1 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मुरुगन अभिषेक ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया।
45 रन पर आयरलैंड का सातवां विकेट गिरा है। कार्सन मैकलॉग पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। सौमी पांडे ने उन्हें विकेटों के सामने फंसाया।
44 रन पर आयरलैंड का छठा विकेट गिरा है। जॉन मैकनली ने आठ गेंदों का सामना किया, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए। दसून गोवडा ने उन्हें मुरुगन अभिषेक के हाथों कैच कराया। अब भारत की टीम जीत के करीब पहुंच चुकी है।
41 रन पर आयरलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। मैकडरा कॉसग्रेव पांच गेंद में तीन रन बनाकर आउट हुए। सौमी पांडे की गेंद पर अरावेली अवनीश ने उन्हें स्टंप आउट किया।
38 रन पर आयरलैंड का चौथा विकेट गिरा है। स्कॉट मैकबेथ आठ गेंद में दो रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नमन तिवारी ने उन्हें मुशीर खान के हाथों कैच कराया।
32 रन पर आयरलैंड का तीसरा विकेट गिरा है। कप्तान फिलिप्स ले रॉक्स खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। उन्होंने तीन गेंदों का सामना किया। नमन तिवारी ने उन्हें अवनीश अरवेल्ली के हाथों कैच कराया।
31 रन पर आयरलैंड का दूसरा विकेट गिरा है। रेयान हंटर 24 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। नमन तिवारी ने उन्हें प्रियांशू मोलिया के हाथों कैच कराया।
302 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड ने खराब शुरुआत की है। 22 रन पर टीम का पहला विकेट गिरा है। जॉर्डन 19 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। सोमी पांडे ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया।
भारत ने आयरलैंड के सामने 302 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट गंवाकर 301 रन बनाए। सरफराज खान के भाई मुशीर खान ने 106 गेंद में 118 रन की पारी खेली। वहीं, उदय सहारन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 84 गेंद में 75 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। आदर्श सिंह 17 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद अर्शिन कुलकर्णी ने मुशीर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। अर्शिन 55 गेंद में तीन चौके की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। फिर मुशीर ने कप्तान उदय के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 156 रन की साझेदारी निभाई। उदय 84 गेंद में पांच चौके की मदद से 75 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मुशीर 106 गेंद में नौ चौके और चार छक्के की मदद से 118 रन बनाकर रन आउट हो गए।
इसके बाद अरावेली अवनीश ने 13 गेंद में तीन चौके की मदद से 22 रन की पारी खेली। वहीं, सचिन दास ने नौ गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन की तूफानी पारी खेली। प्रियांशू मौलिया दो रन बनाकर और मुरुगन अभिषेक खाता खोले बिना आउट हुए। आयरलैंड की ओर से ओलिवर राइली ने तीन विकेट लिए। वहीं, जॉन मैकनली को दो विकेट मिले। फिन लुट्टन ने एक विकेट लिया। भारत पहले ही एक मैच जीत चुका है। उसने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में एशियाई चैंपियन बांग्लादेश को 84 रन से शिकस्त दी थी। यह उनका दूसरा मैच है।
भारत ने 42 ओवर में दो विकेट गंवाकर 203 रन बना लिए हैं। फिलहाल मुशीर खान 90 गेंद में 84 रन और कप्तान उदय सहारन 75 गेंद में 61 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीद 120 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत ने 31 ओवर के बाद दो विकेट पर 124 रन बना लिए हैं। फिलहाल मुशीर खान 41 रन और कप्तान उदय सहारन 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40+ रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को जो दो झटके लगे, उनमें आदर्श सिंह 17 रन और अर्शिन कुलकर्णा 32 रन बनाकर आउट हुए। दोनों को जॉन मैकनली ने आउट किया।
नौ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 33 रन बना लिए हैं। फिलहाल मुशीर खान और अर्शिन कुलकर्णी क्रीज पर हैं। आदर्श सिंह को जॉन मैकनली ने रेयान हंटर के हाथों कैच कराया। वह 17 रन बना सके।
भारत: आदर्श सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, मुशीर खान, उदय सहारन (कप्तान), प्रियांशु मोलिया, अरावेली अवनीश (विकेटकीपर), सचिन दास, मुरुगन अभिषेक, धनुष गौड़ा, सौमी पांडे, नमन तिवारी।
आयरलैंड: जॉर्डन नील, रेयान हंटर (विकेटकीपर), कियान हिल्टन, फिलिपस ले रॉक्स (कप्तान), स्कॉट मैकबेथ, जॉन मैकनली, कार्सन मैकुलॉ, ओलिवर रिले, मैकडारा कॉसग्रेव, डैनियल फोर्किन, फिन लुट्टन।
आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम ने प्लेइंग-11 में सिर्फ एक बदलाव किया है। धनुष गौड़ा को मौका दिया गया है।
ब्लोमफोंटेन की धीमी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों को स्ट्राइक रोटेट करनी होगी और पावरप्ले के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन भी करना होगा। पहले मैच में सचिन दास ने अच्छा प्रदर्शन करके भारत को 250 के पार पहुंचाया था। प्रियांशु मोलिया पर भी नजरें होंगी जो बड़ौदा के लिए रणजी क्रिकेट में दो शतक लगा चुके हैं। पहले मैच में हालांकि उनका रक्षात्मक रवैया समझ से परे था। आयरलैंड के नई गेंद के गेंदबाज ओलिवर रिले, रोबेन विल्सन और कार्सन मैकलो भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।
भारत के पास बाएं हाथ के स्पिनर सौमी कुमार पांडे और मुशीर खान के रूप में दो अलग शैली के फिरकी गेंदबाज हैं जिन्होंने अपने काम को बखूबी अंजाम देकर कोच रिषिकेश कानिटकर की चिंता कम की है। पांडे को पहले मैच में कंधे की चोट के कारण पहले और दूसरे स्पैल के बीच में ब्रेक लेना पड़ा था और टीम प्रबंधन उनके पूरी तरह फिट रहने की दुआ कर रहा होगा।
आयरलैंड ने पहले मैच में अमेरिका को हराया, लेकिन दूसरे मैच में बांग्लादेश से पराजय का सामना करना पड़ा। भारत के सामने चुनौती विरोधी टीम नहीं बल्कि अपने ही प्रदर्शन का स्तर बेहतर करने की होगी। आधुनिक दौर के क्रिकेट को ध्यान में रखकर बल्लेबाजों को अपनी शैली में सुधार करना होगा। भारतीय कप्तान उदय सहारन ने पहले मैच में 64 और आदर्श सिंह ने 76 रन बनाए, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट क्रमश: 79 और 68 रहा जो आधुनिक समय में अस्वीकार्य है।
भारत की युवा ब्रिगेड आयरलैंड की चुनौती का सामना करेगी। भारतीय टीम अपने कठिन मुकाबलों से पहले इस मैच में बल्लेबाजी का अच्छा अभ्यास करने कोशिश करेगी। भारत ने एकतरफा रहे पहले मैच में बांग्लादेश को 84 रन से हराया। अब आयरलैंड के खिलाफ उसके पास प्रयोग का मौका है क्योंकि अगले सप्ताह से सुपर सिक्स चरण में कठिन प्रतिद्वंद्वियों का सामना करना होगा।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज अंडर-19 विश्व कप में भारत और आयरलैंड के बीच मुकाबला जारी है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में एशियाई चैंपियन बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी थी। अब दूसरे मैच को जीतकर टीम इंडिया जीत के सिलसिले को बरकरार रखने उतरी है।