फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs AUS U19 Semi-Final: लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराया

Thu, 03 Feb 2022 01:47 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एंटिगुआ

खास बातें

U19 World Cup 2022 Semi Final IND U19 vs AUS U19: भारतीय टीम लगातार चौथी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। फाइनल में पांच फरवरी को भारत का सामना इंग्लैंड से होगा।
विज्ञापन
भारत बनाम बांग्लादेश अंडर-19 विश्व कप मैच - फोटो : twitter@BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:40 AM, 03-Feb-2022

सबसे ज्यादा आठवीं बार फाइनल में टीम इंडिया

टीम इंडिया वेस्टइंडीज में खेले जा रहे अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। एंटिगुआ के कूलीज क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 290 रन बनाए। भारत की ओर से कप्तान यश धुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 110 रन बनाए। 

वहीं, उपकप्तान शेख रशीद ने 94 रन की पारी खेली। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 41.5 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से लचलन शॉ ने 51 रन की पारी खेली। फाइनल में भारत का सामना 1998 की चैंपियन इंग्लैंड से होगा। यह मैच पांच फरवरी को सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस जीत के साथ चार बार की चैंपियन भारतीय टीम लगातार चौथी बार और रिकॉर्ड आठवीं बार फाइनल में पहुंच गई है। भारत के नाम अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड है। टीम इंडिया 2000, 2006, 2008, 2012, 2016, 2018, 2020 और इस साल फाइनल में पहुंची है। भारत ने 2000, 2008, 2012 और 2018 में विश्व कप जीता था। वहीं, 2006, 2016 और 2020 में फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। 

अंडर-19 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल आठ मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने छह और ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच जीते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस टूर्नामेंट में भारत पिछले 24 सालों में एक भी मुकाबला नहीं हारा है। 1998 में आखिरी बार ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के खिलाफ जीत हासिल की थी। 

1998 के बाद इस टूर्नामेंट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कुल छह मुकाबले खेले गए हैं और सभी में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की। भारत ने नॉकआउट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल चार मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल की। टीम इंडिया ने 2012 और 2018 के अंडर-19 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को ही हराया था। इसके अलावा 2000 के सेमीफाइनल में भी टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाई थी।
 

01:13 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका

167 रन पर ऑस्ट्रेलिया को आठवां झटका लगा। स्पिनर कौशल तांबे ने जैक सिनफिल्ड को विकेटकीपर दिनेश बाना के हाथों कैच कराया। वे 14 गेंदों पर 20 रन बना सके। फिलहाल टॉम व्हाइटनी और लचलन शॉ 48 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 37 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट गंवाकर 172 रन बना लिए हैं।

12:55 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका

125 रन पर ऑस्ट्रेलिया को सातवां झटका लगा। विक्की ओस्तवाल ने टोबियास स्नेल को क्लीन बोल्ड किया। वे चार रन बना सके। 33 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट गंवाकर 134 रन बना लिए हैं। फिलहाल लचलन शॉ और जैक सिनफिल्ड क्रीज पर हैं। विक्की ने अब तक तीन विकेट लिए हैं। वहीं, निशांत सिंधू ने दो विकेट झटके हैं। 

विज्ञापन
12:45 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका

119 रन पर ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका लगा। विक्की ओस्तवाल ने विलियम साल्जमैन को कॉट एंड बोल्ड किया। साल्जमैन सात रन बना सके। 30 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट गंवाकर 119 रन बना लिए हैं। फिलहाल लचलन शॉ और टोबियास स्नेल क्रीज पर हैं।

12:28 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौटी

101 रन पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। निशांत सिंधू ने निवेथन राधाकृष्णन को आउट कर टीम इंडिया को पांचवीं सफलता दिलाई। निवेथन 11 रन बनाकर आउट हुए। सिंधू को मिली ये दूसरी सफलता थी। इससे पहले उन्होंने कप्तान कूपर को भी पवेलियन भेजा था। फिलहाल विलियम साल्जमैन और लचलन शॉ क्रीज पर हैं। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 291 रन का लक्ष्य रखा है।

विज्ञापन
12:13 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: 14 रन बनाने में तीन विकेट गंवाए

83 रन के कुल स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान कूपर कोनोली नौ गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। उन्हें निशांत सिंधू ने शेख रशीद के हाथों कैच कराया। 16वें ओवर तक ऑस्ट्रेलिया एक विकेट पर 71 रन था। इसके बाद अगले पांच ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 14 रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए। कूपर के अलावा कैंपबेल केलावे 30 रन और कोरी मिलर 38 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल लचलन शॉ और निवेथन राधाकृष्णन क्रीज पर हैं।

12:08 AM, 03-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका

73 रन पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा। कोरी मिलर के बाद कैंपबेल केलावे भी पवेलियन लौट गए। उन्हें विक्की ओस्तवाल ने निशांत सिंधू के हाथों कैच कराया। कैंपबेल 53 गेंदों पर 30 रन बना सके। 

11:53 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का दूसरा विकेट गिरा

अंगकृष रघुवंशी ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने अच्छी लय में दिख रहे कोरी मिलर को विकेटों के सामने फंसाकर पवेलियन भेजा। कोरी ने 46 गेंदों में छह चौकों की मदद से 38 रन बनाए। भारतीय कप्तान यश धुल का फैसला सही साबित हुआ। पार्ट टाइम गेंदबाज ने भारत को सफलता दिलाई है। अंगकृष की यह गेंद बिना घूमे सीधे स्टंप की तरफ जा रही थी और मिलर इसे लेग साइड में खेलने के प्रयास में थे। हालांकि वो थोड़ा जल्दी खेल गए और गेंद सीधे उनके पैर में लगी। अंपायर के लिए यह आसान फैसला था और वो आउट करार दिए गए। 

68 रन की साझेदारी तोड़ने के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी। अगर भारत के गेंदबाज जल्दी ही दो विकेट और ले लेते हैं तो भारतीय टीम मैच में वापस लौट सकती है। 

11:44 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 56/1

15 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाकर 65 रन बना लिए हैं। फिलहाल कोरी मिलर 33 रन और कैंपबेल 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच पचास रन की साझेदारी भी हो चुकी है।

11:17 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 21/1

ऑस्ट्रेलिया ने सात ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 21 रन बना लिए हैं। कोरी मिलर 10 रन और कैंपबेल केलावे आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। तेज गेंदबाज रवि कुमार ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने ओपनर टीग वीली को पवेलियन भेजा। भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 291 रन का लक्ष्य रखा है। कप्तान यश धुल ने 110 रन की बेहतरीन पारी खेली।

10:51 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

ऑस्ट्रेलिया को तीन रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने ऑस्ट्रेलिया पारी के दूसरे ओवर में ही विकेट झटका। उन्होंने टीग वीली को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वीली एक रन बना सके। फिलहाल कोरी मिलर और कैंपबेल केलावे क्रीज पर हैं। दो ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 8/1 है।

10:11 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 291 रन का लक्ष्य दिया

भारतीय अंडर-19 टीम ने वेस्टइंडीज में खेले जा रहे विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के सामने 291 रनों का लक्ष्य रखा है। टीम इंडिया ने 50 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 290 रन बनाए। कप्तान यश धुल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 110 रन बनाए। यह इस टूर्नामेंट में उनका पहला शतक रहा। वहीं, उपकप्तान शेख रशीद ने 94 रन की पारी खेली। भारत ने 37 रन पर अपने दोनों ओपनर्स अंगकृष रघुवंशी और हरनूर सिंह को गंवा दिया था।

इसके बाद रशीद और यश ने तीसरे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी निभाई। इन दोनों के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश बाना ने चार गेंदों पर 20 रन की नाबाद तूफानी पारी खेली। उन्होंने आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाया। वहीं, निशांत सिंधु भी 10 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम ने आखिरी (50वें) ओवर में 27 रन बटोरे। आखिरी 10 ओवर में टीम इंडिया ने 108 रन बनाए। 

10:07 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: हंगरगेकर पवेलियन लौटे

263 रन पर भारतीय टीम को पांचवां झटका लगा। राजवर्धन हंगरगेकर 10 गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें साल्जमैन ने क्लीन बोल्ड किया। अपनी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। फिलहाल निशांत सिंधू और दिनेश बाना क्रीज पर हैं।

09:55 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: रशीद नर्वस 90 में आउट

यश धुल 46वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। इसकी अगली ही गेंद पर शेख रशीद भी पवेलियन लौट गए। उन्हें जैक निस्बेट ने जैक सिनिफिल्ड के हाथों कैच कराया। रशीद नर्वस 90 में आउट हुए। वे 108 गेंदों पर 94 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने आठ चौके और एक छक्का लगाया। भारत ने 46 ओवर में चार विकेट गंवाकर 241 रन बना लिए हैं। फिलहाल राजवर्धन हंगरगेकर और निशांत सिंधू क्रीज पर हैं।

09:24 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: यश धुल की कप्तानी पारी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में कप्तान यश धुल ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने इस टूर्नामेंट का अपना पहला शतक लगाया। हालांकि, वह 110 गेंदों पर 110 रन बनाकर रन आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें जैक निस्बेट ने रन आउट किया। यश धुल और शेख रशीद के बीच तीसरे विकेट के लिए 204 रन की साझेदारी हुई।

09:04 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: शेख रशीद ने भी लगाई फिफ्टी

भारत ने 36 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 153 रन बना लिए हैं। कप्तान यश धुल के बाद उपकप्तान शेख रशीद ने भी फिफ्टी लगाई। यश 80 गेंदों पर 69 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, शेख रशीद 78 गेंदों पर 50 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।  

08:56 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: कप्तान यश धुल की फिफ्टी

भारत ने 33 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 137 रन बना लिए हैं। कप्तान यश धुल ने अंडर-19 विश्व कप में दूसरी फिफ्टी लगाई। वे फिलहाल 71 गेंदों पर 62 रन बनाकर क्रीज पर हैं। वहीं, शेख रशीद 66 गेंदों पर 41 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 100 रन की साझेदारी हो चुकी है। 37 पर दो विकेट गिरने के बाद धुल और रशीद ने पारी संभाली। 

08:30 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: भारत के 100 रन पूरे

भारत ने 28 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। 37 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद कप्तान यश धुल और शेख रशीद ने पारी संभाली। दोनों के बीच अब तक 63 रन की साझेदारी हो चुकी है। यश 52 गेंदों पर 35 रन और शेख रशीद 58 गेंदों पर 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:15 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: 22 ओवर के बाद स्कोर 74/2

भारत ने 22 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 74 रन बना लिए हैं। कप्तान यश धुल 18 रन और उपकप्तान शेख रशीद 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 37 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत के दोनों ओपनर्स अंगकृष और हरनूर पवेलियन लौट चुके हैं। 

07:54 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: 15 ओवर के बाद स्कोर 46/2

भारत ने 15 ओवर के बाद दो विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए हैं। शेख रशीद 22 गेंदों पर 10 रन और कप्तान यश धुल 10 गेंदों पर तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। अंगकृष रघुवंशी छह रन और हरनूर सिंह 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

07:33 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: भारतीय टीम को दूसरा झटका

37 रन पर भारतीय टीम को दूसरा झटका लगा है। दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके हैं। अंगकृष रघुवंशी के बाद हरनूर सिंह भी पवेलियन लौटे। हरनूर को जैक निस्बेट ने विकेटकीपर स्नेल के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों पर 16 रन बना सके। फिलहाल कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद क्रीज पर हैं।

07:04 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: भारतीय टीम को पहला झटका

भारतीय ओपनर्स ने टीम को धीमी शुरुआत दिलाई। सात ओवर तक टीम ने 15 रन जोड़े थे। इसके बाद आठवें ओवर में ऑस्ट्रेेलियाई तेज गेंदबाज विलियम साल्जमैन गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को क्लीन बोल्ड किया। शानदार फॉर्म में चल रहे अंगकृष इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके और 30 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल हरनूर सिंह और शेख रशीद क्रीज पर हैं। भारत ने आठ ओवर में एक विकेट गंवाकर 18 रन बना लिए हैं।

06:31 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: भारतीय ओपनर्स मैदान पर

भारतीय टीम के ओपनर्स अंगकृष रघुवंशी और हरनूर सिंह मैदान पर हैं। अंगकृष इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने ही सबसे ज्यादा रन बनाए थे। वहीं, हरनूर उनका साथ निभाना चाहेंगे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से टॉम व्हाइटनी पहला ओवर ले कर आए। भारत ने एक ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 2 रन बना लिए हैं।
 

06:05 PM, 02-Feb-2022

भारत ने टॉस जीता

भारतीय कप्तान यश धुल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजों के अनुकूल दिख रही है। अगर यहां हम एक टारगेट सेट करते हैं तो उसे बचाने में कामयाब हो सकते हैं। टीम में एक बदलाव किया गया है। निशांत सिंधु की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। यश ने कहा कि हमें नॉर्मल क्रिकेट खेलने की जररूत है और दबाव नहीं लेना है।

प्लेइंग-11
भारत: यश धुल (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, हरनूर सिंह, शेख रशीद, राज बावा, कौशल तांबे, दिनेश बाना (विकेटकीपर), निशांत सिंधू, विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर, रवि कुमार।

ऑस्ट्रेलिया: कूपर कोनोली (कप्तान), कैंपबेल केलावे, टीग वीली, कोरी मिलर, लैचलन शॉ, निवेथन राधाकृष्णन, विलियम साल्जमैन, टोबियस स्नेल (विकेटकीपर), टाम व्हाइटनी, जैक सिनफील्ड, जैक निस्बेट।

05:41 PM, 02-Feb-2022

कोरोना की वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ा

कोरोना की वजह से भारतीय टीम को तैयारी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पिछले दो साल में कोई राष्ट्रीय शिविर या टूर्नामेंट नहीं हो सका था। इसके बाद हाल ही में भारतीय टीम सिर्फ एशिया कप खेलकर अंडर-19 विश्व कप खेलने पहुंची थी। नेशनल क्रिकेट अकेडमी के डायरेक्टर वीवीएस लक्ष्मण भी टीम इंडिया के साथ एंटिगुआ में ही हैं।
 

05:34 PM, 02-Feb-2022

भारतीय टीम का बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन

भारतीय टीम के बल्लेबाजों की बात करें तो अंगकृष रघुवंशी, राज बावा, कप्तान यश धुल और उपकप्तान शेख रशीद फॉर्म में चल रहे हैं। अंगकृष अब तक चार मैचों में एक शतक की मदद से 272 रन बना चुके हैं और वह फिलहाल भारत के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर हैं। बावा ने इतने ही मैचों में 217 रन बनाए हैं। पहले मैच में 82 रन बनाने वाले यश ने अब तक कुल 102 रन बनाए हैं। 

भारतीय टीम की गेंदबाजी भी लाजवाब रही है। स्पिनर विक्की ओस्तवाल विपक्षी टीमों पर कहर बनकर बरपे हैं। वह अब तक चार मैचों में 3.10 की इकोनॉमी से 9 विकेट ले चुके हैं। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रवि कुमार ने बांग्लादेश के खिलाफ पिछले मैच में पांच ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे। तेज गेंदबाज राजवर्धन हंगरगेकर की स्विंग के आगे विपक्षी टीम बेबस नजर आ रही है। निशांत सिंधु और कौशल तांबे भी अपनी स्पिन से रन पर अंकुश लगाने में कामयाब हुए हैं। 

05:33 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS Live Score: शानदार फॉर्म में है टीम इंडिया

भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले अभ्यास मैच में तीन बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराया था। टीम इंडिया फिलहाल शानदार फॉर्म में है। उसने इस टूर्नामेंट में अब तक चार मैच खेले हैं। ग्रुप स्टेज में टीम ने दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड और युगांडा को हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में टीम ने बांग्लादेश को शिकस्त दी थी। 

वहीं, ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो टीम ने क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को हराया था। ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास शानदार ओपनर टीग वीली हैं। वीली ने अब तक बेहतरीन बल्लेबाजी की है। पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 71 गेंदों में 97 रन की पारी खेली थी। टीम इंडिया आज उनके बल्ले पर अंकुश लागाना चाहेगी।

05:21 PM, 02-Feb-2022

IND vs AUS U19 Semi-Final: लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया को 96 रन से हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज अंडर-19 विश्व कप में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होना है। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। भारत ने अंडर-19 विश्व कप चार बार और ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार जीता है। भारत 2020 विश्व कप में रनर अप रहा था। वहीं, 2018 और 2016 में भी टीम फाइनल में पहुंची थी। ऐसे में भारतीय टीम यह मैच जीतकर लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचना चाहेगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया में से जीतने वाली टीम फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी। इंग्लैंड ने पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें