बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में होने वाली टी20 सीरीज के लिए भी यही टीम रहेगी।
भारत ने टी20 विश्व कप के लिए जो टीम चुनी है उसमें शुभमन गिल का नाम शामिल नहीं है। गिल अभी तक टीम के उपकप्तान थे, लेकिन अब ये जिम्मेदारी एक बार फिर अक्षर पटेल को सौंपी गई है। गिल टी20 में अच्छी फॉर्म में नहीं चल रहे थे।
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन (विकेटकीपर)
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंच गए हैं। सैकिया के पहुंचने का मतलब है कि चयन समिति की बैठक खत्म हो गई है और अब जल्द ही टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का एलान होगा। अब मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंच गए हैं।
टी20 विश्व कप टीम के चयन के लिए बीसीसीआई मुख्यालय में बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में सीनियर पुरुष चयन समिति के सदस्यों के अलावा बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी मौजूद हैं।
अगरकर और सैकिया के अलावा पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति के अन्य सदस्य भी बीसीसीआई मुख्यालय पहुंच चुके हैं। वहीं, टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बैठक के लिए पहुंच गए हैं।
टी20 विश्व कप के लिए कुछ ही देर में भारतीय टीम का एलान हो जाएगा। इससे पहले हम आपको बताते हैं कि इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए संभावित टीम कैसी हो सकती है।
टी20 विश्व कप के लिए भारत की संभावित 15 सदस्यीय टीम इस प्रकार है...
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर।
संभावित स्टैंडबाई: यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह, रियान पराग, नीतीश रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी मुख्यालय पहुंच गए हैं। टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान कुछ ही देर में होगा।
चयन समिति टी20 विश्व कप के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी टीम का एलान करेगी। समझा जाता है कि टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए समान टीम ही होगी। फिलहाल कोई भी स्थान खाली नहीं है, लेकिन गिल को लगातार प्लेइंग-11 में शामिल करने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल विकल्प के तौर पर मौजूद हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या चयनकर्ता यशस्वी के प्रदर्शन को देखने के लिए उन्हें न्यूजीलैंड सीरीज के लिए अतिरिक्त खिलाड़ी के रूप में शामिल करेंगे जिससे जरूरत पड़ने पर टी20 विश्व कप में उन्हें मौका दिया जा सके।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर चयन समिति की बैठक के लिए बीसीसीआई मुख्यालय पहुंच गए हैं। टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आज भारतीय टीम का एलान होना है।
इसमें कोई शक नहीं है कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में खेलने उतरेगी। लेकिन यह भी लगभग तय है कि सूर्यकुमार का टी20 कप्तान के तौर पर यह आखिरी टूर्नामेंट होगा। सूर्यकुमार फिलहाल 35 साल के हैं और पिछले एक साल से फॉर्म में नहीं चल रहे हैं। सूर्यकुमार पिछले 24 मैच से बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं और उन्हें कप्तान के होने के कारण टीम में जगह मिल रही है।
आईसीसी के नियम के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के पास टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले तक इस 15 सदस्यीय टीम में बदलाव करने का अधिकार होगा। टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से हो रही है और इसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका करेंगे। उदाहरण के तौर पर देखें तो इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भारत ने टीम में बदलाव किया था। दुबई में धीमी पिच को देखते हुए यशस्वी जायसवाल की जगह वरुण चक्रवर्ती को टीम में लिया गया था।
इसमें कोई शक नहीं है कि ज्यादातर स्थान के लिए दावेदार तय हैं, लेकिन कुछ स्थान ऐसे हैं जिनके लिए माथापच्ची हो रही है। उपकप्तान शुभमन गिल की खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। उनके शामिल होने से संजू सैमसन को मध्यक्रम में भेजा गया था, लेकिन अब वह पिछले कुछ मैच से अंतिम एकादश से भी बाहर हैं। वहीं, गिल चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मैच में भी नहीं खेले थे।
भारतीय टीम को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है जिसके बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। माना जा रहा है टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की यह आखिरी द्विपक्षीय सीरीज होगी। चयन समिति टी20 विश्व कप के साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी टीम का चयन करेगी। भारतीय टीम इस वैश्विक टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। अब तक किसी भी टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब का सफलतापूर्वक बचाव नहीं किया है।
अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के लिए शनिवार को भारतीय टीम का एलान होगा। इसके साथ ही पुरुष चयन समिति न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम की घोषणा करेगी। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव दोपहर 1:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। टी20 विश्व कप का आयोजन सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होगा।
India Squad For T20 World Cup, New Zealand Series Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए आज भारतीय टीम का एलान होगा। मुंबई में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और कप्तान सू्र्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।