फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG U19 Highlights: भारत पांचवीं बार बना चैंपियन, राज बावा और निशांत सिंधू ने रोमांचक मैच में इंग्लैंड के खिलाफ दिलाई जीत

Sun, 06 Feb 2022 08:47 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटीगुआ

खास बातें

India vs England U19 Cricket World Cup Final: यश धुल भी भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने वाले कप्तानों की खास लिस्ट में शामिल हो गए। उनसे पहले मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012) और पृथ्वी शॉ (2018) की कप्तानी में भारत ने विश्व कप जीता था। इसके अलावा रविकांत शुक्ला (2006), ईशान किशन (2016) और प्रियम गर्ग (2020) की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी।
विज्ञापन
भारत बनाम इंग्लैंड अंडर 19 विश्व कप फाइनल मुकाबला - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:19 AM, 06-Feb-2022

भारतीय खिलाड़ियों को 40 लाख का इनाम

अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले हर एक खिलाड़ी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) 40 लाख रुपये का इनाम देगा। वहीं, हर एक सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये मिलेंगे। इस टूर्नामेंट में ऋषिकेश कानितकर भारतीय टीम के हेड कोच रहे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा- मुझे यह इनाम देते हुए बेहद खुशी हो रही है। फाइनल में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। आपने भारत को गर्व महसूस करने का मौका दिया है।

01:35 AM, 06-Feb-2022

भारत ने जीता अंडर-19 विश्व कप

भारत ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड को चार विकेट से हरा दिया और पांचवीं बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम इंडिया 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीत चुकी है। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में भारतीय टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 44.5 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई।

जेम्स रियू ने सबसे ज्यादा 95 रन बनाए। वहीं, भारत की ओर से राज बावा ने पांच और रवि कुमार ने चार विकेट झटके। जवाब में भारत ने 47.4 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ओर से निशांत सिंधू 50 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शेख रशीद ने भी 50 रन की पारी खेली। राज बावा को फाइनल में पांच विकेट लेने और 35 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। वहीं, टूर्नामेंट में 506 रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड दिया गया।

भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंची थी। अंडर-19 में कोई भी टीम इतनी बार विश्व कप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई है। वहीं, यह टीम इंडिया का रिकॉर्ड लगातार चौथा फाइनल मैच भी था। भारतीय टीम के नाम सबसे ज्यादा पांच विश्व कप जीतने का रिकॉर्ड भी है। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार यह खिताब जीता है। भारतीय टीम इस साल विश्व कप में शानदार फॉर्म में थी। टीम ने टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से लेकर अब तक अपने सभी मैच जीते।

ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 45 रन, आयरलैंड को 174 रन और युगांडा को 326 रन से हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में पिछली बार (2020) की चैंपियन बांग्लादेश (5 विकेट से) टीम को शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन से भारत ने एकतरफा जीत हासिल की। फिर फाइनल में 1998 की चैंपियन इंग्लैंड को चार विकेट से हराया।

01:27 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को छठा झटका

भारत को 47वें ओवर में 176 रन के कुल स्कोर पर छठा झटका लगा। कौशल तांबे एक रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एस्पिनवाल ने रेहान अहमद के हाथों कैच कराया। भारत को अब 18 गेंदों पर 12 रन की जरूरत है। फिलहाल निशांत सिंधू और दिनेश बाना क्रीज पर हैं। 47 ओवर के बाद भारत ने छह विकेट गंवाकर 178 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
01:19 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को लगा पांचवां झटका

164 रन के कुल स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। राज बावा 54 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। 97 पर चार विकेट गिरने के बाद बावा ने निशांत सिंधू के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 गेंदों पर 67 रन की साझेदारी निभाई। 44 ओवर के बाद भारत ने पांच विकेट गंवाकर 169 रन बना लिए हैं। फिलहाल कौशल तांबे शून्य और निशांत सिंधू 38 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

12:47 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: बावा ने छक्के के साथ पूरी की 50 रन की साझेदारी

97 रन पर चार विकेट गिरने के बाद राज बावा और निशांत सिंधू ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए अब तक पचास से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। बावा ने छक्के के साथ पचास रन की साझेदारी पूरी की। बावा फिलहाल 28 रन और सिंधू 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 41 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 155 रन बना लिए हैं। 

विज्ञापन
12:34 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को 73 रन की जरूरत

34 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल राज बावा आठ रन और निशांत सिंधू 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 20 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को अब भी 73 रन की जरूरत है। इंग्लैंड ने भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा है। भारत की ओर से शेख रशीद ने 50 रन, यश धुल ने 17 रन बनाए। वहीं, हरनूर सिंह ने 21 रन की पारी खेली। अंगकृश रघुवंशी शून्य पर आउट हुए थे।

12:18 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत ने चार विकेट गंवाए

भारत ने दो रन बनाने में कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद दोनों के विकेट गंवा दिए हैं। जेम्स सेल्स ने दोनों के विकेट लिए। सेल्स ने 27वें ओवर में 95 रन के कुल स्कोर पर रशीद (50) को आउट किया था। इसके बाद 29वें ओवर में उन्होंने 97 रन के कुल स्कोर पर यश धुल को भी आउट किया। धुल 32 गेंदों पर 17 रन बना सके। उन्हें सेल्स ने जॉर्ज बेल के हाथों कैच कराया। फिलहाल निशांत सिंधू दो रन और राज बावा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 29 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 98 रन बना लिए हैं।

12:12 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को तीसरा झटका

27वें ओवर में 95 रन पर भारत को तीसरा झटका लगा। उपकप्तान शेख रशीद 50 रन की शानदार पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे। उन्होंने 84 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके लगाए। यह रशीद का लगातार दूसरा अर्धशतक था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 94 रन बनाए थे। शून्य पर पहला विकेट गिरने के बाद रशीद ने हरनूर के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रन और कप्तान धुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों पर 46 रन की साझेदारी की। पचास लगाने के बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हुए। उन्हें जेम्स सेल्स ने जेम्स रियू के हाथों कैच कराया। फिलहाल धुल और निशांत सिंधू क्रीज पर हैं।

12:05 AM, 06-Feb-2022

IND vs ENG: 26 ओवर के बाद भारत 89/2

26 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेख रशीद 47 रन और कप्तान धुल 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 40 रन की साझेदारी हो चुकी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में भी इन दोनों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। 

11:53 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: कप्तान-उपकप्तान की जोड़ी क्रीज पर

22 ओवर के बाद भारत ने दो विकेट गंवाकर 70 रन बना लिए हैं। फिलहाल उपकप्तान शेख रशीद 34 रन और कप्तान यश धुल नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों को बड़ी साझेदारी निभानी होगी।

11:36 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को दूसरा झटका

49 रन के कुल स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। हरनूर सिंह 46 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एस्पिनवाल ने विकेटकीपर एलेक्स होर्टन के हाथों कैच कराया। शून्य पर भारत को अंगकृष रघुवंशी के रूप में पहला झटका लगा था। इसके बाद शेख रशीद और हरनूर ने 103 गेंदों पर 49 रन की साझेदारी निभाई। फिलहाल कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद क्रीज पर हैं। भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य है।

11:26 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: 16 ओवर के बाद भारत 41/1

16 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 41 रन बना लिए हैं। शून्य पर पहला विकेट गिरने के बाद उपकप्तान शेख रशीद और हरनूर सिंह ने पारी संभाली और अब तक 41 रन की साझेदारी कर चुके हैं। अंगकृष रघुवंशी शून्य पर पवेलियन लौटे थे।

11:00 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: आठ ओवर के बाद भारत 24/1

आठ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 24 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेख रशीद 10 रन हरनूर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत का पहला विकेट शून्य पर गिरा था। जोशुआ बॉयडेन ने पारी की दूसरी ही गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को पवेलियन भेजा। अंगकृष खाता भी नहीं खोल सके। इंग्लैंड ने भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा है। 

10:51 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: पांच ओवर के बाद भारत 18/1

पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल शेख रशीद 10 रन हरनूर चार रन बनाकर क्रीज पर हैं। शून्य पर भारत को पहला झटका लगा था। जोशुआ बॉयडेन ने अंगकृष को पवेलियन भेजा था। इंग्लैंड ने भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा है।

10:27 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत को पहला झटका

पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी पवेलियन लौट गए। उन्हें जोशुआ बॉयडेन ने एलेक्स होर्टन के हाथों कैच कराया। अंगकृष बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। फिलहाल उपकप्तान शेख रशीद और हरनूर सिंह क्रिज पर हैं। इंग्लैंड ने भारत को 190 रन का लक्ष्य दिया है। जवाब में एक ओवर के बाद भारत ने बिना कोई रन बनाए एक विकेट गंवा दिया है।

09:55 PM, 05-Feb-2022
जेम्स रियू - फोटो : सोशल मीडिया

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की टीम 189 रन पर ऑलआउट

वेस्टइंडीज के एंटीगुआ में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड ने भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड की पारी 189 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज राज बावा और रवि कुमार ने घातक गेंदबाजी की। राज ने पांच और रवि ने चार विकेट झटके। इसके अलावा कौशल तांबे को एक विकेट मिला। इंग्लैंड की ओर से जेम्स रियू ने सबसे ज्यादा 95 रन की पारी खेली। इंग्लैंड के छह बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। कप्तान टॉम प्रेस्ट, जॉर्ज बेल और थॉमस एस्पिनवाल समेत तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 61 रन तक टीम ने सात विकेट गंवा दिए थे। जॉर्ज थॉमस 27 रन, जैकब बेथेल दो रन, विलियम लक्स्टन चार रन और रेहान अहमद 10 रन ही बना सके। इसके बाद होर्टन और जेम्स रियू ने 30 रन की साझेदारी की। होर्टन 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रियू ने जेम्स सेल्स के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड के स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। रियू 95 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रवि कुमार ने एस्पिनवाल और राज बावा ने बॉयडेन को पवेलियन भेज इंग्लैंड की पारी को 189 रन पर समेट दिया। सेल्स 34 रन बनाकर नाबाद रहे।

09:51 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: रवि कुमार की घातक गेंदबाजी

इंग्लैंड की पारी के 44वें ओवर में रवि कुमार ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके। उन्होंने इस ओवर की पहली गेंद पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे जेम्स रियू को पवेलियन भेजा। रियू 95 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चौथी गेंद पर थॉमस एस्पिनवाल को शून्य पर पवेलियन भेजा। रवि ने एस्पिनवाल को विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों कैच कराया। 44 ओवर खत्म होने के बाद इंग्लैंड ने नौ विकेट गंवाकर 185 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स सेल्स 32 रन और जोशुआ बॉयडेन शून्य पर क्रीज पर हैं। रवि और राज बावा ने चार-चार विकेट झटके हैं। वहीं, कौशल तांबे को एक विकेट मिला।
 

09:46 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: रियू 95 रन बनाकर आउट

184 रन पर इंग्लैंड को आठवां झटका लगा। बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे जेम्स रियू 116 गेंदों पर 95 रन बनाकर आउट हुए। वह अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने जेम्स फ्रैंकलिन के रिकॉर्ड को तोड़ा है। फ्रैंकलिन ने 1998 में न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 56 रन बनाए थे। रियू को रवि कुमार ने कौशल तांबे के हाथों कैच कराया। तांबे ने बाउंड्री लाइन पर बेहतरीन कैच पकड़ा। रियू और जेम्स सेल्स के बीच 112 गेंदों पर 93 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल थॉमस एस्पिनवाल और जेम्स सेल्स क्रीज पर हैं।

09:34 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: 41 ओवर के बाद इंग्लैंड 173/7

41 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 173 रन बना लिए हैं। जेम्स रियू और जेम्स सेल्स ने इंग्लैंड की पारी संभाली और आठवें विकेट के लिए अब तक 82 रन की साझेदारी कर चुके हैं। रियू 85 रन और सेल्स 30 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

09:10 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: रियू-सेल्स के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

36 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 153 रन बना लिए हैं। जेम्स रियू 78 रन और जेम्स सेल्स 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों इंग्लैंड की पारी को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

08:45 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: रियू ने लगाया पहला अर्धशतक

एक छोर से इंग्लैंड विकेट गंवा रहा है, तो दूसरी छोर पर बाएं हाथ के इंग्लिश बल्लेबाज जेम्स रियू टिक कर खेल रहे हैं। उन्होंने 79 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह इस टूर्नामेंट में उनका पहला अर्धशतक है। 30 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। फिलहाल रियू 50 रन और जेम्स सेल्स 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से तेज गेंदबाज राज बावा ने चार और रवि कुमार ने दो विकेट झटके हैं। स्पिनर कौशल तांबे को एक विकेट मिला।

08:37 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: 28 ओवर के बाद इंग्लैंड 107/7

28 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स रियू 47 रन और जेम्स सेल्स 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से तेज गेंदबाज राज बावा ने चार और रवि कुमार ने दो विकेट झटके हैं। स्पिनर कौशल तांबे को एक विकेट मिला।

08:26 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को सातवां झटका

25वें ओवर में कौशल तांबे ने इंग्लैंड को सातवां झटका दिया। 91 रन के कुल स्कोर पर एलेक्स होर्टन आउट हुए। कौशल ने होर्टन को यश धुल के हाथों कैच कराया। वे 21 गेंदों पर 10 रन बनाकर आउट हुए। 25 ओवर के बाद इंग्लैंड ने सात विकेट गंवाकर 96 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स सेल्स और जेम्स रियू क्रीज पर हैं। भारत की ओर से राज बावा ने अब तक चार और रवि कुमार ने दो विकेट झटके हैं। 

08:12 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: 21 ओवर के बाद इंग्लैंड 75/6

21 ओवर के बाद इंग्लैंड ने छह विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। एलेक्स होर्टन चार रन और जेम्स रियू 27 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की ओर से तेज गेंदबाज राज बावा ने चार विकेट झटके। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार को दो विकेट मिले। भारत ने इस मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।

07:56 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: मुश्किल में इंग्लैंड की टीम

17वें ओवर में 61 रन के कुल स्कोर पर इंग्लैंड को छठा झटका लगा। तेज गेंदबाज राज बावा ने भारत को यह सफलता दिलाई। उन्होंने रेहान अहमद को कौशल तांबे के हाथों कैच कराया। रेहान 12 गेंदों पर 10 रन बना सके। यह बावा को मिली चौथी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने जॉर्ज थॉमस (27), विलियम लक्स्टन (4) और जॉर्ज बेल (0) को भी पवेलियन भेजा था। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड ने छह विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स रियू (17*) और एलेक्स होर्टन (0) क्रीज पर हैं।

07:37 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: बावा ने एक ओवर में दो झटके दिए

राज बावा की घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के खिलाड़ियों की एक नहीं चली। 13वें ओवर में बावा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटके। उन्होंने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर विलियम लक्स्टन को विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों कैच कराया। वे चार रन बना सके। इसके बाद आखिरी गेंद पर जॉर्ज बेल को भी विकेटकीपर बाना के हाथों कैच कैच कराकर इंग्लैंड को पांचवां झटका दिया। बेल शून्य पर आउट हुए। 13 ओवर के बाद इंग्लैंड ने पांच विकेट गंवाकर 47 रन बना लिए हैं। फिलहाल जेम्स रियू 13 रन और रेहान अहमद शून्य पर क्रीज पर हैं। बावा ने अब तक तीन और रवि कुमार ने दो विकेट झटके हैं।

07:21 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड को तीसरा झटका

11वें ओवर में 37 रन के कुल स्कोर पर इंग्लैंड को तीसरा झटका लगा। तेज गेंदबाज राज बावा ने मैदान पर जम चुके जॉर्ज थॉमस को पवेलियन भेजा। थॉमस 30 गेंदों पर 27 रन बना सके। फिलहाल जेम्स रियू और विलियम लक्स्टन क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद इंग्लैंड ने तीन विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए हैं।

07:04 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: छह ओवर के बाद इंग्लैंड 30/2

इंग्लैंड की टीम ने छह ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 30 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉर्ज थॉमस 26 रन और जेम्स रियू एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने दोनों विकेट झटके। उन्होंने जैकब बेथेल (2 रन) और कप्तान टॉम प्रेस्ट (0) को पवेलियन भेजा। 

06:54 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: रवि को दूसरी सफलता

भारतीय टीम को शानदार शुरुआत मिली है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने भारतीय टीम को शुरुआती दो सफलता दिलाई। उन्होंने जैकब बेथेल के बाद कप्तान टॉम प्रेस्ट को भी पवेलियन भेजा। प्रेस्ट शून्य पर आउट हुए। इंग्लैंड ने चार ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 18 रन बना लिए हैं। फिलहाल जॉर्ज थॉमस 16 रन और जेम्स रियू शून्य पर क्रीज पर हैं। 

06:41 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG: इंग्लैंड को पहला झटका

चार रन पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने जैकब बेथेल को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वे दो रन बना सके। फिलहाल जॉर्ज थॉमस और कप्तान टॉम प्रेस्ट क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाकर चार रन बना लिए हैं।

06:34 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड के ओपनर्स मैदान पर

इंग्लैंड के ओपनर जैकब बेथेल और जॉर्ज थॉमस मैदान पर हैं। भारत के लिए राजवर्धन हंगरगेकर ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए दो रन बना लिए हैं।

06:27 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: यश धुल खास क्लब में शामिल

फाइनल में उतरने के साथ ही यश धुल भारतीय कप्तानों की उस एलिट लिस्ट में शामिल हो गए, जिन्होंने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में टीम इंडिया की कप्तानी की है। इसमें मोहम्मद कैफ (2000), रविकांत शुक्ला (2006), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012), ईशान किशन (2016), पृथ्वी शॉ (2018) और प्रियम गर्ग (2020) शामिल हैं। 

06:05 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड ने जीता टॉस

इंग्लैंड के कप्तान टॉम प्रेस्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। प्रेस्ट ने टॉस जीतने के बाद कहा- हम बल्लेबाजी करना चाहेंगे। पिच शानदार दिख रही है और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम पर स्कोर चेज करने का दबाव होगा। फाइनल में चेज करना हमेशा से मुश्किल रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ 230 रन बनाकर उसे डिफेंड करना शानदार रहा था। उससे हमें आत्मविश्वास मिला। हम उसी टीम के साथ खेल रहे हैं।

वहीं, भारतीय कप्तान यश धुल ने कहा कि हम भी पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। हम इस टूर्नामेंट में 'वन मैच एट ए टाइम' वाली रणनीति अपना रहे हैं। इस मैच को भी हम सकारात्मक सोच के साथ खेलेंगे। वेन्यू बदलने से फर्क नहीं पड़ेगा। हम भी उसी टीम के साथ मैदान पर उतरे हैं।

प्लेइंग-11:

भारत: यश धुल (कप्तान), हरनूर सिंह, अंगकृष रघुवंशी, शेख रशीद, निशांत सिंधू, कौशल तांबे, राजवर्धन हंगरगेकर, विक्की ओस्तवाल, दिनेश बाना, राज बावा, रवि कुमार।

इंग्लैंड: टॉम प्रेस्ट (कप्तान), जॉर्ज थॉमस, जैकब बेथेल, जेम्स रियू, विलियम लक्सटन, जॉर्ज बेल, रेहान अहमद, एलेक्स होर्टन (विकेटकीपर), जेम्स सेल्स, थॉमस एस्पिनवाल, जोशुआ बॉयडेन।

06:02 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: अब तक भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन

ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 45 रन, आयरलैंड को 174 रन और युगांडा को 326 रन से हराया। वहीं, क्वार्टर फाइनल में पिछली बार (2020) की चैंपियन बांग्लादेश (5 विकेट से) टीम को शिकस्त दी। इसके बाद सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन से भारत ने एकतरफा जीत हासिल की। 

फाइनल मैच से पहले यश धुल और टॉम प्रीस्ट

06:01 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: इंग्लैंड की टीम ने पांचों मैच जीते

इंग्लैंड टीम की बात करें तो उसने भी टूर्नामेंट में अपने सभी पांच मैचों में जीत हासिल की है। सेमीफाइनल को छोड़ दें, तो बाकी मैचों में इंग्लैंड की जीत का अंतर बड़ा रहा है। ग्रुप स्टेज में इंग्लिश टीम ने बांग्लादेश को सात विकेट, कनाडा को 106 रन और यूएई को 189 रन से हराया था। क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को छह विकेट से हराया। वहीं, सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टीम शुरुआत में मुश्किलों में दिखी। हालांकि, बाद में वापसी करते हुए मुकाबला 15 रन से जीता था। 

05:58 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: क्या कहते हैं आंकड़ें

भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 टीम 49 बार एक दूसरे के खिलाफ खेली हैं। इनमें से 37 मैच भारत और 11 मैच इंग्लैंड जीता है। वहीं एक मैच टाई रहा है। अब दोनों टीमें 50वां मैच अपने नाम करना चाहेंगी। अंडर-19 विश्व कप में भी इंग्लैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। विश्वकप में दोनों टीमों के बीच आठ मैच हुए हैं। इनमें से छह भारत और दो इंग्लैंड के नाम रहे हैं। 

05:51 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG Live Score: भारत ने चार बार खिताब जीता

भारत के पास पांचवीं बार चैंपियन बनने का मौका है। इससे पहले टीम 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीत चुकी है। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में भारतीय टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। भारत रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंचा है। वहीं, इंग्लैंड की बात करें, तो टीम 1998 में विश्व कप जीत चुकी है। इसके बाद इंग्लैंड की टीम पिछले 24 सालों में पहली बार फाइनल में पहुंची है। ऐसे में फाइनल का दबाव उन पर हावी हो सकता है।

05:45 PM, 05-Feb-2022

IND vs ENG U19 Highlights: भारत पांचवीं बार बना चैंपियन, राज बावा और निशांत सिंधू ने रोमांचक मैच में इंग्लैंड के खिलाफ दिलाई जीत

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। वेस्टइंडीज में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में आज भारत का सामना इंग्लैंड से है। दोनों टीमों ने अब तक शानदार क्रिकेट खेली है और खिताबी मुकाबले में भी दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। भारत ने चार बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता है, वहीं इंग्लैंड की टीम सिर्फ एक बार ये खिताब जीत पाई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें